उत्तर प्रदेश में 38 आईएएस अधिकारियाें के तबादले, 05 जिलाें के डीएम बदले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार की देर रात काे 38 आईएएस अधिकारियाें का तबादला किया है। इनमें पांच जिलाें के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, सयुंक्त प्रबंध निदेशक के अधिकारी शामिल हैं। तबादलाें काे आगामी विधानसभा चुनाव-2027 से जाेड़कर देखा जा रहा है।

शासन ने जिन आईएएस अधिकारियाें के तबादले किए हैं, उनमें प्रथमेश कुमार काे सीतापुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इससे पहले वह लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष थे। जाेगिंद्र सिंह काे विशेष सचिव, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति से जिलाधिकारी बिजनाैर, सुनील कुमार सिंह काे अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नाेएडा से जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर, सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन काे महाराजगंज का नया डीएम बनाया गया है। वहीं, महाराजगंज के गाैरव सिंह साेगरवाल काे सिद्धार्थनगर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा अनुज सिंह काे लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, वंदना त्रिपाठी काे अपर आयुक्त सहारनपुर मंडल, संदीप कुमार काे मुख्य विकास अधिकारी मेरठ, प्रतिभा सिंह काे अपर आयुक्त कानपुर मंडल समेत 38 आईएएस अधिकारियाें के तबादले किए गए हैं। -
महिला सशक्तिकरण का संदेश देती Orange the World रैली , इनर व्हील क्लब मुरादाबाद सिविल लाइंस का सिल्वर जुबली समारोह संपन्न
मुरादाबाद। इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 310 के तत्वावधान में शुक्रवार को मुरादाबाद में 13 नवंबर 2026 को महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के संदेश के साथ Orange the World – End Violence Against Women अभियान के अंतर्गत एक संयुक्त जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. उषा राज गुप्ता एवं डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रीना गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रातः आयोजित संयुक्त जागरूकता रैली में मुरादाबाद के सात इनर व्हील क्लब – मुरादाबाद, ईस्ट, एसेंस, सिविल लाइंस, सेंट्रल, मिडटाउन एवं नॉर्थस्टार की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। फ्लेवर रेस्टोरेंट, MDA से प्रारंभ हुई इस रैली में लगभग 60 छात्राओं ने भी भाग लिया। रैली के माध्यम से महिलाओं के प्रति हिंसा समाप्त करने, महिला सुरक्षा, सम्मान, समानता एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। सभी सदस्यों ने एकजुट होकर सुरक्षित एवं बेहतर समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इसके साथ ही इनर व्हील क्लब ऑफ मुरादाबाद सिविल लाइंस द्वारा क्लब की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सिल्वर जुबली समारोह भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. उषा राज गुप्ता की क्लब में आधिकारिक यात्रा (Official Visit) भी संपन्न हुई। क्लब की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, सामाजिक सेवा एवं उपलब्धियों को याद करते हुए सदस्यों ने इस विशेष अवसर को उत्साह और उल्लास के साथ मनाया। डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन की आधिकारिक यात्रा के दौरान क्लब द्वारा चार विशेष सेवा प्रोजेक्ट भी संपन्न किए गए।

—महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता: जरूरतमंद महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड का वितरण किया गया।
—कन्या सहायता: एक जरूरतमंद कन्या को उसके विवाह के लिए आवश्यक घरेलू एवं विवाह संबंधी सामान प्रदान किया गया।
—वृद्ध सेवा: वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को 60 शॉल वितरित किए गए।
—सहायता एवं सुविधा: आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को चार पंखे दान किए गए, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिल सके। इन सभी सेवा कार्यों के माध्यम से क्लब ने महिला स्वास्थ्य, जरूरतमंदों की सहायता, बुजुर्गों की देखभाल एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाने का संदेश दिया।

डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. उषा राज गुप्ता ने क्लब के प्रयासों एवं सेवा गतिविधियों की सराहना की और सभी सदस्यों को इसी प्रकार समर्पण एवं एकता के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रीना गोयल ने सभी क्लबों द्वारा किए गए सराहनीय प्रयासों, उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं महत्वपूर्ण सहयोग की प्रशंसा की। क्लब प्रेसिडेंट पूनम रस्तोगी, क्लब सेक्रेटरी शुभी रस्तोगी एवं क्लब की सभी कल्पना,नीतू,ईशा,शिवानी,ज्योति,नीलम, रंजू, कृष्णा,श्वेता,प्रेमबाला, विनीता,आरती,सुनीता,सोनिया,पल्लवी गोयल,पल्लवी,रूबी,शालिनी, साक्षी,शिल्पी,रश्मि,मृदुला, सुधा पूनम,बीनू, रूपम,दीपा,पारुल,अर्चना,pdc आशा सिंह ,pdc सोनल भाटिया आदि सदस्याएं उपस्थित रहीं।

दोनों कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि इनर व्हील केवल मित्रता का मंच नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने, महिलाओं को सशक्त बनाने और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाने का एक सशक्त माध्यम भी है।
लखनऊ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार
प्रेमिका को बदनाम करने के लिए रची थी साजिश!

चारबाग स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन के शौचालय में चिपकाए थे धमकी भरे पत्र, जीआरपी और सर्विलांस टीम ने अयोध्या के युवक को दबोचा, पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम

लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में विस्फोट करने और धार्मिक एवं सांप्रदायिक उन्माद फैलाने की धमकी देने के मामले का राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में अयोध्या निवासी 28 वर्षीय युवक मोहम्मद शारिक को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने बनारस-लखनऊ इंटरसिटी ट्रेन के दो जनरल कोच के शौचालय में हस्तलिखित धमकी भरे पत्र चिपकाए थे। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि प्रेम संबंध में लड़की द्वारा छोड़ दिए जाने से नाराज होकर उसने उसे बदनाम और परेशान करने के इरादे से यह हरकत की थी। मामले का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर आठ और नौ पर खड़ी ट्रेन संख्या 14225/26 (बनारस-लखनऊ इंटरसिटी) के दो जनरल कोच में आपत्तिजनक हस्तलिखित पत्र मिले थे। कोच संख्या 135252 और 094520 के शौचालय की खिड़की तथा शीशे के पीछे ये पत्र चिपकाए गए थे। पत्रों में धार्मिक एवं सांप्रदायिक उन्माद फैलाने के साथ ही ट्रेन में विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इस घटना से रेलवे स्टेशन और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी थाना चारबाग में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 435/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) और 299 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना का जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस महानिदेशक रेलवे उत्तर प्रदेश के आदेश पर पुलिस महानिरीक्षक रेलवे लखनऊ के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं।

पुलिस अधीक्षक रेलवे लखनऊ ने घटना के अनावरण के लिए तीन टीमों का गठन किया था। पहली टीम में जीआरपी थाना चारबाग और सर्विलांस टीम को शामिल किया गया। दूसरी टीम को जीआरपी थाना शाहजहांपुर और अयोध्या से लगाया गया, जबकि तीसरी टीम में जीआरपी थाना अकबरपुर के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।

पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रथम के पर्यवेक्षण में सभी टीमों ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की तलाश की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और 13 नवंबर 2026 को आरोपी मोहम्मद शारिक को गिरफ्तार कर लिया गया।

अयोध्या का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शारिक पुत्र मोहम्मद शारिब के रूप में हुई है। वह अंसार नगर, वार्ड नंबर नौ, थाना कोतवाली गोसाईगंज, जनपद अयोध्या का निवासी है। उसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसे 13 नवंबर को चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर आठ और नौ के पास सेवा ग्राम कॉलोनी के निकट टूटे हुए पुल के पास से गिरफ्तार किया।
प्रेम संबंध में नाराजगी को बताया वजह
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि प्रेम संबंध में लड़की द्वारा उसे छोड़ दिए जाने से वह नाराज था। इसी वजह से उसने लड़की को बदनाम करने और परेशान करने के इरादे से ट्रेन में धमकी भरे पत्र चिपकाए थे। हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में किसी विस्फोटक सामग्री की बरामदगी का उल्लेख नहीं किया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास के संबंध में भी उपलब्ध विवरण में कोई अन्य मुकदमा दर्ज होने की जानकारी नहीं दी गई है।

