मऊ में 55 स्कूली वाहनों की जांच, छात्राओं के लिए महिला परिचर रखने के निर्देश
मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत परिवहन विभाग का अभियान, स्कूल प्रबंधकों को दिए सुरक्षा संबंधी निर्देश

मऊ। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत बुधवार को परिवहन विभाग ने जनपद के विभिन्न विद्यालयों में भौतिक निरीक्षण किया। छह दिवसीय विशेष अभियान के तहत 14 से 19 सितंबर तक चल रही कार्रवाई में विभागीय टीम ने स्कूली वाहनों की जांच के साथ अवशेष अनफिट वाहनों का पुनरवलोकन किया।

अभियान के दौरान कुल 55 स्कूली वाहनों की जांच की गई। परिवहन विभाग की टीम ने विद्यालय प्रबंधकों को निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में स्कूल के स्वामित्व अथवा अनुबंध पर वाहन संचालित हो रहे हैं, वहां प्रत्येक वाहन में अनिवार्य रूप से एक परिचर (अटेंडेंट) की व्यवस्था की जाए।

विभाग ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि यदि स्कूली वाहन में बालिकाएं भी यात्रा करती हैं तो उसमें महिला परिचर की तैनाती की जाए, ताकि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

विद्यालय प्रबंधकों को अपने-अपने विद्यालय में नियुक्त परिचरों की सूची परिवहन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे निर्धारित व्यवस्था के अनुपालन की निगरानी की जा सके।

परिवहन विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना और विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना है। कार्रवाई के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुहेल अहमद, प्रवर्तन सिपाही अनुप कुमार तथा दुर्गविजय यादव सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
अभियान का आयोजन
फर्रुखाबाद ।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के मार्गदर्शन में जिले भर में 14 से 20 सितंबर 2026 तक एक व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, रोगियों के लिए सुरक्षित चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता को बढ़ावा देना है।
अभियान के मुख्य आकर्षण एवं गतिविधियां
इस सप्ताह के दौरान जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण स्तर की स्वास्थ्य इकाइयों तक विभिन्न जागरूकता और चिकित्सीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके प्रमुख बिंदु निम्नलिखित हैं:
* गैर-संचारी रोग  स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य शिविर: जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों  और जिला चिकित्सा इकाइयों पर आम जनता के लिए विशेष एन.सी.डी. स्क्रीनिंग और हेल्थ चेक-अप शिविर लगाए जा रहे हैं।
* सुरक्षित दवा परामर्श: पुरानी एवं क्रॉनिक बीमारियों (जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप आदि) से पीड़ित रोगियों को सुरक्षित दवा के उपयोग और परामर्श की विशेष सुविधा प्रदान की जा रही है।
* जन-जागरूकता कार्यक्रम: आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए रैलियों, मैराथन, विचार-विमर्श सत्रों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
* डिजिटल और दृश्य सामग्री का प्रदर्शन: स्वास्थ्य केंद्रों पर रोगी सुरक्षा से संबंधित जागरूकता पोस्टर लगाए जा रहे हैं और वीडियो प्रदर्शित किए जा रहे हैं ताकि मरीजों को सही जानकारी मिल सके।
* रोगी सुरक्षा प्रतिज्ञा: अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों और आम जनता द्वारा 'रोगी सुरक्षा प्रतिज्ञा'  ली जा रही है ताकि चिकित्सा क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
* ऑडिट और गुणवत्ता सुधार: चिकित्सा इकाइयों द्वारा प्रिसक्रिप्शन और औषधियों के उचित उपयोग का ऑडिट किया जा रहा है, और इसमें पाई जाने वाली कमियों (गैप) का विश्लेषण कर उन्हें जिला स्तर पर साझा किया जा रहा है ताकि भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाया जा सके। सहभागिता और निर्देश
यह अभियान जिले के सभी प्रमुख चिकित्सा अधीक्षकों, क्षय चिकित्सालय, टीवी क्लीनिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (मोहम्मदाबाद, कायमगंज, राजेपुर, शमसाबाद, नवाबगंज, सिविल चिकित्सालय-फतेहगढ़) और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के समन्वय से संचालित किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आर.सी.एच.), फर्रुखाबाद द्वारा सभी संबंधित प्रभारियों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे इस एक सप्ताह चलने वाले अभियान की सभी गतिविधियों का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा की गई गतिविधियों की फोटोग्राफ सहित विस्तृत रिपोर्ट समय पर कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, एक गंभीर
गोंडा। जिले के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मनकापुर-नवाबगंज मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरदार मोहर सिंह महिला महाविद्यालय के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव निवासी 48 वर्षीय परमानंद वर्मा पुत्र स्व. रामसेवक के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक बक्सरा आज्ञाराम गांव निवासी 18 वर्षीय रजनीश यादव पुत्र रामदेव बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परमानंद वर्मा बुधवार शाम करीब 4:30 बजे मनकापुर बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे थे। महाविद्यालय के पास सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि परमानंद की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परमानंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं रजनीश की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला मुख्यालय गोंडा रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बहसूमा में संयुक्त पत्रकार महासभा के जिला कार्यालय का भव्य उद्घाटन
राष्ट्रीय अध्यक्ष सरताज अहमद ने फीता काटकर किया शुभारंभ, थाना प्रभारी रविंद्र पवार को शील्ड देकर किया सम्मानित

