'पाती’ के जरिए जनता से संवाद के 50 सप्ताह पूरे, योगी बोले- यह संवाद सरकार और समाज के बीच विश्वास का सेतु बना

- एक साल में लिखे गए पत्रों ने प्रदेश की जनभावनाओं को समझने और उन्हें स्वर देने का काम किया

- देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची ‘पाती’ की गूंज, योगी ने संवाद की इस श्रृंखला को और मजबूत बनाने का किया आह्वान

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता के साथ ‘पाती’ के माध्यम से संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूरे हो गए, इसका पता ही नहीं चला। बीते एक वर्ष में लिखे गए ये पत्र उनके लिए महज विचारों की अभिव्यक्ति नहीं रहे, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें स्वर देने और उनके अनुरूप एक व्यापक दृष्टिकोण साझा करने का महत्वपूर्ण माध्यम बने हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह जानकर विशेष प्रसन्नता होती है कि ‘पाती’ के जरिए शुरू हुए इस संवाद की गूंज प्रदेश की सीमाओं को पार कर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची है। यह इस बात का संकेत है कि आत्मीयता और संवेदना के साथ किए गए संवाद को समाज में व्यापक स्वीकार्यता मिल रही है।

योगी आदित्यनाथ ने इस संवाद यात्रा को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि आत्मीय सुख-दुःख की इस संवाद-श्रृंखला को और सुदृढ़ बनाने की जरूरत है। विचारों की यह साझेदारी विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो सरकार और समाज को एक-दूसरे के और करीब लाए। उन्होंने कहा कि संवाद केवल विचार साझा करने का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और सहभागिता को मजबूत करने का आधार भी है। सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश की आकांक्षाओं को नई दिशा दी जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि हम सब मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें, जो विकास और समृद्धि के क्षेत्र में अग्रणी होने के साथ-साथ अपने संस्कारों, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक आदर्शों में भी श्रेष्ठ हो।

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सशक्त राष्ट्र निर्माण के लिए खेल स्पर्धाएं अत्यंत आवश्यक: योगेंद्र उपाध्याय

- के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में सेंट जोसेफ ग्रुप की चार दिवसीय नीरू मेमोरियल एनुअल स्पोर्ट्स मीट 'स्पर्धा-2026' का भव्य शुभारंभ

- निर्माणाधीन ज्ञानशिला विश्वविद्यालय के लिए उच्च शिक्षा मंत्री ने दीं शुभकामनाएं; मेधावी खिलाड़ियों को 'नीरू मेमोरियल खेल रत्न अवार्ड' से किया सम्मानित

- पहले दिन क्रिकेट में राजाजीपुरम शाखा का दबदबा, गेंदबाज आरव ने झटके 4 विकेट; 50 मीटर दौड़ में सीतापुर रोड शाखा के धावकों ने दिखाया दम

लखनऊ, 15 नवम्बर 2026। सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की चार दिवसीय नीरू मेमोरियल एनुअल स्पोर्ट्स मीट 'स्पर्धा-2026' का भव्य शुभारंभ रविवार को लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में मार्च-पास्ट, पाइप व ब्रास बैंड की मनमोहक धुनों तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मुख्य अतिथि तथा विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। अतिथियों ने मशाल प्रज्वलित कर तथा शांति के प्रतीक कबूतर व रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर इस खेल महाकुंभ का विधिवत उद्घाटन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन अत्यंत आवश्यक है। स्वामी विवेकानंद के विचार 'शक्तिशाली भारत का निर्माण खेल के मैदानों से होगा' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाने के साथ ही उनमें टीम भावना, अनुशासन और लक्ष्य प्राप्ति का जुनून विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए 'खेलो इंडिया, खिलेगा इंडिया' के आह्वान से देश में खेल संस्कृति को नया आयाम मिला है, जिसके परिणामस्वरूप आज भारतीय खिलाड़ी वैश्विक प्रतियोगिताओं में पदकों की श्रृंखला जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों के अनुशासित मार्च-पास्ट और बैंड प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि हार-जीत से परे खेल भावना के साथ मैदान में उतरना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रेरणादायी पंक्तियों "हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा..." का उद्धरण देते हुए असफल रहने वाले प्रतिभागियों को निराश न होने और नए उत्साह के साथ पुनः प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने सेंट जोसेफ समूह के शैक्षणिक योगदान की प्रशंसा की तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेरणा और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से नीरू मेमोरियल सोसायटी द्वारा संचालित होने वाले निर्माणाधीन 'ज्ञानशिला विश्वविद्यालय' की स्थापना के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि योगेंद्र उपाध्याय ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने वाले होनहार खिलाड़ियों- प्रिशा गुप्ता (सीतापुर रोड शाखा), आयुषी सिंह (रुचिखंड शाखा) तथा गौरव सरोज (राजाजीपुरम शाखा) को 'नीरू मेमोरियल खेल रत्न अवार्ड-2026' प्रदान कर सम्मानित किया। सेंट जोसेफ समूह की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है और खेल जीवन में संतुलन तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

'स्पर्धा-2026' के पहले दिन आयोजित क्रिकेट के रोमांचक लीग मैच में राजाजीपुरम शाखा ने 7 विकेट पर 102 रन बनाकर रुचिखंड शाखा को पराजित किया। मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए आरव ने 4 विकेट झटककर अपनी टीम को विजयश्री दिलाई। वहीं प्री सब-जूनियर वर्ग की 50 मीटर दौड़ में सीतापुर रोड शाखा के नन्हे धावकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। 

इस अवसर पर सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल, निदेशक नम्रता अग्रवाल, संयुक्त निदेशक सृजन अग्रवाल, स्क्वाड्रन लीडर राखी अग्रवाल सहित सभी शाखाओं की प्रधानाचार्या, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य अभिभावक उपस्थित रहे।

बुद्ध वंदना के समय सपा सांसद के बैठे रहने पर एमएलसी डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने उठाए सवाल

- बोले-बौद्ध परंपरा और दलित समाज का अपमान हुआ, जवाब दें अखिलेश

- सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने जानबूझकर बौद्ध अनुयायियों को पहुंचाई ठेस

