"चलो इस बार, दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं।"

–डॉ मंजू मंगलप्रभात लोढ़ा

चलो इस बार,

दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं,

एक दीप से दूसरा दीप जलाते हैं,

बुझे हुए दीपों को फिर से रोशन करते हैं,

पड़ोसी के आँगन में भी एक दीप जलाते हैं,

निर्धनों की बस्तियों में खुशियों के दीप जलाते हैं,

नन्हे-नन्हे मासूम चेहरों की मुस्कान बन जाते हैं,

चलो इस बार, दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं।

सरहद पर शहीद हुए जाँबाज़ सिपाहियों के,

घर-आँगन में दीपों की माला सजाते हैं,

जो इस दीपावली पर अपने घर नहीं लौट सकते,

उनके परिवारों के संग खुशियाँ बाँटते हैं,

मिल-बैठकर प्रेम से पकवान खाते हैं,

उनके सूने आँगन में अपनत्व के दीप जलाते हैं,

चलो इस बार, दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं।

माटी का नन्हा-सा दिया,

कितनी बड़ी सीख दे जाता है,

स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देना सिखाता है,

घी, तेल और बाती का साथ होना,

मिलकर एक छोटी-सी लौ को प्रज्वलित करना,

अमावस्या की काली रात को भी पूनम बना देता है,

चलो इस बार, दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं।

हम सब भी समाज के घटक हैं,

चाहें तो मिलकर एक नई अलख जगा सकते हैं,

देश और समाज में फैले अंधकार को,

अपने छोटे-छोटे प्रयासों से मिटा सकते हैं,

किसी के जीवन में उम्मीद का उजाला ला सकते हैं,

चलो इस बार, दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं।

आओ, हम भी एक ऐसा दीपक बन जाएँ,

बुझने से पहले किसी की राह रोशन कर जाएँ,

किसी की उम्मीद, किसी का विश्वास बन जाएँ,

किसी के चेहरे की खोई मुस्कान बन जाएँ,

अपने हिस्से का उजाला दूसरों में बाँट जाएँ,

चलो इस बार, दिवाली कुछ ऐसे मनाते हैं। चलो इस बार प्रदूषण रहित दिवाली मनाते हैं।

महात्मा ज्योतिबा फुले कौशल प्रशिक्षण केंद्र’; पहले चरण में 100 केंद्रों को मंजूरी

मुंबई।आज के तेजी से बदलते तकनीकी और प्रतिस्पर्धात्मक युग में युवाओं को रोजगार योग्य बनाने के लिए कौशल विकास पर जोर देने के उद्देश्य से कौशल विकास विभाग ने ‘महात्मा ज्योतिबा फुले कौशल प्रशिक्षण केंद्र’ योजना शुरू की है। गुरुवार को मेट्रो चौक स्थित एल्फिंस्टन टेक्निकल हाई स्कूल परिसर के दक्ष हॉल में महात्मा ज्योतिबा फुले कौशल विकास योजना का ऑनलाइन उद्घाटन संपन्न हुआ। इस योजना का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा के हाथों किया गया। इस योजना के अंतर्गत केवल 300 वर्ग फुट की जगह में कौशल प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने की अनुमति दी गई है तथा पहले चरण में राज्य के १०० केंद्रों को प्रायोगिक आधार पर मंजूरी दी गई है। इनमें से १२ केंद्रों का उद्घाटन किया गया। इस पहल के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण को गांव-गांव और बस्ती-बस्ती तक पहुंचाने का सरकार का प्रयास है। मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले कौशल प्रशिक्षण केंद्र भारत की पहली ऐसी पहल है। राज्य के झुग्गी-बस्तियों, दुर्गम, पहाड़ी, नक्सल प्रभावित और आदिवासी क्षेत्रों के जरूरतमंद युवक-युवतियों को कौशल विकास प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रमोद महाजन कौशल विकास एवं उद्यमिता अभियान (PMKUVA) के अंतर्गत कौशल प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने के लिए जगह संबंधी मानदंडों में छूट दी गई है और अब न्यूनतम 300 से 1500 वर्ग फुट जगह में भी प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए जा सकते हैं। नागपुर, डहाणू-पालघर, नंदुरबार, यवतमाल, पुणे, मुंबई, सिंधुदुर्ग और जलगांव जिलों में 12 केंद्रों का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग के आयुक्त डॉ. अमित सैनी, रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. अपूर्वा पालकर, महाराष्ट्र राज्य नवाचार सोसायटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. श्रीकांत पाटील, व्यवसाय शिक्षा एवं प्रशिक्षण निदेशालय के संचालक सतीश सूर्यवंशी सहित अन्य उपस्थित थे।

