ज्योतिषाचार्य डॉ. रमेश चंद्र तिवारी 'गुरुजी' की स्मृतियों में मनाया गया जन्मोत्सव
जौनपुर। प्रख्यात ज्योतिषाचार्य, आध्यात्मिक चिंतक एवं एसबीडी गुरुकुल महाविद्यालय, दुमदुमा (ऊंचगांव) के संस्थापक डॉ. रमेश चंद्र तिवारी 'गुरुजी' का जन्मोत्सव शनिवार को महाविद्यालय परिसर में श्रद्धा, सम्मान और हर्षोल्लास के साथ केक काटकर मनाया गया। संगीतमय सुंदरकांड पाठ के आयोजन से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। स्थानीय लोगों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने  डॉ. गुरुजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को नमन किया। क्षेत्र के विकास, शिक्षा के प्रसार, सामाजिक समरसता और मानवता की सेवा के लिए उनके समर्पण को याद किया गया।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि  डॉ. रमेश चंद्र तिवारी का संपूर्ण जीवन क्षेत्र एवं समाज के सर्वांगीण विकास, मानवता की सेवा और लोककल्याण को समर्पित रहा। उन्होंने समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य किया। उनकी परिकल्पना थी कि गांव के अंतिम गरीब परिवार का बच्चा भी पढ़-लिखकर राष्ट्र का योग्य एवं जिम्मेदार नागरिक बने तथा क्षेत्र का चौमुखी विकास हो। उनकी यह सोच आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉ. गुरुजी की दूरदर्शी विचारधारा और विकासपरक सोच को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि उनका सहज, सरल एवं आकर्षक व्यक्तित्व समाज के लिए अनुकरणीय है। वह सच्चे अर्थों में समाजसेवी और पारदर्शी व्यक्तित्व के धनी थे। डॉ. राकेश चंद्र तिवारी ने कहा कि क्षेत्र को शिक्षित बनाना और विकास की परिकल्पना को धरातल पर उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने डॉ. गुरुजी को समभाव और समदृष्टि का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका जीवन समस्त भेदभाव से ऊपर उठकर समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित रहा। तुलसीराम तिवारी, विनोद पांडेय, अमरजीत मिश्र, महाविद्यालय के प्राचार्य अभिषेक उपाध्याय, डीएलएड के प्राचार्य मो. एहतेशाम, पब्लिक स्कूल के प्रधानाध्यापक रमापति दूबे, नीरज मिश्रा, अरुण पांडेय, संजय पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
मऊ के ब्रह्मस्थान पोखरे पर छठ महापर्व की दिखी अद्भुत छटा, आस्था के सैलाब के बीच सूर्यदेव को अर्पित किया गया अर्घ्य

मऊ। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा जनपद मऊ में पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के ब्रह्मस्थान पोखरे पर छठ महापर्व का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही पोखरे के घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच पूरा घाट छठी मईया की भक्ति और सूर्य उपासना में लीन नजर आया।

ब्रह्मस्थान पोखरे पर छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान और पूरी निष्ठा के साथ भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। इस दौरान छठी मईया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। घाटों पर जलते दीपों और पूजा की पारंपरिक सजावट ने दृश्य को और भी मनमोहक बना दिया।

घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, महिलाओं की आस्था और छठी मईया के जयकारों ने ब्रह्मस्थान पोखरे को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। हर तरफ श्रद्धा, समर्पण और धार्मिक उल्लास का माहौल दिखाई दिया। छठ महापर्व के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी प्रतीक है। इस पर्व में स्वच्छता, अनुशासन, पवित्रता और सामाजिक एकता का विशेष संदेश निहित है।