पुलिस टीम को मिलेगा 25 हजार का पुरस्कार

इस मामले का सफल अनावरण करने वाली टीम में जीआरपी थाना चारबाग के वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार यादव, हेड कांस्टेबल सुधीर सिंह, कांस्टेबल मनीष सिंह, रोहित कुमार और सुनील कुमार शामिल रहे। इसके अलावा आरपीएफ पोस्ट चारबाग के उपनिरीक्षक हेमंत कुमार, सहायक उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र यादव और कांस्टेबल अंकित ने भी कार्रवाई में सहयोग किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं, घटना का सफल खुलासा करने और आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश ने 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। इस कार्रवाई में जीआरपी और सर्विलांस टीम के साथ आरपीएफ के जवानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मिशन शक्ति से सात मामलों में दोषियों को सजा, तीन को उम्रकैद; नौ पीड़िताओं को मिले 27 लाख रुपये
लखनऊ जोन पुलिस ने अक्टूबर में महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर की प्रभावी कार्रवाई, अयोध्या के मेले से बिछड़े 10 बच्चों को सुरक्षित खोजा, बाराबंकी और अंबेडकरनगर में भी गुमशुदा बच्चियों को परिजनों से मिलाया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन की प्राथमिकताओं और पुलिस महानिदेशक की ओर से निर्धारित कार्ययोजना के तहत महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर लखनऊ जोन पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत अपराधों की रोकथाम, महिला उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और प्रभावी अभियोजन के साथ पीड़िताओं को न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में अक्टूबर 2026 के दौरान लखनऊ जोन के विभिन्न जनपदों में सात मामलों में आरोपितों को न्यायालय से सजा दिलाई गई। इनमें आजीवन कारावास से लेकर तीन वर्ष तक के कठोर कारावास की सजाएं शामिल हैं। इसके अलावा गुमशुदा बच्चों की सकुशल बरामदगी, जरूरतमंद महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और पीड़िताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण काम किया गया।

पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ न्यायालयों में मुकदमों की मजबूत पैरवी की जा रही है। इसका परिणाम अक्टूबर महीने में सात मामलों में दोषियों को सजा के रूप में सामने आया है।
सात मामलों में दोषियों को मिली सजा
हरदोई: शाहाबाद थाने में वर्ष 2020 में दर्ज दुष्कर्म और धमकी के मामले में न्यायालय ने आरोपित को 10 वर्ष के कठोर कारावास और 26 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।

खीरी: कोतवाली सदर में वर्ष 2017 में दर्ज सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो आरोपितों को 20-20 वर्ष के कठोर कारावास और 20-20 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया।

रायबरेली: शिवगढ़ थाने में वर्ष 2024 में दर्ज मामले में आरोपित को आजीवन कारावास और एक लाख 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई।

सीतापुर: रामकोट थाने में वर्ष 2025 में दर्ज हत्या और साक्ष्य छिपाने से जुड़े मामले में आरोपित को आजीवन कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया।

उन्नाव: सफीपुर थाने में वर्ष 2021 में दर्ज महिला और बालिका से संबंधित अपराध के मामले में आरोपित को तीन वर्ष के कठोर कारावास और 20 हजार 500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई।

बाराबंकी: लोनीकटरा थाने में वर्ष 2025 में दर्ज बालिका से संबंधित अपराध के मामले में आरोपित को आजीवन कारावास और एक लाख 10 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया।