बहसूमा (मेरठ)। बहसूमा में बुधवार को संयुक्त पत्रकार महासभा (एसपीएम) के जिला कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरताज अहमद ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पत्रकार, संगठन के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

जिला कार्यालय की स्थापना मेरठ जिला अध्यक्ष प्रिंस रस्तोगी के नेतृत्व में की गई है। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष सरताज अहमद का पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के सामने सच्चाई और जनसमस्याओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। संगठन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वतंत्रता और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से उठाता रहेगा।

उन्होंने कहा कि संयुक्त पत्रकार महासभा किसी राजनीतिक दल से जुड़ा संगठन नहीं है। पत्रकार हितों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए सभी पत्रकारों को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।

जिला अध्यक्ष प्रिंस रस्तोगी ने कहा कि बहसूमा में जिला कार्यालय खुलने से क्षेत्र के पत्रकारों को अपनी समस्याएं संगठन के समक्ष रखने के लिए स्थानीय मंच मिलेगा। कार्यालय के माध्यम से पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ संगठन की गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा।

थाना प्रभारी को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान बहसूमा थाना प्रभारी रविंद्र पवार को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। पत्रकारों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए सम्मानित किया। कार्यक्रम में परविंदर उर्फ जैन साहब, राजकुमार (अमर उजाला), अमित (हिंदुस्तान), अनिल शर्मा, मोनू, प्रिंस, सोनू और सचिन समेत संगठन के पदाधिकारी एवं स्थानीय पत्रकार मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
योगी सरकार का भूजल बचाने पर फोकस, कानपुर से प्रयागराज के बीच मिली 200 किमी लंबी भूमिगत प्राचीन नदी
- गंगा-यमुना दोआब में भूजल संरक्षण की नई पहल, 1.65 करोड़ की परियोजना से होगा जलभृतों का पुनर्भरण

