विकास प्रदर्शनी के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभूति नारायण इंटर कॉलेज ज्ञानपुर में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने लगाई भव्य विकास प्रदर्शनी



नितेश श्रीवास्तव

भदोही। सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद भदोही में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ विभिन्न कार्यक्रमों के साथ किया गया। अभियान के अंतर्गत सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा विभूति नारायण इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर में भव्य विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी,  विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला  सहित अधिकारीगणो की उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा फीता काटकर किया गया।

           विकास प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, उपलब्धियों तथा जनहित से जुड़े कार्यक्रमों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी सरल और सहज रूप में उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं से जुड़कर उनका लाभ प्राप्त कर सकें।

            प्रदर्शनी में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, रोजगार, आवास, सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य जनकल्याणकारी क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों को प्रदर्शित किया गया। विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के गरीब, वंचित, किसान, महिला, युवा एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी प्रदर्शनी में प्रमुखता से स्थान दिया गया।

         इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विभिन्न विभागों एवं योजनाओं से संबंधित प्रदर्शित सामग्री की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विकास प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल उपलब्धियों को प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि आमजन को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें अधिकारों एवं सुविधाओं से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी किसी भी विकास प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी है। जब नागरिक योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनके क्रियान्वयन में सहभागी बनते हैं, तो विकास कार्यों का प्रभाव और अधिक व्यापक होता है।

        सूचना विभाग की प्रदर्शनीय में लगाई गई होर्डिंग में जन सेवा से देश सेवा 25 साल सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत वन स्टॉप सेंटर 2.39 लाख महिलाएं लाभान्वित, 15409 विद्युत सखियां सक्रिय कुल 3207 करोड़ की बिल राशि संकलित, पुलिस में 44000 प्लस महिला बल, 20 प्रतिशत पद आरक्षित प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित, महिला एवं बा सुरक्षा संगठन 1090 का गठन, 181 महिला हेल्पलाईन के अन्तर्गत 8.42 लाख महिलाओं की सहायता, 3 महिला पी0ए0सी0बटालियन का गठन 5 का गठन प्रक्रियाधीन, निराश्रित महिला पेंशन 41.42 लाख प्लस लाभार्थी, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना 28.35 लाख प्लस बेटियां लाभान्वित 712 करोड़ प्लस की राशि अंतरित, 9 वर्षो में महिला श्रम बल की भागीदारी 13 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत, 10.58 लाख प्लस स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर 1.24 करोड़ प्लस ग्रामीण महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर, आजीविकास मिशन का दायरा 8 गुना बढ़ा, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना 5.50 लाख प्लस जोड़ों का विवाह, 13000 प्लस सूक्ष्म उद्यम सखियां सक्रिय, महिलाओं को छोटे उद्यम शुरू कराने में सहायता, 40000 बीसी सखियां सक्रिय, 50 हजार प्लस प्रशिक्षित 44453 करोड़ प्लस के वित्तीय लेनदेन का रिकार्ड, खेती-बाड़ी में ड्रोन का उपयोग ड्रोन हेतु 50 प्रतिशत तक अनुदान, पीएम कुसुम योजना 91 हजार प्लस सोलर पंपों की स्थापना कृषकों को 90 प्रतिशत तक सब्सिडी, गन्ना किसानों को 3.25 लाख करोड़ का रिकार्ड भुगतान, गन्ना मूल्य रू0 315 से बढ़ाकर रू0 400 प्रति क्विंटल, 27 नवीन मंडी स्थलों का आधुनिकीकरण, प्री-अराइवल ई-पास एवं डिजिटल पेमेंट की सुविधा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि 3.12 करोड़ किसान लाभान्वित रू0 103447 करोड़ प्लस खातों में अंतरित, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना 3.53 करोड़ किसानों को रू0 6120 करोड़ की क्षतिपूर्ति, 4 नई चीनी मिल, 6 पुनर्सचालित, 44 का क्षमता विस्तार, 122 चीनी मिल क्रियाशील, 10 लाख प्लस लोगों को रोजगार, निशुल्क हुई सिंचाई खुशहाली घर आई, 16 लाख प्लस किसानों के बिजली बिल माफ, 2017 से जून 2026 तक 888 लाख प्लस मी0टन विभिन्न उर्वरकों का वितरण 1.68 लाख प्लस मी0टन/कि0ली0रक्षा रसायन का वितरण, उत्तर प्रदेश कृषक उत्पादक संगठन नीति 2020 लागू, जून 2026 तक 4397 एफपीओ का गठन, 2025-26 में गन्ना उत्पादकता 82.56 टन प्रति हेक्टेयर किसानों की आय में 40720 प्रति हेक्टेयर की वृद्धि जैसे प्रचार प्रसार किये गए।

