बदलापुर विधानसभा में तनुज पाण्डेय निकालेंगे विशाल बाइक रैली
जौनपुर। विधानसभा क्षेत्र बदलापुर में राजनीतिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से युवा सपा नेता तनुज पाण्डेय की ओर से आगामी 22 नवंबर 2026 को विशाल बाइक रैली का आयोजन प्रस्तावित है। रैली के माध्यम से क्षेत्र में जनसंपर्क और बदलाव का संदेश देने की तैयारी की गई है।
जारी रूट मैप के अनुसार बाइक रैली का शुभारंभ सुबह 9 बजे मधुपुर स्थित तनुज पाण्डेय के आवास से होगा। इसके बाद रैली पुरालाल, सिंगरामऊ, बदलापुर चौराहा (इंदिरा चौक), रामजानकी क्रॉसिंग होते हुए महराजगंज पहुंचेगी। महराजगंज को रैली का अंतिम पड़ाव निर्धारित किया गया है। युवा सपा नेता तनुज पाण्डेय (विधानसभा बदलापुर-364) इस कार्यक्रम के आयोजक हैं। रैली को लेकर जारी पोस्टर में 'बदलापुर बदलाव की ओर' का नारा दिया गया है। आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी और जनसंपर्क को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। रैली को लेकर जारी रूट मैप के बाद अब क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने की संभावना है।
दिव्या मित्तल का गोपीगंज में स्वागत हुआ: जननीति भारत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहले दौरे पर व्यापारियों और वैश्य समाज के लोगों ने किया अभिन

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जननीति भारत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल के गोपीगंज में पहले दौरे पर चौराहे पर स्वागत समारोह हुआ। व्यापारियों और वैश्य समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया।

पार्टी के फाउंडर मेंबर रवि जायसवाल और ऋतिक जायसवाल के नेतृत्व में लोगों ने दिव्या मित्तल को फूलों की मालाएं पहनाईं। रवि जायसवाल उच्च न्यायालय प्रयागराज में अधिवक्ता हैं।

समारोह में व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल, अमित जायसवाल, रितेश जायसवाल, पप्पू जायसवाल, विराट और सूरज कौशल शामिल हुए। सुप्रीत जायसवाल भी मौजूद रहे। इनके अलावा राजीव दुबे, जगदीश उमर, गोपीगंज के व्यापारी, वैश्य समाज के लोग और महिलाएं भी समारोह में शामिल हुईं।

रवि जायसवाल ने कहा कि वे पार्टी के गठन के समय से संस्थापक सदस्य के रूप में संगठन से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि दिव्या मित्तल का गोपीगंज में पहला दौरा क्षेत्र के लोगों के लिए उत्साह का अवसर है।

उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य जनसेवा, लोगों की भागीदारी और समाज की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाना होना चाहिए। उनके मुताबिक, पार्टी गोपीगंज और भदोही के विकास, व्यापारियों के हितों, युवाओं के भविष्य और समाज के अलग-अलग वर्गों की अपेक्षाओं को मंच दे सकती है।

समारोह में लोगों ने दिव्या मित्तल का स्वागत किया और उनके सार्वजनिक व राजनीतिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
आधी रात सड़क पर परिवार के साथ फंसे रोहित,हेड कांस्टेबल कैसर अब्बास रिजवी ने फरिश्ता बनकर पहुंचाई मदद