ब्रह्मस्थान पोखरे पर छठ महापर्व का यह नजारा मऊ की सांस्कृतिक परंपरा और लोक आस्था की खूबसूरत तस्वीर पेश करता नजर आया।
जय छठी मईया!
लॉयंस क्लब इंटरनेशनल की भव्य कार रैली ने दिया सेवा और जनजागरण का संदेश
37 विंटेज एवं आधुनिक कारों ने लिया हिस्सा, शहरवासियों ने तालियों से किया भव्य स्वागत

प्रयागराज। लॉयंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-E द्वारा सामाजिक सरोकारों एवं जनजागरण के उद्देश्य से भव्य कार रैली का आयोजन किया गया। आकाशवाणी प्रसार भारती परिसर से प्रारंभ हुई इस रैली को पुलिस कमिश्नर प्रयागराज पीयूष मोडिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने लॉयंस क्लब इंटरनेशनल द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए आयोजन की प्रशंसा की।

रैली में 37 विंटेज एवं आधुनिक कारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कारों पर लॉयंस क्लब इंटरनेशनल के प्रमुख सेवा अभियानों और सामाजिक संदेशों को बेहद आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया था। रैली को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह और कौतूहल देखने को मिला। मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया।

मीडिया चेयरपर्सन लालू मित्तल ने बताया ट्रैफिक नियमों का अनुपालन करते हुए क्रमबद्ध तरीके से रैली आकाशवाणी प्रसार। भारती से प्रारंभ होकर ऐतिहासिक सुभाष चौराहे, सिविल लाइंस सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। प्रतिभागियों को दिए गए विशेष टास्क के अंतर्गत प्रयागराज के ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थलों पर पहुंचकर निर्धारित साक्ष्य संकलित करने थे। इस अनूठी गतिविधि ने रैली को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखकर शहर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का भी अवसर प्रदान किया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागी गुलाटी गेस्ट हाउस, चैथम लाइंस स्थित समापन स्थल पर पहुंचे।

समापन समारोह की विशिष्ट अतिथि पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी एवं मंडलाध्यक्ष उदय चंदानी ने विजेताओं को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सहयोगी। नंदी ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के 'इकावा' एग्रो लिमिटेड की ओर से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार दिए गए। प्रथम विजेता प्रतीक अहलानी एवं रागिनी चंदेल रहे। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार, प्रमाणपत्र एवं गिफ्ट हैम्पर प्रदान कर सम्मानित किया गया।

उपस्थित विशाल जनसमूह को कार्यक्रम चेयरपर्सन रीता बीर एवं लालू मित्तल ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य लॉयंस क्लब इंटरनेशनल द्वारा विश्वभर में संचालित आठ प्रमुख सेवा क्षेत्रों के प्रति आम जनमानस को जागरूक करना तथा जरूरतमंद लोगों तक इन सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। रैली में पर्यावरण संरक्षण, भूख से राहत, दृष्टि संबंधी सेवाओं, बाल कैंसर जागरूकता एवं आपदा राहत सहित प्रमुख सेवा अभियानों के संदेश कारों पर आकर्षक रूप से प्रदर्शित किए गए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

कार्यक्रम का कुशल संचालन मंडल के मेयर अजय अवस्थी ने किया। इस अवसर पर उपमंडलाध्यक्ष प्रथम उमेश चंद्र कक्कड़, डॉ. जगदीश गुलाटी, डॉ. आनंद श्रीवास्तव, जगमोहन अग्रवाल (डीडीजी), प्रदीप बीर, विशाल खरे, अनूप सिंह, रोहित जायसवाल, इंदर मध्यान, हुकुम केसरवानी, राधे मारवाह, इरा सेठी, सुधीर कुमार, सतीश टंडन, बृजेश वाजपेयी, आर.के. मोहन, बालाजी, ऋषि सेठी, संजय गुप्ता, शालिनी गुप्ता, अनीता अग्रवाल सहित लायंस क्लब प्रयागराज के सभी 33 अनुशांगिक क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं सदस्यों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। रैली ने यह संदेश दिया कि सेवा केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सामूहिक प्रयास है।
टाउन इंटर कॉलेज के पास बीच सड़क पर खराब हुई अंबेडकर डिपो की बस, 25 से 30 यात्री हुए परेशान
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। लखनऊ से मऊ जा रही अंबेडकर डिपो की रोडवेज बस रविवार को मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे में टाउन इंटर कॉलेज के पास अचानक तकनीकी खराबी के चलते बीच सड़क पर खड़ी हो गई। बस के अचानक खराब होने से उसमें सवार करीब 25 से 30 यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