      जनप्रतिनिधियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शित योजनाओं एवं विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने और नागरिकों को सेवा एवं जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

           प्रदर्शनी देखने पहुंचे विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने प्रदर्शनीय का अवलोकन किया और योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश भी दिया गया कि विकास केवल सरकारी संस्थाओं का दायित्व नहीं, बल्कि जनभागीदारी से इसे और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाया जा सकता है।

            सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह विकास प्रदर्शनी सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही। प्रदर्शनी के माध्यम से जिले में हो रहे विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को नागरिकों के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
*डिजाइनिंग कालीनों का होगा आकर्षण*

*अमेरिका संग समझौते वालों देशों के बायरों पर नजर , शहर में चार अक्तूबर से चार दिनी अंतरराष्ट्रीय मेला*

नितेश श्रीवास्तव


भदोही । शहर के कारपेट सिटी स्थित कारपेट एक्सपो मार्ट में आगामी माह चार अक्तूबर से चार दिनी अंर्तराष्ट्रीय कालीन मेले का आयोजन किया जाएगा। जिसका शुभारंभ करने सीएम योगी आदित्यनाथ आ सकते हैं। उधर, अमेरिका के साथ ही भारत के मुफ्त व्यापार समझौते वाले देशों के बायरों पर भी कालीन निर्यातकों की नजर है। उधर, निर्यातकों द्वारा सस्ती एवं आधुनिक डिजाइन की कालीनों को तैयार करने का काम किया जा रहा है।

गत वर्ष अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के कालीन निर्यात पर पहले 25 फीसदी और फिर उसके बाद 50 फीसदी टैरिफ लगा दिया था। इसके कारण कालीन कारोबारियों को करारी चपत लगी थी। हजारों करोड़ों रुपये का कालीन गोदामों में होने के साथ ही आर्डर होल्ड हो गए थे। हालांकि बाद में कदम को वापस लिया गया। उसके बाद ईरान और अमेरिका युद्ध का भी कारोबार पर असर देखने को मिला। इस बीच, केंद्र सरकार ने जर्मनी, आस्ट्रेलिया समेत कई देशों के साथ मुफ्त व्यापार समझौता किया है। इससे कारोबार को पंख लगने की उम्मीदें हैं। शहर में एक मात्र बड़ा आयोजन साल भर में कालीन मेले का आयोजन मार्ट में होता है। ऐसे में बायरों को घर में सस्ती एवं प्राकृतिक रंगों से बनी कालीनों के जरिए लुभाने का काम निर्यातक करेंगे। निर्यातक श्याम नारायण यादव, काशीनाथ यादव, अनिल केसरी ने कहा कि सरकार, सीईपीसी की ओर से पूरी ताकत लगा दी गई है। अब मेले में समय कम बचा हुआ है। ऐसे में सस्ती एवं आधुनिक तथा प्राकृतिक रंगों की डिजाइन वाली कालीनों का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि बायरों को लुभाते हुए आर्डर को प्राप्त किया जा सके। सीईपीसी के वाइस चेयरमैन असलम महबूब ने बताया कि चार अक्तूबर से 50वां इंडिया कारपेट एक्सपो हो रहा है। जिसमें करीब 63 देशों के 310 बायर आ रहे हैं। जबकि 195 निर्यातकों ने स्टाल बुक है।



भदोही में कारोबार के नाम पर केवल कालीन ही है। यहां पर घनी आबादी एवं जमीनों के अभाव के कारण कृषि कार्य भी ना के बराबर है। 20 लाख लोगों के जीविकोपार्जन के साधन कालीन कारोबार की बेहतरी को सरकारों को मदद करना चाहिए। फरीद खां