अमेठी: मुसाफिरखाना थाने में वर्ष 2022 में दर्ज अपहरण और दुष्कर्म के मामले में आरोपित को 10 वर्ष के कठोर कारावास और 15 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई।
अयोध्या के मेले में बिछड़े 10 बच्चों को सुरक्षित खोजा
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला एवं बालिका सुरक्षा के साथ गुमशुदा बच्चों की तलाश और उन्हें सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने के लिए भी विशेष प्रयास किए गए। अयोध्या में मां कामाख्या धाम मेले के दौरान भीड़ में बिछड़े 10 बालक-बालिकाओं को मिशन शक्ति टीम ने सकुशल बरामद किया। इसके बाद सभी बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

इसी तरह बाराबंकी में देवां मेले के दौरान बिछड़ी तीन वर्षीय बालिका को पुलिस टीम ने सुरक्षित खोजकर परिवार को सौंपा। अंबेडकरनगर में भी तीन वर्षीय गुमशुदा बालिका की तलाश के लिए मिशन शक्ति टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने सोशल मीडिया और बाल सहायता सेवा के माध्यम से बच्ची के परिजनों की जानकारी जुटाई और उसे सकुशल परिवार तक पहुंचाया।
उन्नाव में जरूरतमंद विधवा को दिलाई पेंशन
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी पुलिस ने पहल की। उन्नाव के हसनगंज थाना क्षेत्र में पति की मृत्यु के बाद आर्थिक तंगी से जूझ रही एक महिला की मदद की गई। मिशन शक्ति टीम ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराकर उसे विधवा पेंशन योजना का लाभ दिलाया। इससे महिला को आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता साफ हुआ।
नौ पीड़िताओं को मिले 27 लाख रुपये
खीरी जनपद में महिला पीड़िताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के तहत विशेष कार्रवाई की गई। इसके अंतर्गत 12 अक्टूबर 2026 को नौ महिला पीड़िताओं को कुल 27 लाख रुपये की अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई। इस सहायता का उद्देश्य पीड़िताओं को कठिन परिस्थितियों से उबरने और पुनर्वास में सहयोग देना है।
सुरक्षा के साथ सम्मान और आत्मनिर्भरता पर जोर
लखनऊ जोन पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला एवं बालिका सुरक्षा को केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं रखा गया है। इसमें पीड़िताओं को तत्काल सहायता, चिकित्सकीय सहयोग, काउंसलिंग, पुनर्वास और पात्र महिलाओं को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सम्मान, त्वरित न्याय और आत्मनिर्भरता का अवसर देना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए सभी जनपदों में पुलिस की ओर से संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह 20 नवम्बर को क्रिश्चियन इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद में आयोजित होगा
*जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा कर नामित अधिकारियों को स्वयं उपस्थित रहकर कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित कराने के दिए निर्देश*

*जनपद को 703 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य आवंटित, 908 जोड़ों ने किया ऑनलाइन आवेदन; प्रथम चरण में लगभग 375 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह*

फर्रुखाबाद ।  मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत 20 नवम्बर 2026 को क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, फर्रुखाबाद में आयोजित होने वाले जनपद स्तरीय सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आवश्यक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से आयोजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराना तथा उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करना है।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि 20 नवम्बर को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिन अधिकारियों को जिस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे अपने स्तर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। नामित अधिकारी कार्यक्रम के दिन स्वयं आयोजन स्थल पर उपस्थित रहकर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के माध्यम से व्यवस्थाओं की निगरानी करें तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहने पाए।

उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन में सम्मिलित होने वाले सभी जोड़ों एवं उनके परिजनों की सुविधा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था, मंच, टेंट, भोजन, पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। वर-वधू एवं उनके साथ आने वाले परिजनों के लिए अलग-अलग आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं, जिससे कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विवाह हेतु चयनित लाभार्थियों के आवेदन पत्रों एवं अभिलेखों का नियमानुसार सत्यापन समय से पूर्ण कर लिया जाए। पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर उन्हें कार्यक्रम में सम्मिलित होने की सूचना समय से उपलब्ध कराई जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि योजना का लाभ केवल पात्र एवं जरूरतमंद लाभार्थियों को ही मिले तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं दिशा-निर्देशों का अनुपालन किया जाए।