कवि विनय शर्मा दीप की कविता 'आंगन' पाठ्य-पुस्तक में चयनित

मुंबई । महानगर के चर्चित कलमकार एवं पत्रकार कवि विनय शर्मा दीप को पुनः पाठ्य-पुस्तक में स्थान प्राप्त हुआ। दीप की कविता 'आंगन ' व्याकरण बद्ध एवं सारगर्भित पैमाने पर पाए जाने के उपरांत नगीन प्रकाशन मेरठ उत्तर प्रदेश ने माध्यमिक शिक्षा परिषद के पाठ्यक्रम में NCF-SE कक्षा 8 वीं के बच्चों हेतु दिव्य ज्ञान हिंदी पाठ्य- पुस्तक में स्थान देकर कवि को गौरवान्वित किया है।उक्त पाठ्य-पुस्तक के लेखक एवं कवि शिक्षाविद् सर्वेश कान्त वर्मा ने जनपद जौनपुर स्थित विनय शर्मा दीप के पैतृक गांव फूलपुर आकर मां शेरावाली के दरबार में संपूर्ण परिवार एवं उत्कृष्ट साहित्यकारों की उपस्थिति में पुस्तक भेंट करते हुए शुभकामनाएं दी।नगीन प्रकाशन का यह पुस्तक अमेज़न व फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध है जो 2026-27 से कक्षा 8वीं के पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों के पठन हेतु चयनित किया गया है। उक्त पुस्तक में दीप की कविता आंगन चयनित होने पर गांव के नागरिक एवं जनपद सहित उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के चिरपरिचित साहित्यकारों तथा महानगर मुंबई, ठाणे शहर के साहित्यकारों एवं शुभचिंतकों में खुशी देखने को मिला।सभी लोग फ़ोन एवं व्हाट्सएप के माध्यम से दीप को शुभकामनाएं एवं बधाइयां दे रहे हैं। कवि विनय शर्मा दीप ने उक्त पवित्र स्थान पर जगत जननी जगदंबा को दंडवत प्रणाम किया तथा अपनी मां श्रीमती शांति देवी का भी आशीर्वाद लिया।उक्त स्थान पर दीप की मां श्रीमती शांति देवी के साथ अनुज रविन्द्र कुमार शर्मा एवं प्रवीण कुमार शर्मा उपस्थित थे तथा जनपद के चर्चित कवि संजय सिंह सागर,के आर स्नेही, गीतकार अवधेश पाठक मधुर,वरिष्ठ साहित्यकार जयंत्री प्रसाद जगमग, सुल्तानपुर से रमेशचंद्र नंदवंशी,श्रीमती रचना सोनकर,श्रीमती बिन्दू वन्दना शिवा एवं दुर्गा पूजन समिति के अध्यक्ष शैलेश प्रजापति के साथ सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।अंत में विनय शर्मा दीप ने उपस्थित सभी साहित्यकारों के साथ पुस्तक लेखक सर्वेश कांत वर्मा का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा सभी को प्रणाम करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

