*कालीन नगरी में सिर चढ़कर बोला होली का खुमार, खूबे उड़े अबीर-गुलाल*
भदोही। कालीन नगरी भदोही में रंगों का त्योहार होली का खुमार लोगों के सिर चढ़कर बोला। होली के रंग में रंगे लोग एक-दूसरे को जमकर रंग और अबीर गुलाल लगाया।
पूरे दिन युवाओं से लेकर बुजुर्ग होली के खुमार में डूबे नजर आए। होली के गीतों की मस्ती के साथ लोग टोलियों में निकालकर लोगों को अबीर गुलाल लगाए और रंग खेले। इस बीच कुछ शरारती तत्व हुड़दंगबाजी करते हुए नजर आए। जिनपर पुलिस ने नकेल कसा। कालीनोंं के लिए प्रसिद्ध भदोही में होली बुधवार को ही मनायी गई। तिथियों को लेकर दुविधा के बीच लोगों ने बुधवार को जमकर रंग खेला।
कई जगहों पर युवाओं की टोली हुड़दंग करती नजर आयी। जिले के ज्ञानपुर, भदोही, गोपीगंज, सुरियावां, घोसिया, सीतामढ़ी, कौलापुर, लालानगर, खमरिया, औराई, जंगीगंज, सर्रोई, चौरी, दुर्गागंज, ऊंज, अभोली, मोढ़, नईबाजार में जमकर होली का उल्लास देखने को मिला। सड़कों पर डीजे के गाने पर थिरकते युवा और टोलियों के साथ निकले बुजुर्ग सब एक ही रंग में रंगे नजर आए। इसके अलावा घर के अंदर महिलाओं ने भी जमकर होली खेली। होली जैसे अड़भंगी त्योहार पर देवर अपनी भाभी से ठिठोली करते नजर आई तो वहीं ननद भी पीछे नहीं रही। लोगों ने रंगों के इस महापर्व का जमकर लुफ्त उठाया।
लोगों पर रंगों का यह खुमार दो बजे तक छाया गया। इसके बाद कुछ देर के लिए सड़कों पर सन्नाटा छा गया। वहीं तीन से साढ़े तीन बजते-बजते एक बार गुलाल वाली होली खेलने लोग सड़कों पर निकल आए।
रंगों के बाद गुलाल और अबीर की होली देर रात तक चलती रही। लोग एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देते नजर आएं। वहीं बच्चे और युवा बड़ों से आशीर्वाद लिए। होली का सतरंगी रंग हर किसी को उल्लास में डुबो दिया।
![]()
Mar 09 2023, 15:39