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में शासन द्वारा जनपद फर्रुखाबाद के लिए कुल 703 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक विवाह हेतु कुल 908 जोड़ों द्वारा ऑनलाइन आवेदन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में लगभग 375 पात्र लाभार्थियों को सामूहिक विवाह सम्मेलन के माध्यम से योजना के लाभ से लाभान्वित किए जाने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप योजना के अंतर्गत पात्र जोड़ों का विवाह पूर्ण गरिमा एवं सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। इसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अपनी बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने में सहायता मिलती है।  सभी अधिकारी इसे पूरी संवेदनशीलता, गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ लेते हुए आयोजन को सफल बनाएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं योजना के सफल आयोजन हेतु नामित अधिकारी उपस्थित रहे।
कन्नौज में कार सवार युवकों की दबंगई, हॉर्न बजाने के विवाद में बाइक सवारों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वीडियो वायरल

पंकज श्रीवास्तव/विवेक कुमार

कन्नौज में कार सवार युवकों की दबंगई का मामला सामने आया है। यहां हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद में कार सवार युवकों ने बाइक सवारों की बीच सड़क जमकर पिटाई कर दी। दबंगों ने तिराहे पर बाइक सवार युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के पटेल नगर तिराहे का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार और कार सवार युवकों के बीच हॉर्न बजाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कार सवार युवक मारपीट पर उतारू हो गए।

आरोप है कि कार सवार युवकों ने बाइक सवारों को बीच तिराहे पर घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। दबंगों ने युवकों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस मारपीट के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। किसी ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में कार सवार युवकों की दबंगई को लेकर चर्चा हो रही है। व्यस्त तिराहे पर खुलेआम मारपीट की घटना ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

फिलहाल वायरल वीडियो इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के पटेल नगर तिराहे का बताया जा रहा है। घटना तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। पुलिस की ओर से मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी सामने आने का इंतजार है।
पुलिस ने मुठभेड़ में एक को घायल कर चार लुटेरों को किया गिरफ्तार


Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। कोतवाली कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में दीपावली की रात हुई लूट की घटना में पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार/शुक्रवार की रात मुखबिर की सूचना पर मुठभेड़ कर एक लुटेरे को घायल करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने लुटेरों के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक सहित दो बाइक एक तमंचा और लूटे हुए एक लाख पैतालिस हजार की नगदी बरामद की है।
     प्राप्त विवरण मे 8 नवंबर को समय करीब 10:26 बजे रात्रि में थाना को० देहात पुलिस को सूचना मिली कि राजेश कुमार सिंह पुत्र हरीकरण सिंह निवासी आशानगर थाना कोतवाली देहात अपने कैंटीन संचालक सुरजीत कुमार के साथ अपनी मोटरसाइकिल से हरियावा से हरदोई आ रहे थे।पोखरी तिराहे पर पीछे से तीन अज्ञात बाइक सवारों ने कैंटीन संचालक सुरजीत कुमार के पास रखे नगदी के बैग को लूट कर वापस पिहानी रोड की तरफ भाग गए। प्रकरण के सम्बन्ध में पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की थी।
    पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा घटना के सफल व शीघ्र अनावरण हेतु तीन टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।
   12/13 नवम्बर की रात्रि में मुखबिर की सूचना पर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नयागांव मोड़ पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की चेकिंग शुरू की गई।तभी पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध लुटेरों द्वारा अपनी मोटरसाइकिल को मोड कर भागने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया तथा दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति मोटरसाइकिल को मोड कर भागने लगा, पुलिस टीम द्वारा उसका पीछा किया गया तो मोटरसाइ‌किल पर सवार व्यक्ति के द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया, पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ जबावी फायरिंग की गयी, जिसमें विजेन्द्र पुत्र भभूति नि० ग्राम रिक्खापुरवा पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसको तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल हरदोई भिजवाया गया। पुलिस मुठभेड में घायल विजेंद्र व मौके से गिरफ्तार शोभित पुत्र वीरेन्द्र नि० ग्राम उतरा थाना हरियावां,अंकुल पुत्र ओमप्रकाश नि० ग्राम रिक्खा पुरवा थाना कोतवाली देहात और गंगेव पुत्र सुरेन्द्र नि० ग्राम रिक्खापुरवा थाना कोतवाली देहात को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो अदद मोटरसाइकिल, 1,45,730 रुपए नगदी, 04 मोबाइल, 01 तमंचा 315 बोर, 01 जिंदा कारतूस एवं 01 खोखा कारतूस बरामद किये गए है। गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास के सम्बन्ध मे जानकारी की जा रही है
गंगा नदी में गिरने वाले नालों को रोकने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण*
*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई बैठक, गंगा में सीधे गिर रहे नालों को रोकने के लिए संबंधित विभागों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश*