- अखिलेश की सरकार में दलित महापुरुषों और प्रेरणास्रोतों के नाम पर रखे गए आठ जिलों के नाम बदले गए

- सामाजिक मुक्ति और समता के प्रतीक हैं बुद्ध, अखिलेश बताएं क्यों बदले गए नाम

लखनऊ, 15 नवंबर। डॉ. आंबेडकर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने आगरा में आयोजित समाजवादी पार्टी के दलित महासम्मेलन के दौरान बुद्ध वंदना के समय रामपुर से सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के बैठे रहने पर कड़ी आपत्ति जताई है। डॉ. निर्मल ने इस घटना को बौद्ध परंपरा और दलित समाज का अपमान करार देते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव से जवाब मांगा है।

डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल के अनुसार, भगवान बुद्ध की वंदना भारतीय संस्कृति, करुणा, मैत्री, प्रज्ञा और मानवता की महान परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आगरा के दलित सम्मेलन में जब बुद्ध वंदना हो रही थी, तब मंच पर मौजूद बौद्ध भिक्षु और अन्य नेता सम्मान में खड़े हुए, लेकिन सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी अपनी कुर्सी पर बैठे रहे। डॉ. निर्मल ने आरोप लगाया कि यह आचरण जानबूझकर किया गया, जिससे बौद्ध अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने इस पूरे मामले पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।

- 2012 में जिलों के नाम बदलने का मुद्दा उठाया

बयान में डॉ. निर्मल ने पूर्ववर्ती सपा सरकार के फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2012 में अखिलेश यादव की सरकार ने कैबिनेट निर्णय के माध्यम से दलित महापुरुषों और सामाजिक प्रेरणास्रोतों के नाम पर रखे गए आठ जिलों के नाम बदल दिए थे। डॉ. निर्मल ने कहा कि इन जिलों में विशेष रूप से बौद्ध विचारधारा और दलित चेतना से जुड़े नाम शामिल थे, जिन्हें हटाने से दलित समाज में असंतोष पैदा हुआ था।

- बौद्ध परंपरा से जुड़े नामों का महत्व

डॉ. निर्मल ने स्पष्ट किया कि प्रबुद्ध नगर और पंचशील नगर जैसे नाम केवल प्रशासनिक पहचान नहीं थे, बल्कि वे भगवान बुद्ध के विचारों, पंचशील के सिद्धांतों और सामाजिक जागरण की प्रेरणा से जुड़े हुए थे। इसी प्रकार महामाया नगर का नाम भगवान बुद्ध की माता महामाया की स्मृति में रखा गया था। उन्होंने मांग की कि अखिलेश यादव को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी सरकार ने बौद्ध परंपरा और दलित महापुरुषों से जुड़े इन नामों को हटाने का निर्णय क्यों लिया था।

- सामाजिक मुक्ति और समता के प्रतीक हैं बुद्ध

डॉ. आंबेडकर महासभा के अध्यक्ष ने आगे कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने भारतीय समाज को भगवान बुद्ध के करुणा, प्रज्ञा और समता के विचारों से परिचित कराया था। डॉ. निर्मल के अनुसार, दलित समाज के लिए भगवान बुद्ध केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि वे सामाजिक मुक्ति, समानता और मानवीय गरिमा के प्रतीक हैं।

राज्यसभा चुनाव में अखिलेश को याद नहीं आया दलित समाज, केवल परिवार को प्राथमिकता दी: भाजपा


- 2017 से ही मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे अखिलेश, दलित समाज उन्हें नकार रहा: भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह

- 2027 में ऐसा सबक सिखाएगी यूपी की जनता, भूल नहीं पाएंगे अखिलेश: दिनेश प्रताप सिंह

- अखिलेश यादव के DNA में भरा है दलित उत्पीड़न: भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी

- दलित युवाओं को पक्के आवास, मुफ्त राशन और स्वरोजगार दे रही योगी सरकार: अंकुश त्रिपाठी

लखनऊ, 15 नवंबर। भाजपा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने सपा के दलित सम्मेलन पर कहा कि अखिलेश यादव के स्वागत के लिए जारी 22 लोगों की सूची में एक भी दलित का नाम शामिल नहीं था। वहीं, भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की नीति और नीयत दोनों दलित विरोधी रही है।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव 2017 से ही मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता और विशेषकर दलित समाज 2017 से लगातार सपा को सबक सिखा रहा है। 2027 के चुनाव में भी उत्तर प्रदेश की जनता सपा को ऐसा सबक सिखाएगी, जिसे वो कभी भूल नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव हर दिन PDA की नई परिभाषा गढ़ने लगते हैं। अखिलेश के PDA का सही अर्थ 'पहले दंगा, फिर अपराध' है। लेकिन उत्तर प्रदेश दंगा प्रदेश नहीं बनना चाहता, क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने बहुत विकास किया है।

‘राज्यसभा चुनाव में दलित समाज करता रहा इंतजार’

दिनेश सिंह ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में अति-पिछड़ा और दलित समाज इंतजार करता रह गया लेकिन अखिलेश यादव को सिर्फ अपना परिवार नजर आया। उन्होंने कहा कि अखिलेश के शासनकाल में सपा के गुंडों ने दलित महापुरुषों की मूर्तियों को खंडित किया और सपा मंत्रिमंडल ने महापुरुषों के नाम पर बने जनपदों और संस्थानों के नाम बदलने का काम किया। बहन मायावती को स्टेट गेस्ट हाउस में अपमानित करने का काम भी सपाई गुंडों ने किया।  

‘अखिलेश यादव के DNA में दलित उत्पीड़न’

भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव के डीएनए में दलित उत्पीड़न भरा हुआ है। सपा की नीति और नीयत दोनों दलित विरोधी हैं। अंकुश ने कहा कि उत्तर प्रदेश का दलित समाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों पर पूर्ण विश्वास जताते हुए मजबूती के साथ भाजपा के साथ खड़ा है। 2017 के चुनाव में दलितों के पूर्ण सहयोग से ही सपा की उत्तर प्रदेश से विदाई हुई थी, जिसके कारण अखिलेश यादव आज तक सत्ता से बाहर हैं। 

