बालिका से दुष्कर्म और मारपीट कर नाले में धकेलने वाला आरोपी गिरफ्तार
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई।कोतवाली शहर के एक मोहल्ले में दुकान पर अकेली बैठी बालिका को बहला फुसलाकर ले जाकर दुष्कर्म कर नाले में फेकने के मामले में पुलिस ने प्रकाश में आये आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
      प्राप्त विवरण में 13 नवम्बर को वादिनी द्वारा थाना कोतवाली शहर पर तहरीर दी कि अज्ञात अभियुक्त द्वारा वादिनी की पुत्री को ले गया तथा मारपीट कर नाले में धकेल कर चला गया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली शहर पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी।उक्त अभियोग में विवेचनात्मक कार्यवाही के दौरान धारा 65 (2) बीएनएस व 5M/6 पॉक्सों एक्ट की वृद्धि की गयी है।
        पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग से संबंधित प्रकाश में आये अभियुक्त अमन रस्तोगी पुत्र विजय कुमार रस्तोगी निवासी आजादनगर थाना कोतवाली शहर को गिरफ्तार किया गया है।
विशेष सारांश पुनरीक्षण (SSR) को लेकर भाजपा की बैठक संपन्न, हर घर तक पहुंचने का संकल्प
हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़वाना पार्टी की प्राथमिकता : कमलेश मिश्र


Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। भाजपा जिला कार्यालय पर विशेष सारांश पुनरीक्षण (SSR) अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला प्रभारी कमलेश मिश्र एवं जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने पार्टी पदाधिकारियों, विधानसभा प्रभारियों  अभियान संयोजक एवं बीएलए द्वितीय के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारियों की समीक्षा कर सबको धरातल पर उतर एक एक वोटर तक पहुंचने का लक्ष्य दिया।
जिला प्रभारी कमलेश मिश्र ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर छूटे हुए मतदाताओं को चिह्नित करें और SSR प्रक्रिया के माध्यम से उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाना सुनिश्चित करें। हर एक घर और हर एक वोट हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि  पार्टी अभियान चलाकर सभी छूटे मतदाताओं को जोड़ने का काम करेगी! उन्होंने बताया कि युवा मोर्चा और महिला मोर्चा द्वारा विशेष कैम्प लगाकर पूरे जनपद की आठो विधानसभा मे छूटे मतदाताओं को जोड़ने का काम करेंगी उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई दिशा प्राप्त की है।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से SSR अभियान को पूरी जिम्मेदारी एवं सक्रियता से सफल बनाने का आह्वान किया।
प्रयागराज प्रेस क्लब से राजकुमार निष्कासित, सुनील सोमवंशी बने प्रचार सचिव*
"
*अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह*
*की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर बनी सहमति*

प्रयागराज। सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में रविवार को प्रयागराज प्रेस क्लब की महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों में निष्क्रियता और मिल रही शिकायतों के आधार पर प्रचार सचिव राजकुमार राकी को क्लब की प्राथमिक सदस्यता और प्रचार सचिव पद से निष्कासित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं, सुनील सोमवंशी को सर्वसम्मति से नया प्रचार सचिव नियुक्त किया गया।

*अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह* ने बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों के हित में सक्रिय पहल करने पर जोर दिया। इस दौरान सभी सदस्यों का सदस्यता शुल्क जमा कराने, परिचय पत्र बनवाने और पत्रकारों एवं उनके परिवारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर सहमति बनी।

बैठक में उपाध्यक्ष सुधीर कुमार शुक्ल, सचिव अचिन्त्य रंजन मिश्र, पूर्व अध्यक्ष मानवेन्द्र प्रताप सिंह, शिवेंद्र विक्रम, सुनील बच्चन, वीरेंद्र राज, ज्योति चौरसिया, संतोष कुमार सिंह, गगन जैन, आनंद राज, विजेन्द्र कुमार और अभय सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
लक्ष्मीशंकर वाजपेयी को अकबर इलाहाबाद अवार्ड
‘गुफ़्तगू’ के वार्षिक अवार्ड की घोषणा, 9-10 जनवरी को होगा आयोजन