सुलतानपुर।आधी रात,सुनसान सड़क और गाड़ी खराब होने से परेशान पूरा परिवार... ऐसे मुश्किल वक्त में सुलतानपुर पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की,जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। बाराबंकी के रामसनेहीघाट निवासी रोहित तिवारी के लिए हेड कांस्टेबल कैसर अब्बास रिजवी उर्फ रिंकू संकट की घड़ी में फरिश्ता बनकर सामने आए।दूसरे जिले में तैनाती के बावजूद उन्होंने मदद के लिए तत्काल प्रयास किए और परिवार को सुरक्षित घर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।दरअसल,रोहित तिवारी अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे।रायबरेली और ऊंचाहार के बीच रात करीब 11 से 12 बजे अचानक उनकी गाड़ी खराब हो गई। काफी कोशिशों के बाद भी वाहन ठीक कराने की व्यवस्था नहीं बन सकी। परिवार के साथ सुनसान रास्ते पर फंसे रोहित की परेशानी बढ़ती जा रही थी। इसी बीच उन्होंने हेड कांस्टेबल कैसर अब्बास रिजवी को फोन किया।फोन पर परेशानी की जानकारी मिलते ही कैसर अब्बास सक्रिय हो गए। उन्होंने अपने संपर्कों के जरिए मददगारों को मौके पर भेजा और गाड़ी ठीक कराने की व्यवस्था कराई।काफी मशक्कत के बाद वाहन दुरुस्त हुआ और रोहित अपने पूरे परिवार के साथ सकुशल घर पहुंच गए।इस मदद से भावुक रोहित तिवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कैसर अब्बास रिजवी का आभार जताया।उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत ऐसे पुलिसकर्मी को फरिश्ता बताते हुए कहा कि रात के समय दूसरे जिले में होने के बावजूद उन्होंने जिस तत्परता से मदद की,वह काबिल-ए-तारीफ है।कैसर अब्बास रिजवी की इस पहल ने साबित कर दिया कि पुलिस की पहचान केवल कार्रवाई और कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है।जरूरत के वक्त किसी अनजान परिवार के लिए मदद का हाथ बढ़ाना भी खाकी की सबसे बड़ी पहचान है।सोशल मीडिया पर रोहित तिवारी की पोस्ट के बाद हेड कांस्टेबल के सेवा भाव की खूब सराहना हो रही है।
छठ पर्व पर सुरक्षा मानकों का पालन करें, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : जिलाधिकारी शैलेष कुमार

*एनआईसी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर छठ पर्व की तैयारियों की समीक्षा*


रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही । आगामी छठ महापर्व को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाटों पर आवश्यक सुविधाओं, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, नगर निकाय, पंचायत विभाग, विद्युत विभाग, जिला पंचायत एवं पुलिस विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दृष्टिगत अपने-अपने विभागों से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के साथ ही घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने निर्देश दिया कि घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। जलाशयों एवं गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित टीमें सक्रिय रहें। जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिस घाट अथवा क्षेत्र में ड्यूटी लगाई गई है, वे अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता से निर्वहन करें।

जिलाधिकारी ने बताया कि छठ महापर्व के अवसर पर 15 नवंबर को सायंकाल अस्ताचलगामी सूर्य को तथा 16 नवंबर को प्रातः उदीयमान सूर्य को व्रती महिलाएं अर्घ्य अर्पित करेंगी। इस दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आतिशबाजी न की जाए तथा अग्नि सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि छठ पर्व को श्रद्धा, उल्लास एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। पूजा स्थलों एवं घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें, प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। जलाशयों में सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति अथवा दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 अथवा एंबुलेंस सेवा 108 पर संपर्क करें।

जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली लेकर आए। उन्होंने सभी से छठ महापर्व को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
बाल दिवस पर विज्ञान मेले का हुआ आयोजन, बच्चों ने मॉडल के माध्यम से दिखाई प्रतिभा
गोण्डा। बाल दिवस के अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय डड़वा कानूनगो में अगस्त्य इंटरनेशनल फाउंडेशन तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ के सहयोग से विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। विज्ञान मेले में बच्चों ने बड़े उत्साह और रचनात्मकता के विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल तैयार किया तथा अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।बच्चों द्वारा प्रस्तुत प्रमुख मॉडलों में फ्लोटिंग हाउस, फायर अलार्म, मानव हृदय, मानव उत्सर्जन तंत्र, ट्रैफिक नियम, वेजिटेबल कटर (सब्जी काटने की मशीन), ज्वालामुखी एवं आदर्श गांव शामिल रहे। बच्चों ने अपने-अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली और उनमें छिपे वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाया। इस अवसर पर एआरपी रिचा सिंह, इंचार्ज  प्रधानाध्यापिका बेबी बानो, साजिया, कुसमा देवी, कुसुम, दीपा, सरिता, उपस्थित रहीं।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई:46 मुकदमों में जब्त 396 लीटर कच्ची शराब को जेसीबी से गड्ढा खोदकर किया गया नष्ट


