नेक पहल: शीत ऋतु से पहले नगर पालिका कर्मचारियों को गर्म वस्त्र वितरित कर चेयरमैन ने दिया संवेदनशीलता और सम्मान का संदेश
मीरजापुर। आगामी शीत ऋतु के दृष्टिगत स्टेशन रोड स्थित शिव शक्ति लॉन में नगर पालिका परिषद, मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी द्वारा नगर पालिका परिषद में कार्यरत कर्मचारियों को गर्म वस्त्रों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर श्याम सुंदर केशरी ने कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और अपनत्व का भाव प्रदर्शित करते हुए उनके कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जब नगरवासी कड़ाके की ठंड में अपने घरों में विश्राम कर रहे होते हैं, तब हमारे स्वच्छताग्राही एवं सफाई कर्मचारी प्रातःकाल से ही नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे होते हैं। नगर की स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्थाओं में इन कर्मयोगियों का योगदान अतुलनीय है।
पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी का यह प्रयास केवल गर्म वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि नगर पालिका परिवार के उन कर्मयोगियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है, जिनके अथक परिश्रम से नगर की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं। उनकी कार्यशैली में जनसेवा के साथ-साथ कर्मचारियों के सुख-दुःख का सहभागी बनने और उनके सम्मान एवं कल्याण को प्राथमिकता देने की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। श्याम सुंदर केशरी ने संदेश दिया कि कर्मचारियों का सम्मान ही नगर के विकास की मजबूत नींव है। निश्चित रूप से यह पहल अन्य जनप्रतिनिधियों और संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। नगर के विकास के साथ-साथ नगर की सेवा करने वाले प्रत्येक कर्मयोगी का सम्मान और कल्याण सुनिश्चित करना ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है। इस अवसर पर सभासद विजय प्रजापति, सभासद संदीप तिवारी  आदि सहित पालिका से जुड़े हुए लोग उपस्थित रहे हैं।
मुरादाबाद: नौ निरीक्षक और दो उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले
मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश पर जिले में नौ इंस्पेक्टर और दो सब इंसपेक्टर के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया है। इस दाैरान सात थानों में नए प्रभारियाें की तैनाती की गई।

इस प्रशासनिक बदलाव में मझोला, नागफनी, मूंढापांडे, कोतवाली, छजलैट, डिलारी और साइबर थाने की कमान नए हाथों में पहुंच गई। नागफनी के प्रभारी मनीष सक्सेना को थाना मझोला का नया प्रभारी बनाया गया है। मझोला के रविंद्र कुमार अब मूंढापांडे थाने की जिम्मेदारी संभालेंगे। गैर जनपद तबादले के चलते मूंढापांडे प्रभारी मोहित चौधरी और साइबर थाना प्रभारी विवेक शर्मा को कार्यमुक्त करने के लिए पुलिस लाइन भेजा गया है। पुलिस लाइन से शोकिंदर सिंह को थाना डिलारी का प्रभारी बनाया गया है। थाना डिलारी के प्रभारी विजेंद्र सिंह लंबी छुट्टी पर चल रहे है। छजलैट प्रभारी रमेश चंद्र को चुनाव सेल भेजा गया, उनके स्थान पर राजकुमार सिंह को वहां तैनात किया गया है। साइबर थाने की कमान सनोज कुमार सिंह को मिली है। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार अब नागफनी और खदाना चौकी प्रभारी करमजीत सिंह कोतवाली संभालेंगे। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि सभी को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले यमुनानगर जोन में 109 उपनिरीक्षकों का तबादला
प्रयागराज। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के मद्देनजर पुलिस विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को यमुनानगर जोन में तैनात कुल 109 उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। स्थानांतरित होने वालों में महिला और पुरुष दोनों उपनिरीक्षक शामिल हैं।

पुलिस उपायुक्त (यमुना नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की है। इसका उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना है। स्थानांतरण के माध्यम से पुलिसकर्मियों की तैनाती में प्रशासनिक संतुलन बनाने के साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन की व्यवस्था की गई है।