- ‘योगी सरकार ने दलितों को आवास और रोजगार दिया'

अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासनकाल में दलितों को पक्के आवास, आयुष्मान भारत योजना का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच, मुफ्त राशन और स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से स्वरोजगार व रोजगार से जोड़ा गया है, जिससे आज दलित युवा उद्यम स्थापित कर दूसरों को रोजगार दे रहे हैं।

नासा के ड्रैगनफ्लाई मिशन से जुड़ने का मौका, टाइटन पर जाएगा आपका नाम; मुफ्त मिलेगा डिजिटल बोर्डिंग पास

- 15 जनवरी 2027 तक कराएं ऑनलाइन पंजीकरण, भारत समेत दुनिया के किसी भी देश का नागरिक भेज सकता है अपना नाम

- जुलाई 2028 में लॉन्च होगा नासा का ड्रैगनफ्लाई मिशन, 2034 में शनि के सबसे बड़े चंद्रमा टाइटन पर पहुंचेगा अंतरिक्ष यान

लखनऊ। क्या आप चाहते हैं कि आपका नाम भी पृथ्वी से करोड़ों किलोमीटर दूर अंतरिक्ष की किसी अनजान दुनिया तक पहुंचे? अगर हां, तो अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) आपको यह अनूठा मौका दे रही है। नासा के आगामी ड्रैगनफ्लाई मिशन के तहत अब दुनिया का कोई भी व्यक्ति अपना नाम शनि ग्रह के सबसे बड़े चंद्रमा टाइटन तक भेज सकता है। इसके लिए न तो कोई शुल्क देना होगा और न ही किसी तरह का टिकट खरीदना पड़ेगा। नाम भेजने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को नासा की ओर से एक व्यक्तिगत डिजिटल बोर्डिंग पास भी निःशुल्क दिया जाएगा।

खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि नासा ने इस पहल के लिए 'सेंड योर नेम टू टाइटन अबोर्ड नासा ड्रैगनफ्लाई मिशन' के नाम से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया है। पंजीकरण कराने वाले लोगों के नाम एक माइक्रोचिप में दर्ज किए जाएंगे, जिसे ड्रैगनफ्लाई अंतरिक्ष यान के साथ टाइटन तक भेजा जाएगा। इस तरह दुनिया भर के अंतरिक्ष प्रेमियों को एक ऐतिहासिक अंतरिक्ष अभियान का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल बोर्डिंग पास कोई वास्तविक यात्रा टिकट नहीं है। यह मिशन से जुड़ने का एक प्रतीकात्मक स्मृति-चिह्न है। इसका अर्थ यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति को अंतरिक्ष में या टाइटन की सतह पर भेजा जाएगा, बल्कि केवल उसका नाम अंतरिक्ष यान के साथ यात्रा करेगा। यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है।

- ऐसे भेजें अपना नाम, घर बैठे मिलेगा डिजिटल बोर्डिंग पास

नासा ने नाम पंजीकरण के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर विशेष व्यवस्था की है। इच्छुक व्यक्ति नीचे दिए गए लिंक पर जाकर अपना नाम और ईमेल पता दर्ज कर सकते हैं।

पंजीकरण लिंक:

NASA Dragonfly Mission – Send Your Name

पंजीकरण पूरा होने के बाद प्रतिभागी को व्यक्तिगत डिजिटल बोर्डिंग पास प्राप्त होगा। खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि भारत सहित दुनिया के सभी देशों के नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। हालांकि, लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। पंजीकरण केवल नासा की आधिकारिक वेबसाइट पर ही करें। किसी अन्य वेबसाइट पर व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण या भुगतान संबंधी जानकारी साझा न करें। इस सुविधा के लिए किसी तरह का भुगतान नहीं मांगा गया है।

- 15 जनवरी 2027 है नाम भेजने की अंतिम तारीख

नासा के अनुसार, इस अभियान में नाम दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2027 को रात 11:59 बजे (अमेरिकी पूर्वी समय) निर्धारित की गई है। भारतीय मानक समय के अनुसार यह समय 16 जनवरी 2027 की सुबह लगभग 10:29 बजे होगा। इसलिए अंतरिक्ष में अपना नाम भेजने के इच्छुक लोगों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण कराना होगा।

- क्या है नासा का ड्रैगनफ्लाई मिशन?

ड्रैगनफ्लाई नासा का एक अत्याधुनिक रोटरक्राफ्ट मिशन है, जिसे शनि के सबसे बड़े चंद्रमा टाइटन की खोज के लिए तैयार किया जा रहा है। देखने में यह हेलीकॉप्टर या बड़े ड्रोन जैसा होगा, जो टाइटन के घने वातावरण में उड़ान भरकर एक स्थान से दूसरे स्थान तक जा सकेगा। अमर पाल सिंह के अनुसार, ड्रैगनफ्लाई को अमेरिका के मैरीलैंड स्थित जॉन्स हॉपकिन्स एप्लाइड फिजिक्स लेबोरेटरी (APL) में विकसित किया जा रहा है। यह नासा के न्यू फ्रंटियर्स कार्यक्रम का चौथा मिशन है। इसकी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए रेडियोआइसोटोप थर्मोइलेक्ट्रिक जनरेटर (MMRTG) का इस्तेमाल किया जाएगा।

टाइटन का गुरुत्वाकर्षण पृथ्वी की तुलना में काफी कम है, जबकि वहां का वातावरण बेहद घना है। यही परिस्थितियां ड्रैगनफ्लाई जैसे रोटरक्राफ्ट को उड़ान भरने के अनुकूल बनाती हैं। यह अंतरिक्ष यान टाइटन की सतह पर अलग-अलग स्थानों पर उतरेगा, वहां से नमूने एकत्र करेगा और वैज्ञानिक अध्ययन करेगा। यह किसी दूसरे खगोलीय पिंड की सतह पर उड़ान भरकर वैज्ञानिक अन्वेषण करने वाला पहला रोटरक्राफ्ट मिशन होगा।

