भारत पहुंचे पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद, सिंधु जल संधि पर दी थी 'हाथ काटने' की धमकी

#pakistanministerdrmusadikmalikarrivedinnewdelhi

सिंधु जल संधि पर भारत को धमकाने वाले पाकिस्तानी मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक दिल्ली दौरे पर हैं। भारतके साथ तनावपूर्ण रिश्तों के बावजूद पाकिस्तान के मंत्री दिल्ली पहुंचे हैं। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक दिल्ली में होने वाले एससीओ समिट में शामिल होंगे। पाकिस्तान ने उन्हें 20 नवंबर से नई दिल्ली में होने वाले एससीओ समिट यानी शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के ‘सभ्यता और सांस्कृतिक संवाद’ में अपना प्रतिनिधि बनाया है।

20 से 22 नवंबर तक एससीओ संवाद

अपनी भारत यात्रा के दौरान मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले पहले एससीओ सभ्यता संवाद मंच के विभिन्न विषयगत सत्रों में हिस्सा लेंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मलिक इस मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे और सभ्यताओं के बीच संवाद के महत्व के साथ-साथ कूटनीति के इस क्षेत्र में पाकिस्तान की भूमिका पर अपना पक्ष रखेंगे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मंत्री का संबोधन एससीओ में पाकिस्तान की रचनात्मक भूमिका और देश की विविध सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक विरासत को भी रेखांकित करेगा। बयान में कहा गया, 'इस मंच में पाकिस्तान की भागीदारी एक सक्रिय सदस्य देश के रूप में संवाद, सहयोग और समझ को बढ़ावा देने में उसके योगदान को दर्शाती है। यह शंघाई भावना के अनुरूप है।'

2023 में बिलावल भुट्टो के दौरे के बाद पहला पहली यात्रा

मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद यह पहली बार है, जब पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत आया है। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब पहलगाम आतंकी हमले और भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव बना हुआ है। मई 2025 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद यह किसी पाकिस्तानी मंत्री का पहला दौरा है।

भारत को दी थी धमकी

डॉ. मुसादिक मसूद मलिक पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री हैं, जो भारत के खिलाफ जहरीली बयानबाजी के कारण सुर्खियों में रहे हैं। बीते साल जून में उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत को हाथ काटने की धमकी दी थी। उन्होंने कहा था, "हम ऐलान कर चुके हैं कि जो भी हमारे पानी पर हाथ डालेगा, हम वो हाथ ही काट देंगे।" उनकी यह धमकी सिंधु जल संधि पर भारत के रोक लगाने के जवाब में थी।

अकवान का लैंडफॉल शुरू, उड़ीसा से लेकर आंध्र तक अलर्ट

#cycloneakvanlandfallwindspeed_alert

बंगाल की खाड़ी में तबाही का खतरा बनकर आगे बढ़ रहे चक्रवाती तूफान अकवान का लैंडफॉल शुरू हो गया है। चक्रवाती तूफान अकवान के गोपालपुर के पास टकराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो अगले 3 घंटे तक जारी रह सकती है। इसके चलते ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में तेज बारिश शुरू हो रही है।

मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक तूफान के तट पार करने की प्रक्रिया अगले तीन घंटे तक जारी रहने की संभावना है। इससे पहले अकवान की ताकत में कमी आई थी और यह गंभीर चक्रवाती तूफान से चक्रवाती तूफान में बदल गया था। हालांकि इसकी तीव्रता कम होने के बावजूद ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में खतरा बना हुआ है।

तीन लाख लोगों लोगों को किया गया शिफ्ट

चक्रवात अकवन की लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही पुरी समुद्र तट पर तूफानी हलचल और तेज हवाओं का असर भी दिखने लगा है। ओडिशा के तटीय इलाकों में प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम लागू कर दिए हैं। ओडिशा में करीब तीन लाख लोगों लोगों को शिफ्ट कर दिया गया है। इनके लिए 2,523 राहत शिविर बनाए गए हैं और 423 रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं।

