राहुल नॉलेज सिटी में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस
चंदौली। बाल दिवस के अवसर पर राहुल नेशनल ग्रुप ऑफ कॉलेज के अंतर्गत राहुल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में चेयरमैन पंडित लल्लन तिवारी ,सचिव राहुल तिवारी और सीओओ उत्सव तिवारी के मार्गदर्शन में बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बच्चों के बीच उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रबंधक आनंद तिवारी ‘सोनू’ ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा को निखारना, उन्हें बेहतर शिक्षा देना और अच्छे संस्कारों से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान डायरेक्टर आनंद तिवारी, सोनू तिवारी एवं प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राहुल नेशनल ग्रुप ऑफ कॉलेज शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों को विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें एक बेहतर नागरिक के रूप में तैयार करना है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की।
शिवसेना नेता आशीष दुबे की पहल पर बीड से मुक्त कराया गया मजदूर
कानपुर। रोजगार की तलाश में कानपुर से पुणे पहुंचे शिवकांत उपाध्याय के साथ कथित तौर पर मानव तस्करी और बंधक बनाकर जबरन मजदूरी कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित के आरोपों के मुताबिक, पुणे रेलवे स्टेशन पर बच्चू केदारे नामक व्यक्ति ने उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और अपने साथ ले गया। आरोप है कि बाद में उन्हें महाराष्ट्र के बीड जिले के वाडवणी तालुका में 50 हजार रुपये के बदले दूसरे व्यक्ति को सौंप दिया गया। मामले की जानकारी पीड़ित के भांजे एवं कानपुर में तैनात सब-इंस्पेक्टर विनय तिवारी के माध्यम से शिवसेना नेता व प्रतापगढ़ के पट्टी निवासी आशीष दुबे तक पहुंची। जानकारी मिलते ही आशीष दुबे ने मामले में पहल की और स्थानीय स्तर पर संपर्क स्थापित कर पीड़ित की सुरक्षित रिहाई कराई । पीड़ित शिवकांत उपाध्याय के अनुसार, उन्हें बीड जिले में एक व्यक्ति के यहां बंधक बनाकर रखा गया था। वहां उनसे कथित तौर पर दिन-रात गन्ने के खेतों में जबरन काम कराया जाता था। पीड़ित ने मारपीट, अमानवीय व्यवहार, पर्याप्त भोजन-पानी नहीं दिए जाने और भागने की कोशिश करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोप भी लगाए हैं। वहाँ इसी तरह अन्य भी लोग से भी जबरजस्ती काम कराए जाने की आशंका जताई है ।
बताया गया कि वाडवणी पुलिस के सहयोग से शिवकांत उपाध्याय को कथित बंधन से मुक्त कराया गया। इस पूरी पहल में शिवसेना नेता आशीष दुबे के साथ वाडवणी के तालुका प्रमुख मारुति धोंडे और सामाजिक कार्यकर्ता विपुल पिंगले ने सहयोग किया। वहीं, वाडवणी पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक वर्षा वागड़े की भूमिका भी इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण रही।
रिहाई के बाद पीड़ित को नाशिक रोड रेलवे स्टेशन से सुरक्षित कानपुर रवाना किया गया। नाशिक से उनके गृह क्षेत्र तक सुरक्षित पहुंचाने में राकेश दुबे ने सहयोग किया। इस घटना ने रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। नौकरी का झांसा देकर कथित रूप से बंधक बनाने और जबरन मजदूरी कराने के आरोप बेहद गंभीर हैं। मामले में आरोपों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आवश्यक है।
दिसंबर के प्रथम सप्ताह से शुरू होंगी कृषि, लॉ और बीएड की परीक्षाएं
मीरजापुर। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कृषि, एलएलबी, बीए-एलएलबी, बीपीएड, बीएड और एमएड की परीक्षाएं दिसंबर के प्रथम सप्ताह से शुरू होंगी। कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने बताया कि स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षाएं 23 नवंबर से प्रारंभ होंगी। विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर कर दी गई है।

कुलपति ने बताया कि आगामी परीक्षाओं को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विभागीय कार्यों में नियमितता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, परीक्षा विभाग आगामी परीक्षाओं की तैयारियों में जुटा है। विद्यार्थियों को निर्धारित तिथियों के अनुसार परीक्षा संबंधी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
गोवंश संरक्षण में लापरवाही, सड़क पर जख्मी हालत में मिला नंदी, ग्रामीणाें ने जताई नाराजगी
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर गंभीर और बेहतर कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे में फर्रुखाबाद जनपद के