इस दौरान यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
बस में सवार यात्रियों के मुताबिक, बस अचानक रास्ते में ही खराब हो गई। बताया गया कि बस के गियर में तकनीकी खराबी आने के कारण वह आगे बढ़ना बंद हो गई।

चालक ने बस को दोबारा चालू करने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद बस में सवार यात्रियों को बीच रास्ते में उतरकर दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा।

कुछ देर बाद परिवहन विभाग की दूसरी बस मौके पर पहुंची, जिसके बाद यात्रियों को उसमें बैठाकर मऊ के लिए रवाना किया गया। राहत की बात रही कि सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर भेज दिया गया।

यात्रियों का कहना था कि रोडवेज बसों में आए दिन तकनीकी खराबी आने से सफर के दौरान उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अचानक बस खराब होने से न केवल यात्रियों का कीमती समय बर्बाद होता है, बल्कि जरूरी काम भी प्रभावित होते हैं।

यात्रियों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि रोडवेज बसों का नियमित तकनीकी निरीक्षण कराया जाए तथा पूरी तरह दुरुस्त बसों का ही मार्गों पर संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके।
रक्तदान शिविर में मानव सेवा के लिए लोगों की भीड़
मारवाड़ी युवा मंच सृजन उम्र सेवा का जैपशाखा एवं अग्रवाल सभा बलरामपुर के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर, 23 यूनिट रक्त हुआ संग्रहित



बलरामपुर। मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को साकार करते हुए मारवाड़ी युवा मंच सृजन शाखा एवं अग्रवाल सभा बलरामपुर के संयुक्त तत्वावधान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन श्री महाराजा अग्रसेन मंदिर परिसर में किया गया। यह शिविर मानव सेवा की उत्कृष्ट भावना के साथ आयोजित हुआ, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों से लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया।

शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि अग्रवाल सभा के अध्यक्ष सौम्य अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष कीर्ति शेखर गर्ग ने श्री महाराजा अग्रसेन जी को माल्यार्पण करने के साथ दीप प्रज्ज्वलित करके किया। उन्होंने रक्तदान को जीवन बचाने वाला सबसे बड़ा मानवीय दान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।

रक्तदान शिविर के संयोजक आलोक अग्रवाल ने बताया कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन और मृत्यु के बीच की दूरी को समाप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में सुरक्षित रक्त की निरंतर आवश्यकता बनी रहती है, जिसे केवल स्वैच्छिक रक्तदाताओं के सहयोग से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी बनाने का आह्वान किया।

शिविर के सहसंयोजक अमन अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष शिविर में 32 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 23 यूनिट रक्तदान सफलता

शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि पति पत्नी की एक जोड़ी मोहित मिश्रा एवं सरोज मिश्रा ने गिलौला से आकर एक साथ रक्तदान करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। इनके द्वारा रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में युवाओं एवं नियमित रक्तदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान कर इस सेवा अभियान को सफल बनाया। अन्य रक्तदाताओं में नारी शक्ति से नेहा अग्रवाल ने एवं अन्य रक्तदाताओं में आशीष अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, तरुण अग्रवाल, साकेत तुलस्यान, अमन अग्रवाल, अंकित अग्रवाल (भोला), आशुतोष मिश्रा, राहुल अग्रवाल, कृष गोयल, निखिल अग्रवाल, प्रशांत अग्रवाल, सत्यम अग्रवाल, वेदमणि त्रिपाठी, सूरज पांडेय, विवेक श्रीवास्तव, विपुल अग्रवाल, मयंक गुप्ता, निशांत केसरवानी, तरुण इत्यादि सम्मिलित रहे।

