मऊ में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, मऊ-आजमगढ़ फोरलेन पर बरलाई के पास तेजी से हो रहा इंटरलॉकिंग सड़क पटरी का निर्माण
मऊ। जनपद मऊ से आजमगढ़ जाने वाले फोरलेन मार्ग पर बरलाई के पास इंटरलॉकिंग सड़क पटरी निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मौके की तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि निर्माण कार्य का काफी हिस्सा पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

क्षेत्र में सड़क निर्माण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में यह कार्य विकास की एक और महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो रहा है।

उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के विकास प्रयासों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

विकास की राह पर आगे बढ़ता मऊ, बदलती तस्वीर और बेहतर होती सड़कें!
मुकदमे की रंजिश में युवती के घर घुसकर चाकू से हमला, तीन घायल
बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के दरगाह थाना क्षेत्र अन्तर्गत जोहरा बाग में शनिवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। छह साल पुराने छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे की रंजिश में एक युवक ने घर में घुसकर युवती और उसके परिवार के दो अन्य सदस्यों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां युवती की हालत गंभीर है।

क्षेत्राधिकारी नगर एन डी मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे आरोपित अज्लान युवती के घर पहुंचा और आवाज बदलकर दरवाजा खटखटाया। युवती की छोटी बहन आफरीन ने दरवाजा खोला तो आरोपित उसे धक्का देकर घर में घुस गया। इसके बाद उसने युवती सबरीन पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर बचाने पहुंची उसकी मां जायदा और नानी जन्नतुल निशा पर भी आरोपित ने चाकू से वार कर दिया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा और दरगाह थानाध्यक्ष अमितेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।

क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। उसकी तलाश की जा रही है। करीब छह साल पहले आरोपित अज्लान के खिलाफ युवती ने छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में आरोपित जेल भी गया था। जमानत पर बाहर आने के बाद वह इलाके से चला गया था। शनिवार रात वह दोबारा युवती के घर पहुंचा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
बिजनौर में पुलिस मुठभेड़, अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन बदमाश गिरफ्तार
शराब की दुकानों के शटर काटकर चोरी करने का आरोप, मुठभेड़ में गाजियाबाद निवासी एक बदमाश घायल; फर्जी नंबर प्लेट लगी कार और हथियार बरामद

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की हल्दौर थाना पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन अपराधियाें काे गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए आरोपिताें के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, चाकू, नकदी और चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।

कार्यवाहक थाना प्रभारी शेरसिंह ने बताया कि 15 नवंबर को हल्दौर थाना पुलिस क्षेत्र के कुंडा नहर पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया ताे कार सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए गांव कुम्हारपुरा नहर की पुलिया के पास कार को रोक लिया। इस दौरान आरोपिताें ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपित गाजियाबाद निवासी आस मोहम्मद के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने घायल सहित तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान गाजियाबाद निवासी कार्तिक शर्मा और अतुल त्यागी के रुप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है। उन्होंने 2 नवंबर को हल्दौर क्षेत्र में शराब की दो दुकानों के शटर काटकर नकदी और शराब चोरी की थी। इसके अलावा 1 और 2 नवंबर की रात नजीबाबाद क्षेत्र के गांव गुनियापुर तथा हल्दौर के पोषक बाजार और बाल किशनपुर चौराहे के पास गंज रोड स्थित शराब के ठेकों में चोरी करना भी स्वीकार किया। आरोपिताें ने अन्य राज्यों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूला है। आरोपित चोरी की घटनाओं में स्विफ्ट कार का इस्तेमाल करते थे। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से करीब 30 हजार रुपये की नगदी शटर काटने के उपकरण दो तमंचे 315 बोर , चार जिदां कारतूस और एक चाकू बरामद किया है | घायल आरोपित आस मोहम्मद को उपचार के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेजकर अन्य आराेपिताें पर कार्रवाई कर जेल भेज दिया।
मऊ के महादेव घाट पर छठ पूजा के दौरान सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
मऊ। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर मऊ जनपद के महादेव घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता देखने को मिली।

छठ पूजा के दौरान घाट पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं, पुरुषों और श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद नजर आया।