विशाखापत्तनम तट पर चल रही तेज हवाएं

चक्रवाती तूफान 'अकवन' के प्रभाव के बीच आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम तट पर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और समुद्र में ऊंची लहरों के साथ अशांत स्थिति बनी हुई है। हालांकि, विशाखापत्तनम पर चक्रवात का सीधा खतरा टल गया है, लेकिन मौसम के बदले मिजाज के कारण आज उत्तरी आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।

पश्चिम बंगाल में भी चक्रवाती तूफान अकवान का असर

चक्रवाती तूफान अकवान के असर से पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज बदल गया है। कोलकाता समेत कई इलाकों में बारिश हो रही है, जबकि यह तूफान आज ओडिशा तट से टकरा सकता है। दूसरी ओर, दक्षिण 24 परगना जिले के सुंदरबन तटीय इलाकों में भारी से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं, आसमान में घने बादल छाए हैं और नदियों व समुद्र का जलस्तर बढ़ने से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। बिगड़ते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है, वहीं बक्खाली और गंगासागर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लोगों को समुद्र में नहाने से रोकने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है।

47 ट्रेनें रद्द और 28 के समय में बदलाव

ओडिशा में चक्रवात 'अकवन' के मद्देनजर एहतियात के तौर पर 47 ट्रेनों को रद्द किया गया है और 28 ट्रेनों को पुनर्निर्धारित किया गया है। आपातकालीन बचाव और राहत कार्यों के लिए भारतीय तटरक्षक बल और रेल समन्वय सेल सक्रिय रखे गए हैं, जबकि निर्बाध संचार व्यवस्था के लिए 17 सैटेलाइट फोन, सेल्स ऑन व्हील्स और दूरसंचार बैकअप की व्यवस्था भी की गई है।

3 महाशक्तियों की महामंथन, ट्रंप-पुतिन और जिनपिंग ने की ऐतिहासिक बैठक

#trumpputinxijinpingshenzhen_summit

चीन का शेनझेंग शहर इस वक्त दुनिया की डिप्लोमेसी का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच आज चीन के शेन्जेन शहर में त्रिपक्षीय बैठक हुई है। दुनिया के तीन शक्तिशाली शासकों के बीच इस तरह की ये पहली बैठक है। दरअसल, चीन के शेन्जेन में एपेक शिखर सम्मेलन चल रहा है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एपेक शिखर सम्मेलन के दौरान अपनी पहली त्रिपक्षीय बैठक की।

ट्रंप- दुनिया की जिम्मेदारी अमेरिका, रूस और चीन पर

त्रिपक्षीय बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दुनिया की जिम्मेदारी अमेरिका, रूस और चीन पर है और यह बैठक ऐतिहासिक है। ट्रंप ने कहा, पहले के नेता अक्सर उन देशों से बात करने से बचते थे जिनसे उनके मतभेद होते थे, लेकिन वे इसके उलट सोचते हैं और इस पर पूरी तरह आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि तीनों नेता मिलकर एक अलग रास्ता चुन रहे हैं, जहां यह ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन कई अहम मुद्दों पर नए अवसर और नजरिये तलाशने का मौका देता है, जिन्हें कमरे में मौजूद हर कोई जानता है, और उम्मीद है कि दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों के रूप में वे सभी के लिए एक कहीं बेहतर और सुरक्षित भविष्य का निर्माण कर सकेंगे।

ट्रंप बोले- इतिहास रच रहे हैं

अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि उन्हें खुशी है कि इस यात्रा से अमेरिका, रूस और चीन के नेताओं के बीच पहली बार त्रिपक्षीय बैठक का अवसर मिला है और आज वे वास्तव में इतिहास रच रहे हैं। उनके अनुसार, तीनों देशों के बीच चर्चा करने के लिए बहुत कुछ है और काफी विषयों पर बातचीत हो भी चुकी है, क्योंकि दुनिया के तीन सबसे बड़े देशों के राष्ट्रपतियों के रूप में उन पर केवल अपने लोगों ही नहीं, बल्कि पूरे ग्रह को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर खुला, सम्मानजनक और सार्थक संवाद बनाए रखने की विशेष जिम्मेदारी है।