शहर में अच्छा होटल ना होने के कारण बायरों को वाराणसी में ही ठहराया जाता है। इस दिशा में सरकारों को प्रयास करना चाहिए। कारपेट सिटी में होटल निर्माण का प्रस्ताव आज भी ठंडे बस्ते में हैं, उस पर सरकार को विचार करना चाहिए।
सेवा संकल्प अभियान के तहत गोण्डा में महायज्ञ एवं विशेष अनुष्ठान, राष्ट्र कल्याण और विकसित भारत-2047 की कामना


*विश्वकर्मा जयंती पर मंदिरों में गूंजे राष्ट्र कल्याण के मंत्र, विकसित भारत के संकल्प के लिए हुआ महायज्ञ*


*महायज्ञ के जरिए लिया राष्ट्र की शांति, समृद्धि और विकसित भारत-2047 के निर्माण का संकल्प*



*सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्र कल्याण, शांति एवं विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि हेतु महायज्ञ एवं विशेष अनुष्ठान*

*गोण्डा, 17 सितम्बर 2026* - सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्र कल्याण, शांति, समृद्धि एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प की सिद्धि हेतु जनपद में विभिन्न मंदिरों पर महायज्ञ एवं विशेष अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित इन धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहभागिता कर राष्ट्र की उन्नति, शांति और समृद्धि की कामना की।

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से राष्ट्र कल्याण और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरूवार को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पृथ्वीनाथ मंदिर, जेल रोड स्थित विश्वकर्मा मंदिर, कचहरी रोड स्थित विश्वकर्मा भगवान मंदिर में महायज्ञ एवं विशेष अनुष्ठान संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया तथा विश्वकर्मा भगवान से देश एवं प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और विकास की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश भी दिया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 19 सितंबर को बभनान में रोजगार मेला, 1000 से अधिक पदों पर भर्ती का अवसर


*गोण्डा के युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 30 से अधिक कंपनियां करेंगी रोजगार मेले में प्रतिभाग*


*रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर भी, बभनान में लगेगा मेगा रोजगार मेला*


*गोण्डा में 19 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला, 30 से अधिक कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन*

*गोण्डा, 17 सितम्बर 2026* -  देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, गोण्डा द्वारा विधानसभा क्षेत्र गौरा में 19 सितम्बर 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती प्रिया गौतम ने बताया कि रोजगार मेला प्रातः 10 बजे से आचार्य नरेन्द्र देव किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बभनान, गोण्डा में आयोजित होगा।

रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, जिनमें श्रीराम रिंग पिस्टन, जे.के. टायर, याजाकी इंडिया, टाटा मोटर्स, ब्लिंकिट, जोमैटो आदि प्रमुख हैं। कंपनियों द्वारा 1000 से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा। साक्षात्कार में सफल अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किए जाने के उपरान्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रभात वर्मा, विधायक गौरा द्वारा ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे।

रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं परास्नातक शैक्षिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है तथा पंजीयन, प्रतिभाग करने अथवा नौकरी प्राप्त करने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

कार्यक्रम में युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उद्योग विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग, सरकारी बैंकों तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इच्छुक युवा इन स्टॉलों के माध्यम से केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण एवं सब्सिडी की जानकारी प्राप्त कर अपना स्वरोजगार शुरू करने के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।

जिला सेवायोजन अधिकारी प्रिया गौतम ने युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए सेवायोजन विभाग की हेल्पलाइन 155330 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
वामन अवतार की महिमा और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से भक्तिमय हुआ रामजानकी मारवाड़ी धर्मशाला

*गोंडा।* रानीबाजार स्थित राम जानकी मारवाड़ी धर्मशाला में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं को भगवान वामन के दिव्य चरित्र एवं भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की कथा का भावपूर्ण श्रवण कराया गया। प्रयागराज से पधारे कथा व्यास बालकृष्ण भार्गव जी महाराज ने अपनी ओजस्वी एवं मधुर वाणी से दोनों प्रसंगों का मार्मिक वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, सत्य, विनम्रता और भक्ति का संदेश दिया।
भगवान वामन चरित्र का वर्णन करते हुए महाराज जी ने बताया कि भगवान का अवतार सदैव धर्म की स्थापना और भक्तों के कल्याण के लिए होता है। कथा में भगवान वामन द्वारा राजा बलि से तीन पग भूमि मांगने और उनके दिव्य स्वरूप का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
वहीं, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग आते ही कथा स्थल उल्लास और भक्ति से भर गया। ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा धर्मशाला परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के बीच भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया।
कथा व्यास बालकृष्ण भार्गव जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल कथा नहीं, बल्कि मानव जीवन को धर्म, प्रेम, सदाचार और ईश्वर भक्ति की राह दिखाने वाला दिव्य ग्रंथ है। कथा श्रवण से मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्तिमय वातावरण में श्रीमद्भागवत कथा का रसास्वादन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
मोदी ने नक्सलवाद से मुक्ति दिलाई, जम्मू-कश्मीर से हटाई धारा 370: राजनाथ