अमृतपुर कस्बे में शनिवार सुबह ठाकुरद्वारा के सामने रास्ते पर एक नंदी जख्मी हालत में मिला है। बेजुबान की पीड़ा और उसकी लाचार हालत देखकर ग्रामीणों का दिल पसीज गया। हालांकि गाेवंश की हालत देख लोगों ने नाराजगी जताई और उपचार के लिए पहुंचे।

अल्टीमेटम के बाद भी नहीं बदली तस्वीर

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने हाल ही में उच्चस्तरीय बैठक में निराश्रित गोवंशों को संरक्षित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को 15 दिन का समय दिया था। उन्होंने साफ चेतावनी दी थी कि गोवंश संरक्षण के काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद अमृतपुर में हालात जस के तस बने हुए हैं। कस्बे की गलियों, बाजारों और मुख्य रास्तों पर छुट्टा गोवंशों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में विकास खंड राजेपुर के जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।

फसल बचाएं या बेजुबानों की जान, दोहरी मुश्किल में किसान

छुट्टा गोवंश किसानों के लिए भी बड़ी परेशानी बने हुए हैं। खेतों में खड़ी फसल को बचाने के लिए किसान रात-दिन रखवाली करने को मजबूर हैं। कई जगह खेतों के चारों ओर कंटीले और प्रतिबंधित आरीदार तार लगाए जा रहे हैं। इन तारों में उलझकर गोवंशों के घायल होने का खतरा बना रहता है। वहीं सड़कों पर भटकते पशु वाहनों की चपेट में आकर चोटिल हो रहे हैं। एक ओर किसान अपनी मेहनत की फसल बचाने के लिए जूझ रहे हैं, दूसरी ओर बेजुबान पशु सुरक्षित ठिकाने के अभाव में हादसों का शिकार हो रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि गोवंश संरक्षण के लिए बजट और सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद धरातल पर निगरानी और व्यवस्था में कमी है। उन्होंने गौशालाओं की वास्तविक क्षमता, उनमें संरक्षित गोवंशों की संख्या और चारा-दाना पर खर्च की जांच कराने की मांग की है। बजट के दुरुपयोग संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि मामले की जांच करा कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मीरजापुरः परचून की दुकान का ताला काटकर 50 हजार रुपये उड़ाए
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में वाराणसी-मीरजापुर मार्ग पर बैकुंठपुर नरायनपुर बस स्टैंड के पास शुक्रवार की रात चोरों ने परचून की दुकान का ताला काटकर कैश बॉक्स में रखे करीब 50 हजार रुपये नकदी और सामान पार कर दिया। चोरों ने बगल की अमूल दूध की दुकान का ताला भी काटने का प्रयास किया, लेकिन लाेगाें की आहट मिलने पर चाेर उसे आधा काटकर छोड़कर भाग निकले।

शनिवार सुबह दुकान पहुंचे संचालक वरुण कुमार जायसवाल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अदलहाट थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब दस बजे दुकान बंद कर घर गए थे। शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे पहुंचे तो दुकान का ताला कटा और दरवाजा खुला मिला। कैश बॉक्स में रखे करीब 50 हजार रुपये गायब थे। शनिवार को व्यापारियों को बकाया भुगतान करना था, इसलिए उन्होंने नकदी दुकान में ही रखी थी।

घटना की जानकारी पर चुनार सीओ गायत्री यादव और अदलहाट थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ ने पुलिसकर्मियों को दो दिन के भीतर घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया। थाना प्रभारी मामले की जांच में जुटे हैं। मुख्य मार्ग पर हुई चोरी से स्थानीय व्यापारियों में भय है।
2027 में फिर आएगी भाजपा सरकार, योगी का प्रताप है कि संभल में अब हिंदू घर से निकल रहा है : साध्वी प्राची
संभल । उत्तर प्रदेश के जनपद संभल में 68 तीर्थ और 19 कूपों कि ऐतिहासिक एवं पौराणिक रूप से महत्वपूर्ण 24 कोसीय परिक्रमा में शामिल होने के लिए पहुंची साध्वी प्राची ने शनिवार काे बड़ा बयान देते हुए कहा कि अगले चुनाव में पुन: भाजपा सरकार आयेगी। उन्हाेंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में संभल का हिंदू डरा हुआ, दुबका हुआ और खामोश रहता था लेकिन याेगी सरकार के प्रताप से अब घरों से निकल रहा है।