दुनिया में परमाणु प्रसार को रोकने के लिए तीनों देशों का सहयोग बेहद जरूरी-ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका, रूस और चीन धरती पर परमाणु हथियारों की संख्या कम करने और उनके इस्तेमाल के खतरे को घटाने के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए एक विशेष स्थिति में हैं। ट्रंप ने स्वीकार किया कि अपने देशों में हथियारों की कटौती की संभावना तलाशना बेहद कठिन काम है, क्योंकि एक बार किसी देश के पास हजारों परमाणु हथियार आ जाएं तो उन्हें छोड़ना किसी भी नेता के लिए आसान नहीं होता, खासकर तब जब अन्य देशों के पास भी कम संख्या में ही सही, लेकिन परमाणु हथियार मौजूद हैं। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दुनिया के अन्य देशों में परमाणु प्रसार के खतरे को रोकने के लिए तीनों देशों का आपसी सहयोग बेहद जरूरी है, जैसा कि ईरान के मामले में किया जा रहा है, और अमेरिका ईरान को किसी भी हाल में परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा।

शीत युद्ध की मानसिकता छोड़ देनी चाहिए- शी जिनपिंग

वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रूस, अमेरिका और चीन के बीच बेहतर सहयोग की अपील की है। उन्होंने तीनों देशों से आपसी संबंध मजबूत करने को कहा। जिनपिंग ने कहा कि तीनों देशों को एक-दूसरे का साझेदार और दोस्त बनना चाहिए। बड़े देशों को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। उन्हें शांति से साथ रहना चाहिए। शी जिनपिंग ने कहा, तीनों देश मिलकर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था को स्थिर रखने के लिए बेहतर तालमेल बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि तीनों देशों को उच्च स्तर पर नियमित बातचीत जारी रखनी चाहिए। साथ ही, संकट के समय आपस में बातचीत करने के लिए एक व्यवस्था बनानी चाहिए।

सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी जीशान अख्तर का आया नाम

#bollywoodactorsaifalikhanreceivesthreat

बॉलीवुड कलाकारों को धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब अभिनेता सैफ अली खान को धमकी मिलने की खबर सामने आई है। इस धमकी मामले में कथित तौर पर बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वॉन्टेड आरोपी जीशान अख्तर के नाम से दी गई है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद मुंबई पुलिस जांच में जुट गई है।

मामले की जांच कर रही पुलिस

मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सैफ अली खान के फोन पर एक वॉयस मैसेज आया था। इसमें कहा गया कि उनका भी वही हाल होगा, जो बाबा सिद्दीकी का हुआ था। पुलिस अब इस मैसेज की जांच कर रही है। अधिकारी ने बताया कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं कोई दूसरा व्यक्ति जीशान अख्तर बनकर फिल्मी सितारों और पुलिस को परेशान तो नहीं कर रहा है।

जीशान अख्तर के नाम पर बॉलीवुड को धमकी

सैफ अली खान को मिली कथित धमकी के मामले में पुलिस अब धमकी के स्रोत, उसमें इस्तेमाल किए गए नाम और इसकी वास्तविकता की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस धमकी के पीछे कोई संगठित गिरोह है या किसी ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर डर फैलाने की कोशिश की है।

इन सितारों को भी मिल चुकी है धमकी

इससे पहले भी बॉलीवुड के कई कलाकारों को धमकी भरे मैसेज और ऑडियो क्लिप मिल चुके हैं। हाल ही में अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने के मामले ने भी काफी चर्चा बटोरी थी। इन मामलों की जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने बंगलूरू से 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा करते हुए कलाकारों को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की थी। हालांकि, शुरुआती जांच में उसके किसी गैंग से जुड़े होने के सबूत नहीं मिले थे।