- 2028 में लॉन्च, 2034 में टाइटन पर पहुंचेगा ड्रैगनफ्लाई

नासा की योजना के मुताबिक ड्रैगनफ्लाई मिशन को जुलाई 2028 में फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से स्पेसएक्स के फाल्कन हेवी रॉकेट के जरिए लॉन्च किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए 5 से 25 जुलाई 2028 की लॉन्च विंडो निर्धारित की गई है।

लॉन्च होने के बाद अंतरिक्ष यान अपनी लंबी अंतरिक्ष यात्रा पर निकलेगा। इस दौरान यह शुक्र और पृथ्वी के पास से गुजरेगा। लगभग छह वर्ष की यात्रा के बाद दिसंबर 2034 के आसपास इसके टाइटन पहुंचने की संभावना है। वहां पहुंचकर यह तीन वर्ष से अधिक समय तक वैज्ञानिक अभियान चलाएगा और चंद्रमा के विभिन्न क्षेत्रों का अध्ययन करेगा।

- आखिर टाइटन में ऐसा क्या है, जिसे जानने के लिए उत्सुक है पूरी दुनिया?

टाइटन सौरमंडल के सबसे रहस्यमयी और दिलचस्प खगोलीय पिंडों में से एक है। यह शनि ग्रह का सबसे बड़ा चंद्रमा होने के साथ-साथ सौरमंडल का दूसरा सबसे बड़ा प्राकृतिक उपग्रह भी है। इसकी सबसे खास बात यह है कि यहां पृथ्वी की तरह नदियां, झीलें और समुद्र तो हैं, लेकिन उनमें पानी की जगह तरल मीथेन और इथेन मौजूद हैं। टाइटन का वातावरण घना है और इसकी सतह पर कार्बनिक पदार्थों से बने विशाल टीले तथा मैदान पाए जाते हैं। वैज्ञानिकों के लिए यह जगह इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां मौजूद रासायनिक परिस्थितियां पृथ्वी पर जीवन की उत्पत्ति से पहले के वातावरण को समझने में मदद कर सकती हैं।

ड्रैगनफ्लाई मिशन का प्रमुख उद्देश्य टाइटन की प्राक्-जैविक रसायनविज्ञान, जटिल कार्बनिक यौगिकों, भूविज्ञान और वातावरण का अध्ययन करना है। वैज्ञानिक यह जानने की कोशिश करेंगे कि वहां जीवन के निर्माण के लिए जरूरी रासायनिक परिस्थितियां मौजूद हैं या कभी रही थीं। इस मिशन से यह समझने में भी मदद मिल सकती है कि पृथ्वी पर जीवन की शुरुआत से पहले किस तरह की रासायनिक प्रक्रियाएं हुई होंगी। हालांकि, टाइटन पर जीवन की मौजूदगी का पता लगाना इस मिशन का घोषित उद्देश्य नहीं है, बल्कि वहां जीवन से जुड़ी परिस्थितियों और रासायनिक संकेतों का अध्ययन करना है।

- अमर पाल सिंह बोले- अंतरिक्ष इतिहास का हिस्सा बनने का अनूठा अवसर

खगोलविद अमर पाल सिंह का कहना है कि टाइटन हमारे सौरमंडल की सबसे रहस्यमयी दुनियाओं में से एक है। नासा का ड्रैगनफ्लाई मिशन अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकता है। यह मिशन टाइटन की सतह, उसके वातावरण और वहां मौजूद जटिल रासायनिक संरचनाओं से जुड़े कई सवालों के जवाब तलाशने में मदद करेगा। उनके मुताबिक, इस अभियान की खास बात यह भी है कि नासा ने आम लोगों को भी इस ऐतिहासिक वैज्ञानिक यात्रा से जोड़ने की पहल की है। भले ही अंतरिक्ष यान में आपका नाम ही जाएगा, लेकिन यह अनुभव अपने आप में यादगार होगा कि पृथ्वी से लाखों किलोमीटर दूर किसी दूसरे खगोलीय पिंड तक आपका नाम भी पहुंचने वाला है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो वर्ष 2034 में ड्रैगनफ्लाई के साथ दुनिया भर के लाखों लोगों के नाम भी टाइटन की धरती तक पहुंचेंगे। ऐसे में अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह एक ऐसा अवसर है, जिसमें बिना कोई पैसा खर्च किए वे मानवता के एक बड़े अंतरिक्ष अभियान का प्रतीकात्मक हिस्सा बन सकते हैं।

पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए चुनौती है सिंगल यूज प्लास्टिक, न करें उपयोग: मुख्यमंत्री योगी

- गोमती उत्सव 2026 में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विभूतियों को गोमती गौरव सम्मान से किया सम्मानित

- सीएम बोले- दुनिया की सबसे बड़ी खाद्य कंपनी को टक्कर दे सकती हैं यूपी की मातृशक्ति

- एक ही छत के नीचे स्मार्टफोन में सिमट गए हैं परिवार, समाज को फिर से एक साथ जोड़ते हैं उत्सव: मुख्यमंत्री योगी

- कहा - नदी संस्कृति के महत्व को समझता है भारत, गोमती की निर्मलता और अविरलता को बनाए रखने का लें संकल्प

- वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया से आगे बढ़कर वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन तक पहुंचा प्रदेश, स्थानीय व्यंजनों और हस्तशिल्पियों को मंच दे गोमती उत्सव: मुख्यमंत्री

लखनऊ, 15 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगल यूज प्लास्टिक को पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए इसके उपयोग पर पूरी तरह से रोक लगाने का आह्वान किया है। रविवार को आयोजित कार्यक्रम गोमती उत्सव-2026 को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तात्कालिक लाभ के लिए प्लास्टिक का इस्तेमाल न केवल हमारी नदियों और प्रकृति को प्रदूषित कर रहा है, बल्कि यह हमारे सुरक्षित भविष्य के लिए भी एक बड़ा खतरा है, इसलिए आम जनमानस को इसका पूर्ण बहिष्कार करना चाहिए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी मातृशक्ति अपने हुनर से दुनिया की सबसे बड़ी खाद्य कंपनी को भी सीधी टक्कर दे सकती है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश को 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' दिया था, जबकि वर्तमान सरकार ने 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' और 'वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन' जैसी योजनाएं दी हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रमुख विभूतियों को 'गोमती गौरव सम्मान' से सम्मानित किया।