मीरजापुर। मड़िहान थाना पुलिस ने माननीय न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 46 मुकदमों में जब्त की गई 396 लीटर कच्ची शराब को नष्ट कर दिया। पुलिस ने थाना परिसर के पास जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर पूरी शराब को उसमें डालकर नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ ही आबकारी विभाग से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।
थानाध्यक्ष नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि यह शराब अलग-अलग समय पर की गई कार्रवाई के दौरान पकड़ी गई थी। सभी मामलों में साठ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।न्यायालय में विचाराधीन इन मामलों में जब्त शराब को नष्ट करने का आदेश मिला था, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने पहले जब्त शराब की सूची तैयार की, फिर न्यायालय के आदेश की प्रति के साथ उसका मिलान किया। इसके बाद जेसीबी से गड्ढा खुदवाया गया और एक-एक कर सभी डिब्बों और बोतलों में भरी 396 लीटर कच्ची शराब को गड्ढे में डालकर नष्ट किया गया। बाद में गड्ढे को मिट्टी से भरकर बंद कर दिया गया, ताकि शराब का कोई भी अंश दोबारा इस्तेमाल में न आ सके। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।थानाध्यक्ष ने बताया कि माननीय न्यायालय के आदेश पर ही यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब का धंधा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। चाहे शराब बनाने वाला हो या बेचने वाला, सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब बनने या बिकने की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को बताएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय विज्ञान,गणित एवं संस्कृति महोत्सव का समापन समारोह कार्यक्रम सम्पन्न
छात्र कक्षा की पढ़ाई को गंभीरता से लें,दिमाग को भटकने से रोंकें-विनीत जायसवाल,पुलिस अधीक्षक

सुलतानपुर।विद्या भारती की प्रतियोगिताओं में हार का कोई स्थान नहीं।  यहाँ जीतने या सीखने की परंपरा - डॉक्टर राम मनोहर -क्षेत्र सह संगठन मंत्री

