चेक बाउंस मामलों के निस्तारण के लिए 21 नवंबर को लखनऊ में होगी विशेष लोक अदालत
लखनऊ। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (एनएएलएसए), नई दिल्ली तथा माननीय कार्यपालक अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (यूपीएसएलएसए) के निर्देशानुसार, संपूर्ण उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में एन.आई. एक्ट, 1881 की धारा 138 (चेक बाउंस) से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार काे बताया कि जनपद न्यायालय लखनऊ में एन.आई. एक्ट, 1881 की धारा 138 से सम्बन्धित लंबित मामलों के निस्तारण के लिए आगामी 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।

जनसामान्य और वादकारियों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से अपने चेक बाउंस से संबंधित लंबित वादों का निस्तारण कराएं।
जनगणना 2027 : उत्तर प्रदेश में 16 नवम्बर से शुरू होगी स्व—गणना प्रक्रिया, निदेशक ने प्रदेशवासियों से शामिल हाेने का किया आग्रह
लखनऊ। भारत की जनणना—2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में स्व—गणना 16 नवम्बर 2026 से शुरू हो रही है। प्रदेश के नागरिक जनगणना पोर्टल पर जाकर 16 से 30 नवम्बर के दौरान आनलाइन घर बैठे परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। गणनाकर्मी 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक घर—घर जाकर जनगणना करेंगे।

यह जानकारी निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी उत्तर प्रदेश शीतल वर्मा ने शनिवार को लखनऊ स्थित राज्य अभिलेखागार के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी। शीतल वर्मा ने बताया कि जनगणना से संबंधित किसी भी प्रश्न, छूट अथवा स्पष्टीकरण के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 पर आमजन सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है। इसलिए जब जनगणना कर्मी आपके घर आयें तब उन्हें पूरे परिवार की सटीक जानकारी उपलब्ध करायें। उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न करें और न ही अगले दिन आने के लिए बाेलें बल्कि मांगी जा रही संपूर्ण जानकारी अवश्य उपलब्ध कराएं।

मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने बताया कि प्रदेश में बेघर लोगों की जनगणना 04 जनवरी 2027 को सूर्यास्त के पश्चात की जायेगी। उन्होंने कहा कि जनगणना अभिलेखों की पूर्ण गोपनीयता बरती जायेगी। यह केवल जनसंख्या गणना नहीं है बल्कि यह आवास,साक्षरता,धर्म,जाति,आर्थिक गतिविधि व प्रवास आदि का डेटा संग्रह करती है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि जनगणना का सिटीजनशिप से कोई मतलब नहीं है और जनगणना कार्य में किसी प्रकार के दस्तावेजों की मांग नहीं की जाती है बल्कि पूछे सवालों के जवाब को ही दर्ज किया जाता है; इसलिए जवाब सही और तथ्यपरक होने चाहिए।
नेक पहल: शीत ऋतु से पहले नगर पालिका कर्मचारियों को गर्म वस्त्र वितरित कर चेयरमैन ने दिया संवेदनशीलता और सम्मान का संदेश
मीरजापुर। आगामी शीत ऋतु के दृष्टिगत स्टेशन रोड स्थित शिव शक्ति लॉन में नगर पालिका परिषद, मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी द्वारा नगर पालिका परिषद में कार्यरत कर्मचारियों को गर्म वस्त्रों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर श्याम सुंदर केशरी ने कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और अपनत्व का भाव प्रदर्शित करते हुए उनके कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जब नगरवासी कड़ाके की ठंड में अपने घरों में विश्राम कर रहे होते हैं, तब हमारे स्वच्छताग्राही एवं सफाई कर्मचारी प्रातःकाल से ही नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे होते हैं। नगर की स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्थाओं में इन कर्मयोगियों का योगदान अतुलनीय है।
पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी का यह प्रयास केवल गर्म वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि नगर पालिका परिवार के उन कर्मयोगियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है, जिनके अथक परिश्रम से नगर की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं। उनकी कार्यशैली में जनसेवा के साथ-साथ कर्मचारियों के सुख-दुःख का सहभागी बनने और उनके सम्मान एवं कल्याण को प्राथमिकता देने की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। श्याम सुंदर केशरी ने संदेश दिया कि कर्मचारियों का सम्मान ही नगर के विकास की मजबूत नींव है। निश्चित रूप से यह पहल अन्य जनप्रतिनिधियों और संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। नगर के विकास के साथ-साथ नगर की सेवा करने वाले प्रत्येक कर्मयोगी का सम्मान और कल्याण सुनिश्चित करना ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है। इस अवसर पर सभासद विजय प्रजापति, सभासद संदीप तिवारी  आदि सहित पालिका से जुड़े हुए लोग उपस्थित रहे हैं।
मुरादाबाद: नौ निरीक्षक और दो उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले
मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश पर जिले में नौ इंस्पेक्टर और दो सब इंसपेक्टर के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया है। इस दाैरान सात थानों में नए प्रभारियाें की तैनाती की गई।

