छठ पूजा पर 24 घंटे मिलेगी बिजली, घाटों पर भी जगमगाएगी रोशनी
योगी सरकार का त्योहार पर निर्बाध बिजली आपूर्ति का फैसला, यूपीपीसीएल अध्यक्ष रणबीर प्रसाद ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दीपावली के बाद अब छठ पूजा पर भी 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय है। योगी सरकार की प्राथमिकता है कि त्योहार के दौरान गांव से लेकर शहर तक उपभोक्ताओं को सुचारु, सुरक्षित और भरोसेमंद बिजली मिले। इसके लिए उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) अलर्ट मोड पर हैं। इसके साथ ही छठ पूजा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कटौती-मुक्त बिजली देने के लिए यूपीपीसीएल अलर्ट

प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपीपीसीएल के अध्यक्ष रणबीर प्रसाद ने छठ पूजा पर प्रदेशवासियों को अनवरत, सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंताओं और अन्य अधिकारियों को कटौती मुक्त बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अध्यक्ष ने स्थानीय बिजली बाधाओं को तत्काल दूर करने, पर्याप्त मरम्मत गैंग, ट्रॉली ट्रांसफार्मर और जरूरी सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।

रणबीर प्रसाद ने अधिकारियों को नियमित पेट्रोलिंग, ट्रांसफार्मर व फीडर का लोड जांचने तथा ढीले तारों और झुके बिजली पोलों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूजा स्थलों पर किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।

संभावित तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए रात में भी मेंटेनेंस कार्य जारी

बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पूर्वांचल, मध्यांचल और पश्चिमांचल समेत सभी डिस्कॉम के जनपदों में विभागीय टीमें लगातार अनुरक्षण और मेंटेनेंस कार्य कर रही हैं। बिजली लाइनों, ट्रांसफॉर्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। जहां जरूरत है, वहां आवश्यक मरम्मत और रखरखाव के जरिए संभावित तकनीकी समस्याओं को समय रहते दूर किया जा रहा है। रात्रिकालीन मेंटेनेंस कार्य भी लगातार जारी हैं, जिससे बिजली वितरण व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

आरडीएसएस के तहत विद्युत नेटवर्क को मजबूत बना रही योगी सरकार

प्रदेश सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को सुरक्षित और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में फील्ड पर तैनात बिजलीकर्मियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभागीय टीमें बिजली लाइनों के रखरखाव से लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान तक पूरी तत्परता से जुटी हैं। इसके साथ ही प्रदेश में विद्युत बुनियादी ढांचे को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत भी विभिन्न कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। योगी सरकार का लक्ष्य बेहतर विद्युत नेटवर्क विकसित कर प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

*16 से 29 नवम्बर तक विभिन्न दिवसों की थीम के अनुसार चलाया जाएगा स्व-गणना जागरूकता अभियान, जनपद के प्रत्येक परिवार को स्व-गणना के लिए किया जाएगा प्रेरित*

*सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत स्तर के कार्मिकों को स्व-गणना में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित कराने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश*

फर्रुखाबाद । जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने तथा जनपद में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित करने के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के समस्त विभागाध्यक्ष एवं कार्यालयाध्यक्ष स्वयं स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करें तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी स्व-गणना के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही आमजन को स्व-गणना के महत्व एवं इसकी प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया जाए, जिससे जनपद में अधिक से अधिक परिवार इस अभियान में सहभागिता कर सकें।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना अभियान के अंतर्गत 16 नवम्बर से 29 नवम्बर 2026 तक 14 दिनों के लिए दिनवार विशेष थीम निर्धारित की गई है। इसके तहत 16 नवम्बर को राजस्व एवं प्रशासन दिवस, 17 नवम्बर को स्थानीय शासन एवं ग्रामीण विकास दिवस, 18 नवम्बर को युवा एवं खेल तथा सामुदायिक संस्थान एवं मीडिया दिवस, 19 नवम्बर को जनपद में निवासरत पद्म पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तियों एवं आवासीय कल्याण समितियों के लिए जागरूकता दिवस तथा 20 नवम्बर को न्यायिक दिवस के रूप में अभियान संचालित किया जाएगा।