- स्मार्टफोन की दुनिया में सिमट रहे परिवारों को जोड़ते हैं उत्सव

मुख्यमंत्री ने वर्तमान जीवनशैली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज एक ही छत के नीचे रहने वाले परिवार के सदस्य अपने स्मार्टफोन में सिमट कर रह गए हैं। चार लोग अगर एक कमरे में बैठे हैं, तो चारों की दिशाएं अलग अलग होती हैं और वे मोबाइल फोन की दुनिया में ही व्यस्त रहते हैं। इस बढ़ते एकांगीपन को दूर करने के लिए उत्सव बहुत आवश्यक हैं। गोमती उत्सव जैसे आयोजन लोगों को घरों से बाहर निकालकर समाज और परिवार के साथ फिर से जुड़ने का शानदार अवसर प्रदान करते हैं।

- गोमती आदि गंगा के रूप में इस क्षेत्र में है मान्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोमती आदि गंगा के रूप में इस क्षेत्र में मान्य है और यह लखनऊ की आत्मा है। दुनिया की सभी महान सभ्यताएं और संस्कृतियां नदियों के तट पर ही फली फूली हैं और भारत के प्रमुख तीर्थ भी नदियों के किनारे ही स्थित हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा मानव सभ्यता के उद्गम से लेकर अब तक अपनी नदी संस्कृति के महत्व को समझा है।

- वैश्विक मान्यता प्राप्त कर रहा अयोध्या का दीपोत्सव

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले अयोध्या में दीपावली पर कोई आयोजन नहीं होता था। आज अयोध्या का दीपोत्सव दुनिया का सबसे भव्य आयोजन बन चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि अयोध्या का दीपोत्सव इसी ऊंचाई के साथ आगे बढ़ता रहा, तो एक दिन यूनेस्को भी इसे वैश्विक मान्यता प्रदान करेगा। भारत की आस्था और संस्कृति उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक एक समान है, जो एक श्रेष्ठ और सुरक्षित भारत की भावना को मजबूत करती है।

- गोमती की अविरलता और निर्मलता को बनाए रखने का संकल्प

गोमती नदी के संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ से पहले तक गोमती की धारा अविरल और निर्मल है, लेकिन शहर में प्रवेश करते ही यह अपने अस्तित्व को खो देती है। राज्य सरकार ने गोमती में गिरने वाले नालों और सीवर को रोकने के लिए नए एसटीपी का निर्माण कराया है। उन्होंने उत्सव समिति से अपील की कि गोमती उत्सव की शुरुआत नदी की शुद्धता, अविरलता और निर्मलता के संकल्प के साथ होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का आह्वान करते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग तत्काल रोका जाना चाहिए। यह पर्यावरण, स्वास्थ्य और सुरक्षा तीनों के लिए एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि लोग पूजा के बाद प्लास्टिक का कचरा नदियों में फेंक कर जल को अपवित्र करते हैं, जो महापाप है। मुख्यमंत्री ने लोगों से कपड़े या डिस्पोजेबल बैग का इस्तेमाल करने की अपील की ताकि नदियों की धारा अवरुद्ध न हो और गंदगी न फैले।

- वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन को दें बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने गोमती उत्सव समिति को सुझाव दिया कि इस आयोजन को पर्यटन और संस्कृति विभाग के साथ जोड़ा जाए। स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और पारंपरिक व्यंजन बनाने वालों को इस उत्सव में बड़ा मंच प्रदान किया जाना चाहिए। इससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा, बल्कि शुद्धता की गारंटी के साथ लोगों को पारंपरिक व्यंजनों से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।

- इन विभूतियों को मिला गोमती गौरव सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रो. सुनीता मिश्रा, राजेश पांडेय, डॉ. सुनीता चंद्रा, जयंत कृष्णा, आत्मप्रकाश मिश्रा, विनोद मिश्रा, अंबिका प्रसाद बाजपेयी, डॉ. सुमित रुंगटा, सूर्यमणि सिंह, डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. सोनिया नित्यानंदन, संदीप तिवारी, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडेय, सुरेश बहादुर सिंह और अतुल अग्निहोत्री को गोमती गौरव सम्मान से सम्मानित किया।

- कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर गोमती उत्सव के मुख्य संरक्षक राजीव मिश्रा, गोमती उत्सव के परिकल्पक व कवि सर्वेश अस्थाना, उत्सव समिति के अध्यक्ष रामकृष्ण यादव, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति सर्वनारायण झा, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंदन और पार्षद मालती यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

छठ पूजा में भेदभाव देखने वाले विपक्षी नेता समाज और संस्कृति के दुश्मन हैं: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- सीएम योगी ने लखनऊ में गोमती तट पर डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, देश दुनिया तक छठ के गीत पहुंचाने वाली पद्म विभूषण स्व. शारदा सिन्हा को दी श्रद्धांजलि

- मुख्यमंत्री बोले - 2017 से पहले यूपी में होता था उपद्रव अब हर तरफ है उत्सव, सुरक्षित माहौल में मनाए जा रहे त्योहार

- कहा - छठ महापर्व प्रकृति जल और भगवान सूर्य के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का पर्व, सिखाता है कठोर अनुशासन

- 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर मातृशक्ति कर रही है कठिन तपस्या: मुख्यमंत्री