2025 में सैफ पर घर में हुआ था हमला

यह धमकी सैफ पर 16 जनवरी, 2025 को उनके बांद्रा स्थित आवास पर हुए हमले के लगभग दो साल बाद आई है। यह घटना रात करीब 2 बजे हुई, जब घुसपैठिया कथित तौर पर एक्टर के घर में घुस गया और उस कमरे तक पहुंच गया जहां सैफ और करीना कपूर का छोटा बेटा, जेह सो रहा था। बताया जाता है कि अपने बेटे को बचाने के लिए सैफ ने घुसपैठिए का सामना किया, लेकिन इस दौरान हुई हाथापाई में उन्हें कई बार चाकू मारा गया, जिससे उनकी गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी छह घंटे तक सर्जरी चली। पांच दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई।

चुनाव का बहिष्कार नहीं करूंगा', शिकागो में बोले राहुल गांधी, चुनावी प्रक्रिया पर उठाए सवाल

#rahulgandhisaysoppositionwillnotboycotttheelection

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अमेरिका के दौरे पर हैं। अपनी अमेरिका की यात्रा के दौरान राहुल गांधी भारत की चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग पर लगातार निशाना साध रहे हैं। इस बीच राहुल गांधी ने शिकागो यूनिवर्सिटी में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में तमाम तरह की अनियमितताओं और नुकसान के बावजूद चुनाव का बहिष्कार नहीं करने का दावा किया। राहुल गांधी ने कहा कि, ऐसा करने से लोकतांत्रिक ढांचा पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

क्यों चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगा विपक्ष?

शिकागो विश्वविद्यालय के एक संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए राहुल गांधी ने एक बार फिर विदेशी धरती से भारत में चुनाव प्रक्रिया और वोट चोरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा है कि खुद चुनाव आयोग के भीतर के वरिष्ठ अधिकारी अब दबाव से तंग आ चुके हैं और विपक्ष को अंदरूनी जानकारियां दे रहे हैं। शिकागो यूनिवर्सिटी में पॉलिटिकल साइंस के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत में राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि तमाम अनियमितताओं और नुकसान के बावजूद विपक्ष चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगा, क्योंकि ऐसा करने से लोकतांत्रिक ढांचा पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

राहुल बोले- कांग्रेस चुनावी ढांचे को खत्म नहीं करना चाहती

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक चुनावी ढांचे को खत्म नहीं करना चाहती बल्कि उसके भीतर रहकर ही मौजूदा व्यवस्था की सच्चाई सामने लाना चाहती है। राहुल ने दावा किया कि 2024 के चुनाव में फर्जी मतदाताओं के जरिए वोटिंग हुई थी। उन्होंने एक ब्राजीलियाई महिला का उदाहरण देते हुए कहा कि वह कभी भारत नहीं आई लेकिन एक राज्य के चुनाव में उसके नाम पर 23 बार वोट डाले गए।

2014 के लोकसभा चुनाव से ही गड़बड़ी के संदेह

राहुल गांधी ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस को 2014 के लोकसभा चुनाव के समय से ही संदेह था। उन्होंने दावा किया कि उस चुनाव में कुछ सीटों पर जीत-हार का अंतर राजनीतिक रूप से समझ से परे था। उन्होंने कहा कि कथित अनियमितताओं के सबूत मिलने के बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने भी यह मुद्दा रखा था। हालांकि, नेताओं ने उन्हें सार्वजनिक रूप से ऐसे आरोप लगाने से बचने की सलाह दी थी। राहुल के मुताबिक, उनके लिए भारतीय लोकतंत्र बेहद महत्वपूर्ण है और बिना पुख्ता सबूत के इस तरह की बात कहना आसान नहीं था।