इस दौरान 21 नवम्बर को वर्दीधारी बल दिवस, 22 नवम्बर को केंद्र सरकार के कार्यालय एवं वित्त दिवस, 23 नवम्बर को शिक्षा दिवस, 24 नवम्बर को स्वास्थ्य दिवस, 25 नवम्बर को उद्योग एवं परिवहन दिवस, 26 नवम्बर को महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस, 27 नवम्बर को डिजिटल सुविधा सहायता एवं विशेष आवश्यकता दिवस, 28 नवम्बर को कार्यस्थल से घर पर रहकर कार्य करने वाले कार्मिकों का दिवस तथा 29 नवम्बर को प्राइड दिवस के रूप में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित दिवसों के अनुसार संबंधित विभाग अपने-अपने लक्षित समूहों तक स्व-गणना का संदेश पहुंचाएं। सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक संस्थानों, स्वास्थ्य इकाइयों, बैंकों, रेलवे, डाकघरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बाजारों, परिवहन संस्थानों, पुलिस एवं अन्य वर्दीधारी बलों में कार्यरत कार्मिकों तथा विभिन्न सामाजिक एवं सामुदायिक संगठनों को इस अभियान से जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि जनपद के समस्त विकास खंडों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। प्रचार सामग्री, बैनर, पोस्टर एवं अन्य माध्यमों पर स्व-गणना की निर्धारित तिथियों तथा आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in का उल्लेख अनिवार्य रूप से किया जाए। ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सचिवों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक स्व-गणना की जानकारी पहुंचाई जाए तथा अधिकाधिक परिवारों की स्व-गणना सुनिश्चित कराई जाए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। नोडल अधिकारी अपने संस्थान में हेल्प डेस्क की व्यवस्था कराते हुए कर्मचारियों एवं आमजन को स्व-गणना की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें। प्रत्येक विद्यालय के माध्यम से अधिकाधिक परिवारों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों एवं शहरी वार्डों में भी सहायता केंद्र स्थापित कराए जाएं, जिससे डिजिटल माध्यम का उपयोग करने में असमर्थ व्यक्तियों को स्व-गणना करने में आवश्यक सहायता मिल सके। जनसेवा केंद्रों के माध्यम से भी लोगों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्व-गणना के दौरान प्रगणकों को उनके निर्धारित क्षेत्रों में आने वाली तकनीकी एवं मानचित्र संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराया जाए। स्व-गणना कराने वाले प्रत्येक परिवार की एसई-आईडी उसके नाम एवं मोबाइल नंबर के साथ अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। इसके साथ ही अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों का प्रभावी संचालन कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भारत की जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसकी सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा जनपद के प्रत्येक नागरिक तक स्व-गणना का संदेश पहुंचाते हुए अभियान को सफल बनाना सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, समस्त उप जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
छठ पूजा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने पांचाल घाट का किया निरीक्षण
*घाट पर बैरीकेडिंग, सुरक्षा, प्रकाश, स्वच्छ पेयजल एवं महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*

*आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों की तैनाती एवं पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था रहेगी सुनिश्चित*

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर द्वारा जनपद में छठ पूजा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ पांचाल घाट का स्थलीय निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट पर छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि छठ पूजा के अवसर पर पांचाल घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं व्रतियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए घाट पर पर्याप्त एवं मजबूत बैरीकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही पूजा-अर्चना कर सकें। घाट पर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूर्ण कर लिए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अप्रिय घटना की संभावना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे सुबह एवं शाम के समय पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त संख्या में शौचालय तथा महिलाओं की सुविधा एवं निजता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित चेंजिंग रूम की व्यवस्था कराई जाए। घाट एवं उसके आसपास साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था रखी जाए तथा नियमित रूप से सफाई कराते हुए कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों की पर्याप्त संख्या में तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी में स्नान एवं पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती के साथ ही घाट के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को लेकर निर्देशित किया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए यातायात की प्रभावी योजना तैयार की जाए। वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे घाट के आसपास जाम की स्थिति उत्पन्न न हो तथा एम्बुलेंस एवं आपातकालीन सेवाओं के वाहनों का आवागमन निर्बाध बना रहे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने दायित्वों का समय से निर्वहन करें तथा निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं छठ पूजा से पूर्व पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वच्छता के संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, खण्ड विकास अधिकारी बढ़पुर योगेश पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र, परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण विश्वास मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कन्नौज में घुमंतू समाज के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए  'घुमंतू गौरम समागम' एक होगा भव्य आयोजन
मंत्री असीम अरुण ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिया निर्देश

