एक सप्ताह से खराब पड़े, ट्रांसफार्मर को न बदलने पर उत्तेजित नागरिकों ने रोड पर लगाया जाम,बिजली विभाग के खिलाफ लगाए नारे

फर्रुखाबाद।गांव नगला ग़ुलाल पोस्ट बरौन ग्रामीण की 6 दिन पूर्व से ट्रांसफार्मर फुका हुआ था जिसकी सुचना विजली विभाग के सम्बंधित अधिकारियो को दी गयी उसके बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया जिसके बाद व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव के नेतृत्व मे ग्रामीण एकत्रित  होकर क़ायमगंज फर्रुखाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया । इस दौरान थाना मऊदरवाजा इंस्पेक्टर व दो चौकी इंचार्ज के साथ फ़ोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और विजली विभाग के अधिकारोंयों से फोन पर वार्ता की  जिसके पश्चात ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है
इस दौरान अभिषेक सिंह धीरेन्दर प्रताप सिंह रामु ठाकुर राजेश सिंह सुसपाल सिंह श्रीनिवास नन्ने लल्ला  अजय प्रताप संजीव सिंह अनुज प्रताप सिंह विनय प्रताप सिंह सचिन यादव लालू यादव मोटी यादव अनुराग यादव सोमनाथ आदी लोग मौजूद रहे ।
गोवर्धन की भव्यता और श्रद्धा के साथ निकली 33वीं श्री गोवर्धन शोभायात्रा, शहर हुआ भक्तिमय

फर्रुखाबाद। अंगूरीबाग में श्री गोवर्धन शोभा यात्रा सेवा समिति एवं श्री गणेश जन सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में 33वीं श्री गोवर्धन शोभायात्रा बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा और पूरा नगर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन लीला से संबंधित मनमोहक धार्मिक झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। भक्ति गीतों, भजनों और जयकारों के बीच श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमते नजर आए।

शोभायात्रा अंगूरीबाग से प्रारंभ होकर साहबगंज चौराहा, घुमना बाजार, नाला मछरट्टा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। जगह-जगह नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों का विशेष सहयोग रहा। आयोजक मंडल ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
किंग्स इडेन इंटरनेशनल स्कूल में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

डॉ. मोनिका गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर एवं मशाल जलाकर किया उद्घाटन, खेल भावना और अनुशासन की दिलाई शपथ             

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। क्षेत्र के किंग्स इडेन इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को तीन दिवसीय 10वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की डायरेक्टर एवं सुप्रसिद्ध महिला चिकित्सक डॉ. मोनिका गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर एवं मशाल जलाकर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं के आकर्षक मार्च पास्ट से हुई। रेड, येलो और ब्लू हाउस के विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ मार्च करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। इसके बाद 100 एवं 200 मीटर दौड़, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी और योग सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं, नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। तीन दिवसीय यह आयोजन आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. मोनिका गुप्ता ने बच्चों को खेल भावना एवं अनुशासन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी जीवन का अभिन्न अंग है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का भी विकास करते हैं।

विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रिंसिपल भूपेंद्र शर्मा, प्रबंधक डॉ. प्रवीण कुमार मद्धेशिया सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
निजी शीतगृह संचालक 31 दिसम्बर तक विलम्ब शुल्क सहित लाइसेंस का नवीनीकरण करा लें

लाइसेंस नवीनीकरण न कराने वाले शीतगृहों में भण्डारण पर लगेगी रोक, होगी कार्रवाई

फर्रुखाबाद ।
आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह द्वारा जनपद के समस्त निजी शीतगृह स्वामियों एवं प्रबन्धकों को सूचित किया गया है कि शासनादेश के अनुपालन में वर्ष 2027 के लिए शीतगृह लाइसेंस का नवीनीकरण कराया जाना अनिवार्य है।