साहित्य, पत्रकारिता, खेल और न्याय क्षेत्र के ख़ास लोगों का हुआ चयन

प्रयागराज। इस वर्ष का अकबर इलाहाबादी अवार्ड दिल्ली के वरिष्ठ साहित्यकार लक्ष्मीशंकर वाजपेयी को दिया जाएगा। सुभद्रा कुमार चौहान अवार्ड नीलम राकेश (लखनऊ), डॉ. युगल सिंह (कोटा), गीता कैथल (लखनऊ) और डॉ. अलका प्रकाश (प्रयागराज) को दिया जाएगा। रविवार को राजरूपपुर में हुई गुफ़्तगू कार्यकारिणी की बैठक यह निर्णय लिया गया।
इसी तरह कुलदीप नैयर अवार्ड अजय राय (अमर उजाला से सेवानिवृत्त- वाराणसी), और अरविंद पांडेय (दैनिक जागरण-नई दिल्ली), मिल्खा सिंह अवार्ड डॉ. जूली ओझा, अदब नवाज़ अवार्ड अनिल कुमार ‘अन्नू भइया’ और प्रमोद कुमार बंसल को, प्रो. प्रीतम दास अवार्ड डॉ. प्रणव सलूजा और डॉ. मंगल सिंह को, कैलाश गौतम अवार्ड डॉ. नरेंद्र भूषण (लखनऊ), डॉ. सूर्या बाली (भोपाल) और मोहम्मद मुमताज़ हसन (गया, बिहार) को और उमेश नारायण शर्मा अवार्ड वरिष्ठ अधिवक्ता बशारत अली ख़ान और एडवोकेट कृष्ण बहादुर सिंह दिया जाएगा।
बैठक में सीमा अपराजिता अवार्ड डॉ. अलका अग्रवाल सिग्तिया (मुबंई), डॉ.नीतू सिंह (पटना), डॉ. नीरू मित्तल ‘नीर’(पंचकूला, हरियाणा) और रेनू श्रीवास्तव (शहडोल) को, डॉ. सुधाकर पांडेय अवार्ड अब्दुल खैर ख़ान (उसिया, ग़ाज़ीपुर), खुर्शीद दिलदारनगरी (ग़ाज़ीपुर), भाऊराव महंत (बालाघाट) और मोहम्मद इस्लाम (प्रयागराज) को, पुष्पिता अवस्थी अवार्ड अब्दुल बारी एमके (मुंबई), डॉ. सरिता कटियार (लखनऊ), विनोद कुमार विक्की (खगड़िया) और प्रो. अखिलेश चंद्र (आज़मगढ़) को देने का निर्णय लिया है।
‘गुफ़्तगू अवार्ड’ के लिए आलोक भदौरिया ‘अर्श’ (फिरोजाबाद), कमल चंद्रा (भोपाल), डॉ. पूनम आनंद (पटना), डॉ. अभिषेक कुमार (बेगुसराय, बिहार), सुनील दानिश (प्रयागराज), नीना मोहन श्रीवास्तव (प्रयागराज) और सुधा श्रीवास्तव ‘पीयूषी’ (प्रयागराज) का चयन किया गया है। ‘प्रयागराज लिटरेरी फेस्टिवल-2’ के तहत 9 और 10 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम के दौरान यह अवार्ड दिया जाएगा।
शताब्दी एक्सप्रेस के सामने ट्रैक पर सिर रखकर युवक ने दी जान, राजधानी एक्सप्रेस भी रुकी
अछल्दा में 13 बी क्रॉसिंग के पास हुआ हादसा, करीब पांच मिनट बाद रवाना हुई शताब्दी

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा कस्बे में शनिवार देर शाम एक युवक ने 12034 शताब्दी एक्सप्रेस के सामने रेलवे ट्रैक पर सिर रख दिया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना 13 बी क्रॉसिंग के पास खंभा नंबर 1116/22-24 के बीच हुई। युवक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।

ट्रेन की चपेट में आने के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को इनायतपुर गांव के पास रोक दिया और स्टेशन मास्टर को सूचना दी। ट्रेन की जांच के बाद करीब पांच मिनट में उसे आगे रवाना कर दिया गया।