इस प्रशासनिक बदलाव में मझोला, नागफनी, मूंढापांडे, कोतवाली, छजलैट, डिलारी और साइबर थाने की कमान नए हाथों में पहुंच गई। नागफनी के प्रभारी मनीष सक्सेना को थाना मझोला का नया प्रभारी बनाया गया है। मझोला के रविंद्र कुमार अब मूंढापांडे थाने की जिम्मेदारी संभालेंगे। गैर जनपद तबादले के चलते मूंढापांडे प्रभारी मोहित चौधरी और साइबर थाना प्रभारी विवेक शर्मा को कार्यमुक्त करने के लिए पुलिस लाइन भेजा गया है। पुलिस लाइन से शोकिंदर सिंह को थाना डिलारी का प्रभारी बनाया गया है। थाना डिलारी के प्रभारी विजेंद्र सिंह लंबी छुट्टी पर चल रहे है। छजलैट प्रभारी रमेश चंद्र को चुनाव सेल भेजा गया, उनके स्थान पर राजकुमार सिंह को वहां तैनात किया गया है। साइबर थाने की कमान सनोज कुमार सिंह को मिली है। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार अब नागफनी और खदाना चौकी प्रभारी करमजीत सिंह कोतवाली संभालेंगे। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि सभी को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले यमुनानगर जोन में 109 उपनिरीक्षकों का तबादला
प्रयागराज। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के मद्देनजर पुलिस विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को यमुनानगर जोन में तैनात कुल 109 उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। स्थानांतरित होने वालों में महिला और पुरुष दोनों उपनिरीक्षक शामिल हैं।

पुलिस उपायुक्त (यमुना नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की है। इसका उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना है। स्थानांतरण के माध्यम से पुलिसकर्मियों की तैनाती में प्रशासनिक संतुलन बनाने के साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन की व्यवस्था की गई है।

मनीष ने बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन कराया जा रहा है। इसी क्रम में यमुनानगर जोन के 109 उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। इसमें महिला और पुरुष दोनों उपनिरीक्षक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं।
श्री तारिक वाशिम को महिला हॉकी टीम का बनाया गया सेकेक्टर ............................
डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिषद ने सुल्तानपुर जनपद के राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और  NIS प्रशिक्षक रहे तारिक वसीम को अंतर महाविद्यालय महिला, हॉकी प्रतियोगिता जो दिनांक 16/11/ 23 से17/11/26 डॉ भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीडा परिषद डाभर सेमर में आयोजित किया जा रहा है उन खिलाड़ियों के सिलेक्शन करने के लिए तारीख वसीम जी को   सेकेक्टर नियुक्त किया गया है जो सुल्तानपुर जनपद  के लिए गर्व की बात है इस उपलब्धि पर सुल्तानपुर जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश सोनकर जिला ओलंपिक संघ के सचिव पंकज दुबे, फुटबॉल संघ के सचिव एम एस बेग ,जॉइंट सेक्रेटरी हॉकी  इरशाद खान,मोहमद आशिफ, राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सोनल तिवारी, वॉलीबाल संघ के सचिव एस एन सिंह, कबड्डी संघ के सचिव महेश यादव, मोहम्मद आरिफ नियाज, मोहमद सईद, राम कुमार, स्टेडियम के समस्त  प्रशिक्षकों ने  दी बधाई। जिला ओलंपिक संघ के प्रवक्ता डॉक्टर अब्दुल हमीद ने इसे जनपद सुल्तानपुर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
राधिका का पूर्व गणतंत्र दिवस परेड हेतु चयन हुआ
सुलतानपुर। राणा प्रताप पी जी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना की बी ए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा राधिका पुत्री शिव मंगल निवासी अभियाकला भदैया का चयन पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर मध्य क्षेत्र  आगरा के लिए हुआ है। ध्यातव्य है कि  डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से केवल दो स्वयंसेवकों का चयन पूर्व गणतंत्र दिवस परेड के लिये हुआ है। यहाँ दस दिवसीय कैम्प में अंतिम रूप से गणतंत्र दिवस परेड के लिये चयन होगा। यह शिविर 21 नवंबर से 30 नवंबर तक डॉ भीम राव अम्बेडकर विश्वविद्यालय आगरा में आयोजित है।  पूर्व में भी राणा प्रताप कॉलेज के स्वयंसेवक गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा रहे है। राणा प्रताप कॉलेज के अध्य्क्ष संजय सिंह, प्रबंधक बाल चंद्र सिंह, प्राचार्य प्रो डी के त्रिपाठी एवं प्री आर डी कैम्प कॉर्डिनेटर विरेन्द्र  कुमार गुप्ता, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्र्म अधिकारी डॉ विभा सिंह, डॉ प्रभात  श्रीवास्तव ने राधिका को बधाई देते हुए सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छठ गीत ‘चली छठ घाट’ से लोकगायक दीन बन्धु सिंह ने बिखेरे सुरों के रंग