शीतगृह लाइसेंस नवीनीकरण के लिए निर्धारित सामान्य तिथि 31 अक्टूबर, 2026 तक थी। निर्धारित तिथि के बाद अब विलम्ब शुल्क सहित 31 दिसम्बर, 2026 तक नवीनीकरण के आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किए जा सकते हैं। इसके लिए विभागीय वेबसाइट www.janhit.uphorticulture.in के माध्यम से आवेदन कर लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।

आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी ने बताया कि 31 दिसम्बर, 2026 के उपरान्त प्राप्त होने वाले नवीनीकरण आवेदन पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा तथा संबंधित शीतगृह का लाइसेंस स्वतः निरस्त समझा जाएगा।

उन्होंने जनपद के समस्त निजी शीतगृह स्वामियों एवं प्रबन्धकों से अपील की है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने शीतगृह लाइसेंस का नवीनीकरण अनिवार्य रूप से करा लें। माह दिसम्बर, 2026 तक लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराने वाले शीतगृहों में आलू एवं अन्य कृषि उत्पादों के भण्डारण पर रोक लगा दी जाएगी। साथ ही शीतगृह अधिनियम के अन्तर्गत कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए शीतगृह स्वामी/प्रबन्धक स्वयं उत्तरदायी होंगे।
पीड़ित ने डॉ के खिलाफ़ कार्रवाई न होने पर डीएम को दिया पत्र, डीएम ने जॉच कराने किए आदेश

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी को पीड़ित  सुदेश सिंह (सनी) पुत्र जोगराज सिंह निवासी न्यामतपुर ठाकुरान थाना जहानगंज फर्रुखाबाद ने एक शिकायती पत्र दिया था, डीएम डॉ अंकुर लाठर ने पीड़ित की शिकायत को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पुनः जॉच कर आख्या प्रस्तुत करने के आदेश जारी किए हैं,पीड़ित ने कहा कि इलाज के दौरान डॉ द्वारा लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया है। पीड़ित ने कहा कि 25 सितंबर 2026 को एक शिकायती प्रार्थना पत्र द सर्च हास्पिटल के प्रबन्धक डा० धीरेन्द्र सिंह व डा० संजय सिंह के खिलाफ चाचा की बेटी सीतू सिंह के इलाज में लापरवाही बरती गयी है। इस लिए सी०एम०ओ० द्वारा जो जांच की गयी जिसमे मेरे ब्यान सी०एम०ओ० ने अपने मन मुताविक लिखा लिये और केवल ओ०पी०डी० में तब्दील करा दिया। डा० धीरेन्द्र व संजय सिंह के यहाँ कोई प्रशिक्षित स्टाफ नही है। डा० धीरेन्द्र सिंह द्वारा स्टाफ की जो लिस्ट सी०एम०ओ० को दी गयी वह सी०एम०ओ० द्वारा ही उपलब्ध करायी है,स्टाफ की लिस्ट पीड़ित के शिकायती प्रार्थना पत्र देने से पहले तक सी०सी०टी०वी० कैमरों मे स्टाफ नहीं है दिये गये स्टाफ की लोकेशन की जाँच कराकर कार्यवाही  जाँच कमेटी से कराने की मांग की है जबकि  मरीज को यह दबाई नहीं दी जा सकती है फिर भी डाक्टर को केवल चेतावनी देकर छोड दिया गया है। पीड़ित ने  डाक्टर के खिलाफ अभी तक कोई कार्यवाही न होने पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए डाक्टर के खिलाफ शासन-प्रशासन से कार्यवाही करने की बात कहीं है।
महापर्व छठ को लेकर जौनपुर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया गोपी घाट समेत प्रमुख घाटों का निरीक्षण
जौनपुर। बिहार से होते हुए पूर्वांचल तक पहुंचा लोक आस्था का महापर्व डाला छठ अब जनपद में भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है और इसका समापन उगते हुए सुूर्य को अर्घ्य के साथ होता है। छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर के प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने अपर जिलाधिकारी अजय अंबष्ट तथा नगर पालिका के अधिकारियों के साथ नगर के प्रमुख गोपी घाट, विसर्जन घाट और हनुमान घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने घाटों पर बेहतर साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरा करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि छठ पर्व पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी थानों की पुलिस फोर्स को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त पीएसी की तैनाती भी की जाएगी। प्रमुख घाटों पर पुलिस बल के साथ निगरानी की व्यवस्था रहेगी। घाट क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने के लिए भी प्रस्ताव भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से भी पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
एनएच-731 पर निर्माण अधूरा, दो टोल प्लाजा से वसूली जारी!
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई से लखनऊ के बीच करीब 80 किलोमीटर मार्ग पर दो टोल प्लाजा, निर्माण कार्य और सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाललखनऊ। राजधानी से हरदोई और शाहजहांपुर को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर टोल वसूली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि हरदोई से लखनऊ के बीच हाईवे का निर्माण पूरी तरह संपन्न होने से पहले ही दो स्थानों पर टोल प्लाजा स्थापित कर वाहनों से वसूली की जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब हाईवे का निर्माण ही अधूरा है और यात्रियों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, तो टोल वसूली किस आधार पर की जा रही है?