उधर, डाउन ट्रैक पर शव पड़ा होने के कारण कानपुर जा रही राजधानी एक्सप्रेस को रात में क्रॉसिंग के बीच रोकना पड़ा। मौके पर पहुंचे गैंगमैन और आरपीएफ कांस्टेबल ने ट्रैक से शव हटवाकर रास्ता साफ कराया। इसके बाद राजधानी एक्सप्रेस को रवाना किया गया।

सूचना पर पहुंची जीआरपी ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। युवक ने सफेद चेकदार शर्ट और नीला लोअर पहन रखा था। तलाशी के दौरान लोअर की जेब से 125 रुपये मिले। जीआरपी प्रभारी रामप्रताप सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा की जिला बैठक में ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ की कार्यशाला सम्पन्न,कार्यकर्ताओं को दिया गया व्यापक दिशा-निर्देश
बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय अटल भवन,तुलसीपार्क में रविवार को ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ के अंतर्गत जिला स्तरीय बैठक एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राजकिशोर मौर्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अभियान की रूपरेखा,उद्देश्य और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने मतदाता जोड़ो अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक बूथ तक पहुंचने और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि राजकिशोर मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान संगठन का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसके माध्यम से यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी समन्वय बनाकर बूथ स्तर पर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं,पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों तथा छूटे हुए पात्र मतदाताओं तक पहुंचने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने,संशोधन कराने एवं त्रुटियों को दूर कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लोगों को जागरूक किया जाए। अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक बूथ पर जिम्मेदारी तय करते हुए नियमित समीक्षा भी की जाए।

कार्यशाला में सदर विधायक पल्टूराम,तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल,तुलसीपुर विधानसभा प्रभारी अनिल पासवान,उतरौला विधानसभा प्रभारी उदय प्रकाश त्रिपाठी,बलरामपुर विधानसभा प्रभारी राजेश राय चंदानी सहित जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी,वंदना पासवान,आद्या सिंह पिंकी,शिव प्रसाद यादव,संजय शुक्ल,महामंत्री डॉ.अजय सिंह पिंकू,बिन्दु विश्वकर्मा,महेन्द्र पाण्डेय,डीपी सिंह बैस,साधना पाण्डेय,ललिता तिवारी,नंदनी शुक्ल,अवधेश तिवारी तरुण,अरविन्द तिवारी,डॉ.प्रांजल त्रिपाठी,राजाराम गौतम,दीपचन्द्र जायसवाल,संदीप उपाध्याय,संदीप वर्मा सहित अन्य जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला में संगठनात्मक मजबूती,बूथ स्तर पर सक्रियता तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। सभी पदाधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं सक्रियता से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
खाद, धान-गन्ना खरीद और गोवंश संरक्षण में लापरवाही पर सख्त निर्देश

मुख्य सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम पर भी जोर

       
सुलतानपुर 15 नवम्बर/ मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन  एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में आज आयोजित ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रदेश में खाद की उपलब्धता एवं वितरण, धान क्रय, गन्ना क्रय, पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम तथा गो आश्रय स्थलों एवं निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं भरण-पोषण के संबंध में विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिलाधिकारी श्री इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी  विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
           