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

पंकज कुमार श्रीवास्तव

कन्नौज मे डबल इंजन की सरकार घुमंतू समाज के ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में  दिनांक 15 नवंबर (रविवार) को कन्नौज में भव्य 'घुमंतू गौरव समागम' और 'जनजातीय गौरव दिवस' का आयोजन बोर्डिंग ग्राउंड में किया जा रहा है। कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शनिवार मंत्री असीम अरुण ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान जनपद के अधिकारी और पार्टी के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा सरकार ने पहली बार घुमंतू समाज के लोगों को चिन्हित करने, उन्हें भूमि उपलब्ध कराने तथा आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। यह समारोह उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

मंत्री असीम अरुण ने कहा कि आज का दिन इसलिए भी अत्यंत विशेष है क्योंकि 15 नवंबर को महान स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा जी की जन्म जयंती (जनजातीय गौरव दिवस) भी है। कार्यक्रम के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के शौर्य और बलिदान को नमन किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी के वर्चुअल कार्यक्रम का भी सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिसे उपस्थित जनसमूह और पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से देखेंगे।

'उलगुलान' केवल एक विद्रोह नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और स्वशासन का एक सशक्त स्वतंत्रता संग्राम था। मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में उन्होंने अंग्रेजी साम्राज्य की नींव हिला दी थी, जिसके कारण समाज उन्हें आज भी 'धरती आबा' (धरती के पिता) और भगवान के रूप में पूजता है।

कौन थे भगवान बिरसा मुंडा

15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू में जन्मे भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। 19वीं सदी के अंत में उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के शोषण, जमींदारी प्रथा और जल-जंगल-जमीन पर आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए एक ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया, जिसे 'उलगुलान' (महान हलचल या महाविद्रोह) के नाम से जाना जाता है।
बदलापुर विधानसभा में तनुज पाण्डेय निकालेंगे विशाल बाइक रैली
जौनपुर। विधानसभा क्षेत्र बदलापुर में राजनीतिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से युवा सपा नेता तनुज पाण्डेय की ओर से आगामी 22 नवंबर 2026 को विशाल बाइक रैली का आयोजन प्रस्तावित है। रैली के माध्यम से क्षेत्र में जनसंपर्क और बदलाव का संदेश देने की तैयारी की गई है।
जारी रूट मैप के अनुसार बाइक रैली का शुभारंभ सुबह 9 बजे मधुपुर स्थित तनुज पाण्डेय के आवास से होगा। इसके बाद रैली पुरालाल, सिंगरामऊ, बदलापुर चौराहा (इंदिरा चौक), रामजानकी क्रॉसिंग होते हुए महराजगंज पहुंचेगी। महराजगंज को रैली का अंतिम पड़ाव निर्धारित किया गया है। युवा सपा नेता तनुज पाण्डेय (विधानसभा बदलापुर-364) इस कार्यक्रम के आयोजक हैं। रैली को लेकर जारी पोस्टर में 'बदलापुर बदलाव की ओर' का नारा दिया गया है। आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी और जनसंपर्क को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। रैली को लेकर जारी रूट मैप के बाद अब क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने की संभावना है।
दिव्या मित्तल का गोपीगंज में स्वागत हुआ: जननीति भारत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहले दौरे पर व्यापारियों और वैश्य समाज के लोगों ने किया अभिन

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जननीति भारत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल के गोपीगंज में पहले दौरे पर चौराहे पर स्वागत समारोह हुआ। व्यापारियों और वैश्य समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया।