*सोता बहादुरपुर में नालों का निरीक्षण कर ग्राम पंचायत स्तर पर फिल्टर चैंबर बनाने के दिए निर्देश, 17 एमएलडी एसटीपी का भी किया निरीक्षण*

फर्रुखाबाद। गंगा नदी को स्वच्छ, अविरल एवं निर्मल बनाए रखने तथा गंगा में सीधे गिरने वाले नालों के माध्यम से पहुंच रहे प्रदूषित जल को रोकने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली के उपनिदेशक नलिन कुमार श्रीवास्तव एवं उनकी टीम द्वारा जनपद फर्रुखाबाद का भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक एवं विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के उपनिदेशक नलिन कुमार श्रीवास्तव एवं उनकी टीम द्वारा जनपद में गंगा नदी में सीधे गिर रहे नालों की स्थिति, उनके माध्यम से गंगा नदी में पहुंच रहे दूषित जल तथा नालों के प्रवाह को रोकने के लिए किए जाने वाले आवश्यक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी महोदया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा नदी में सीधे गिरने वाले सभी नालों को चिन्हित कर उनकी वर्तमान स्थिति का विस्तृत विवरण तैयार किया जाए। नालों के दूषित जल को गंगा में जाने से रोकने के लिए तकनीकी एवं व्यवहारिक विकल्पों पर विचार करते हुए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी दशा में अनुपचारित गंदा पानी सीधे गंगा नदी में प्रवाहित न हो।

बैठक के बाद राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा विकासखंड बढ़पुर के ग्राम सोता बहादुरपुर में गंगा नदी में गिर रहे नालों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नालों के निकास स्थलों एवं गंगा नदी तक पहुंच रहे दूषित जल की स्थिति का जायजा लिया गया। टीम द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर नालों के पानी को गंगा नदी में पहुंचने से पूर्व रोकने एवं उसके उचित प्रबंधन के लिए फिल्टर चैंबर बनाए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया गया कि जनपद में गंगा नदी में गिरने वाले अन्य नालों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध इसी प्रकार प्रभावी कार्यवाही की जाए। नालों के पानी का समुचित उपचार एवं निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं तकनीकी व्यवस्थाओं का उपयोग करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। इस कार्य में ग्राम पंचायत, विकासखंड एवं संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम द्वारा फतेहगढ़ स्थित 17 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसटीपी की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने गंगा नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप नालों के दूषित जल का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस दौरान प्रभागीय निदेशक राजीव कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी  अवनीश कुमार, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई, जल निगम कानपुर के परियोजना अभियंता मोहित चक, जिला परियोजना अधिकारी  निहारिका पटेल, जल निगम शहरी के विपुल कुमार सहित खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत सचिव एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में स्वगणना को लेकर जिलाधिकारी की जनपदवासियों से अपील, राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर करें सहभागिता
जिलाधिकारी ने कहा- सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी, जनगणना के आंकड़े देश के विकास की योजनाओं का बनेंगे आधार