 - प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर वाराणसी में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, काशी-वडनगर के बीच निकलेगी यात्रा

 - रक्षा मंत्री बोले-2014 से पहले सरकारों को रहती थी कुर्सी बचाने की चिंता, देश के हाथ से निकल जाते थे अवसर

 - पंकज चौधरी बोले-10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से गुजरेगी यात्रा, प्रतिदिन 60 से 80 स्थानों पर होंगे कार्यक्रम

 - चिराग पासवान ने कहा- नरेंद्र मोदी केवल प्रधानमंत्री का नाम नहीं, भारत के सम्मान और गौरव का नाम

 - चंद्रबाबू नायडू बोले- अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा, प्रधानमंत्री मोदी युवाओं को उपलब्ध करा रहे रोजगार

वाराणसी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भविष्य में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विरासत लिखी जाएगी तो उसमें यह भी लिखा जाएगा कि उन्होंने देश को नक्सलवाद से कैसे मुक्ति दिलाई, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 कैसे समाप्त की, करोड़ों लोगों को गरीबी से कैसे बाहर निकाला, संसद में महिलाओं को बराबर की भागीदारी कैसे दिलाई और नौजवानों के सपनों को कैसे पंख दिए। उन्होंने कहा कि एक महान नेता लोगों को स्वावलंबी बनाता है और प्रधानमंत्री मोदी ने यही किया है।

प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर वाराणसी में सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कहा कि काशी और वडनगर को जोड़ने वाली यात्रा प्रधानमंत्री की जन्मभूमि को कर्मभूमि से जोड़ने की यात्रा है। एक ओर काशी है, जहां से उनके सार्वजनिक जीवन को नई ऊर्जा मिली और दूसरी ओर वडनगर है, जहां उन्हें मां हीराबेन का आशीर्वाद और संस्कार मिले। उन्होंने इसे “सेवा, संस्कार और साधना की संगम यात्रा” बताया।

 - पहले सरकारों को कुर्सी बचाने की रहती थी चिंता

राजनाथ सिंह ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि 2014 से पहले भारत के हाथ से अवसर निकल जाते थे। पहले की सरकारें सोती रहती थीं या उन्हें अपनी कुर्सी बचाने की चिंता रहती थी। उन्होंने सेमीकंडक्टर उद्योग का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया की बड़ी चिप निर्माता कंपनी भारत में फैक्ट्री लगाना चाहती थी, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने उसे दो बार अनुमति नहीं दी और देश ने रोजगार का बड़ा अवसर खो दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सेमीकंडक्टर को बढ़ावा देने की पहल की तो सवाल उठाए गए कि भारत में इसकी इंडस्ट्री कैसे लग सकती है। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अभी दशकों तक देश की सेवा करनी है।

 - दो हजार साल पुराना काशी-वडनगर का रिश्ता

रक्षा मंत्री ने कहा कि वडनगर और काशी का रिश्ता बहुत पुराना है। करीब दो हजार साल पहले बौद्ध भिक्षुओं ने सारनाथ से वडनगर की यात्रा की थी। उस समय उद्देश्य ज्ञान और अध्यात्म को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना था। आज उसी प्राचीन परंपरा को नए रूप में सेवा यात्रा के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि वह दुनिया के बड़े नेताओं से मिलते समय उन्हें भारत में बनी वस्तुएं उपहार में देते हैं। उन्होंने अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन को वाराणसी की गुलाबी मीनाकारी से बना पिकॉक ब्रोच दिए जाने का भी जिक्र किया। कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने उपस्थित लोगों से मोबाइल की टॉर्च जलवाकर प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दिलाई।

