मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ किसान दिवस
किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिये निर्देश
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन स्वर्ण जयन्ती सभागार, विकास भवन, हरदोई में किया गया। मुख्य विकास अधिकारी महोदया द्वारा अवगत कराया गया कि जिला प्रशासन एवं सम्बन्धित समस्त अधिकारी विभिन्न प्रकार की समस्याओं के समाधान हेतु हर संभव प्रयासरत हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे कृषि से संबंधित समस्याएं ही किसान दिवस में उठाएं, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जा सके। अन्य विभागों से सम्बन्धित समस्याओं के निवारण हेतु मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में प्रातः 10.00 बजे से 12.00 बजे तक व्यक्तिगत रूप से मिलकर समाधान कराया जा सकता है।
किसान दिवस में किसानों द्वारा रात में विद्युत कटौती रोकने, गांवों के भीतर से गुजरने वाली 11000 वोल्टेज की विद्युत लाइनों को गांव से बाहर करने, जर्जर लोहे के तारों को बदलने तथा बार-बार विद्युत कटौती न किए जाने की मांग की गई। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सम्बन्धित अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के भीतर विद्युत सप्लाई का रोस्टर क्षेत्रवार तैयार कराकर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं तथा समाचार पत्रों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि त्यौहार नजदीक हैं, इसलिए विद्युत लाइनों के फाल्ट शीघ्र ठीक करा लिए जाएं।
किसानों द्वारा बाढ़ग्रस्त एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छरों तथा उनसे होने वाली मलेरिया, डेंगू आदि बीमारियों की रोकथाम हेतु दवा का छिड़काव कराने एवं सम्बन्धित ग्राम पंचायतों में चिकित्सा कैम्प/शिविर लगवाने की मांग की गई। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जलभराव एवं बाढ़ वाले क्षेत्रों में विशेष चिकित्सा कैम्प लगवाए जाएं तथा मच्छरों की रोकथाम हेतु दवा का छिड़काव कराया जाए। गांवों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा अतिक्रमण वाले चौराहों एवं स्थानों से अतिक्रमण शीघ्र हटवाने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं से संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी शिकायत प्राप्ति के 01 सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराते हुए अपनी निस्तारण आख्या उप कृषि निदेशक, हरदोई के माध्यम से उपलब्ध कराएंगे तथा आगामी किसान दिवस में निस्तारण आख्या के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि माह में किसी एक दिन किसान यूनियन के पदाधिकारियों के साथ एक घंटे का समय निर्धारित करते हुए बैठक करें तथा राजस्व विभाग से सम्बन्धित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी महोदया ने किसानों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास गन्दगी एवं गन्दे पानी को एकत्रित न होने दें तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
किसान दिवस में डा० राजेश कुमार, उप कृषि निदेशक, हरदोई, डा० सतीश चन्द्र पाठक, जिला कृषि अधिकारी हरदोई, इन्द्रजीत यादव, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक के०वी०के०, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला उद्यान अधिकारी हरदोई द्वारा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, नलकूप खण्ड, अग्रणी जिला प्रबन्धक, बैंक ऑफ इण्डिया, सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, लघु सिंचाई विभाग, विद्युत भण्डार केन्द्र, सिंचाई विभाग, जिला परियोजना समन्वयक यूपीडास्प, समन्वयक फसल बीमा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
किसान यूनियन के पदाधिकारीगण श्रीमती रेखा दीक्षित, राज बहादुर सिंह, अशोक राठौर, नायब सिंह, प्रगट सिंह, रावेन्द्र सिंह चौहान, राहुल मिश्रा, रूपलाल कोरी, इम्तियाज अली, प्रेम सागर, विकास चौहान, रामकृष्ण गुप्ता तथा प्रगतिशील कृषकगण आदि उपस्थित रहें।
Sep 17 2026, 11:57
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1