चुनावी ढांचे को तोड़ने वाला कदम नहीं उठाएंगे-राहुल

कांग्रेस सांसद ने आगे बताया कि कांग्रेस और विपक्ष चुनावों का बहिष्कार क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी दल अपने कार्यकर्ताओं से कह दें कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे तो लोकतंत्र उसी पल खत्म हो जाएगा। इससे देश के लोगों के मन में पूरी चुनावी प्रक्रिया को लेकर अवैध होने का संदेश जाएगा। राहुल ने कहा कि विपक्ष ऐसा नहीं चाहता। उनकी रणनीति व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को सामने लाने और जनता को इसकी जानकारी देने की है। उन्होंने माना कि इस लड़ाई के कारण कांग्रेस और पूरे विपक्ष को काफी तकलीफ उठानी पड़ रही है। इसके बावजूद वे चुनावी ढांचे को तोड़ने वाला कदम नहीं उठाएंगे।

तूफान अकवान के आंध्र-ओडिशा के तट से टकराने की आशंका, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 2 लाख लोग होंगे शिफ्ट

#cycloneakvanodisharedalert100kmphwind2lakhevacuation

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अकवान 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि तूफान शुक्रवार यानी 20 नवंबर को उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों के आसपास गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंचेगा।

नरसापुर और पुरी के बीच लैंडफॉल की आशंका

चक्रवात अकवान उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर को दोपहर तक नरसापुर और पुरी के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण ओडिशा के तटों से टकराने की आशंका है। इस दौरान तूफान के गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंचने का अनुमान है। इसकी अधिकतम निरंतर हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है जबकि झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

देशभर के 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक तूफान अकवान नरसापुर से 440 किमी, कलिंगपट्टनम से 440 किमी, चेन्नई से 580 किमी, गोपालपुर से 530 किमी और पुरी से 590 किमी दूर है। इसके कल दोपहर तक नरसापुर और पुरी के बीच, गोपालपुर के पास तट को पार करने की संभावना है। उत्तरी आंध्र प्रदेश के जिलों में आज और कल मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अगले दो से तीन दिनों के दौरान गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई है। इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अगले दो दिनों तक गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। दूसरी ओर दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में रविवार तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

ओडिशा में 50,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

आंध्र प्रदेश के नरसपुर और ओडिशा के पुरी के बीच भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' के टकराने की संभावना को देखते हुए, अब तक लगभग 50,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बुधवार को राज्य सरकार की तैयारियों को लेकर आयोजित एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि सबसे अधिक लोगों को गंजाम जिले से निकाला जा रहा है और यह प्रक्रिया अभी जारी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगडा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों के कई गांवों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। सीएम ने बताया कि राज्य सरकार ने 3,000 चक्रवात आश्रय स्थल (साइक्लोन शेल्टर) बनाए हैं, जिनमें से 448 पहले से ही काम कर रहे हैं। ओडिशा सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए 15 जिलों को 20 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

चक्रवात अकवान के चलते तीन ट्रेनें रीशेड्यूल

चक्रवात अकवान के मद्देनजर रेलवे ने गुरुवार 19 नवंबर को चलने वाली तीन ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। चार्लापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (18046) अब सुबह 8:40 बजे की जगह दोपहर 3:40 बजे रवाना होगी। वहीं सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस (12704) शाम 3:55 बजे के बजाय 5:55 बजे चलेगी। इसके अलावा SMVT बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (15227) को रात 12:30 बजे की जगह सुबह 8:30 बजे रवाना किया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर शुरू करने से पहले ट्रेन का संशोधित समय जरूर जांच लें।

गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलेगा 'अकवान', आंध्र प्रदेश और ओडिशा तटों पर अलर्ट, 3 दिनों तक रहेगा असर