रक्तदान शिविर के सफल संचालन में स्थानीय स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बलरामपुर के ब्लड बैंक की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. आकांक्षा शुक्ला, लैब टेक्नीशियन अशोक पांडेय, सोनम तिवारी, अंजली सिंह तथा काउंसलर हिमांशु तिवारी एवं कुलदीप  और शब्बू ने अपनी सेवाएं प्रदान कर शिविर को सफल बनाया।

कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें मानवता का सच्चा प्रहरी बताया गया तथा भविष्य में भी अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। शिविर में अग्रवाल सभा के सचिव विनोद बंसल, मनीष तुलस्यान, मारवाड़ी युवा मंच सृजन शाखा के सचिव सौरभ तुलस्यान सहित अन्य सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
न्याय पंचायत स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम, खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने किया शुभारंभ
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के अंतर्गत न्याय पंचायत गालिबपुर एवं नगर पंचायत क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों की न्याय पंचायत स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को ग्राम पंचायत अलाउद्दीनपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में उत्साह और उमंग के साथ किया गया।

प्रतियोगिता में विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन कर किया। इस दौरान बच्चों में खेल प्रतियोगिताओं को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलकूद की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों का शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास करना भी है।

खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद, योग, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नियमित रूप से बढ़ावा दिया जाए। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे पहचानकर उसे आगे बढ़ाने का अवसर देना शिक्षकों की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर राज्य संसाधन समूह (एसआरजी), उत्तर प्रदेश के सदस्य संजय कुमार तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 बच्चों के समग्र एवं बहुआयामी विकास पर विशेष जोर देती है। विद्यालयों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा निखारने का प्रभावी माध्यम हैं। खेल बच्चों को जीत के साथ हार को भी सकारात्मक रूप से स्वीकार करना सिखाते हैं।

इससे उनमें धैर्य, संघर्षशीलता, सहयोग और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि शैक्षिक गुणवत्ता के साथ खेल, कला, संस्कृति एवं सहशैक्षिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में कंपोजिट विद्यालय मुहम्मदाबाद गोहना-दो की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। वहीं सूर्य षष्ठी यानी छठ महापर्व पर आधारित पारंपरिक लोकगीत पर छात्राओं की आकर्षक नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं ने भारतीय लोकसंस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैदान में बच्चों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। शिक्षकों एवं अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पूर्व एआरपी पवन कुमार गुप्त, ललित कुमार तिवारी, नोडल शिक्षक संकुल हिमांशु बिक्रम सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, ग्राम प्रधान जगदीश यादव, ऊषा मौर्या, मंजू चौरसिया, सीमा सिंह, राजेश कुमार, अरविंद कुमार, कमलेश कुमार, एसआरजी संजय कुमार तिवारी, शीला सिंह सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के साथ अनुशासन, सहयोग, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
गोली मारकर महिला की हत्या ,परिजनों ने किया हंगामा

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र के इंदिरापुरी कॉलोनी में शनिवार की देर रात को आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। अपने भाई के साथ हुई मारपीट का विरोध करने आरोपियों के घर पहुंची 33 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला के साथ आए अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों घर में घुसकर तोड़फोड़ की। महिला भाई दूज पर अपने मायके रहने आई थी। बताया जाता है उसके भाई ने किसी घर के सामने लघुशंका की थी। इस बात को लेकर विवाद हुआ था।

सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र मैं रहने वाले बाबूलाल की बेटी पूजा (33) की शादी नोएडा के दादरी निवासी नरेंद्र से हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं। इन दोनों वह भाई दूज के त्यौहार की वजह से अपने मायके आई हुई थी। शनिवार रात उसका भाई अमन घर से करीब 50 मीटर दूर बैठा था। इसी दौरान डी ब्लॉक की दूसरी गली में रहने वाले कुछ युवक वहां पर पहुंचे, और किसी बात को लेकर अमन से उनका विवाद हो गया। उसके साथ मारपीट की, और तमंचे की बट से हमला कर घायल कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पूजा अपने मौसेरे भाई अमित और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंची। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान आरोपियों ने पूजा के सिर में गोली मार दी, तथा घर के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की।

घायल पूजा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित पीड़ित पक्ष के लोगों ने आरोपियों के घर में पहुंचकर तोड़फोड़ की। वहां खड़ी कारों को भी तोड़ा। उन्होंने बताया कि मौके पर चार थाने की पुलिस पहुंची। लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आज शव का पोस्टमार्टम हो रहा है। घटना से क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, गांव में मचा हड़कंप
प्रेमी से शादी की मांग पर अड़ी 19 वर्षीय युवती को पुलिस ने समझाकर सुरक्षित उतारा, दोनों पक्षों से बातचीत जारी

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र स्थित बारिगांव में रविवार सुबह प्रेमी से शादी करने की जिद पर एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

मीरगंज थाना क्षेत्र के कसेरवा गांव निवासी नेहा गौतम (19) इन दिनों बरसठी थाना क्षेत्र के महुआरी गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी। उसका प्रेम संबंध कसेरवा गांव निवासी अभिजीत गौतम (22) से चल रहा है। दोनों एक ही गांव के पड़ोसी और उनके बीच चचेरे भाई-बहन का रिश्ता भी है।

रविवार सुबह करीब छह बजे नेहा बारिगांव पहुंची और प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह प्रेमी की ओर से शादी के लिए सहमति मिलने तक नीचे उतरने को तैयार नहीं थी। घटना की जानकारी मिलते ही बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने बताया कि युवती को बातचीत के जरिए सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। प्रेमी और उसके परिजनों से बातचीत की जा रही है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
मऊ में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, मऊ-आजमगढ़ फोरलेन पर बरलाई के पास तेजी से हो रहा इंटरलॉकिंग सड़क पटरी का निर्माण
मऊ। जनपद मऊ से आजमगढ़ जाने वाले फोरलेन मार्ग पर बरलाई के पास इंटरलॉकिंग सड़क पटरी निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मौके की तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि निर्माण कार्य का काफी हिस्सा पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

क्षेत्र में सड़क निर्माण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में यह कार्य विकास की एक और महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो रहा है।

उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के विकास प्रयासों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

विकास की राह पर आगे बढ़ता मऊ, बदलती तस्वीर और बेहतर होती सड़कें!
मुकदमे की रंजिश में युवती के घर घुसकर चाकू से हमला, तीन घायल
बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के दरगाह थाना क्षेत्र अन्तर्गत जोहरा बाग में शनिवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। छह साल पुराने छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे की रंजिश में एक युवक ने घर में घुसकर युवती और उसके परिवार के दो अन्य सदस्यों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां युवती की हालत गंभीर है।

क्षेत्राधिकारी नगर एन डी मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे आरोपित अज्लान युवती के घर पहुंचा और आवाज बदलकर दरवाजा खटखटाया। युवती की छोटी बहन आफरीन ने दरवाजा खोला तो आरोपित उसे धक्का देकर घर में घुस गया। इसके बाद उसने युवती सबरीन पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर बचाने पहुंची उसकी मां जायदा और नानी जन्नतुल निशा पर भी आरोपित ने चाकू से वार कर दिया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा और दरगाह थानाध्यक्ष अमितेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।

क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। उसकी तलाश की जा रही है। करीब छह साल पहले आरोपित अज्लान के खिलाफ युवती ने छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में आरोपित जेल भी गया था। जमानत पर बाहर आने के बाद वह इलाके से चला गया था। शनिवार रात वह दोबारा युवती के घर पहुंचा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।