- 250 बाइक से वडनगर जाएंगे 500 यात्री : पंकज चौधरी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि काशी से 250 बाइक पर सवार 500 यात्री गंगाजल लेकर वडनगर जाएंगे। इसी तरह 250 बाइक पर 500 यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर वडनगर से काशी आएंगे। सात अक्तूबर को वडनगर में बाबा हाटकेश्वर को जल अर्पित किया जाएगा और काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर यात्रा पूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि हजारों किलोमीटर की यह यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। उत्तर प्रदेश के 50 जिले यात्रा के मार्ग में आएंगे। प्रतिदिन 60 से 80 स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। यात्रा के दौरान वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प दिलाया जाएगा। प्रत्येक पड़ाव पर 15 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी, स्थानीय नेताओं से संवाद होगा और स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया जाएगा।पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी के निरोगी जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है। काशी के सांसद के रूप में वह काशी के कोने-कोने को विकसित कर रहे हैं।

 - नरेंद्र मोदी भारत के सम्मान और गौरव का नाम : चिराग

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि पूर्व में भी सरकारें रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को देश और विदेश में नई पहचान दिलाने का काम किया है। पिछले 12 वर्षों में उन्होंने हर दिशा में अपनी सोच को स्थापित किया है और आज पूरी दुनिया की नजर भारत पर है। उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी केवल देश के प्रधानमंत्री का नाम नहीं, भारत के सम्मान और गौरव का नाम है।” यदि देश का प्रत्येक युवा उनके व्यक्तित्व का अंश भर भी अपने जीवन में उतार ले तो देश का भविष्य और बेहतर होगा।

 - अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत : नायडू

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि काशी की धरती पर खड़ा होना उनके लिए गर्व का क्षण है। काशी सबसे प्राचीन नगरी है और नई सोच देती है। वडनगर से काशी तक प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा की यात्रा दिखाई है। आज देश बदल रहा है और आगे बढ़ रहा है। नायडू ने कहा कि अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तकनीक की समझ का उल्लेख करते हुए कहा कि वह युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहे हैं। यही नया और आत्मनिर्भर भारत है। उन्होंने वाराणसी में बड़ी संख्या में लोगों के आने का जिक्र करते हुए यहां बालाजी का मंदिर बनाने की बात भी कही।

‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के भाव को आगे बढ़ाएंगी काशी-वडनगर की यात्राएं : सीएम योगी

- मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में सेवा संकल्प अभियान का किया शुभारंभ

 - काशी और वडनगर से निकलेंगी 10-10 यात्राएं, पवित्र नदियों के जल से होगा बाबा विश्वनाथ और हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक

- सात अक्तूबर को शासन प्रमुख के रूप में प्रधानमंत्री मोदी के पूरे होंगे 25 वर्ष, मुख्यमंत्री योगी बोले-बिना रुके, बिना झुके और बिना डिगे जारी रखी सेवा यात्रा

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी और वडनगर के बीच शुरू हुई सेवा संकल्प यात्राएं ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के भाव को आगे बढ़ाएंगी। काशी से उत्तर प्रदेश की 10 पवित्र नदियों का जल लेकर 10 यात्राएं अलग-अलग मार्गों से वडनगर जाएंगी। वहीं, गुजरात की पावन नदियों का जल लेकर 10 यात्राएं वडनगर से काशी पहुंचेंगी। उत्तर प्रदेश की नदियों का जल वडनगर में भगवान हाटकेश्वर महादेव को और गुजरात की नदियों का जल काशी में बाबा विश्वनाथ को अर्पित किया जाएगा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यात्रा में शामिल युवा करीब 20 दिन बाइक से सफर करेंगे। प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर की यात्रा के साथ चार बड़े कार्यक्रम होंगे। अलग-अलग राज्यों में लोगों से संवाद और सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 - सात अक्तूबर को सेवा संकल्प के 25 वर्ष

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सात अक्तूबर 2026 को प्रधानमंत्री मोदी के शासन प्रमुख के रूप में सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। सात अक्तूबर 2001 को उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। तब से “बिना रुके, बिना झुके, बिना डिगे” चरैवेति-चरैवेति के मंत्र के साथ उन्होंने अपनी यात्रा को आगे बढ़ाया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के तप, परिश्रम और साधना से 140 करोड़ भारतवासियों को नए भारत का दर्शन हो रहा है। यह ऐसा भारत है जो सुरक्षित है और दुनिया से आंख से आंख मिलाकर बात करने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्ष की सेवा संकल्प यात्रा में देश का प्रत्येक नागरिक प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहभागी रहा है।