साध्वी प्राची संभल की सदर तहसील क्षेत्र में कल से प्रारंभ हुई 68 तीर्थ और 19 कूपों की ऐतिहासिक एवं पौराणिक रूप से महत्वपूर्ण 24 कोसीय परिक्रमा में शामिल होने के लिए पहुंची थीं। विश्व हिन्दू परिषद की नेता साध्वी प्राची ने कहा कि संभल की यह 24 कोसीय परिक्रमा संभल के 68 तीर्थ और 19 कूपों से होकर गुजरती है । यह यात्रा बेनीपुर चक गांव में स्थित श्री वंश गोपाल तीर्थ से प्रारंभ हुई और वहीं पहुंचकर समाप्त होगी।

इस परिक्रमा यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंची विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी प्राची ने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि संभल की इस 24 कोसीय परिक्रमा को देख करके मैं बहुत खुश हूं, बड़ा मेरा मन आह्लादित है। एक समय था जब समाजवादी पार्टी की सरकार में हिंदू डरा हुआ, दुबका हुआ, खामोश रहता था। लेकिन अब घरों से निकल रहा है उसका परिणाम है, जहां दिन में कभी कोई हिंदू जा नहीं सकता था, अब याेगी सरकार के प्रताप से वहां अबकी बार पटाखे वहां पर बिके हैं और दीपावली अच्छी मनी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही 2027 में पुन: आएगी। एक तरफ तो देश में सनातन की लहर सी दिखाई दे रही है वहीं दूसरी ओर जो सपा के एक सांसद विवादित बयान दे रहे हैं। इनके पास कोई मुद्दे नहीं हैं। यह मुद्दे से भटके हुए लोग हैं और मुद्दे से भटके हुए लोग कुर्सी तक कभी नहीं पहुंच पाएंगे। 2027 में बाबा जी ही आएंगे। उन्होंने कहा कि मैं तो एक बात बस यही कहूंगी कि संतों को भी सम्मान मिलना चाहिए, ऐसी व्यवस्था संगठन को पार्टी को बनाना है।
चेक बाउंस मामलों के निस्तारण के लिए 21 नवंबर को लखनऊ में होगी विशेष लोक अदालत
लखनऊ। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (एनएएलएसए), नई दिल्ली तथा माननीय कार्यपालक अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (यूपीएसएलएसए) के निर्देशानुसार, संपूर्ण उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में एन.आई. एक्ट, 1881 की धारा 138 (चेक बाउंस) से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार काे बताया कि जनपद न्यायालय लखनऊ में एन.आई. एक्ट, 1881 की धारा 138 से सम्बन्धित लंबित मामलों के निस्तारण के लिए आगामी 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।

जनसामान्य और वादकारियों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से अपने चेक बाउंस से संबंधित लंबित वादों का निस्तारण कराएं।
जनगणना 2027 : उत्तर प्रदेश में 16 नवम्बर से शुरू होगी स्व—गणना प्रक्रिया, निदेशक ने प्रदेशवासियों से शामिल हाेने का किया आग्रह
लखनऊ। भारत की जनणना—2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में स्व—गणना 16 नवम्बर 2026 से शुरू हो रही है। प्रदेश के नागरिक जनगणना पोर्टल पर जाकर 16 से 30 नवम्बर के दौरान आनलाइन घर बैठे परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। गणनाकर्मी 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक घर—घर जाकर जनगणना करेंगे।

यह जानकारी निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी उत्तर प्रदेश शीतल वर्मा ने शनिवार को लखनऊ स्थित राज्य अभिलेखागार के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी। शीतल वर्मा ने बताया कि जनगणना से संबंधित किसी भी प्रश्न, छूट अथवा स्पष्टीकरण के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 पर आमजन सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है। इसलिए जब जनगणना कर्मी आपके घर आयें तब उन्हें पूरे परिवार की सटीक जानकारी उपलब्ध करायें। उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न करें और न ही अगले दिन आने के लिए बाेलें बल्कि मांगी जा रही संपूर्ण जानकारी अवश्य उपलब्ध कराएं।

मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने बताया कि प्रदेश में बेघर लोगों की जनगणना 04 जनवरी 2027 को सूर्यास्त के पश्चात की जायेगी। उन्होंने कहा कि जनगणना अभिलेखों की पूर्ण गोपनीयता बरती जायेगी। यह केवल जनसंख्या गणना नहीं है बल्कि यह आवास,साक्षरता,धर्म,जाति,आर्थिक गतिविधि व प्रवास आदि का डेटा संग्रह करती है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि जनगणना का सिटीजनशिप से कोई मतलब नहीं है और जनगणना कार्य में किसी प्रकार के दस्तावेजों की मांग नहीं की जाती है बल्कि पूछे सवालों के जवाब को ही दर्ज किया जाता है; इसलिए जवाब सही और तथ्यपरक होने चाहिए।
नेक पहल: शीत ऋतु से पहले नगर पालिका कर्मचारियों को गर्म वस्त्र वितरित कर चेयरमैन ने दिया संवेदनशीलता और सम्मान का संदेश
मीरजापुर। आगामी शीत ऋतु के दृष्टिगत स्टेशन रोड स्थित शिव शक्ति लॉन में नगर पालिका परिषद, मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी द्वारा नगर पालिका परिषद में कार्यरत कर्मचारियों को गर्म वस्त्रों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर श्याम सुंदर केशरी ने कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और अपनत्व का भाव प्रदर्शित करते हुए उनके कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जब नगरवासी कड़ाके की ठंड में अपने घरों में विश्राम कर रहे होते हैं, तब हमारे स्वच्छताग्राही एवं सफाई कर्मचारी प्रातःकाल से ही नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे होते हैं। नगर की स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्थाओं में इन कर्मयोगियों का योगदान अतुलनीय है।
पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी का यह प्रयास केवल गर्म वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि नगर पालिका परिवार के उन कर्मयोगियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है, जिनके अथक परिश्रम से नगर की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं। उनकी कार्यशैली में जनसेवा के साथ-साथ कर्मचारियों के सुख-दुःख का सहभागी बनने और उनके सम्मान एवं कल्याण को प्राथमिकता देने की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। श्याम सुंदर केशरी ने संदेश दिया कि कर्मचारियों का सम्मान ही नगर के विकास की मजबूत नींव है। निश्चित रूप से यह पहल अन्य जनप्रतिनिधियों और संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। नगर के विकास के साथ-साथ नगर की सेवा करने वाले प्रत्येक कर्मयोगी का सम्मान और कल्याण सुनिश्चित करना ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है। इस अवसर पर सभासद विजय प्रजापति, सभासद संदीप तिवारी  आदि सहित पालिका से जुड़े हुए लोग उपस्थित रहे हैं।
मुरादाबाद: नौ निरीक्षक और दो उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले
मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश पर जिले में नौ इंस्पेक्टर और दो सब इंसपेक्टर के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया है। इस दाैरान सात थानों में नए प्रभारियाें की तैनाती की गई।

इस प्रशासनिक बदलाव में मझोला, नागफनी, मूंढापांडे, कोतवाली, छजलैट, डिलारी और साइबर थाने की कमान नए हाथों में पहुंच गई। नागफनी के प्रभारी मनीष सक्सेना को थाना मझोला का नया प्रभारी बनाया गया है। मझोला के रविंद्र कुमार अब मूंढापांडे थाने की जिम्मेदारी संभालेंगे। गैर जनपद तबादले के चलते मूंढापांडे प्रभारी मोहित चौधरी और साइबर थाना प्रभारी विवेक शर्मा को कार्यमुक्त करने के लिए पुलिस लाइन भेजा गया है। पुलिस लाइन से शोकिंदर सिंह को थाना डिलारी का प्रभारी बनाया गया है। थाना डिलारी के प्रभारी विजेंद्र सिंह लंबी छुट्टी पर चल रहे है। छजलैट प्रभारी रमेश चंद्र को चुनाव सेल भेजा गया, उनके स्थान पर राजकुमार सिंह को वहां तैनात किया गया है। साइबर थाने की कमान सनोज कुमार सिंह को मिली है। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार अब नागफनी और खदाना चौकी प्रभारी करमजीत सिंह कोतवाली संभालेंगे। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि सभी को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।