बताया जा रहा है कि हरदोई जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर पहले तक मुख्यालय की ओर व बाईपास का निर्माण कार्य जारी है, जबकि लखनऊ की ओर काकोरी तक ही हाईवे का निर्माण कार्य हो पाया है। इसके आगे भी कई हिस्सों में निर्माण कार्य चल रहा है। यानी जिस मार्ग पर वाहन चालकों से टोल लिया जा रहा है, उसका एक बड़ा हिस्सा अभी निर्माण और कनेक्टिविटी की प्रक्रिया से गुजर रहा है।

सड़क की गुणवत्ता पर भी #सवाल:

मामला सिर्फ अधूरे निर्माण और टोल वसूली तक सीमित नहीं है। निर्मित हो चुके हिस्सों में भी कई स्थानों पर गहरे गड्ढे दिखाई देने और ओवरब्रिज पर पैचिंग किए जाने की शिकायतें हैं। इसके चलते वाहन निर्धारित गति से आवागमन नहीं कर पा रहे हैं। सड़क की मौजूदा स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।

नियमों के पालन की #जवाबदेही किसकी?

करीब 80 किलोमीटर के मार्ग पर दो स्थानों पर टोल वसूली को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित एजेंसी ने निर्धारित निर्माण, संचालन और टोल वसूली की सभी शर्तें पूरी कर ली हैं? टोल वसूली की वैधता निर्माण की वास्तविक स्थिति, संबंधित स्वीकृति और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के निर्धारित मानकों के आधार पर ही तय हो सकती है। अधूरे निर्माण, सड़क की खराब स्थिति और टोल वसूली को लेकर उठ रहे सवालों पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होना जरूरी है, ताकि वाहन चालकों को बिना पर्याप्त सुविधाओं के आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।
फार्मासिस्टों ने 18 मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय पर दिया धरना
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने शुक्रवार को अपनी 18 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के बाद फार्मासिस्टों ने सीएमओ डॉ. गंगा राम गौतम को मांगपत्र सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।

एसोसिएशन ने शासन को भेजे गए मांगपत्र में फार्मासिस्ट का पदनाम बदलकर 'फार्मेसी अधिकारी' करने की मांग की है। इसके अलावा चीफ फार्मासिस्ट का पदनाम 'चीफ फार्मेसी अधिकारी' तथा विशेष कार्याधिकारी (फार्मेसी) का पदनाम बदलकर 'सहायक निदेशक फार्मेसी' करने का प्रस्ताव रखा है।

फार्मासिस्टों ने प्राथमिक उपचार के साथ सीमित आवश्यक दवाएं लिखने का अधिकार देने और ग्रामीण अस्पतालों में ओपीडी सेवा शुरू करने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने, लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने तथा वर्ष 2005 के बाद नियुक्त फार्मासिस्टों की वरिष्ठता सूची जारी करने की मांग की गई।