पार्टी के फाउंडर मेंबर रवि जायसवाल और ऋतिक जायसवाल के नेतृत्व में लोगों ने दिव्या मित्तल को फूलों की मालाएं पहनाईं। रवि जायसवाल उच्च न्यायालय प्रयागराज में अधिवक्ता हैं।

समारोह में व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल, अमित जायसवाल, रितेश जायसवाल, पप्पू जायसवाल, विराट और सूरज कौशल शामिल हुए। सुप्रीत जायसवाल भी मौजूद रहे। इनके अलावा राजीव दुबे, जगदीश उमर, गोपीगंज के व्यापारी, वैश्य समाज के लोग और महिलाएं भी समारोह में शामिल हुईं।

रवि जायसवाल ने कहा कि वे पार्टी के गठन के समय से संस्थापक सदस्य के रूप में संगठन से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि दिव्या मित्तल का गोपीगंज में पहला दौरा क्षेत्र के लोगों के लिए उत्साह का अवसर है।

उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य जनसेवा, लोगों की भागीदारी और समाज की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाना होना चाहिए। उनके मुताबिक, पार्टी गोपीगंज और भदोही के विकास, व्यापारियों के हितों, युवाओं के भविष्य और समाज के अलग-अलग वर्गों की अपेक्षाओं को मंच दे सकती है।

समारोह में लोगों ने दिव्या मित्तल का स्वागत किया और उनके सार्वजनिक व राजनीतिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
आधी रात सड़क पर परिवार के साथ फंसे रोहित,हेड कांस्टेबल कैसर अब्बास रिजवी ने फरिश्ता बनकर पहुंचाई मदद

सुलतानपुर।आधी रात,सुनसान सड़क और गाड़ी खराब होने से परेशान पूरा परिवार... ऐसे मुश्किल वक्त में सुलतानपुर पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की,जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। बाराबंकी के रामसनेहीघाट निवासी रोहित तिवारी के लिए हेड कांस्टेबल कैसर अब्बास रिजवी उर्फ रिंकू संकट की घड़ी में फरिश्ता बनकर सामने आए।दूसरे जिले में तैनाती के बावजूद उन्होंने मदद के लिए तत्काल प्रयास किए और परिवार को सुरक्षित घर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।दरअसल,रोहित तिवारी अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे।रायबरेली और ऊंचाहार के बीच रात करीब 11 से 12 बजे अचानक उनकी गाड़ी खराब हो गई। काफी कोशिशों के बाद भी वाहन ठीक कराने की व्यवस्था नहीं बन सकी। परिवार के साथ सुनसान रास्ते पर फंसे रोहित की परेशानी बढ़ती जा रही थी। इसी बीच उन्होंने हेड कांस्टेबल कैसर अब्बास रिजवी को फोन किया।फोन पर परेशानी की जानकारी मिलते ही कैसर अब्बास सक्रिय हो गए। उन्होंने अपने संपर्कों के जरिए मददगारों को मौके पर भेजा और गाड़ी ठीक कराने की व्यवस्था कराई।काफी मशक्कत के बाद वाहन दुरुस्त हुआ और रोहित अपने पूरे परिवार के साथ सकुशल घर पहुंच गए।इस मदद से भावुक रोहित तिवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कैसर अब्बास रिजवी का आभार जताया।उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत ऐसे पुलिसकर्मी को फरिश्ता बताते हुए कहा कि रात के समय दूसरे जिले में होने के बावजूद उन्होंने जिस तत्परता से मदद की,वह काबिल-ए-तारीफ है।कैसर अब्बास रिजवी की इस पहल ने साबित कर दिया कि पुलिस की पहचान केवल कार्रवाई और कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है।जरूरत के वक्त किसी अनजान परिवार के लिए मदद का हाथ बढ़ाना भी खाकी की सबसे बड़ी पहचान है।सोशल मीडिया पर रोहित तिवारी की पोस्ट के बाद हेड कांस्टेबल के सेवा भाव की खूब सराहना हो रही है।
छठ पर्व पर सुरक्षा मानकों का पालन करें, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : जिलाधिकारी शैलेष कुमार