लखनऊ, 15 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि जिन लोगों का अपना जीवन ही पाखंड से भरा है, उन्हें दुर्गा पूजा और कावड़ यात्रा में पाखंड दिखाई देता है और वे छठ महापर्व में भेदभाव ढूंढते हैं। ऐसे लोग समाज और संस्कृति के दुश्मन हैं, जो भारत की सनातन परंपरा को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। मुख्यमंत्री रविवार को लक्ष्मण मेला मैदान स्थित गोमती नदी के तट पर अखिल भारतीय भोजपुरी समाज द्वारा आयोजित छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घाट पर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की और देश दुनिया तक छठ के गीत पहुंचाने वाली स्वर कोकिला पद्म विभूषण स्वर्गीय शारदा सिन्हा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिल भारतीय भोजपुरी समाज द्वारा प्रकाशित सनेश स्मारिका का विधिवत विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने आयोजन की भव्यता और साफ सफाई के लिए संस्था के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय, राष्ट्रीय महासचिव मनोज सिंह, राष्ट्रीय सचिव वेद प्रकाश और अंबरीश राय के प्रयासों की सराहना की। संस्था के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसी मंच से मुख्यमंत्री ने देश की प्रख्यात लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।  

- उपद्रव से उत्सव प्रदेश बन चुका है यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले जब प्रदेश में उपद्रव होता था तब सरकार कान में तेल डालकर सोती रहती थी। उस समय घाटों पर न सफाई होती थी और न ही सुरक्षा की कोई व्यवस्था थी। आज उत्तर प्रदेश उपद्रव से उत्सव प्रदेश बन चुका है। धनतेरस, दीपावली, अयोध्या के भव्य दीपोत्सव से लेकर छठ महापर्व तक लाखों लाख श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मना रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न जनपदों जैसे वाराणसी (20 लाख), गोरखपुर (16 लाख) सहित गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, कुशीनगर आदि में लाखों लोग पूरी श्रद्धा के साथ इस पर्व का हिस्सा बन रहे हैं। आज घाटों पर चाक चौबंद सुरक्षा है और किसी भी माता बहन की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों की दुर्गति निश्चित है।

- पद्म विभूषण स्वर्गीय शारदा सिन्हा को दी विनम्र श्रद्धांजलि

छठ गीतों का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने पद्म पुरस्कार से सम्मानित और स्वर कोकिला स्वर्गीय शारदा सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार छठ हमारी लोक आस्था की आत्मा है, उसी प्रकार शारदा सिन्हा के स्वर इस महापर्व की सजीव धड़कन रहे हैं। उनके गाए गीतों ने दशकों तक हर आस्थावान भारतीय के मन में माटी की सुगंध को जीवित रखा। यद्यपि वह आज हमारे बीच भौतिक रूप से नहीं हैं, लेकिन छठी माई की कृपा और उनके गीतों की गूंज हर घाट पर सदैव जीवित रहेगी।

- मातृशक्ति और कठोर अनुशासन का प्रतीक है छठ

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति, जल और भगवान सूर्य की असीम कृपा के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का पर्व है। यह हमें श्रद्धा, पवित्रता और कठोर अनुशासन का पाठ पढ़ाता है। हमारी मातृशक्ति तीन दिन तक 36 से 37 घंटे का निर्जला व्रत रखकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए कठिन तपस्या करती है। घाट पर बिना किसी भेदभाव, ऊंच नीच या जाति पाति के सभी लोग प्रकृति द्वारा प्रदत्त अन्न से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं, जो सामाजिक समरसता का सबसे बड़ा उदाहरण है।

- लखनऊ की समावेशी संस्कृति का बड़ा हिस्सा हैं पूर्वांचल और बिहार के लोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में पूर्वांचल और बिहार से आए लाखों परिवार रहते हैं। इन परिवारों ने अपनी उद्यमशीलता से प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। लखनऊ को उन्होंने अपना घर बनाया है और लखनऊ ने भी उन्हें परिवार का हिस्सा माना है। उत्तर प्रदेश की पहचान किसी एक भाषा या क्षेत्र से नहीं बल्कि उसकी समावेशी संस्कृति और एकात्मता से है। इस अवसर पर लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने छठी माई का गीत गाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

- लखनऊ में भव्य रूप ले रहा छठ पर्व: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि सूर्य उपासना का यह पर्व अब घर घर पहुंचकर धूमधाम से मनाया जा रहा है। 30 से 40 साल पहले लखनऊ में कुछ ही लोग यह पर्व मनाते थे, लेकिन आज यह यहां का सबसे बड़ा पर्व बनता जा रहा है।

- कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, मुकेश शर्मा, बीजेपी महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय, राष्ट्रीय महासचिव मनोज सिंह, राष्ट्रीय सचिव वेद प्रकाश, अंबरीश राय और उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

दलित सम्मेलन से पहले राजभर का वार, बोले- पहले बाबा साहेब और कांशीराम के अपमान पर माफी मांगें अखिलेश

- राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश को घेरा, बोले- आगरा के मंच से घोषणाओं के साथ पुराने फैसलों का भी दें जवाब

- रामजीलाल सुमन के राणा सांगा वाले बयान पर हिंदू समाज से माफी मांगने को कहा

- भीम नगर, रमाबाई नगर और कांशीराम नगर के नाम बदलने का उठाया मुद्दा

- पनवारी कांड और इटावा की घटना का जिक्र कर सपा शासन पर साधा निशाना

- आजम खां की बाबा साहेब पर टिप्पणी को लेकर भी अखिलेश से मांगा जवाब

लखनऊ, 15 नवंबर। आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित सम्मेलन से पहले सियासी वार-पलटवार तेज हो गया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और मान्यवर कांशीराम को लेकर सपा सरकार के समय लिए गए फैसलों की याद दिलाते हुए कहा कि अखिलेश आगरा के मंच से घोषणाएं करने से पहले बहुजन महापुरुषों के अपमान के लिए माफी मांगें।

राजभर ने अखिलेश को संबोधित करते हुए लिखा, “ए अखिलेश यादव भाई! सुना है कि आज आप आगरा में पीडीए के ‘डी’ का सम्मेलन करा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अखिलेश मंच से लंबी-लंबी घोषणाएं जरूर करें, लेकिन उसी मंच से बाबा साहेब और कांशीराम को लेकर की गई टिप्पणियों और अपमान के लिए खुद भी माफी मांगें। राजभर ने सपा सांसद रामजीलाल सुमन को भी निशाने पर लिया। कहा कि अखिलेश उनसे राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान के लिए हिंदू समाज से माफी मांगने को कहें।