#cycloneakvanlikelytointensifyintoaseverestormbywednesday

चक्रवाती तूफान अर्नब, मुरासू के कहर के बाद नई मौसमी आफत की आमद है। एक महीन में दो तूफानों के बाद अब तीसरा चक्रवाती तूफान अकवान आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने इस तूफान के 'गंभीर चक्रवाती तूफान' में बदलने की संभावना है।चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अब दक्षिण भारत के कई राज्यों के लिए खतरा बनता जा रहा है। 'अकवान' के विकराल रूप के मद्देनजर आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा तटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

145 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि बुधवार को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके 'गंभीर चक्रवाती तूफान' में तब्दील होने की प्रबल संभावना है। आंध्र प्रदेश के तट पर इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में टकराने की आशंका है, जहां 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और मूसलाधार बारिश तबाही मचा सकती है।

धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रहा

बुधवार रात 2.30 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' पिछले 6 घंटों के दौरान 3 किमी प्रति घंटे की गति से धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ा है। मंगलवार रात 11.30 बजे यह उसी क्षेत्र में 12.5° उत्तरी अक्षांश और 85.6° पूर्वी देशांतर के पास स्थित था। यह चेन्नई (तमिलनाडु) से लगभग 590 किमी पूर्व, त्रिंकोमाली (श्रीलंका) से 640 किमी उत्तर-पूर्व, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 630 किमी दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 630 किमी दक्षिण व दक्षिण-पूर्व और गोपालपुर (ओडिशा) से 760 किमी दक्षिण में था।

20 नवंबर तक नेल्लोर तट से टकराने की आशंका

एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक और रियल-टाइम गवर्नेंस सोसायटी (आरटीजीएस) के सीईओ प्रखर जैन ने बताया कि चक्रवात के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते रहने और 19 नवंबर शाम तक एक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने का अनुमान है। तट से टकराते समय 120–130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है, जो अधिकतम 145 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

कब तक होगी भारी बारिश?

इस चक्रवात के असर से 19 और 20 नवंबर को कुछ तटीय जिलों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि कई अन्य इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी और दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में भी अकवान का असर दिखने लगा है। तूफान के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश में NDRF और SDRF की टीमें तैनात कर दी गई हैं, जबकि ओडिशा में 2 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी है।

मुठभेड़ में मारा गया लश्कर कमांडर लतीफ भट, सुरक्षाबलों ने कुलगाम हमले के आरोपी को किया ढेर

#jammukashmirmajoroperationagainstlateefbhatinkulgam

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर कमांडर लतीफ भट को मार गिराया है। ये मुठभेड़ कुलगाम जिले के जंगलपोरा में हुई। लतीफ भट का मारा जाना लश्कर-ए-तैयबा के लिए एक बड़ा झटका साबित हुआ है, क्योंकि वह कश्मीर घाटी का आखिरी सक्रिय टॉप कमांडर था।

लतीफ भट ने सरेंडर करने से किया इनकार

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी लतीफ भट को सरेंडर करने का मौका दिया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। बुधवार सुबह सुरक्षा बलों ने आतंकी लतीफ भट को वीडियो कॉल भी किया था, अफसरों ने आतंकी लतीफ से सरेंडर करने के लिए कहा था।सामने आए वीडियो में एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना गया, "हम तुम्हारे साथ हैं।" हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और कहा, "मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं।" इसके बाद सुरक्षाबल और आतंकी के बीच एनकाउंटर शुरू हो गया। कुलगाम जिले में सुबह-सुबह हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने आतंकी लतीफ भट मारा गिराया।

घाटी में कई हमलों में था शामिल

लतीफ भट कुलगाम हमले का मुख्य साजिशकर्ता था। हाल ही में कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले का मास्टरमाइंड लतीफ भट ही था। कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हमला हुआ था। इस हमले में 3 जवान घायल हुए थे। सुरक्षा बलों ने 11 नवंबर को कुलगाम में हुए हमले के बाद आतंकियों को खोजने के लिए घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया था। लतीफ भट कश्मीर घाटी में कई हमलों में शामिल रहा है, जिसमें जुलाई में प्रवासी मजदूरों की हत्या का मामला भी शामिल है।

