किंग्स इडेन इंटरनेशनल स्कूल में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
डॉ. मोनिका गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर एवं मशाल जलाकर किया उद्घाटन, खेल भावना और अनुशासन की दिलाई शपथ
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। क्षेत्र के किंग्स इडेन इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को तीन दिवसीय 10वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की डायरेक्टर एवं सुप्रसिद्ध महिला चिकित्सक डॉ. मोनिका गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर एवं मशाल जलाकर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं के आकर्षक मार्च पास्ट से हुई। रेड, येलो और ब्लू हाउस के विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ मार्च करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। इसके बाद 100 एवं 200 मीटर दौड़, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी और योग सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं, नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। तीन दिवसीय यह आयोजन आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. मोनिका गुप्ता ने बच्चों को खेल भावना एवं अनुशासन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी जीवन का अभिन्न अंग है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का भी विकास करते हैं।
विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रिंसिपल भूपेंद्र शर्मा, प्रबंधक डॉ. प्रवीण कुमार मद्धेशिया सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Nov 13 2026, 18:44
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2