"चलो इस बार, दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं।"
![]()
–डॉ मंजू मंगलप्रभात लोढ़ा
चलो इस बार,
दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं,
एक दीप से दूसरा दीप जलाते हैं,
बुझे हुए दीपों को फिर से रोशन करते हैं,
पड़ोसी के आँगन में भी एक दीप जलाते हैं,
निर्धनों की बस्तियों में खुशियों के दीप जलाते हैं,
नन्हे-नन्हे मासूम चेहरों की मुस्कान बन जाते हैं,
चलो इस बार, दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं।
सरहद पर शहीद हुए जाँबाज़ सिपाहियों के,
घर-आँगन में दीपों की माला सजाते हैं,
जो इस दीपावली पर अपने घर नहीं लौट सकते,
उनके परिवारों के संग खुशियाँ बाँटते हैं,
मिल-बैठकर प्रेम से पकवान खाते हैं,
उनके सूने आँगन में अपनत्व के दीप जलाते हैं,
चलो इस बार, दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं।
माटी का नन्हा-सा दिया,
कितनी बड़ी सीख दे जाता है,
स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देना सिखाता है,
घी, तेल और बाती का साथ होना,
मिलकर एक छोटी-सी लौ को प्रज्वलित करना,
अमावस्या की काली रात को भी पूनम बना देता है,
चलो इस बार, दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं।
हम सब भी समाज के घटक हैं,
चाहें तो मिलकर एक नई अलख जगा सकते हैं,
देश और समाज में फैले अंधकार को,
अपने छोटे-छोटे प्रयासों से मिटा सकते हैं,
किसी के जीवन में उम्मीद का उजाला ला सकते हैं,
चलो इस बार, दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं।
आओ, हम भी एक ऐसा दीपक बन जाएँ,
बुझने से पहले किसी की राह रोशन कर जाएँ,
किसी की उम्मीद, किसी का विश्वास बन जाएँ,
किसी के चेहरे की खोई मुस्कान बन जाएँ,
अपने हिस्से का उजाला दूसरों में बाँट जाएँ,
चलो इस बार, दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं। चलो इस बार प्रदूषण रहित दिवाली मनाते हैं।




मुंबई। सनातन धर्म और हिंदू शास्त्रों के अनुसार भगवान श्री राम और भगवान श्री कृष्ण एक ही परम ब्रह्म (भगवान विष्णु) के दो अलग-अलग स्वरूप या अवतार हैं। दोनों ही भगवान विष्णु के अवतार माने जाते हैं। दोनों का पृथ्वी पर अवतार लेने का मुख्य उद्देश्य धर्म की स्थापना करना, अधर्म और दुष्टों का नाश करना तथा भक्तों का कल्याण करना रहा है। पूर्वांचल विकास परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा शिवसेना यूबीटी के राष्ट्रीय संगठक डॉ द्रिगेश यादव ने कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्री कृष्ण के प्रति अपमानजनक वक्तव्य और हाव भाव को लेकर कड़ा विरोध करते हुए उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि कथावाचकों को बहुत ही संयम और विवेक से बयान देना चाहिए, क्योंकि उनकी बातों को लोग बड़े ध्यान से सुनते हैं और अमल करते हैं। इस तरह के वक्तव्य से न सिर्फ सनातन धर्म कमजोर होता है अपितु लोगों की आस्था पर गहरी चोट पड़ती है। डॉ द्रिगेश यादव ने कहा कि कथावाचकों को राजनीति से दूर रहना चाहिए और धन संग्रह करने की बजाय सनातन धर्म की कमजोर कड़ी को मजबूत करने का काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कथावाचकों का खुद को संत घोषित करना दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि संतों का संपूर्ण जीवन अपनी तिजोरी भरने के लिए नहीं अपितु मानवता के कल्याण के लिए होता है। उन्होंने कहा कि कथावाचकों को ऐसी विवादित बातों से बचना चाहिए, जिसके लिए बाद में उन्हें माफी मांगनी पड़े।
ठाणे । डोंबिवली शहर स्थित राम मंदिर रोड,श्रीराम मंदिर प्रांगण जूना डोंबिवली के संयोजन में डोंबिवली पश्चिम रेतीबंदर रोड मोठागांव में आगामी 14 नवंबर 2026 से 22 नवंबर 2026 तक श्री रामकथा का आयोजन किया जा रहा है। संस्था के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा एवं मार्गदर्शक मनोज तिवारी ने बताया कि कथा वाचक के रुप में काशी विश्वनाथ की पवित्र भूमि काशी से आचार्य विष्णुकांत शास्त्री बनारस की विशेष उपस्थिति रहेगी जिनके मुखारविंद से रामकथा का पठन-पाठन होगा। उक्त रामकथा का आयोजन कर रहे सुरेश मिश्रा ने सनातनी रामभक्तों से निवेदन किया है कि उक्त आयोजन में डोंबिवली निवासी सहित मुंबई महानगर के अन्य शहरों से भी नागरिकों की भारी संख्या में उपस्थिति हो। कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप ने बताया कि राममंदिर प्रांगण में प्रत्येक शनिवार को सुन्दरकाण्ड का संगीतमय पाठ आयोजित किया जाता है।
मुंबई। समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में लोढ़ा फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए फाउंडेशन को प्रतिष्ठित Brilliant Award – Season 4 से सम्मानित किया गया। लोढ़ा फाउंडेशन की चेयरपर्सन मंजू लोढ़ा ने यह सम्मान प्राप्त किया। उन्हें इस अवसर पर समारोह में विशेष अतिथि के रूप में भी आमंत्रित किया गया था। लोढ़ा फाउंडेशन, मंजू लोढ़ा के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर विभिन्न पहल कर रहा है। फाउंडेशन के इन्हीं सेवा कार्यों को इस सम्मान के माध्यम से सराहना मिली। मंजू लोढ़ा ने इस सम्मान और आमंत्रण के लिए हरेश मेहता एवं डॉ. अलका वालावालकर का आभार व्यक्त किया। समारोह का एक विशेष गौरवपूर्ण क्षण तब आया, जब मंजू लोढ़ा ने अपने हाथों से पद्म भूषण कुंदन व्यास को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया। मंजू लोढ़ा ने सभी पुरस्कार विजेताओं को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग के माध्यम से आयोजित ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ नामक बहुराज्यीय नवाचार प्रतियोगिता को विद्यार्थियों, युवाओं, नवउद्यमियों और शोधकर्ताओं का अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला है। 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि को प्रतियोगिता की आवेदन प्रक्रिया समाप्त हो गई है। इस प्रतियोगिता के लिए कुल 1 लाख 7 हजार 603 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। युवाओं के नवाचारों को मंच उपलब्ध कराने वाली इस प्रतियोगिता ने विश्व रिकॉर्ड बनाया है, ऐसी जानकारी कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने दी। महाराष्ट्र, गोवा, छत्तीसगढ़ तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव इन केंद्रशासित प्रदेशों को शामिल करने वाले महाराष्ट्र ज़ोन से इस प्रतियोगिता के लिए 1 लाख 7 हजार 603 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 79 हजार 162 टीमों ने भाग लिया है, जबकि 32 हजार 298 प्रतिभागियों ने अपनी प्रोफाइल पूरी की है। इसके अलावा, 6 हजार 192 महिलाओं और 18 वर्ष से कम आयु के 4 हजार 549 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। सामान्य वर्ग से 21 हजार 550 प्रतिभागियों ने सहभागिता दर्ज कराई है तथा प्रतिभागियों द्वारा कुल 16 हजार 57 नवाचारपूर्ण अवधारणाएं प्रस्तुत की गई हैं।इस प्रतियोगिता के माध्यम से कृषि, कानून एवं व्यवस्था, महिला एवं बाल कल्याण, शहरी विकास, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं, रक्षा, सतत विकास (ऊर्जा, जलवायु एवं संबंधित क्षेत्र), बुनियादी ढांचा एवं परिवहन, उभरती प्रौद्योगिकियां (कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ब्लॉकचेन एवं अन्य तकनीकें) तथा शिक्षा एवं रोजगार क्षमता जैसे 10 प्रमुख क्षेत्रों की समस्याओं के लिए नवाचारपूर्ण समाधान खोजे जाएंगे। प्रत्येक प्रमुख क्षेत्र के अंतर्गत पांच उपक्षेत्र शामिल हैं। इस प्रकार कुल 50 उपक्षेत्रों में से विजेताओं का चयन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के 50 विजेताओं को प्रत्येक को 10 लाख रुपये के कार्यादेश प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए कुल 5 करोड़ रुपये की निधि उपलब्ध कराई जाएगी। इससे युवाओं के विचार केवल पुरस्कारों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उन्हें वास्तविक रूप से लागू करने का अवसर भी मिलेगा। युवाओं की रचनात्मकता को उचित मंच प्रदान करने, नवउद्यमियों को प्रोत्साहित करने और समाजोपयोगी नवाचारों के क्रियान्वयन को गति देने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, ऐसी जानकारी कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग के मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने दी। उन्होंने कहा कि ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ को मिला उत्साहजनक प्रतिसाद युवाओं की रचनात्मकता और उद्यमशील क्षमता का प्रमाण है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र को देश की ‘इनोवेशन कैपिटल’ बनाने की दिशा में हम कार्यरत हैं। इस प्रतियोगिता के 50 विजेताओं को प्रत्येक को 10 लाख रुपये के कार्यादेश, इस प्रकार कुल 5 करोड़ रुपये के कार्यादेश प्रदान किए जाएंगे। युवाओं के विचारों को आर्थिक सहयोग देकर उनके वास्तविक क्रियान्वयन का अवसर उपलब्ध कराना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी और नवाचारकर्ता बनें, इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं।
भायंदर। माता-पिता को साक्षात ईश्वर का रूप माना गया है। उनकी सेवा करने से जीवन में सुख, शांति, और समृद्धि आती है। जो लोग अपने माता-पिता का अपमान करते हैं, ईश्वर उन्हें कभी माफ नहीं करता। देश की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था मेघाश्रेय द्वारा भायंदर पश्चिम के उत्तन स्थित किशनगोपाल राजपुरिया वानप्रस्थ आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए संस्था की अध्यक्ष तथा प्रख्यात समाजसेवी सीमा सिंह ने उपरोक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि जो माता-पिता दुख झेलकर भी अपनी संतानों को पढ़ा लिखाकर काबिल बनाते हैं, वही संताने उन्हें एक दिन वृद्ध आश्रम में जाने के लिए विवश कर देती हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा करना परम सौभाग्य है। मेघाश्रेय द्वारा आश्रम में भगवान राम और भगवान कृष्ण तथा भगवान शंकर की आकर्षक झांकियां निकाली गई। सभी के चेहरों पर खुशी झलक रही थी। आश्रम के सभी बुजुर्गों के साथ सीमा सिंह ने खुद भोजन किया। सभी को खाद्य सामग्री और उपहार वितरित किए गए और दिवाली की अग्रिम शुभकामना दी गई। पत्रकारों से बात करते हुए सीमा सिंह ने कहा कि बुजुर्गों के साथ बिताए गए क्षण अत्यंत अमूल्य और ज्ञानवर्धक रहा। उनके अनुभवों का लाभ समाज और देश को मिलना चाहिए।
Nov 06 2026, 16:59
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
4.3k