15 लाख रुपये का इनाम घोषित था

लतीफ भट पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लतीफ भट जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में छोटे हमले करता था और उसके बाद स्थानीय लोगों के बीच आसानी से घुल-मिल जाता था। आम लोगों के बीच लतीफ भट को ढूंढना मुश्किल हो रहा था।

2020 में लश्कर-ए-तैयबा में हुआ था शामिल

लतीफ भट जम्मू-कश्मीर के कुलगाम का ही रहनेवाला था। उसने नवंबर 2020 में अपना घर छोड़ दिया था। उसके बाद वह लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया। पिछले एक साल में वह लश्कर-ए-तैयबा के लिए एक बहुत ही अहम मोहरा बन गया था। लश्कर-ए-तैयबा अपने प्रॉक्सी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) के नाम से हमले करता है। उसे पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं से निर्देश मिलते थे। आईएसआई लतीफ भट की मदद से कश्मीर में अपना स्थानीय नेटवर्क और मजबूत करना चाहती थी।

अमेरिका में राहुल गांधी ने ऐसा क्या कहा मच गया बवाल? बीजेपी ने किया पलटवार, कहा- 'मीर जाफर'

#rahulgandhistatementbjpcounterattack

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अमेरिका के दौरे पर हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश दौरे पर कोई ना कोई ऐसी बात कह देते हैं कि भारत का सियासी पारा चढ़ जाता है। अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर राहुल गांधी ने ऐया बयान दिया है, जिससे भारतीय जनता पार्टी भड़क गई है। बीजेपी ने उन्हें भारत-विरोधी करार दिया है।

कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी। छात्रों से बातचीत के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा- युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा है। राहुल गांधी ने अमेरिका में भारत की अर्थव्यवस्था और रोजगार के हालात पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। देश में बेरोजगारी की समस्या व्यापक है और शिक्षा व्यवस्था में भी कई बुनियादी चुनौतियां मौजूद हैं। राहुल गांधी ने कहा कि इन समस्याओं को नजरअंदाज करने से हालात नहीं बदलेंगे।

राहुल गांधी 17 नवंबर को न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। यहां छात्रों और शिक्षाविदों के साथ संवाद के दौरान उन्होंने भारत के युवाओं की स्थिति पर अपनी बात रखी। उनसे मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन ने भारतीय युवाओं में बढ़ती निराशा और असंतोष को लेकर सवाल किया था।

बीजेपी बोली-देश का हर नागरिक शर्मसार

भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर दिए गए राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेशी यात्रा पर कोलंबिया की यूनिवर्सिटी में एक साजिश के तहत भारत को बदनाम करने के लिए अनर्गल बयान, झूठे वक्तव्य और बेबुनियाद बातें कहते हैं, जिससे देश का हर नागरिक आज शर्मसार है।

भारत के मीर जाफर- गौरव भाटिया

बीजेपी नेता ने कहा कि अराजकता के प्रतीक, अपरिपक्व, भारत से नफरत करने वाले राहुल गांधी जब भी विदेशी धरती पर जाते हैं, तो झूठे बयान देते हैं। उनकी मंशा भारत की प्रगति को ठेस पहुंचाना और भारत की मजबूत अंतरराष्ट्रीय छवि को कमजोर करना है। राहुल गांधी अपरिपक्व हैं, यह हर कोई जानता है। लेकिन जब नेता प्रतिपक्ष होते हुए वे विदेशी धरती पर ऐसे जहरीले बोल बोलते हैं, तो पता चलता है कि वे भारत विरोधी हैं, एक शातिर व्यक्ति हैं और भारत के मीर जाफर हैं।