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्राप्त निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने जनपद के संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में उर्वरक का वितरण पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए। ई-पॉस मशीन खराब होने की स्थिति में उसे तत्काल ठीक कराया जाए तथा सभी सहकारी समितियां निर्धारित रोस्टर के अनुसार प्रातः 09:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक अनिवार्य रूप से खुली रहें। सभी सहकारी समितियों पर जहां खाद की कमी हो वहां तत्काल डीएपी सहित अन्य सभी उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। किसानों को फार्मर रजिस्ट्री, जोत के रकबे एवं फसल की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
         उन्होंने उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता तथा जिला प्रबंधक पीसीएफ को प्रतिदिन उर्वरक वितरण की निगरानी करने के निर्देश दिए  तथा तिथिवार रिपोर्ट भी उपलब्ध कराए।
            प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फसलों की हुई क्षति का स्थलीय सत्यापन कराते हुए तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए तथा पात्र प्रभावित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति की धनराशि समय से उपलब्ध कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
           धान क्रय की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव महोदय द्वारा दिए गए निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी ने किसानों का पंजीकरण बढ़ाने तथा राजस्व विभाग को पंजीकरण के सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा निर्धारित लक्ष्य को तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। धान क्रय की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
            गोवंश संरक्षण एवं गो-आश्रय स्थलों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पशुधन विभाग के अधिकारियों को गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के समुचित संरक्षण एवं भरण-पोषण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरण-पोषण योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र लोगों को गोवंश गोद लेने के लिए प्रेरित करने, पशुओं के लिए हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा चारागाह की भूमि पर हरा चारा उगाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त वीवीजी राम जी योजना के अंतर्गत कैटल शेड का निर्माण कराने तथा वृहद गोवंश आश्रय स्थलों की क्षमता में वृद्धि करने के निर्देश भी दिए गए।
        गन्ना क्रय की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव महोदय द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गन्ना क्रय की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में गन्ने का कुल रकबा 6,894.187 हेक्टेयर है तथा लगभग 50.81 लाख कुंतल गन्ना उत्पादन संभावित है। वर्तमान पेराई सत्र में जनपद सुलतानपुर के अंतर्गत आने वाली कुल 04 चीनी मिलों के सापेक्ष 01 चीनी मिल द्वारा दिनांक 15 नवम्बर 2026 तक 3,500 कुंतल गन्ने की खरीद की जा चुकी है।
         पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने, किसानों को फसल अवशेष न जलाने के प्रति जागरूक करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक निरोधात्मक एवं जागरूकता संबंधी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
          जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन एवं मुख्य सचिव महोदय द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करें। किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें तथा सभी विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा एवं निगरानी करते हुए अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।
वायरल खबर-धान खरीद में मनमानी एवं किसान द्वारा धान की फसल पर पेट्रोल डालकर जलाने के प्रयास के सम्बंध में जांच आख्या
धान क्रय केंद्र पर किसान की समस्या का कराया गया समाधान, 14 कुंतल धान की हुई तौल

सुलतानपुर,सोशल मीडिया पर धान खरीद में मनमानी से आहत किसान द्वारा अपनी धान की फसल पर पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किए जाने संबंधी प्रसारित खबर के संबंध में जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा प्रकरण की जांच कराते हुए वास्तविक स्थिति स्पष्ट की गई है।
          
जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रकरण की जांच में पाया गया कि केंद्र प्रभारी दोस्तपुर प्रथम के धान क्रय केंद्र पर ग्राम हमजापुर निवासी किसान श्री अशोक सिंह द्वारा एक ट्रॉली धान बिक्री हेतु लाया गया था। जांच के दौरान धान में नमी की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक पाई गई थी, जिस पर केंद्र प्रभारी द्वारा धान को सुखाकर लाने के लिए कहा गया था।
         
उन्होंने बताया कि इसके उपरांत किसान द्वारा धान उतरवाने का प्रयास किया गया। बाद में किसान को पूरी प्रक्रिया समझाई गई तथा उनके धान को मैदान में सुखवाया गया। इसके बाद किसान के कुल 14.00 कुंतल धान की तौल की गई।
         
जांच के दौरान संबंधित आढ़ती से भी वार्ता की गई, जिसमें उनके द्वारा धान की खरीद किए जाने की पुष्टि की गई तथा संतुष्टि भी व्यक्त की गई।
           
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रकरण में उपलब्ध तथ्यों एवं जांच के आधार पर किसान द्वारा धान खरीद में मनमानी से आहत होकर अपनी फसल पर पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किए जाने संबंधी प्रसारित खबर की पुष्टि नहीं हुई है।
         
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि धान खरीद प्रक्रिया में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का अनुपालन आवश्यक है। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए क्रय केंद्र प्रभारियों को नियमानुसार खरीद प्रक्रिया संपादित करने तथा किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता पर समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
         