लोकनृत्य में काशी प्रांत नगरीय को मिला प्रथम
पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र का चैम्पियन बना काशी नगरीय प्रांत
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल ने छात्रों से कहा कि भविष्य की चुनौतियों का हल वर्तमान में ही है। छात्र अपनी कक्षा की पढाई पूर्ण मनोयोग से करेंगे तो भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी आसानी से कर सकेंगे। छात्र कक्षा की पढ़ाई को गंभीरता से लें,दिमाग को भटकने से रोंकें।
समापन समारोह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्र सह संगठन मंत्री डॉ0 राम मनोहर  ने कहा जो जीते हैं उन्हें बधाई और जो सीखे हैं उन्हें भी शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि विद्या भारती की प्रतियोगिताओं में हार का कोई स्थान नहीं।  यहाँ केवल जीतने या फिर सीखने की परंपरा है ।
तीन दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान,गणित एवं संस्कृति बोध परियोजना के  क्षेत्रीय प्रमुखों बांके बिहारी पाण्डेय ,संतोष सिंह एवं जियालाल द्वारा अपनी-अपनी विधा के प्रतियोगिताओं के परिणाम की घोषणा की गयी। काशी नगरीय प्रांत संस्कृति बोध परियोजना और विज्ञान की प्रतियोगिताओं की प्रतिस्पर्धा  दोनों का चैम्पियन बना। तो गोरक्ष प्रांत के भैया बहनों ने वैदिक गणित की चैम्पियन ट्राफी पर कब्जा जमाया। विज्ञान वर्ग में गोरक्ष नगरीय प्रांत द्वितीय,तो अवध नगरीय प्रांत तृतीय स्थान पर रहा। वैदिक गणित में अवध नगरीय द्वितीय तो काशी नगरीय प्रांत तृतीय स्थान पाने में सफल रहा।संस्कृति बोध परियोजना में गोरक्ष नगरीय द्वितीय और अवध नगरीय को तृतीय स्थान पर संतोष करना पड़ा।
काशी नगरीय प्रांत के भैया बहनों ने अद्वितीय प्रदर्शन करते हुए अंकों के आधार पर सबको पीछे कर दिया। तथा तीन दिवसीय क्षेत्रीय प्रतियोगिता की चैम्पियन शिप अपने नाम कर ली।  विजेता टीमों के भैया बहनों को विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर, क्षेत्र संगठन मंत्री एवं क्षेत्र सब संगठन मंत्री एवं अन्य सम्मानित अतिथियों द्वारा प्रतिक्रिया की ट्राफी देकर सम्मानित किया गया।प्रथम स्थान की गणित और विज्ञान की विजेता टीमें  आगामी 26 नवंबर को गोरखपुर, और संस्कृति बोध परियोजना की टीमें 22 नवम्बर को कुरुक्षेत्र में अखिल भारतीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में सम्मिलित होंगी।
अपने अध्यक्षीय भाषण में विद्या भारती पू्र्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के अध्यक्ष एवं पूर्व माध्यमिक शिक्षा सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने प्रतियोगी छात्रों से कहा कि
जितना नवाचार करेंगे उतनी व्यापक दृष्टि आएगी, जो कि जीवन के लिए हितकारी है।
सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज विवेकानंद नगर सुलतानपुर के प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने कार्यक्रम की सफलता हेतु क्षेत्र संगठन मंत्री,सह क्षेत्र संगठन मंत्री, क्षेत्र मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में क्षेत्रीय एवं प्रांतीय अधिकारियों के मार्गदर्शन और व्यवस्था को बल प्रदान करने वाले बाल कल्याण समिति और प्रबन्ध समिति के पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। तथा व्यवस्था के सहयोगी आचार्य बंधु भगिनी एवं कर्मचारियों के कर्मनिष्ठा की प्रशंसा की।
समापन समारोह कार्यक्रम में विभाग प्रचारक श्री प्रकाश,प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी ,राज बहादुर दीक्षित,बाल कल्याण समिति अध्यक्ष डॉक्टर विनोद कुमार सिंह, मंत्री हरिदर्शन राम,विद्यालय प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष भोलानाथ अग्रवाल,  प्रबंधक डा0 पवन सिंह उपाध्यक्ष डॉक्टर वी के झा, ,शैलेन्द्र चतुर्वेदी,समाजसेवी आलोक आर्य,उप प्रधानाचार्य रमेश मिश्र, रवीन्द्र त्रिपाठी,अनिल पाण्डेय,शरद श्रीवास्तव, रंजना पाण्डेय, सरिता त्रिपाठी,अखिलेश सिंह, द्वारिकानाथ पाण्डेय,रणविजय सिंह ,अखिलेश पाण्डेय,विवेकानंद यादव , शुभम सिंह एवं सभी 49 जनपदों के प्रतियोगी छात्र-छात्राएं  संरक्षक आचार्य बन्धु,भगिनी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।
किंग्स ईडन स्कूल की तीन दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता संपन्न, रेड टीम ने मारी बाजी
रेड टीम ने प्रथम स्थान की ट्रॉफी पर जमाया कब्जा, ब्लू और येलो टीम क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। गालिबपुर स्थित किंग्स ईडन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित दसवीं वार्षिक तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शनिवार को उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के बीच भव्य समापन हुआ।

प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले लगभग 1200 छात्र-छात्राओं को मेडल, शील्ड एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रेड टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं ब्लू टीम ने दूसरा और येलो टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

विजेता रेड टीम के छात्र-छात्राओं ने ट्रॉफी हासिल करते ही मैदान में खुशी का इजहार किया। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों में जबरदस्त उत्साह और खेल भावना देखने को मिली।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रबंधक डॉ. प्रवीण कुमार मद्धेशिया ने विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को अपने हाथों से मेडल, शील्ड और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भागीदारी भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। खेलों से शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ ही अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है।