घाट पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

पुलिस जवान लगातार निगरानी करते हुए भीड़ को व्यवस्थित करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने में जुटे रहे। पर्व के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए प्रशासन की सतर्कता साफ दिखाई दी।

छठ महापर्व पर उमड़ी आस्था की भीड़ के बीच पुलिस प्रशासन की सक्रियता से श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भरोसा देखने को मिला।

लोगों ने शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मईया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
महादेव घाट पर आस्था के साथ सुरक्षा और व्यवस्था की तस्वीर भी देखने को मिली।
महिला अधिवक्ता से लूट का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

फिरोजाबाद पुलिस ने बाइकर्स लुटेरे को दबोचा, महिला वकील समेत दो लूट की घटनाओं में था तलाश

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिराेजाबाद जनपद के थाना रसूलपुर पुलिस टीम ने शनिवार देर रात्रि थाना बसई मौहम्मदपुर क्षेत्रान्तर्गत छिनैती व लूट की घटना कारित करने वाले शातिर आराेपित को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आराेपित पैर में गोली लगने से घायल हैऔर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।

अपर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद ने रविवार काे बताया कि जनपद न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाली अधिवक्ता शीबा खान 07 नवंबर को न्यायालय डबरई से ऑटो में अपने साथी अधिवक्ताओं के साथ जा रही थी। इसी दौरान थाना रसूलपुर क्षेत्रन्तर्गत पीछे से आए ब्लैक पल्सर

मोटरसाइकिल पर दो लुटेराें ने उनका हैंड बैग लूटकर भाग निकलेे। महिला अधिवक्ता की ओर से बाइकर्स लुटेराें का पीछा किया गया ताे पीछे बैठे बदमाश ने तमंचा दिखाकर मारने की धमकी दी। पीड़ित अधिवक्ता ने इस घटना काे लेकर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

इसी के साथ ही 08 नवंबर को थाना बसई मौहम्मदपुर क्षेत्रन्तर्गत संजय कुमार अपनी पत्नी व बच्चों के साथ टूण्डला से ऑटो में बैठकर अपने घर बिलहना आ रहा था, तभी गाजीपुर रोड पर पीछे से मोटर साइकिल सवार दो बदमाशाें ने उनकी पत्नी का पर्स झपट्टा मारकर छीन लिया तथा भाग गए। पीड़ित ने थाना बसई मौहम्मदपुर में मुकदमा दर्ज कराया।

लूटकांड की घटनाओं में थाना रसूलपुर पुलिस ने एक लुटेरे विकास वर्मा को गिरफ्तार किया था। जबकि एक आराेपित मोहित पुत्र सूरज यादव निवासी नगला पचिया हिमायूपुर थाना दक्षिण फरार चल रहा था। पुलिस इसकी तलाश कर रही थी।

एएसपी ने बताया कि थाना प्रभारी रसूलपुर प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ शनिवार देर रात्रि क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि वांछित आराेपित मोहित मोढ़ा जलालपुर से मोतीनगर की तरफ आने वाला है। पुलिस ने आराेपित काे घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में आराेपित के पैर में गोली जा लगी और वह घायल हाे गया। गिरफ्तार आराेपित

के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस 315 बोर, 03 खोखा कारतूस 315 बोर, छिनैती एवं लूट के 6,600 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने घायल आराेपित को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
Mirzapur: कैबिनेट मंत्री ने 'जनसंवाद' में सुनीं सैकड़ों फरियादें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

मीरजापुर। अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता मामले विभाग के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल जी ने आज सरदार पटेल चौराहा (पटेल चौक), भरूहना स्थित सांसद जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित 'जनसंवाद' कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याएं सुनीं।जनसंवाद में जनपद के कोने-कोने से आए सैकड़ों फरियादियों, अपना दल (एस) एवं एनडीए घटक दलों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बिजली, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, राजस्व एवं पुलिस से संबंधित समस्याएं रखीं।
मंत्री जी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम जनमानस की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण हो और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर अपना दल (एस) एवं भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उक्त आशय की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी शंकर सिंह चौहान ने दी।
Mirzapur: छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिखे सक्रिय

नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी नें घाटों का किया स्थलीय निरीक्षण