*एनआईसी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर छठ पर्व की तैयारियों की समीक्षा*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही । आगामी छठ महापर्व को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाटों पर आवश्यक सुविधाओं, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, नगर निकाय, पंचायत विभाग, विद्युत विभाग, जिला पंचायत एवं पुलिस विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दृष्टिगत अपने-अपने विभागों से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के साथ ही घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने निर्देश दिया कि घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। जलाशयों एवं गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित टीमें सक्रिय रहें। जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिस घाट अथवा क्षेत्र में ड्यूटी लगाई गई है, वे अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता से निर्वहन करें।

जिलाधिकारी ने बताया कि छठ महापर्व के अवसर पर 15 नवंबर को सायंकाल अस्ताचलगामी सूर्य को तथा 16 नवंबर को प्रातः उदीयमान सूर्य को व्रती महिलाएं अर्घ्य अर्पित करेंगी। इस दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आतिशबाजी न की जाए तथा अग्नि सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि छठ पर्व को श्रद्धा, उल्लास एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। पूजा स्थलों एवं घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें, प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। जलाशयों में सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति अथवा दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 अथवा एंबुलेंस सेवा 108 पर संपर्क करें।

जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली लेकर आए। उन्होंने सभी से छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
बाल दिवस पर विज्ञान मेले का हुआ आयोजन, बच्चों ने मॉडल के माध्यम से दिखाई प्रतिभा
गोण्डा। बाल दिवस के अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय डड़वा कानूनगो में अगस्त्य इंटरनेशनल फाउंडेशन तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ के सहयोग से विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। विज्ञान मेले में बच्चों ने बड़े उत्साह और रचनात्मकता के विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल तैयार किया तथा अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।बच्चों द्वारा प्रस्तुत प्रमुख मॉडलों में फ्लोटिंग हाउस, फायर अलार्म, मानव हृदय, मानव उत्सर्जन तंत्र, ट्रैफिक नियम, वेजिटेबल कटर (सब्जी काटने की मशीन), ज्वालामुखी एवं आदर्श गांव शामिल रहे। बच्चों ने अपने-अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली और उनमें छिपे वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाया। इस अवसर पर एआरपी रिचा सिंह, इंचार्ज  प्रधानाध्यापिका बेबी बानो, साजिया, कुसमा देवी, कुसुम, दीपा, सरिता, उपस्थित रहीं।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई:46 मुकदमों में जब्त 396 लीटर कच्ची शराब को जेसीबी से गड्ढा खोदकर किया गया नष्ट


मीरजापुर। मड़िहान थाना पुलिस ने माननीय न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 46 मुकदमों में जब्त की गई 396 लीटर कच्ची शराब को नष्ट कर दिया। पुलिस ने थाना परिसर के पास जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर पूरी शराब को उसमें डालकर नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ ही आबकारी विभाग से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।
थानाध्यक्ष नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि यह शराब अलग-अलग समय पर की गई कार्रवाई के दौरान पकड़ी गई थी। सभी मामलों में साठ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।न्यायालय में विचाराधीन इन मामलों में जब्त शराब को नष्ट करने का आदेश मिला था, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने पहले जब्त शराब की सूची तैयार की, फिर न्यायालय के आदेश की प्रति के साथ उसका मिलान किया। इसके बाद जेसीबी से गड्ढा खुदवाया गया और एक-एक कर सभी डिब्बों और बोतलों में भरी 396 लीटर कच्ची शराब को गड्ढे में डालकर नष्ट किया गया। बाद में गड्ढे को मिट्टी से भरकर बंद कर दिया गया, ताकि शराब का कोई भी अंश दोबारा इस्तेमाल में न आ सके। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।थानाध्यक्ष ने बताया कि माननीय न्यायालय के आदेश पर ही यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब का धंधा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। चाहे शराब बनाने वाला हो या बेचने वाला, सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब बनने या बिकने की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को बताएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।