लंदन में तिरंगे का अपमान, खालिस्तान समर्थकों ने उतारा भारतीय झंड़ा, ब्रिटिश राजनयिक तलब
#india_summons_uk_diplomat_over_pulling_down_indian_flag_at_london
![]()
पंजाब में खालिस्तानी नेता अमृतपाल सिंह की धरपकड़ का अभियान तेज हो गया है। भारत में खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह पर चल रही है करवाई से भी बौखलाए हुए है। इस बीच इसका असर लंदन तक में देखा गया। यहां खालिस्तान समर्थकों द्वारा भारतीय उच्चायोग में लगे तिरंगे को नीचे उतारने की कोशिश की। इसका एक वीडियो भी सामने आया है।
अमृतपाल सिंह के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ खालिस्तान समर्थकों ने भारतीय उच्चायोग में रविवार को दिन में तिरंगे को खालिस्तानी झंडे से बदल दिया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में इन लोगों को ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए सुना जा सकता है, साथ ही भारत सरकार की निंदा करते हुए नारे भी लगाए जा रहे थे। लगातार पुलिस के सामने ही 'भारत सरकार शर्म करो, शर्म करो' के नारे लगाते रहे। इन लोगों ने खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह का पोस्टर भी लहराया और उसके समर्थन में आवाज उठाई।
लंदन में भारतीय उच्चायोग में तोड़फोड़ के बाद भारत में ब्रिटेन के उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने ट्वीट कर घटना की निंदा भी की। एलिस ने ट्वीट किया, ‘मैं लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग परिसर और वहां के लोगों के खिलाफ आज के घृणित कृत्यों की निंदा करता हूं। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है।
इस घटना पर भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाया है और कड़ी नाराजगी भी जताई है। वीडियो सामने आने के बाद भारत सरकार ने रविवार रात भारत में ब्रिटिश राजदूत को भी तलब किया और भारतीय मिशन में सुरक्षा कर्मियों की अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण भी मांगा है। विदेश मंत्रालय ने कड़े शब्दों में घटना की निंदा करते हुए कहा है कि पूरे मामले में यूके सरकार की उदासीनता अस्वीकार्य है।
विदेश मंत्रालय ने घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि इस मामले में ब्रिटिश उप उच्चायुक्त क्रिस्टीना स्कॉट को तलब किया गया और उनसे घटना के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस संबंध में उन्हें वियना कन्वेंशन के तहत यूके सरकार के बुनियादी दायित्वों की भी याद दिलाई गई। भारत सरकार ने कहा, ब्रिटेन में भारतीय राजनिकय परिसरों और कर्मियों की सुरक्षा के प्रति यूके सरकार की उदासीनता अस्वीकार्य है। यह उम्मीद की जाती है कि यूके सरकार आज की घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए कदम उठाएगी।
बता दें कि खालिस्तान समर्थक अमृतपाल की तलाश के लिए पंजाब पुलिस तेजी से सर्च ऑपरेशन चल रही है। इस बीच दावा है कि अमृतपाल के चाचा हरजीत सिंह और ड्राइवर हरप्रीत सिंह ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। वहीं अमृतपाल के करीबी सहयोगी दलजीत सिंह कलसी, जो खालिस्तान के लिए फाइनेंस का काम संभालते है, उनको भी हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया। इसी कार्रवाई से खालिस्तान समर्थक तमतमाए हुए हैं और उनके द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। लंदन में भारतीय उच्चायोग में हुए विरोध प्रदर्शन भी इन्हीं विरोध प्रदर्शनों का हिस्सा था।
Mar 20 2023, 10:06