उत्तम पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया बाल दिवस, 21 किलो का केक बना आकर्षण का केंद्र
शिक्षक-शिक्षिकाओं ने संस्कृत गीत प्रस्तुत कर बच्चों को दी शुभकामनाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण से गूंजा विद्यालय परिसर
रहावती, मेरठ। उत्तम पब्लिक स्कूल, रहावती में 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान, उमंग और खुशियों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक संस्कृत गीत से हुआ। सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एकजुट होकर अपनी मधुर प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का मंच संचालन नौशाला परवीन एवं पूजा गुप्ता ने प्रभावशाली ढंग से किया।
इस अवसर पर प्रिया सागर ने बच्चों को बाल दिवस के इतिहास, पंडित जवाहरलाल नेहरू के बच्चों के प्रति प्रेम और इस दिवस के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत, संस्कार और शिक्षा का महत्व समझाते हुए अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ममता चौधरी ने बच्चों के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए 21 किलोग्राम का विशाल केक कटवाया। केक काटने के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विशाल केक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
विद्यालय के प्रबंधक सीएस चौधरी ने कहा कि बच्चे देश का उज्ज्वल भविष्य और समाज की अनमोल पूंजी हैं। बच्चों को अच्छी शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक वातावरण देना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, निरंतर मेहनत करने तथा माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा अध्यापिकाओं ने विभिन्न गतिविधियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
आयोजन को सफल बनाने में उपासना शर्मा, वर्षा शर्मा, निशि सैनी, ज्योति रस्तोगी, अंजलि, पूनम सिरोही, कमलेश शर्मा, हिमांशु, अरविंद, सचिन, काजल शर्मा, प्रियांशी, अंजू तोमर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।
6 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k