मनीष ने बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन कराया जा रहा है। इसी क्रम में यमुनानगर जोन के 109 उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। इसमें महिला और पुरुष दोनों उपनिरीक्षक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं।
श्री तारिक वाशिम को महिला हॉकी टीम का बनाया गया सेकेक्टर ............................
डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिषद ने सुल्तानपुर जनपद के राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और  NIS प्रशिक्षक रहे तारिक वसीम को अंतर महाविद्यालय महिला, हॉकी प्रतियोगिता जो दिनांक 16/11/ 23 से17/11/26 डॉ भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीडा परिषद डाभर सेमर में आयोजित किया जा रहा है उन खिलाड़ियों के सिलेक्शन करने के लिए तारीख वसीम जी को   सेकेक्टर नियुक्त किया गया है जो सुल्तानपुर जनपद  के लिए गर्व की बात है इस उपलब्धि पर सुल्तानपुर जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश सोनकर जिला ओलंपिक संघ के सचिव पंकज दुबे, फुटबॉल संघ के सचिव एम एस बेग ,जॉइंट सेक्रेटरी हॉकी  इरशाद खान,मोहमद आशिफ, राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सोनल तिवारी, वॉलीबाल संघ के सचिव एस एन सिंह, कबड्डी संघ के सचिव महेश यादव, मोहम्मद आरिफ नियाज, मोहमद सईद, राम कुमार, स्टेडियम के समस्त  प्रशिक्षकों ने  दी बधाई। जिला ओलंपिक संघ के प्रवक्ता डॉक्टर अब्दुल हमीद ने इसे जनपद सुल्तानपुर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
राधिका का पूर्व गणतंत्र दिवस परेड हेतु चयन हुआ
सुलतानपुर। राणा प्रताप पी जी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना की बी ए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा राधिका पुत्री शिव मंगल निवासी अभियाकला भदैया का चयन पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर मध्य क्षेत्र  आगरा के लिए हुआ है। ध्यातव्य है कि  डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से केवल दो स्वयंसेवकों का चयन पूर्व गणतंत्र दिवस परेड के लिये हुआ है। यहाँ दस दिवसीय कैम्प में अंतिम रूप से गणतंत्र दिवस परेड के लिये चयन होगा। यह शिविर 21 नवंबर से 30 नवंबर तक डॉ भीम राव अम्बेडकर विश्वविद्यालय आगरा में आयोजित है।  पूर्व में भी राणा प्रताप कॉलेज के स्वयंसेवक गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा रहे है। राणा प्रताप कॉलेज के अध्य्क्ष संजय सिंह, प्रबंधक बाल चंद्र सिंह, प्राचार्य प्रो डी के त्रिपाठी एवं प्री आर डी कैम्प कॉर्डिनेटर विरेन्द्र  कुमार गुप्ता, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्र्म अधिकारी डॉ विभा सिंह, डॉ प्रभात  श्रीवास्तव ने राधिका को बधाई देते हुए सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छठ गीत ‘चली छठ घाट’ से लोकगायक दीन बन्धु सिंह ने बिखेरे सुरों के रंग

सुल्तानपुर। छठ महापर्व के पावन अवसर पर जनपद के भजन एवं लोकगायक दीन बन्धु सिंह का नया पारंपरिक छठ गीत ‘चली छठ घाट’ संगम धुन से रिलीज़ किया गया। इस गीत के माध्यम से लोक आस्था, भक्ति और छठ महापर्व की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को सुरों में पिरोने का सुंदर प्रयास किया गया है। गीत को अपनी मधुर आवाज़ दी है भजन एवं लोकगायक दीन बन्धु सिंह ने। इसके गीतकार अजय विश्वकर्मा हैं, जबकि संगीत रजनीश प्रजापति ने दिया है। पारंपरिक लोकधुन पर आधारित यह गीत छठ घाटों की रौनक, व्रतियों की श्रद्धा और भगवान सूर्य की उपासना से जुड़ी लोक परंपराओं को दर्शाता है। गीत के गायक दीन बन्धु सिंह ने बताया कि छठ महापर्व भारतीय लोक संस्कृति, आस्था और परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। इस पर्व से जुड़े पारंपरिक गीत हमारी सांस्कृतिक पहचान और लोक विरासत के अभिन्न अंग हैं। ऐसे गीतों के माध्यम से लोक संस्कृति को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है। उन्होंने श्रोताओं, संगीत प्रेमियों एवं छठी मैया के भक्तों से अपील की कि वे ‘चली छठ घाट’ गीत को अधिक से अधिक सुनें और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों के साथ साझा करें, ताकि लोकगीतों और पारंपरिक संगीत को प्रोत्साहन मिल सके।
छठ पूजा की तैयारियों को लेकर पालिका अध्यक्ष ने किया घाटों का स्थलीय निरीक्षण,अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
बलरामपुर। आगामी लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने नगर के प्रमुख छठ पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने टीचर्स कॉलोनी घाट,तुलसीदास पोखरा घाट,राप्ती घाट एवं झारखंडी सरोवर पहुंचकर साफ-सफाई,स्वच्छता,जलाशयों की स्थिति तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