राहुल गांधी 'भारत-विरोधी प्रचार' के नेता- प्रदीप भंडारी

वहीं, बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी 'भारत-विरोधी प्रचार' के नेता हैं! जब भी वे विदेश जाते हैं, तो भारतीय लोकतंत्र और भारतीय अर्थव्यवस्था के खिलाफ बोलते हैं! राहुल गांधी ने खुद माना है कि वे भारतीय व्यवस्था के खिलाफ हैं! हर बार जब वे विदेश जाते हैं, तो वे इसे साबित कर देते हैं

एसआईआर को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे राहुल गांधी, चुनाव आयोग से पूछे 48 सवाल

#petitionfiledinscagainstform6sirandcecgyaneshkumarindia_bloc

चुनाव में कथित धांधली और वोट चोरी मामले और सीईसी ज्ञानेश कुमार की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही है। सीईसी ज्ञानेश कुमार खिलाफ इंडिया गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट में नया आवेदन दिया है। राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के अन्य नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन आयोग को प्रश्नावली भेजने की अनुमति मांगी है।

48 लिखित सवाल भेजने की अनुमति मांगी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में नई अर्जी दाखिल कर चुनाव आयोग को 48 लिखित सवाल भेजने की अनुमति मांगी गई है। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल आवेदन में मुख्य चुनाव आयुक्त समेत तीनों चुनाव आयुक्तों से जानकारीभी मांगी गई है। सीईसी और दो अन्य चुनाव आयुक्तों से हलफनामे के जरिए जवाब देने की मांग की गई है।

एसआईआर के दौरान एकतरफा फैसले लेने के आरोप

याचिका में आरोप लगाया गया है कि देशभर में एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान एकतरफा फैसले लिए गए, मतदाताओं के नाम हटाए गए और चुनाव आयोग के ऑनलाइन पोर्टल में बिना उचित मंजूरी के बदलाव किए गए। विपक्षी नेताओं ने इन सभी मामलों पर चुनाव आयोग से स्पष्ट जानकारी मांगी है। कांग्रेस ने पूछा है कि कितने फैसलों पर दोनों चुनाव आयुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त की राय से असहमत थे? इसके अलावा, देशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने का फैसला किसने लिया था?

डिजिटल रिकॉर्ड को लेकर पूछे सवाल

दाखिल की गई अर्जी में चुनाव आयोग के ECINET और ERONET सिस्टम को लेकर भी कई सवाल पूछे गए हैं। याचिकाकर्ताओं ने जानना चाहा है कि इस सिस्टम को तैयार करने और इसमें बदलाव करने की मंजूरी किसने दी थी। इसके अलावा यह भी पूछा गया है कि वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, हटाने या बदलने की सुविधा किन अधिकारियों के पास है? क्या किसी निजी कंपनी, ठेकेदार या सर्विस देने वाली एजेंसी के कर्मचारी को भी वोटर लिस्ट के डेटा में बदलाव करने की अनुमति थी? याचिकाकर्ताओं ने यह भी पूछा है कि वोटर लिस्ट में होने वाले हर बदलाव का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाता है या नहीं। अगर किसी मतदाता का नाम हटाया जाता है या दोबारा जोड़ा जाता है तो उसकी जानकारी सिस्टम में सुरक्षित रहती है या नहीं?

फॉर्म-6 में बदलाव पर सवाल

याचिका में ऑनलाइन फॉर्म-6 में नया घोषणा-पत्र जोड़ने के फैसले पर भी सवाल उठाए गए हैं। याचिकाकर्ताओं ने पूछा है कि इस बदलाव को किस अधिकारी ने मंजूरी दी थी। ये भी पूछा गया है कि चुनाव आयोग से इसकी मंजूरी कब मिली थी? इसके साथ ही अलग-अलग राज्यों में ड्राफ्ट और अंतिम मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं की संख्या का पूरा ब्योरा मांगा गया है। अर्जी में यह भी पूछा गया है कि क्या चुनाव आयोग से जरूरी मंजूरी लेने के लिए व्हाट्सऐप या निजी ईमेल का इस्तेमाल किया गया था।