 - यूपी का जल वडनगर, गुजरात का जल पहुंचेगा काशी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वडनगर हजारों वर्षों की विरासत को समेटे गुजरात का पौराणिक नगर है। वहां भगवान हाटकेश्वर महादेव मंदिर से गुजरात की पावन नदियों का जल लेकर यात्राएं काशी आएंगी। काशी से बाबा विश्वनाथ का प्रसाद और उत्तर प्रदेश की 10 पवित्र नदियों का जल वडनगर जाएगा।उन्होंने कहा कि यात्राएं जिन राज्यों से गुजरेंगी, वहां काशी और वडनगर के महत्व को पहुंचाएंगी। मुख्यमंत्री योगी ने यात्रा में शामिल युवाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह यात्रा सकारात्मक भाव के साथ ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’, ‘विरासत और विकास’ तथा ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मंत्र को आगे बढ़ाएगी।

 - बिना सिफारिश और लेनदेन के मिल रही नौकरी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा से आया बदलाव गांव, गरीब, महिला और युवाओं के जीवन में देखा जा सकता है। आज नौजवानों को बिना किसी सिफारिश और बिना किसी लेनदेन के उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी मिल रही है। स्टार्टअप इकोसिस्टम के माध्यम से युवा नौकरी के पीछे भागने के बजाय दूसरों को नौकरी देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। देश में लाखों नए स्टार्टअप स्थापित हुए हैं। उन्होंने कारीगरों और हस्तशिल्पियों के परंपरागत उद्यम को पुनर्जीवित करने के प्रयासों के साथ स्टैंड अप इंडिया और डिजिटल इंडिया से आए बदलाव का भी जिक्र किया।

 - चार करोड़ आवास, 12 करोड़ शौचालय

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद 12 वर्षों में चार करोड़ लोगों को आवास उपलब्ध कराया गया। स्वच्छ भारत मिशन में बने 12 करोड़ शौचालय नारी गरिमा के प्रतीक हैं। उज्ज्वला योजना के तहत 11 करोड़ परिवारों तक स्वच्छ ईंधन पहुंचा है।उन्होंने कहा कि जिन हजारों गांवों में आजादी के बाद दशकों तक बिजली नहीं पहुंची थी, वहां आज एलईडी लाइट चमक रही है। इंटरनेट और गांव-गांव में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध हो रही है। आयुष्मान भारत के तहत 60 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये सालाना स्वास्थ्य बीमा कवर मिला है। कोविड काल से लगातार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है।

 - बॉटम फाइव से टॉप फोर अर्थव्यवस्था में भारत

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बदलाव केवल कल्याणकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है। सड़क, हवाई, रेल और मेट्रो कनेक्टिविटी के साथ नमो भारत, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी सेवाएं नए भारत की तस्वीर पेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में इकाइयां स्थापित करने और उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ा है। क्वांटम कंप्यूटिंग पर काम हो रहा है। एआई मिशन आगे बढ़ रहा है। भारत ड्रोन टेक्नोलॉजी के हब के रूप में खुद को स्थापित कर रहा है और रोबोटिक्स के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि दुनिया अब भारत को शक की निगाह से नहीं देखती। भारत दुनिया की बॉटम फाइव अर्थव्यवस्थाओं में नहीं, बल्कि टॉप फोर अर्थव्यवस्थाओं में मजबूती से खड़ा है।

 - विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नया भारत विकास के साथ अपनी विरासत का भी सम्मान करता है। विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय पहली बार भारत में देखने को मिल रहा है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, 500 वर्षों बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम के विराजमान होने, मां विंध्यवासिनी धाम के नए कॉरिडोर, प्रयागराज में 2019 के कुंभ और 2025 के महाकुंभ, केदारपुरी, बद्रीनाथ धाम और महाकाल महालोक का उल्लेख किया।उन्होंने योग को वैश्विक मान्यता और कुंभ को यूनेस्को की मानवता की सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता मिलने का भी जिक्र किया।