पालिका अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पूर्व सभी घाटों की साफ-सफाई,स्वच्छता,सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराई जाएं। उन्होंने कहा कि घाटों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न रहे और पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि लोक आस्था के इस महापर्व पर श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सभी छठ घाटों पर स्वच्छ,सुरक्षित एवं सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना नगर पालिका की प्राथमिकता है।

पालिका अध्यक्ष ने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार और जनआस्था का सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य,डीपी सिंह बैस,सभासद संदीप मिश्र,जेई सिविल अवनीश यादव,सफाई निरीक्षक दिवाकर पाण्डेय,गौरव मिश्र,शिवम मिश्र सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
कांग्रेसजनों ने नेहरू जयंती पर बच्चों को मिठाई बांटी:डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे राजन ने कहा- गांधी-नेहरू को बदनाम करने की कोशिशों से सतर्क रहें

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। बाल दिवस पर कांग्रेसजनों ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती मनाई। कार्यक्रम पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे राजन के चकलोका स्थित आवास पर हुआ। बच्चों को टॉफी और मिठाई बांटकर नेहरू को याद किया गया।

इस मौके पर डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे राजन ने नेहरू के व्यक्तित्व और कामों पर बात की। उन्होंने कहा कि कुछ शक्तियां एक दशक से गांधी-नेहरू को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वाली और वोट चोरी से बनी मोदी सरकार ने देश को अंधेरे में ला खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी संघर्ष में एकजुट होकर चलना होगा।

कार्यक्रम में सत्येंद्र प्रकाश तिवारी, राजेश्वर दूबे, मृत्युंजय पाण्डेय, कंचन दूबे, दीपक पांडेय, नितिन सिंह, पंकज दूबे, अमन पाण्डेय, नीरज यादव, आर्यन यादव, योगेश, सिद्धांत, वेदांत, शौर्य, पिहू, सार्थक, गणेश, रिशु और शबी मौजूद रहे।
मां झिनका फाउंडेशन ने किया बीजेपी विधायक रमेश चंद्र मिश्रा का सम्मान

जौनपुर। उल्हासनगर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था मां झिनका फाउंडेशन द्वारा आज बदलापुर के लोकप्रिय भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा का बदलापुर स्थित उनके आवास श्री कमलम पर सम्मान किया गया। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष तथा उल्हासनगर के पूर्व जिला उपाध्यक्ष दिनेश हरिलाल अग्रहरि ने धार्मिक अंग वस्त्र से उनका सम्मान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, बीजेपी बूथ अध्यक्ष राजेश प्रजापति तथा युवा समाजसेवी पंकज पांडे उपस्थित रहे। श्री अग्रहरि ने कहा कि बदलापुर विधानसभा के विकास में विधायक रमेश चंद्र मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान है। उनके सराहनीय कामों को देखते हुए संस्था द्वारा आज उनका सम्मान किया गया। विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने संस्था द्वारा सम्मान की जाने पर श्री अग्रहरि को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जनता के प्रति अपनी जवाबदही को वे पूरी समर्पित भावना के साथ पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं।
लोक आस्था के महापर्व डाला छठ का दूसरा दिन, खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
-शाम को छठी मइया को अर्पित होगा रसियाव और खीर का भोग, घर-घर गूंज रहे छठ के पारंपरिक गीत