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी उपज को निर्धारित नमी एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार कर क्रय केंद्रों पर लाएं, जिससे उनकी उपज की खरीद सुगमतापूर्वक सुनिश्चित हो सके।
         
जिला प्रशासन एवं खाद्य विपणन विभाग किसानों की उपज की नियमानुसार खरीद सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्ध है
ज्योतिषाचार्य डॉ. रमेश चंद्र तिवारी 'गुरुजी' की स्मृतियों में मनाया गया जन्मोत्सव
जौनपुर। प्रख्यात ज्योतिषाचार्य, आध्यात्मिक चिंतक एवं एसबीडी गुरुकुल महाविद्यालय, दुमदुमा (ऊंचगांव) के संस्थापक डॉ. रमेश चंद्र तिवारी 'गुरुजी' का जन्मोत्सव शनिवार को महाविद्यालय परिसर में श्रद्धा, सम्मान और हर्षोल्लास के साथ केक काटकर मनाया गया। संगीतमय सुंदरकांड पाठ के आयोजन से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। स्थानीय लोगों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने  डॉ. गुरुजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को नमन किया। क्षेत्र के विकास, शिक्षा के प्रसार, सामाजिक समरसता और मानवता की सेवा के लिए उनके समर्पण को याद किया गया।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि  डॉ. रमेश चंद्र तिवारी का संपूर्ण जीवन क्षेत्र एवं समाज के सर्वांगीण विकास, मानवता की सेवा और लोककल्याण को समर्पित रहा। उन्होंने समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य किया। उनकी परिकल्पना थी कि गांव के अंतिम गरीब परिवार का बच्चा भी पढ़-लिखकर राष्ट्र का योग्य एवं जिम्मेदार नागरिक बने तथा क्षेत्र का चौमुखी विकास हो। उनकी यह सोच आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉ. गुरुजी की दूरदर्शी विचारधारा और विकासपरक सोच को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि उनका सहज, सरल एवं आकर्षक व्यक्तित्व समाज के लिए अनुकरणीय है। वह सच्चे अर्थों में समाजसेवी और पारदर्शी व्यक्तित्व के धनी थे। डॉ. राकेश चंद्र तिवारी ने कहा कि क्षेत्र को शिक्षित बनाना और विकास की परिकल्पना को धरातल पर उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने डॉ. गुरुजी को समभाव और समदृष्टि का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका जीवन समस्त भेदभाव से ऊपर उठकर समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित रहा। तुलसीराम तिवारी, विनोद पांडेय, अमरजीत मिश्र, महाविद्यालय के प्राचार्य अभिषेक उपाध्याय, डीएलएड के प्राचार्य मो. एहतेशाम, पब्लिक स्कूल के प्रधानाध्यापक रमापति दूबे, नीरज मिश्रा, अरुण पांडेय, संजय पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
मऊ के ब्रह्मस्थान पोखरे पर छठ महापर्व की दिखी अद्भुत छटा, आस्था के सैलाब के बीच सूर्यदेव को अर्पित किया गया अर्घ्य

मऊ। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा जनपद मऊ में पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के ब्रह्मस्थान पोखरे पर छठ महापर्व का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही पोखरे के घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच पूरा घाट छठी मईया की भक्ति और सूर्य उपासना में लीन नजर आया।

ब्रह्मस्थान पोखरे पर छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान और पूरी निष्ठा के साथ भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। इस दौरान छठी मईया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। घाटों पर जलते दीपों और पूजा की पारंपरिक सजावट ने दृश्य को और भी मनमोहक बना दिया।

घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, महिलाओं की आस्था और छठी मईया के जयकारों ने ब्रह्मस्थान पोखरे को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। हर तरफ श्रद्धा, समर्पण और धार्मिक उल्लास का माहौल दिखाई दिया। छठ महापर्व के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी प्रतीक है। इस पर्व में स्वच्छता, अनुशासन, पवित्रता और सामाजिक एकता का विशेष संदेश निहित है।

ब्रह्मस्थान पोखरे पर छठ महापर्व का यह नजारा मऊ की सांस्कृतिक परंपरा और लोक आस्था की खूबसूरत तस्वीर पेश करता नजर आया।
जय छठी मईया!