 - रोज चार बड़े कार्यक्रम, लोगों से होगा संवाद

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि करीब 20 दिन की यात्रा में शामिल युवाओं को प्रतिदिन चार बड़े कार्यक्रमों के साथ करीब 100 किलोमीटर की बाइक यात्रा करनी होगी। विभिन्न राज्यों में लोगों से संवाद के साथ सेवा के कार्यक्रम होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के विजन को जमीनी धरातल पर उतारने में सफल होगी। मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए बाबा विश्वनाथ, मां गंगा और मां अन्नपूर्णा से उनके स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना पूरी हो, यही प्रार्थना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सम्मान में सभी खड़े हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई के नारे लगे। समर्थकों ने भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारे लगाए। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। मंत्री रविंद्र जायसवाल ने एन. चंद्रबाबू नायडू को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न, जबकि जेपीएस राठौर ने मुख्यमंत्री योगी को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने चिराग पासवान और क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने पंकज चौधरी को सम्मानित किया। सांसद एवं सेवा यात्रा के संयोजक बीडी शर्मा का स्वागत जिलाध्यक्ष रामशक्ल पटेल और राष्ट्रीय मंत्री जगदीश भाई पटेल का स्वागत युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष शैलेंद्र मौर्य ने किया।

पुलिस अधीक्षक का एक्शन किशोर के अपहरण एवं हत्या की जांच में लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारी निलंबित
फर्रुखाबाद। जहानगंज थाना क्षेत्र के कोरीखेड़ा गांव में 10 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने  थाना प्रभारी पूनम अवस्थी को निलंबित कर दिया गया है। बताते हैं कि दस वर्षीय आशुतोष उर्फ अंशु गुप्ता के अपहरण और हत्या के प्रकरण को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर चर्चाएं हो रही थीं, विगत तीन सितंबर को मुख्यमंत्री के फर्रुखाबाद दौरे के समय पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश करने पर अभद्रता व मारपीट का वीडियो भी चर्चा में रहा । परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। यही नहीं पीड़ित ने अधिकारियों से लेकर उपमुख्यमंत्री तक शिकायत की थी।
थाना प्रभारी पूनम अवस्थी के निलंबन की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई को कोरीखेड़ा प्रकरण से जुड़ी होने से पुलिस की कार्यशैली और शिकायतों को गंभीरता से लेकर यह कदम उठाया गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि बच्चे की हत्या के मामले में लंबे समय बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिला और पुलिस से लगातार शिकायत करने के बावजूद भी कोई  कार्रवाई नहीं की जा रही है जबकि मामले में पुलिस की ओर से जांच की जा रही  है।
पांचाल घाट के पर्यटन विकास कार्यों का सदर विधायक ने भूमि पूजन किया
*फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा जनपद के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थल **पांचाल घाट के पर्यटन विकास हेतु ₹491.55 लाख (लगभग ₹4.92 करोड़) की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों का क्रियान्वयन *उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा कराया जाएगा।
सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी जी द्वारा पांचाल घाट पर विधि-विधानपूर्वक भूमि पूजन कर परियोजना के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।
परियोजना के अंतर्गत *गेटवे, मल्टीपरपज हॉल, टॉयलेट ब्लॉक, चेंजिंग रूम, मदर फीडिंग रूम, सुवेनियर एवं पोर्टेबल शॉप्स, सोलर लाइट, टूरिस्ट बेंच, पेयजल व्यवस्था, पार्किंग, इंटरलॉकिंग, पाव्ड एरिया, हॉर्टिकल्चर, ट्री एवं स्टैच्यू पेडेस्टल, चेन फेंसिंग तथा इंटरप्रिटेशन वॉल एवं वॉल म्यूरल सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से पंचाल घाट आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र में धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस दौरान परियोजना प्रबंधक सी.के. चतुर्वेदी उपस्थित रहे। उन्होंने परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी।
सदर विधायक द्वारा
इस महत्वपूर्ण पर्यटन विकास परियोजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का हार्दिक आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से जनपद में पर्यटन विकास को निरंतर गति मिल रही है।
मां विंध्यवासिनी धाम से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का भव्य शुभारंभ*
मीरजापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के अवसर पर 17 सितंबर को नगर पालिका परिषद मीरजापुर द्वारा मां विंध्यवासिनी धाम से स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने मां विंध्यवासिनी मंदिर प्रांगण में स्वयं झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान भाजपा नेता महेंद्र जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

अभियान के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिसमें नगरवासियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।