लखनऊ/वाराणसी। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व डाला छठ के दूसरे दिन शनिवार को पूरे उत्तर प्रदेश में श्रद्धा और भक्ति का माहौल है। वाराणसी समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में व्रती महिलाओं ने सुबह से ही निर्जला उपवास रखकर छठी मइया की आराधना की। दिनभर व्रत रखने के बाद शाम को खरना (संझवत) की परंपरा निभाई जाएगी। इसके साथ ही व्रती महिलाओं का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत प्रारम्भ हो जाएगा।

खरना पर छठी मइया को लगेगा पारंपरिक प्रसाद का भोग

खरना के अवसर पर व्रती महिलाएं शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करेंगी और पूरे विधि-विधान से छठी मइया की पूजा-अर्चना करेंगी। इस दौरान छठी मइया को रसियाव (गुड़ की खीर), शुद्ध घी लगी रोटी, अरवा चावल, दूध, गुड़ और केला सहित पारंपरिक पकवानों का भोग लगाया जाएगा। पूजा के बाद व्रती महिलाएं प्रसाद ग्रहण कर खरना का अनुष्ठान पूरा करेंगी और परिवार के सदस्यों तथा शुभचिंतकों के बीच प्रसाद वितरित करेंगी।

खरना के बाद व्रती महिलाएं अगले 36 घंटे तक अन्न और जल का त्याग कर कठिन निर्जला व्रत रखेंगी। इस दौरान परिवार की सुहागिन महिलाओं की मांग भरकर उन्हें अखंड सौभाग्यवती रहने का आशीर्वाद देने की भी परंपरा निभाई जाएगी।

रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित होगा पहला अर्घ्य

महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाएं छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए सिर पर पूजा की टोकरी और प्रसाद से सजी देउरी लेकर गाजे-बाजे के साथ नदी, सरोवर और तालाबों के घाटों पर पहुंचेंगी। वहां सामूहिक रूप से छठी मइया की कथा सुनने के बाद अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इस दौरान भगवान सूर्य को विशेष रूप से तैयार ठेकुआ, मौसमी फल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की जाएगी।

महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार को व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद पारण के साथ 36 घंटे के कठिन व्रत का समापन होगा।

घाटों और सरोवरों पर पूरी हुई तैयारियां

छठ महापर्व को लेकर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में नदियों, कुंडों, तालाबों और अस्थायी जलाशयों के किनारे तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वाराणसी में सामनेघाट से लेकर भैंसासुर घाट और बरेका स्थित सूर्य सरोवर तक पूजा के लिए वेदियां बनाई गई हैं। गंगा और वरुणा नदी के तट पर भी व्रती महिलाओं के परिजनों ने अपनी सुविधा के अनुसार पूजा स्थल तैयार किए हैं।

इसी तरह प्रयागराज, कानपुर, आगरा, लखनऊ, बलिया और गोरखपुर समेत प्रदेश के अन्य शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी छठ पूजा को लेकर उत्साह और उल्लास का वातावरण है। घाटों की साफ-सफाई, सजावट और पूजा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

पारंपरिक छठ गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल

महापर्व के अवसर पर वाराणसी से लखनऊ और पूर्वांचल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक शहरों से लेकर गांवों तक छठ के पारंपरिक और आधुनिक गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। घरों में महिलाएं समूह बनाकर छठी मइया के गीत गा रही हैं और पूरे परिवार के साथ पूजा की तैयारियों में जुटी हैं।

हालांकि, आधुनिक गीतों के बीच छठ के पारंपरिक लोकगीतों का आकर्षण आज भी बरकरार है। 'केरवा के पात पर उग हो सूरज देव, भइल अरग के बेर', 'केरवा जे फरले घउद में ता पर सुग्गा मंडराए', 'मरबऊ रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए' और 'हम तोहसे पूछिले बरतिया करेलू छठ बरतिया से केकरा लागी' जैसे गीत व्रती महिलाओं और उनके परिजनों के बीच खासे लोकप्रिय हैं। वहीं, छठी मइया के सदाबहार गीत 'बाट जे पूछेला बटोहिया, बहंगी केकरा के जाय' और 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए' की मधुर धुन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। लोक आस्था, पारिवारिक एकजुटता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देने वाला यह महापर्व एक बार फिर पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।