- जिलों के नाम बदलने पर अखिलेश को घेरा

राजभर ने वर्ष 2012 में सपा सरकार के दौरान जिलों के नाम बदलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब और माई साहब के नाम पर बने भीम नगर का नाम सम्भल और रमाबाई नगर का नाम कानपुर देहात कर दिया गया। इसी तरह मान्यवर कांशीराम नगर का नाम बदलकर कासगंज किया गया। उन्होंने कांशीराम के नाम पर चलने वाली योजनाओं को बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया।

राजभर ने कहा कि बहुजन महापुरुषों के नाम पर बने अस्पतालों, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के नाम भी बदले गए। उन्होंने लखनऊ के डॉ. भीमराव अम्बेडकर हरित पार्क और कन्नौज के अम्बेडकर मेडिकल कॉलेज का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश को दलित सम्मेलन के मंच से इन फैसलों का भी जवाब देना चाहिए।

- आगरा में ही याद दिलाया पनवारी कांड

आगरा में दलित सम्मेलन के बीच राजभर ने पनवारी कांड का जिक्र कर सपा को घेरा। उन्होंने कहा कि सपा शासन के दौरान पनवारी में जाटव समाज की बारात पर हमला हुआ था। दूल्हे के घोड़े पर बैठकर बारात निकालने को लेकर शुरू हुई जातीय हिंसा में नौ लोगों की जान गई थी। राजभर ने इटावा की घटना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अखिलेश के गृह जनपद में दलितों को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया था।

- आजम खां के बहाने अखिलेश और शिवपाल पर वार

राजभर ने गाजियाबाद में आला हजरत हज हाउस के उद्घाटन समारोह में आजम खां की बाबा साहेब को लेकर की गई टिप्पणी को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश की मौजूदगी वाले मंच से आजम खां ने बाबा साहेब को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, लेकिन अखिलेश ने इसका विरोध नहीं किया। राजभर ने शिवपाल यादव पर भी तंज कसा। कहा कि वह आजम खां को गृह मंत्री बनाने की बात कर चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि मंत्री रहते बाबा साहेब को लेकर ऐसी टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को गृह मंत्री बनाने की बात किस तरह की राजनीति है। राजभर ने सपा के आगरा सम्मेलन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वहां की जनता भी सपा का ‘ट्रेलर’ देखेगी। उन्होंने कहा कि लोग तय करेंगे कि सपा की ‘गुंडागर्दी वाली फिल्म’ को कभी रिलीज नहीं होने देना है।

21 नवम्बर को आयोजित होगा 5वां राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह; पीएम मोदी टॉपर्स को करेंगे सम्मानित: कपिल देव अग्रवाल

- पहली बार देश की राजधानी दिल्ली से बाहर उत्तर प्रदेश की मेजबानी में लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा भव्य आयोजन

- राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले 52 मेधावियों में उत्तर प्रदेश के 6 ऑल इंडिया टॉपर प्रशिक्षार्थी भी होंगे सम्मानित

- अलीगंज स्थित प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र के 3 सीआईटीएस प्रशिक्षार्थियों ने राष्ट्रीय पटल पर बढ़ाया प्रदेश का मान

लखनऊ। प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी), भारत सरकार द्वारा आयोजित किया जाने वाला '5वां कौशल दीक्षांत समारोह-2026' आगामी 21 नवम्बर 2026 को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भव्य रूप से संपन्न कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि वर्ष 2022, 2023, 2024 एवं 2025 में नई दिल्ली में आयोजित हुए पूर्व के चारों दीक्षांत समारोहों के बाद पहली बार यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन दिल्ली से बाहर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित हो रहा है। इस गरिमामयी समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 52 ऑल इंडिया टॉपर प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। लखनऊ में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह की मेजबानी मिलना प्रदेश की सुदृढ़ प्रशिक्षण व्यवस्था और युवाओं की बढ़ती दक्षता का प्रमाण है, जो प्रदेश के लाखों युवाओं को कौशल प्रशिक्षण अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेगा।

डीजीटी भारत सरकार द्वारा निर्धारित अखिल भारतीय शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) तथा शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (सीआईटीएस) की मुख्य परीक्षा में देश भर में प्रथम स्थान हासिल करने वाले कुल 52 मेधावी प्रशिक्षार्थियों का चयन सम्मान हेतु किया गया है, जिनमें 37 सीटीएस धारक तथा 15 सीआईटीएस धारक प्रशिक्षार्थी सम्मिलित हैं। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि इन 52 राष्ट्रीय टॉपर्स में उत्तर प्रदेश के 06 ऑल इंडिया टॉपर प्रशिक्षार्थी भी शामिल हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री के कर-कमलों से सम्मानित होने का गौरव प्राप्त होगा। प्रदेश के इन 06 टॉपर्स में 03 सीटीएस तथा 03 सीआईटीएस प्रशिक्षार्थी हैं। विशेष उपलब्धि यह है कि चयनित तीनों सीआईटीएस टॉपर्स एक ही संस्थान— 'प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र, अलीगंज, लखनऊ' के प्रशिक्षार्थी हैं। इस राष्ट्रीय समारोह में विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के लगभग 1,000 से 1,200 प्रशिक्षार्थियों के भी सहभागिता करने की संभावना है।

प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र, अलीगंज लखनऊ के निदेशक डी. के. सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के अधीन वर्ष 2015 से संचालित यह उच्च प्रशिक्षण संस्थान सीआईटीएस योजना के अंतर्गत वर्तमान में 23 व्यवसायों में प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। इस संस्थान के प्रशिक्षार्थी विगत 05 वर्षों से लगातार राष्ट्रीय स्तर पर ऑल इंडिया टॉपर बनकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ष 2024-25 में 10 व्यवसायों के कुल 19 ऑल इंडिया टॉपर्स में से 16 (महिला एवं पुरुष) तथा प्रशिक्षण वर्ष 2025-26 में 19 व्यवसायों के कुल 38 ऑल इंडिया टॉपर्स में से 34 (महिला एवं पुरुष) इसी संस्थान के प्रशिक्षार्थी रहे हैं।