श्री राम और श्री कृष्ण एक ही परम ब्रह्म के अलग-अलग स्वरूप : डॉ द्रिगेश यादव
मुंबई। सनातन धर्म और हिंदू शास्त्रों के अनुसार भगवान श्री राम और भगवान श्री कृष्ण एक ही परम ब्रह्म (भगवान विष्णु) के दो अलग-अलग स्वरूप या अवतार हैं। दोनों ही भगवान विष्णु के अवतार माने जाते हैं। दोनों का पृथ्वी पर अवतार लेने का मुख्य उद्देश्य धर्म की स्थापना करना, अधर्म और दुष्टों का नाश करना तथा भक्तों का कल्याण करना रहा है। पूर्वांचल विकास परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा शिवसेना यूबीटी के राष्ट्रीय संगठक डॉ द्रिगेश यादव ने कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्री कृष्ण के प्रति अपमानजनक वक्तव्य और हाव भाव को लेकर कड़ा विरोध करते हुए उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि कथावाचकों को बहुत ही संयम और विवेक से बयान देना चाहिए, क्योंकि उनकी बातों को लोग बड़े ध्यान से सुनते हैं और अमल करते हैं। इस तरह के वक्तव्य से न सिर्फ सनातन धर्म कमजोर होता है अपितु लोगों की आस्था पर गहरी चोट पड़ती है। डॉ  द्रिगेश यादव ने कहा कि कथावाचकों को राजनीति से दूर रहना चाहिए और धन संग्रह करने की बजाय सनातन धर्म की कमजोर कड़ी को मजबूत करने का काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कथावाचकों का खुद को संत घोषित करना दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि संतों का संपूर्ण जीवन अपनी तिजोरी भरने के लिए नहीं अपितु मानवता के कल्याण के लिए होता है। उन्होंने कहा कि कथावाचकों को ऐसी विवादित बातों से बचना चाहिए, जिसके लिए बाद में उन्हें माफी मांगनी पड़े।
नारायण सेवा मंडल द्वारा नव दिवसीय श्री राम कथा का भव्य आयोजन
ठाणे । डोंबिवली शहर स्थित राम मंदिर रोड,श्रीराम मंदिर प्रांगण जूना डोंबिवली के संयोजन में डोंबिवली पश्चिम रेतीबंदर रोड मोठागांव में आगामी 14 नवंबर 2026 से 22 नवंबर 2026 तक श्री रामकथा का आयोजन किया जा रहा है। संस्था के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा एवं मार्गदर्शक मनोज तिवारी ने बताया कि कथा वाचक के रुप में काशी विश्वनाथ की पवित्र भूमि काशी से आचार्य विष्णुकांत शास्त्री बनारस की विशेष उपस्थिति रहेगी जिनके मुखारविंद से रामकथा का पठन-पाठन होगा। उक्त रामकथा का आयोजन कर रहे सुरेश मिश्रा ने सनातनी रामभक्तों से निवेदन किया है कि उक्त आयोजन में डोंबिवली निवासी सहित मुंबई महानगर के अन्य शहरों से भी नागरिकों की भारी संख्या में उपस्थिति हो। कवि एवं पत्रकार विनय शर्मा दीप ने बताया कि राममंदिर प्रांगण में प्रत्येक शनिवार को सुन्दरकाण्ड का संगीतमय पाठ आयोजित किया जाता है।
देश के आयुर्वेद से जुड़े विद्वानों ने की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात

मुंबई। आयुर्वेद शिक्षण ,शास्त्र एवं चिकित्सा पद्धति की देश की सर्वोच्च संस्था, भारत सरकार की संकाय, राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ के अध्यक्ष पद्मश्री पद्मभूषण वैद्य देवेंद्र त्रिगुणा के नेतृत्व में देश के चुने हुए आयुर्वेद से जुड़े विद्वानों के प्रतिनिधिमंडल ने आज सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से दीपावली के उपलक्ष्य में सौहार्दपूर्ण भेंट की. भारत सरकार आयुष मंत्रालय के सचिव विद्वान वैद्य पद्मश्री राजेश कोटेचा, अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के वर्तमान अध्यक्ष वैद्य राकेश अमरनाथ शर्मा , महाराष्ट्र आयुर्वेद संमेलन की महामंत्री एवं महाराष्ट्र आरोग्य विज्ञान विद्यापीठ (MUHS) के अनेक समितियों की सदस्या तथा सर्जरी अलाइड बौर्ड की चेअरमन वैद्या  ऋजुता ओमप्रकाश दुबे , आयुष मंत्रालय भारत सरकार के भूतपूर्व सलाहकार, विचारक एवं पाॅलिसी मेकर वैद्य  मनोज नेसरी ,धूतपापेश्वर लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रणजीत आनंद पुराणिक तथा निखिल भारतीय आयुर्वेद विद्यापीठ के अध्यक्ष वैद्य ताराचंद शर्मा आदि मान्यवर विद्वान इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे. इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति एवं अनुसंधान आदि विषयों पर राष्ट्रपती से विस्तारपूर्वक चर्चा की गई, जिसपर राष्ट्रपति ने सुझाव दिया कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की बहुत सारी वनस्पति औषधियां जंगलों मे पायी जाती है जिसके लिए निष्णात वैद्यों को जंगलो मे भ्रमण कर वहां के आदिवासी एवं वनवासी भाइयों से संपर्क कर तथ्यात्मक जानकारी जुटाकर उन वनौषधियों का संवर्धन कर उनकी उपज बढाकर उनका औषधीय उपयोग आंतरराष्ट्रीय स्तर पर करना चाहिए, जिससे की संपूर्ण विश्व को उसका लाभ मिल सके तथा आदिवासी वनवासी समाज के रोजगार को भी बढावा मिल सके.सभी ने उनके सुझाव को गंभीरतापूर्वक सुना एवं इस दिशा में तुरंत कदम बढाने का निर्णय लिया.
देश की मुख्य धारा से आयुर्वेद को मिल रहे समर्थन से सभी उत्साहित हुए.  ज्ञात हो कि प्रतिनिधिमंडल के दो सदस्य वैद्य राकेश शर्मा एवं वैद्या ऋजुता दुबे ,चर्निरोड मुंबई के मित्तल आयुर्वेद महाविद्यालय के विद्यार्थी रह चुके है।
सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए लोढ़ा फाउंडेशन को मिला ‘ब्रिलियंट अवॉर्ड’
मुंबई। समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में लोढ़ा फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए फाउंडेशन को प्रतिष्ठित Brilliant Award – Season 4 से सम्मानित किया गया। लोढ़ा फाउंडेशन की चेयरपर्सन मंजू लोढ़ा ने यह सम्मान प्राप्त किया। उन्हें इस अवसर पर समारोह में विशेष अतिथि के रूप में भी आमंत्रित किया गया था। लोढ़ा फाउंडेशन, मंजू लोढ़ा के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर विभिन्न पहल कर रहा है। फाउंडेशन के इन्हीं सेवा कार्यों को इस सम्मान के माध्यम से सराहना मिली। मंजू लोढ़ा ने इस सम्मान और आमंत्रण के लिए हरेश मेहता एवं डॉ. अलका वालावालकर का आभार व्यक्त किया। समारोह का एक विशेष गौरवपूर्ण क्षण तब आया, जब मंजू लोढ़ा ने अपने हाथों से पद्म भूषण कुंदन व्यास को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया। मंजू लोढ़ा ने सभी पुरस्कार विजेताओं को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ ने रचा विश्व रिकॉर्ड; 1.07 लाख से अधिक प्रतिभागियों का पंजीकरण
मुंबई।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग के माध्यम से आयोजित ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ नामक बहुराज्यीय नवाचार प्रतियोगिता को विद्यार्थियों, युवाओं, नवउद्यमियों और शोधकर्ताओं का अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला है। 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि को प्रतियोगिता की आवेदन प्रक्रिया समाप्त हो गई है। इस प्रतियोगिता के लिए कुल 1 लाख 7 हजार 603 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। युवाओं के नवाचारों को मंच उपलब्ध कराने वाली इस प्रतियोगिता ने विश्व रिकॉर्ड बनाया है, ऐसी जानकारी कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने दी। महाराष्ट्र, गोवा, छत्तीसगढ़ तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव इन केंद्रशासित प्रदेशों को शामिल करने वाले महाराष्ट्र ज़ोन से इस प्रतियोगिता के लिए 1 लाख 7 हजार 603 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 79 हजार 162 टीमों ने भाग लिया है, जबकि 32 हजार 298 प्रतिभागियों ने अपनी प्रोफाइल पूरी की है। इसके अलावा, 6 हजार 192 महिलाओं और 18 वर्ष से कम आयु के 4 हजार 549 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। सामान्य वर्ग से 21 हजार 550 प्रतिभागियों ने सहभागिता दर्ज कराई है तथा प्रतिभागियों द्वारा कुल 16 हजार 57 नवाचारपूर्ण अवधारणाएं प्रस्तुत की गई हैं।