मीरजापुर। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर व्रती माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने नारघाट से फतहा घाट तक पहुंचकर नगर पालिका परिषद द्वारा की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए घाटों पर उमड़े श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अध्यक्ष ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक जनसुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा सभी व्यवस्थाएं पूरी मुस्तैदी के साथ सुनिश्चित की जाएं। इस दौरान श्याम सुंदर केशरी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद का प्रयास है कि घाटों पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण मिले। नगर पालिका अध्यक्ष ने जनसुविधाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि नगरवासियों की सेवा और धार्मिक आयोजनों को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद सदैव तत्पर है।
आयुक्त व डीआइजी नें छठ पूजा पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने घाटों का किया निरीक्षण, दिया निर्देश
मीरजापुर। मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर पूनम द्वारा छठ पूजा महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत जनपद भदोही व  मीरजापुर के विभिन्न छठ पूजा घाटों का भ्रमण एवं निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था तथा घाटों पर की गई तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान निर्देशित किया गया कि जिन घाटों पर जलस्तर अधिक एवं गहराई ज्यादा है। वहां मजबूत बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संकेतक लगाए जाएं तथा नाव व गोताखोर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। छठपूजा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ- सफाई, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिए गये । साथ ही घाटों पर आपातकालीन चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने को कहा गया।अधिकारियों द्वारा निर्देशित किया गया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने एवं वापस लौटने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। यातायात व्यवस्था एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था रखी जाए तथा भीड़ को नियंत्रित करने हेतु पुलिसकर्मी निरंतर भ्रमणशील रहें। ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे छठ पूजा महापर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल सम्पन्न कराया जा सके।
प्रयागराज में होने वाली इंदिरा मैराथन में पंजीकरण की अंतिम तिथि 17 नवंबर
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद प्रयागराज में 19 नवंबर को 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश और प्रदेश के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय धावक प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग की फुल मैराथन (42.195 किमी.) और हाफ मैराथन (21.097 किमी.) दौड़ होगी। इच्छुक खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण कराने में एक दिन शेष बचा है, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 17 नवंबर हैं।

मुरादाबाद जनपद के क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के तत्वावधान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय प्रयागराज और जिला प्रशासन की ओर से आयोजित मैराथन की शुरुआत ऐतिहासिक स्थल आनंद भवन से सुबह 6:30 बजे होगी। धावक शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मदन मोहन मालवीय स्टेडियम पहुंचकर दौड़ पूरी करेंगे।

फुल मैराथन के विजेता को दो लाख रुपये, उपविजेता को एक लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाले धावक को 75 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा 11 सांत्वना पुरस्कार के रूप में 10-10 हजार रुपये मिलेंगे। हाफ मैराथन में प्रथम पुरस्कार 51 हजार, द्वितीय 21 हजार और तृतीय पुरस्कार 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें तीन सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

क्रीड़ाधिकारी ने आगे बताया कि मुरादाबाद मंडल के इच्छुक पुरुष और महिला खिलाड़ी वेबसाइट http://indiramarathon.co.in पर 17 नवंबर तक पंजीकरण करा सकते हैं। प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों को बैंक का नाम, खाता संख्या व आईएफएससी कोड की जानकारी भी लानी होगी।
बाल दिवस पर बच्चों में दिखा उत्साह

*गोण्डा*। राज नरायन राम गनेश इंटर कालेज आजाद नगर बेलसर  में पं. जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में  आयोजित बाल दिवस छात्र एवं छात्राओं ने प्रार्थना करके अपने अपने  गुरुजनों से आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में छात्र छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम से  चाचा नेहरू को याद किया। कालेज में करीब 4घन्टे तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र व शिक्षक की सहभागिता से उपस्थित लोग मुग्ध हो गये।
इस मौके पर प्रधानाचार्य श्रीमती विमलेश शुक्ला, चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, पवनकुमार तिवारी, अयोध्या प्रसाद प्रजापति, शिवाकांत दूवे,अलोक शुक्ल, श्रीमती अनीता शुक्ला, श्रीमती ज्योति, पूजा,कु कंचन उपाध्याय, सहित दर्जनों शिक्षक उपस्थित रहे।