20 नवंबर से यूपी के सभी जिलों में खुलेंगे EVM प्रदर्शन केंद्र, मतदाताओं को मिलेगा मतदान का लाइव डेमो

- विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, जिला और विधानसभा स्तर पर स्थापित होंगे केंद्र; सुबह 10 से शाम 5 बजे तक समझाई जाएगी ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली

- मोबाइल वैन और डिजिटल माध्यमों से भी चलेगा जागरूकता अभियान, मतदाता खुद बटन दबाकर समझ सकेंगे मतदान की प्रक्रिया

लखनऊ, 14 नवंबर। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने की पहल तेज कर दी है। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों में 20 नवंबर से ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (EDC) शुरू किए जाएंगे। इन केंद्रों पर मतदाताओं को ईवीएम से मतदान करने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही वीवीपैट के माध्यम से यह भी दिखाया जाएगा कि मतदाता का वोट किस चुनाव चिह्न के सामने दर्ज हुआ है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि ये केंद्र विधानसभा चुनाव-2027 की अधिसूचना जारी होने तक संचालित होंगे। प्रत्येक जिले में जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और हर विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अधिकारी के मुख्यालय अथवा तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। सभी केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के ईवीएम मैनुअल और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

- मतदाता खुद समझ सकेंगे वोट डालने की प्रक्रिया

प्रदर्शन केंद्रों पर बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट के काम करने का तरीका समझाया जाएगा। मतदाता स्वयं डमी बैलेट पेपर के जरिए मतदान की प्रक्रिया का अनुभव कर सकेंगे। इसके लिए बैलेट यूनिट में प्रत्याशियों के स्थान पर डमी नाम और चुनाव चिह्न इस्तेमाल किए जाएंगे। वीवीपैट में भी इन्हीं के अनुरूप डमी चुनाव चिह्न अपलोड किए जाएंगे, ताकि मतदान के बाद निकलने वाली पेपर पर्ची को देखा जा सके। वीवीपैट को इस तरह रखा जाएगा कि मतदाता पर्ची को आसानी से देख सकें। साथ ही इसे सीधे सूर्य की रोशनी और हैलोजन जैसी तेज रोशनी से बचाने के निर्देश दिए गए हैं।

- कुल मतदेय स्थलों के अधिकतम 10 प्रतिशत तक मशीनों का होगा इस्तेमाल

प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों के लिए कुल मतदेय स्थलों की संख्या के सापेक्ष अधिकतम 10 प्रतिशत एफएलसी ओके ईवीएम और वीवीपैट का उपयोग किया जाएगा। इन मशीनों को ईएमएस पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए चिह्नित किया जाएगा। वेयरहाउस से मशीनें निकालने की प्रक्रिया के दौरान राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूचना देकर उपस्थित रहने का अवसर दिया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी और इस्तेमाल की जाने वाली मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण के लिए निकाली गई सभी मशीनों और उनके कैरी केस पर पीले रंग का 'जागरूकता एवं प्रशिक्षण' स्टीकर लगाया जाएगा। इन मशीनों का इस्तेमाल प्रशिक्षण के साथ मतदाता जागरूकता गतिविधियों में भी किया जा सकेगा।

- हर दिन का रिकॉर्ड रखा जाएगा, वीवीपैट की पर्चियां होंगी नष्ट

प्रत्येक प्रदर्शन केंद्र पर रजिस्टर रखा जाएगा, जिसमें आने वाले मतदाताओं की संख्या और प्रदर्शन के दौरान ईवीएम में दर्ज किए गए मतों का प्रतिदिन ब्योरा दर्ज होगा। दिनभर का प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कंट्रोल यूनिट का परिणाम क्लियर किया जाएगा। वहीं, वीवीपैट के ड्रॉप बॉक्स से पेपर स्लिप निकालकर जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से नामित अधिकारी की निगरानी में श्रेडिंग मशीन से नष्ट की जाएंगी। अगले दिन प्रदर्शन शुरू करने से पहले भी निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा।

- ईवीएम की सुरक्षा के लिए 24 घंटे पुलिस तैनाती

प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए इस्तेमाल होने वाली ईवीएम एवं वीवीपैट को मतदान में प्रयुक्त मशीनों और एफएलसी स्ट्रांग रूम से अलग सुरक्षित वेयरहाउस में रखा जाएगा। वेयरहाउस में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और सुरक्षा के लिए 24 घंटे कम से कम हाफ सेक्शन पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके लिए ड्यूटी रोस्टर भी तैयार किया जाएगा। वेयरहाउस खोलने और बंद करने के साथ मशीनों के रखरखाव एवं आवागमन का पूरा रिकॉर्ड लॉगबुक में दर्ज किया जाएगा। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एक अधिकारी नामित करेंगे।

- मोबाइल वैन और सोशल मीडिया से भी होगा प्रचार

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदर्शन केंद्रों पर पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों पर बैनर, स्टैंडी और साइनेज लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को दूर से ही इनकी जानकारी मिल सके। ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी रखने वाले अधिकारी या कर्मचारी की तैनाती भी होगी, जो मतदाताओं की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान करेंगे।

जागरूकता अभियान को प्रदर्शन केंद्रों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। मोबाइल प्रदर्शन वैन और डिजिटल आउटरीच के जरिए भी मतदाताओं तक जानकारी पहुंचाई जाएगी। मीडिया और सोशल मीडिया पर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी प्रतिदिन गतिविधियों की निगरानी करेंगे तथा कार्यक्रमों की तस्वीरें अपने आधिकारिक एक्स हैंडल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करेंगे।

कार्यक्रम की प्रगति की रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में प्रत्येक सप्ताह मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजनी होगी। निर्वाचन आयोग की मंशा है कि चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले अधिक से अधिक मतदाता ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझ सकें और मतदान को लेकर उनकी शंकाएं दूर हों।