मांगपत्र में वेतनमान और भत्तों में सुधार, एंबुलेंस एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के माध्यम से दवा वितरण की व्यवस्था तथा जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

एसोसिएशन ने फार्मेसी संवर्ग का पुनर्गठन करने, कार्यक्षेत्र से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने तथा मेडिकल कॉलेजों और महिला अस्पतालों में फार्मासिस्टों के नए पद सृजित करने की मांग भी की। फार्मासिस्टों ने कहा कि उनकी मांगों पर शासन स्तर से सकारात्मक निर्णय लेकर समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
डाला छठ पर्व पर 16 नवंबर को वाराणसी में रहेगा स्थानीय अवकाश
लखनऊ, वाराणसी। डाला छठ पूजा महापर्व के मद्देनजर वाराणसी जिले में सोमवार, 16 नवंबर को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार काे इस संबंध में आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी के जारी आदेश पत्र में कहा गया है कि छठ पूजा के अवसर पर घोषित यह स्थानीय अवकाश राजस्व विभाग के कार्यालयों में प्रभावी रहेगा। इसके तहत संबंधित कार्यालय सोमवार को बंद रहेंगे।

महापर्व छठ पूजा के आयोजन को लेकर बरेका सूर्य सरोवर पर तैयारियां पूरी

लोक आस्था, पवित्रता एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के भव्य आयोजन को लेकर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित सूर्य सरोवर परिसर में तैयारियां पूरी हो गईं है । इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत प्रकाश, सजावट एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।

यह जानकारी बरेका के जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि छठ पूजा के अवसर पर सूर्य सरोवर परिसर को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों एवं आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय एवं उत्सवी वातावरण से आलोकित हो उठेगा। उन्हाेंने बताया कि बरेका प्रशासन द्वारा छठ महापर्व को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु सुविधाजनक रूप से इस पावन पर्व में सहभागिता कर सकें।

उल्लेखनीय है, कि बरेका स्थित सूर्य सरोवर में प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दौरान हजारों की संख्या में व्रती महिलाएं, पुरुष एवं श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि तथा मंगलमय जीवन की कामना करते हैं। इस अवसर पर छठ व्रतियों की अटूट आस्था, लोक परंपरा एवं भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिलता है।
राष्ट्रपति भवन के गार्ड पर हमले के दोनों आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक को लगी गोली

बागपत में दीपावली की रात हुई थी फायरिंग, पुलिस ने 10-10 हजार के इनामी धीरज और मोनू को दबोचा

लखनऊ,बागपत। राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षा गार्ड सौरभ कुमार पर उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र स्थित गांव गोपालपुर खड़ाना में दीपावली की रात जानलेवा हमला हुआ। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दोनों वांछित आरोपित धीरज और मोनू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित धीरज के पैर में गोली लगी है। घायल दोनों आरोपिताें को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों आरोपिताें पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि दीपावली की रात गांव गोपालपुर खड़ाना में पड़ोसियों के बीच विवाद के बाद गोलीबारी हुई थी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात सौरभ कुमार को गोली लग गई थी। वहीं, विनीत के सिर पर डंडा मारकर उसे घायल कर दिया था। मामले में रमाला थाना पर आरोपिताें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। रमाला पुलिस आरोपिताें की तलाश में जुटी थी। दोनों अपराधियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

बीतीरात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपित गांव के एक गन्ने के खेत में छिपे हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने खेत की घेराबंदी कर दी। इस दौरान आरोपित धीरज ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें धीरज के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से ही उसे दबोच लिया। वहीं दूसरा आरोपित मोनू भी पकड़ा गया। घायल आरोपिताें को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। एसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपित खतरे से बाहर हैं। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।