इस प्रतियोगिता के माध्यम से कृषि, कानून एवं व्यवस्था, महिला एवं बाल कल्याण, शहरी विकास, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं, रक्षा, सतत विकास (ऊर्जा, जलवायु एवं संबंधित क्षेत्र), बुनियादी ढांचा एवं परिवहन, उभरती प्रौद्योगिकियां (कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ब्लॉकचेन एवं अन्य तकनीकें) तथा शिक्षा एवं रोजगार क्षमता जैसे 10 प्रमुख क्षेत्रों की समस्याओं के लिए नवाचारपूर्ण समाधान खोजे जाएंगे। प्रत्येक प्रमुख क्षेत्र के अंतर्गत पांच उपक्षेत्र शामिल हैं। इस प्रकार कुल 50 उपक्षेत्रों में से विजेताओं का चयन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के 50 विजेताओं को प्रत्येक को 10 लाख रुपये के कार्यादेश प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए कुल 5 करोड़ रुपये की निधि उपलब्ध कराई जाएगी। इससे युवाओं के विचार केवल पुरस्कारों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उन्हें वास्तविक रूप से लागू करने का अवसर भी मिलेगा। युवाओं की रचनात्मकता को उचित मंच प्रदान करने, नवउद्यमियों को प्रोत्साहित करने और समाजोपयोगी नवाचारों के क्रियान्वयन को गति देने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, ऐसी जानकारी कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग के मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने दी। उन्होंने कहा कि ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ को मिला उत्साहजनक प्रतिसाद युवाओं की रचनात्मकता और उद्यमशील क्षमता का प्रमाण है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र को देश की ‘इनोवेशन कैपिटल’ बनाने की दिशा में हम कार्यरत हैं। इस प्रतियोगिता के 50 विजेताओं को प्रत्येक को 10 लाख रुपये के कार्यादेश, इस प्रकार कुल 5 करोड़ रुपये के कार्यादेश प्रदान किए जाएंगे। युवाओं के विचारों को आर्थिक सहयोग देकर उनके वास्तविक क्रियान्वयन का अवसर उपलब्ध कराना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी और नवाचारकर्ता बनें, इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं।
माता-पिता की सेवा करने से ही जीवन में सुख शांति और समृद्धि मिलती है : सीमा सिंह
भायंदर। माता-पिता को साक्षात ईश्वर का रूप माना गया है। उनकी सेवा करने से जीवन में सुख, शांति, और समृद्धि आती है। जो लोग अपने माता-पिता का अपमान करते हैं, ईश्वर उन्हें कभी माफ नहीं करता। देश की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था मेघाश्रेय द्वारा भायंदर पश्चिम के उत्तन स्थित किशनगोपाल राजपुरिया वानप्रस्थ आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए संस्था की अध्यक्ष तथा प्रख्यात समाजसेवी सीमा सिंह ने उपरोक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि जो माता-पिता दुख झेलकर भी अपनी संतानों को पढ़ा लिखाकर काबिल बनाते हैं, वही संताने उन्हें एक दिन वृद्ध आश्रम में जाने के लिए विवश कर देती हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा करना परम सौभाग्य है। मेघाश्रेय द्वारा आश्रम में भगवान राम और भगवान कृष्ण तथा भगवान शंकर की आकर्षक झांकियां निकाली गई। सभी के चेहरों पर खुशी झलक रही थी। आश्रम के सभी बुजुर्गों के साथ सीमा सिंह ने खुद भोजन किया। सभी को खाद्य सामग्री और उपहार वितरित किए गए और दिवाली की अग्रिम शुभकामना दी गई। पत्रकारों से बात करते हुए सीमा सिंह ने कहा कि बुजुर्गों के साथ बिताए गए क्षण अत्यंत अमूल्य और ज्ञानवर्धक रहा। उनके अनुभवों का लाभ समाज और देश को मिलना चाहिए।
नैसर्गिक विकलांग सेवा संघ ने दिव्यांगों संग मनाया दीपावली स्नेह सम्मेलन
मुंबई, हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दीपावली पर नैसर्गिक विकलांग सेवा संघ के अध्यक्ष टी. एन. दुबे द्वारा दीपावली स्नेह सम्मलेन का आयोजन किया गया।  अँधेरी पूर्व अम्बावाड़ी स्थित संस्था कार्यालय प्रांगण में आयोजित इस दीपावली स्नेह सम्मलेन में मुख्य अतिथि के तौर पर समारोह अध्यक्ष अनिल गलगली (प्रमुख आर.टी.आई विशेषज्ञ), अभिजीत राणे (अध्यक्ष भाजपा कामगार अघाड़ी, मुंबई), प्रसिद्ध समाजसेवी  श्री गणेश अग्रवाल, एडवोकेट सतीश मिश्रा, विजय सिंह, प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसरपर संस्था अध्यक्ष टी. एन. दुबे तथा अतिथियों द्वारा १५० दिव्यांगजनों  को घरेलु उपयोगी सामग्री व मिष्ठान वितरण किया गया. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशांत चारी, विनय दुबे,पंकज मिश्रा, वीरेन्द्र दुबे, अमित खरवार, पवन दुबे, अनिल धोत्रे, मिना पटेकर, गुरुजस यादव, राम ठाकुर, दिपक नाचरे, मदन शीतप, पिंटू उपाध्याय का सराहनीय सहयोग रहा।