सुल्तानपुर। छठ महापर्व के पावन अवसर पर जनपद के भजन एवं लोकगायक दीन बन्धु सिंह का नया पारंपरिक छठ गीत ‘चली छठ घाट’ संगम धुन से रिलीज़ किया गया। इस गीत के माध्यम से लोक आस्था, भक्ति और छठ महापर्व की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को सुरों में पिरोने का सुंदर प्रयास किया गया है। गीत को अपनी मधुर आवाज़ दी है भजन एवं लोकगायक दीन बन्धु सिंह ने। इसके गीतकार अजय विश्वकर्मा हैं, जबकि संगीत रजनीश प्रजापति ने दिया है। पारंपरिक लोकधुन पर आधारित यह गीत छठ घाटों की रौनक, व्रतियों की श्रद्धा और भगवान सूर्य की उपासना से जुड़ी लोक परंपराओं को दर्शाता है। गीत के गायक दीन बन्धु सिंह ने बताया कि छठ महापर्व भारतीय लोक संस्कृति, आस्था और परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। इस पर्व से जुड़े पारंपरिक गीत हमारी सांस्कृतिक पहचान और लोक विरासत के अभिन्न अंग हैं। ऐसे गीतों के माध्यम से लोक संस्कृति को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है। उन्होंने श्रोताओं, संगीत प्रेमियों एवं छठी मैया के भक्तों से अपील की कि वे ‘चली छठ घाट’ गीत को अधिक से अधिक सुनें और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों के साथ साझा करें, ताकि लोकगीतों और पारंपरिक संगीत को प्रोत्साहन मिल सके।
छठ पूजा की तैयारियों को लेकर पालिका अध्यक्ष ने किया घाटों का स्थलीय निरीक्षण,अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
बलरामपुर। आगामी लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने नगर के प्रमुख छठ पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने टीचर्स कॉलोनी घाट,तुलसीदास पोखरा घाट,राप्ती घाट एवं झारखंडी सरोवर पहुंचकर साफ-सफाई,स्वच्छता,जलाशयों की स्थिति तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

पालिका अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पूर्व सभी घाटों की साफ-सफाई,स्वच्छता,सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराई जाएं। उन्होंने कहा कि घाटों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न रहे और पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि लोक आस्था के इस महापर्व पर श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सभी छठ घाटों पर स्वच्छ,सुरक्षित एवं सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना नगर पालिका की प्राथमिकता है।

पालिका अध्यक्ष ने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार और जनआस्था का सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य,डीपी सिंह बैस,सभासद संदीप मिश्र,जेई सिविल अवनीश यादव,सफाई निरीक्षक दिवाकर पाण्डेय,गौरव मिश्र,शिवम मिश्र सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कांग्रेसजनों ने नेहरू जयंती पर बच्चों को मिठाई बांटी:डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे राजन ने कहा- गांधी-नेहरू को बदनाम करने की कोशिशों से सतर्क रहें

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। बाल दिवस पर कांग्रेसजनों ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती मनाई। कार्यक्रम पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे राजन के चकलोका स्थित आवास पर हुआ। बच्चों को टॉफी और मिठाई बांटकर नेहरू को याद किया गया।

इस मौके पर डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे राजन ने नेहरू के व्यक्तित्व और कामों पर बात की। उन्होंने कहा कि कुछ शक्तियां एक दशक से गांधी-नेहरू को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वाली और वोट चोरी से बनी मोदी सरकार ने देश को अंधेरे में ला खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी संघर्ष में एकजुट होकर चलना होगा।

कार्यक्रम में सत्येंद्र प्रकाश तिवारी, राजेश्वर दूबे, मृत्युंजय पाण्डेय, कंचन दूबे, दीपक पांडेय, नितिन सिंह, पंकज दूबे, अमन पाण्डेय, नीरज यादव, आर्यन यादव, योगेश, सिद्धांत, वेदांत, शौर्य, पिहू, सार्थक, गणेश, रिशु और शबी मौजूद रहे।