मऊ। जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्रस्तावित स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से विशेष अपील की है। उन्होंने जनपदवासियों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और स्वगणना के माध्यम से अपने परिवार एवं आवास से संबंधित निर्धारित जानकारियां सही-सही उपलब्ध कराने का आह्वान किया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रियाओं में से एक है। इसके माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति, आवासीय परिस्थितियों और नागरिक सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र किए जाते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर ही केंद्र एवं राज्य सरकारों को विकास योजनाओं के निर्माण, नीतियों के निर्धारण तथा विभिन्न क्षेत्रों में संसाधनों के उचित वितरण में सहायता मिलती है।

इसलिए जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।    उन्होंने बताया कि स्वगणना की प्रक्रिया नागरिकों को स्वयं अपने परिवार और आवास से संबंधित निर्धारित विवरण उपलब्ध कराने का अवसर प्रदान करती है।

इसके माध्यम से नागरिक निर्धारित ऑनलाइन व्यवस्था का उपयोग कर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना के दौरान दी जाने वाली जानकारी सही, स्पष्ट और पूर्ण होनी चाहिए, जिससे जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता बनी रहे।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वगणना को केवल एक औपचारिक प्रक्रिया न समझें, बल्कि इसे राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी के रूप में लें। प्रत्येक परिवार यह सुनिश्चित करे कि उसके घर से संबंधित जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सही तरीके से दर्ज हो। किसी भी प्रकार की गलत या अधूरी जानकारी देने से बचें।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, नगरीय निकायों के प्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों से भी इस अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना प्रक्रिया से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी परिवार इस महत्वपूर्ण अभियान से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसलिए सभी जनपदवासी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और प्रशासन को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

अंत में जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों से अपील की कि वे जागरूक नागरिक होने का परिचय देते हुए स्वगणना में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि मऊ जनपद में जनगणना-2027 का कार्य व्यवस्थित, पारदर्शी और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
ओवरलोड गन्ने के ट्रैक्टर-ट्रालों से बाजार में लग रहा जाम, प्रशासन बेखबर

**गन्ने से भरे ट्रालों में दोनों ओर बाहर तक निकला रहता है गन्ना, राहगीरों और वाहन चालकों को होती है परेशानी, हादसे का भी खतरा**

**बहसूमा, मेरठ।** कस्बे के मुख्य बाजार में इन दिनों ओवरलोड गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्रालों के कारण जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। गन्ने के सीजन में ट्रैक्टर-ट्रालों में क्षमता से अधिक गन्ना भरकर बाजार से निकाला जा रहा है। गन्ना ट्रालों के दोनों ओर काफी बाहर तक निकला होने के कारण सड़क पर दूसरे वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। इसके चलते बाजार में आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।

शुक्रवार को भी मुख्य बाजार में ओवरलोड गन्ने के ट्रैक्टर-ट्रालों के चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई। बस, कार, बाइक और ई-रिक्शा चालकों को निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाहर निकले गन्ने से दूसरे वाहनों के टकराने का खतरा बना रहता है। ऐसे में वाहन चालक रास्ता देने के लिए रुक जाते हैं और देखते ही देखते बाजार में जाम लग जाता है।

**दिवाली पर चला था अतिक्रमण हटाओ अभियान**

गौरतलब है कि दिवाली पर्व से पहले थाना प्रभारी द्वारा कस्बे के मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके। लेकिन अब ओवरलोड गन्ने के ट्रैक्टर-ट्राले बाजार में जाम का प्रमुख कारण बने हुए हैं। इसके बावजूद इन वाहनों पर रोक लगाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है।

**स्कूल और अस्पताल जाने वाले भी परेशान**

जाम के कारण स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रालों से न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।

**प्रशासन से कार्रवाई की मांग**

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्रालों पर कार्रवाई की जाए। ट्रालों में गन्ना निर्धारित सीमा में भरवाया जाए और उसे अच्छी तरह बांधकर बाजार से निकाला जाए, ताकि गन्ना सड़क की ओर बाहर न निकले। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो बाजार में जाम के साथ-साथ किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी