जेवर में CNH इंडस्ट्रियल के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भूमि पूजन, ₹1,200 करोड़ का होगा निवेश
- मंत्री नन्दी बोले- प्रधानमंत्री मोदी के मेक इन इंडिया और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में औद्योगिक शक्ति बन रहा उत्तर प्रदेश
- 100 एकड़ में स्थापित होगा वैश्विक कंपनी का नया प्लांट, रोजगार, तकनीकी कौशल और स्थानीय उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
गौतमबुद्ध नगर। उत्तर प्रदेश निरंतर औद्योगिक समृद्धि और विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। देश-विदेश के निवेशकों का बढ़ता विश्वास प्रदेश को विनिर्माण एवं औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बना रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी गुरुवार को जनपद गौतमबुद्ध नगर के जेवर स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-8D में वैश्विक कृषि एवं निर्माण उपकरण निर्माता कंपनी CNH Industrial के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के भूमि पूजन एवं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी वर्चुअल उपस्थिति रही।
यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा आवंटित लगभग 100 एकड़ भूमि पर करीब 1,200 करोड़ रुपये की लागत से इस अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की स्थापना की जाएगी। यह परियोजना उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास और प्रदेश की मजबूत होती औद्योगिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और उनके 'मेक इन इंडिया', 'आत्मनिर्भर भारत' एवं 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। कर्मयोगी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश इस राष्ट्रीय संकल्प को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आज उत्तर प्रदेश अर्थव्यवस्था, विनिर्माण और औद्योगिक विकास के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेस-वे का विस्तार, नए हवाई अड्डों का विकास, औद्योगिक कॉरिडोर की स्थापना और निवेशकों के लिए सरल एवं पारदर्शी नीतियों ने औद्योगिक विकास को नई गति दी है। डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। एचसीएल और फॉक्सकॉन के सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट के साथ ही जेवर में लगभग 6,750 करोड़ रुपये की इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण परियोजनाएं प्रदेश के औद्योगिक भविष्य की नई संभावनाओं के द्वार खोल रही हैं।
उन्होंने कहा कि CNH Industrial विश्व स्तर पर कृषि एवं निर्माण उपकरणों के विनिर्माण से जुड़ी प्रतिष्ठित कंपनी है। कंपनी की एक परियोजना पहले से ही ग्रेटर नोएडा में संचालित है। ऐसे में जेवर में 1,200 करोड़ रुपये का नया निवेश उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, बेहतर अवस्थापना सुविधाओं और निवेश अनुकूल वातावरण के प्रति कंपनी के भरोसे को दर्शाता है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि यह परिवर्तन केवल बड़े उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका लाभ प्रदेश के एमएसएमई, छोटे उद्यमियों, स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं और तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं तक भी पहुंच रहा है। CNH Industrial की इस परियोजना से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, युवाओं के तकनीकी कौशल को विस्तार मिलेगा और स्थानीय उद्योगों एवं सहायक इकाइयों के लिए नई संभावनाएं पैदा होंगी। इससे क्षेत्र की औद्योगिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निवेश, नवाचार, आधुनिक तकनीक और औद्योगिक उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य बड़े निवेशों के साथ-साथ स्थानीय उद्यमिता, रोजगार सृजन और कौशल विकास को भी प्रोत्साहित करना है। CNH Industrial का यह नया प्लांट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद, YEIDA के सीईओ राकेश कुमार सिंह, CNH Industrial के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की चेयरपर्सन सुजैन हेवुड, सीईओ गेरिट मार्क्स, प्रेसिडेंट एवं एमडी नरेंद्र मित्तल तथा निदेशक मैन्युफैक्चरिंग रवि कुंद्रा समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




















Nov 12 2026, 20:47
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.0k