कार्यक्रम में विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. मोनिका गुप्ता, विनोद कुमार यादव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. धर्म सिंह गौतम, प्रधानाचार्य भूपेंद्र शर्मा, सुगम यादव, नातिक किरमानी, दूधनाथ चक्रवर्ती, भीमरत्न सिंकू, अभयदीप सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन बच्चों की शानदार खेल प्रतिभा, उत्साह और यादगार उपलब्धियों के साथ हुआ।
राहुल नॉलेज सिटी में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस
चंदौली। बाल दिवस के अवसर पर राहुल नेशनल ग्रुप ऑफ कॉलेज के अंतर्गत राहुल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में चेयरमैन पंडित लल्लन तिवारी ,सचिव राहुल तिवारी और सीओओ उत्सव तिवारी के मार्गदर्शन में बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बच्चों के बीच उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रबंधक आनंद तिवारी ‘सोनू’ ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा को निखारना, उन्हें बेहतर शिक्षा देना और अच्छे संस्कारों से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान डायरेक्टर आनंद तिवारी, सोनू तिवारी एवं प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राहुल नेशनल ग्रुप ऑफ कॉलेज शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों को विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें एक बेहतर नागरिक के रूप में तैयार करना है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की।
शिवसेना नेता आशीष दुबे की पहल पर बीड से मुक्त कराया गया मजदूर
कानपुर। रोजगार की तलाश में कानपुर से पुणे पहुंचे शिवकांत उपाध्याय के साथ कथित तौर पर मानव तस्करी और बंधक बनाकर जबरन मजदूरी कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित के आरोपों के मुताबिक, पुणे रेलवे स्टेशन पर बच्चू केदारे नामक व्यक्ति ने उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और अपने साथ ले गया। आरोप है कि बाद में उन्हें महाराष्ट्र के बीड जिले के वाडवणी तालुका में 50 हजार रुपये के बदले दूसरे व्यक्ति को सौंप दिया गया। मामले की जानकारी पीड़ित के भांजे एवं कानपुर में तैनात सब-इंस्पेक्टर विनय तिवारी के माध्यम से शिवसेना नेता व प्रतापगढ़ के पट्टी निवासी आशीष दुबे तक पहुंची। जानकारी मिलते ही आशीष दुबे ने मामले में पहल की और स्थानीय स्तर पर संपर्क स्थापित कर पीड़ित की सुरक्षित रिहाई कराई । पीड़ित शिवकांत उपाध्याय के अनुसार, उन्हें बीड जिले में एक व्यक्ति के यहां बंधक बनाकर रखा गया था। वहां उनसे कथित तौर पर दिन-रात गन्ने के खेतों में जबरन काम कराया जाता था। पीड़ित ने मारपीट, अमानवीय व्यवहार, पर्याप्त भोजन-पानी नहीं दिए जाने और भागने की कोशिश करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोप भी लगाए हैं। वहाँ इसी तरह अन्य भी लोग से भी जबरजस्ती काम कराए जाने की आशंका जताई है ।
बताया गया कि वाडवणी पुलिस के सहयोग से शिवकांत उपाध्याय को कथित बंधन से मुक्त कराया गया। इस पूरी पहल में शिवसेना नेता आशीष दुबे के साथ वाडवणी के तालुका प्रमुख मारुति धोंडे और सामाजिक कार्यकर्ता विपुल पिंगले ने सहयोग किया। वहीं, वाडवणी पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक वर्षा वागड़े की भूमिका भी इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण रही।
रिहाई के बाद पीड़ित को नाशिक रोड रेलवे स्टेशन से सुरक्षित कानपुर रवाना किया गया। नाशिक से उनके गृह क्षेत्र तक सुरक्षित पहुंचाने में राकेश दुबे ने सहयोग किया। इस घटना ने रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। नौकरी का झांसा देकर कथित रूप से बंधक बनाने और जबरन मजदूरी कराने के आरोप बेहद गंभीर हैं। मामले में आरोपों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आवश्यक है।