लखनऊ। प्रदेश में भूजल संरक्षण और दीर्घकालिक जल सुरक्षा को लेकर योगी सरकार ने वैज्ञानिक पहल शुरू की है। गंगा-यमुना दोआब में बारिश के पानी को जमीन के भीतर मौजूद जलभृतों तक पहुंचाकर भूजल स्तर बढ़ाने के लिए 1.65 करोड़ रुपये की प्रबंधित जलभृत पुनर्भरण (एमएआर) परियोजना शुरू की गई है। तीन वर्ष की इस परियोजना में पहले चरण में छह स्थानों पर पायलट आधार पर भूजल पुनर्भरण संरचनाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना के तहत कानपुर से प्रयागराज के बीच करीब 200 किलोमीटर लंबी भूमिगत प्राचीन नदी प्रणाली (पैलियोचैनल) की पहचान की गई है। वैज्ञानिकों का मानना है कि जमीन के नीचे मौजूद ये पुराने नदी मार्ग भूजल के प्रवाह और संचरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
- वैज्ञानिक तकनीक से हुई भूमिगत नदी की पहचान
नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के विशेष सचिव और निदेशक, भूगर्भ जल विभाग डॉ. राजेश कुमार प्रजापति के मुताबिक, सीएसआईआर-राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान (एनजीआरआई), हैदराबाद के वैज्ञानिकों ने गंगा-यमुना दोआब में जलभृतों और प्राचीन नदी प्रणालियों का अध्ययन किया है। इसके लिए हवाई भू-भौतिकीय सर्वेक्षण और बोरहोल लॉगिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। अध्ययन में प्रयागराज से कानपुर के बीच करीब 200 किलोमीटर लंबे प्राचीन भूमिगत नदी मार्ग के संकेत मिले हैं। ये मार्ग वर्तमान में दिखाई नहीं देते, लेकिन इनके भूजल प्रवाह के लिए उपयोगी होने की संभावना है।
- बारिश का पानी सीधे जलभृतों तक पहुंचाने की तैयारी
परियोजना का उद्देश्य बारिश के पानी को सतही बहाव में बर्बाद होने से रोककर उसे भूजल भंडारण वाली प्राकृतिक परतों यानी जलभृतों तक पहुंचाना है। वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर यह निर्धारित किया जाएगा कि किन स्थानों पर बारिश का पानी जमीन के भीतर आसानी से पहुंच सकता है। इसके बाद उन्हीं स्थानों पर उपयुक्त पुनर्भरण संरचनाएं विकसित की जाएंगी। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के वित्तीय सहयोग से भूगर्भ जल विभाग, उत्तर प्रदेश इस परियोजना को लागू कर रहा है। तीन वर्ष में पूरी होने वाली परियोजना की कुल लागत 1.65 करोड़ रुपये है।
- छह स्थानों पर पायलट प्रोजेक्ट
परियोजना के पहले चरण में छह स्थानों का चयन किया गया है। इन स्थानों पर पायलट अध्ययन के साथ भूजल पुनर्भरण की संरचनाएं तैयार की जाएंगी। इन संरचनाओं के माध्यम से बारिश का पानी जमीन के भीतर पहुंचाया जाएगा और भूजल स्तर में होने वाले बदलाव की नियमित निगरानी की जाएगी। पायलट परियोजना से यह भी पता लगाया जाएगा कि अलग-अलग स्थानों पर कौन-सी पुनर्भरण तकनीक अधिक प्रभावी है और संबंधित जलभृत कितनी मात्रा में पानी ग्रहण कर सकता है। इसके परिणामों के आधार पर परियोजना का विस्तार दोआब के अन्य उपयुक्त क्षेत्रों में किया जाएगा।
- गंगा-यमुना और भूजल के संबंध पर भी अध्ययन
एनजीआरआई के अध्ययन में गंगा और यमुना नदियों तथा क्षेत्र के प्रमुख जलभृतों के बीच हाइड्रोजियोलॉजिकल संबंध के संकेत मिले हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार प्राचीन नदी मार्ग भी भूमिगत जल के प्रवाह के महत्वपूर्ण रास्ते हो सकते हैं। परियोजना के दौरान नदी, वर्षा जल, भूजल और प्राचीन नदी मार्गों के बीच संबंधों का भी अध्ययन किया जाएगा। इससे भविष्य में भूजल पुनर्भरण और संरक्षण की योजनाओं के लिए वैज्ञानिक आधार तैयार होगा।
- वैज्ञानिक निगरानी के साथ चलेगा जनजागरूकता अभियान
नमामि गंगे के अतिरिक्त परियोजना निदेशक प्रभाष कुमार ने बताया कि एनजीआरआई के तकनीकी सहयोग से भूजल की निगरानी, शोध एवं विकास तथा पुनर्भरण संरचनाओं के प्रभाव का वैज्ञानिक आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही भूजल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
रघुनाथ गाथा से भावविभोर हुए श्रद्धालु,
आज बाबा कुशीनाथ मंदिर में सजेगा खाटू श्याम का भव्य दरबार व लगेगा छप्पन भोग*

ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* स्थानीय कस्बा स्थित बाबा कुशीनाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित भव्य श्री गणेश महोत्सव के दूसरे दिन आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। पूरा मंदिर परिसर भगवान श्री राम के जयकारों से गुंजायमान रहा। महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित धार्मिक व सांस्कृतिक संध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की पावन 'रघुनाथ गाथा' का बेहद भक्तिपूर्ण और संगीतमय गुणगान किया गया। रघुनाथ गाथा का रसपान कराने आए देश के प्रसिद्ध कवि पावन प्रगीत एवं उनकी सहयोगी टीम ने अपनी सुरीली आवाज और मधुर भजनों से समां बांध दिया। उन्होंने जैसे ही प्रभु श्री राम के जीवन प्रसंगों और उनकी महिमा का गान शुरू किया, पंडाल में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पावन प्रगीत के सुरों पर झूमते भक्तों से पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में क्षेत्र के भारी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालुओं ने उपस्थित रहकर इस अलौकिक आनंद का लाभ उठाया। महोत्सव की इस पावन श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए आज 16 सितंबर को मंदिर प्रांगण में एक और भव्य आयोजन होने जा रहा है। आज रात्रि 8:00 बजे से विशाल 'श्री खाटू श्याम भजन संध्या' का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नामचीन भजन गायकों द्वारा हारे के सहारे बाबा श्याम का गुणगान किया जाएगा। इस दौरान बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार कर भव्य दरबार सजाया जाएगा। इसके साथ ही, भगवान को छप्पन भोग का विशेष प्रसाद भी अर्पित किया जाएगा, जिसे बाद में भक्तों में वितरित किया जाएगा। बाबा कुशीनाथ मंदिर में चल रहे इस श्री गणेश महोत्सव और प्रतिदिन होने वाले इन धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हो रहा है। मंदिर समिति व आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे आज रात नियत समय पर अधिक से अधिक संख्या में बाबा कुशीनाथ मंदिर प्रांगण पहुंचकर खाटू श्याम भजन संध्या और छप्पन भोग प्रसाद का लाभ उठाएं और पुण्य के भागीदार बनें।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ किसान दिवस

किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिये निर्देश

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन स्वर्ण जयन्ती सभागार, विकास भवन, हरदोई में किया गया। मुख्य विकास अधिकारी महोदया द्वारा अवगत कराया गया कि जिला प्रशासन एवं सम्बन्धित समस्त अधिकारी विभिन्न प्रकार की समस्याओं के समाधान हेतु हर संभव प्रयासरत हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे कृषि से संबंधित समस्याएं ही किसान दिवस में उठाएं, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जा सके। अन्य विभागों से सम्बन्धित समस्याओं के निवारण हेतु मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में प्रातः 10.00 बजे से 12.00 बजे तक व्यक्तिगत रूप से मिलकर समाधान कराया जा सकता है।
किसान दिवस में किसानों द्वारा रात में विद्युत कटौती रोकने, गांवों के भीतर से गुजरने वाली 11000 वोल्टेज की विद्युत लाइनों को गांव से बाहर करने, जर्जर लोहे के तारों को बदलने तथा बार-बार विद्युत कटौती न किए जाने की मांग की गई। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सम्बन्धित अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के भीतर विद्युत सप्लाई का रोस्टर क्षेत्रवार तैयार कराकर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं तथा समाचार पत्रों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि त्यौहार नजदीक हैं, इसलिए विद्युत लाइनों के फाल्ट शीघ्र ठीक करा लिए जाएं।
किसानों द्वारा बाढ़ग्रस्त एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छरों तथा उनसे होने वाली मलेरिया, डेंगू आदि बीमारियों की रोकथाम हेतु दवा का छिड़काव कराने एवं सम्बन्धित ग्राम पंचायतों में चिकित्सा कैम्प/शिविर लगवाने की मांग की गई। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जलभराव एवं बाढ़ वाले क्षेत्रों में विशेष चिकित्सा कैम्प लगवाए जाएं तथा मच्छरों की रोकथाम हेतु दवा का छिड़काव कराया जाए। गांवों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा अतिक्रमण वाले चौराहों एवं स्थानों से अतिक्रमण शीघ्र हटवाने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं से संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी शिकायत प्राप्ति के 01 सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराते हुए अपनी निस्तारण आख्या उप कृषि निदेशक, हरदोई के माध्यम से उपलब्ध कराएंगे तथा आगामी किसान दिवस में निस्तारण आख्या के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि माह में किसी एक दिन किसान यूनियन के पदाधिकारियों के साथ एक घंटे का समय निर्धारित करते हुए बैठक करें तथा राजस्व विभाग से सम्बन्धित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी महोदया ने किसानों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास गन्दगी एवं गन्दे पानी को एकत्रित न होने दें तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
किसान दिवस में डा० राजेश कुमार, उप कृषि निदेशक, हरदोई, डा० सतीश चन्द्र पाठक, जिला कृषि अधिकारी हरदोई, इन्द्रजीत यादव, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक के०वी०के०, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला उद्यान अधिकारी हरदोई द्वारा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, नलकूप खण्ड, अग्रणी जिला प्रबन्धक, बैंक ऑफ इण्डिया, सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, लघु सिंचाई विभाग, विद्युत भण्डार केन्द्र, सिंचाई विभाग, जिला परियोजना समन्वयक यूपीडास्प, समन्वयक फसल बीमा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
किसान यूनियन के पदाधिकारीगण श्रीमती रेखा दीक्षित, राज बहादुर सिंह, अशोक राठौर, नायब सिंह, प्रगट सिंह, रावेन्द्र सिंह चौहान, राहुल मिश्रा, रूपलाल कोरी, इम्तियाज अली, प्रेम सागर, विकास चौहान, रामकृष्ण गुप्ता तथा प्रगतिशील कृषकगण आदि उपस्थित रहें।
ब्राह्मण भवन निर्माण को लेकर एकजुट हुए लोग .
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। सीतापुर रोड स्थित श्रीराम पैलेस, शुक्लापुर में उपनयन संस्कार सेवा समिति की ओर से ब्राह्मण समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संस्थापक शैलेश अवस्थी ने की। इसमें क्षेत्र के कई सम्मानित ब्राह्मण समाज के लोगों ने सहभागिता की और समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।बैठक में हरदोई में ब्राह्मण भवन के निर्माण को लेकर समाज के लोगों से सहयोग की अपील की गई। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति से एक दिन का श्रमदान करने तथा 21 ईंटों का सहयोग देने का आह्वान किया गया। समिति संस्थापक शैलेश अवस्थी ने कहा कि ब्राह्मण भवन के निर्माण के लिए वह गांव-गांव जाकर समाज के लोगों को जोड़ने का अभियान चलाएंगे। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि यदि किसी ब्राह्मण समाज के व्यक्ति के साथ प्रताड़ना या अन्याय की घटना होती है और उसके पुख्ता साक्ष्य उपलब्ध होते हैं, तो समिति नियमानुसार संबंधित मामले में कार्रवाई के लिए पहल करेगी।
इसके अलावा सामूहिक उपनयन संस्कार कार्यक्रम 18 फरवरी 2027 को आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की तैयारियों और समाज की सहभागिता को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान गुड्डू मिश्रा, सुशील तिवारी, सुधीर शुक्ला, राम ऋषि शुक्ला, दीपू अवस्थी, आनंद अवस्थी, बाला तिवारी, सत्यम तिवारी, दिनेश शुक्ला, संतोष मिश्रा, राजू तिवारी, सुनील बाजपेई, बृजेश मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
25 हजार के इनामी गैंगस्टर को पुलिस ने दबोचा

बबलू प्रजापति
हरदोई पिहानी। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पिहानी पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित लंबे समय से कई आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पंडरवा किला मार्ग के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी तथा क्षेत्राधिकारी हरियावां के पर्यवेक्षण में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पिहानी कोतवाली में दर्ज मु0अ0सं0 440/26, धारा 3(1) गैंगस्टर अधिनियम तथा मु0अ0सं0 369/26 में धारा 115(2), 352, 351(3) बीएनएस समेत अन्य मामलों में वांछित चल रहे इस्तिखार पुत्र मोह शेर निवासी ग्राम पंडरवा किला, थाना पिहानी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके विरुद्ध पिहानी कोतवाली में वर्ष 2019 से 2026 तक हत्या के प्रयास, मारपीट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार संबंधित मामलों में अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
इन मामलों में रहा वांछित
पुलिस अभिलेख के अनुसार आरोपित के विरुद्ध पिहानी कोतवाली में 70/19, 464/19, 613/19, 614/19, 485/19, 109/20, 122/21, 552/21, 515/24, 827/24, 828/24, 831/24, 97/25, 373/25, 369/26 और 440/26 समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह पुलिस टीम रही शामिल
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायण सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक श्याम बाबू, हेड कांस्टेबल आशीष सिंह, कांस्टेबल गर्वित सिंह और कांस्टेबल जयपाल सिंह शामिल रहे।
25 हजार का था इनाम
पुलिस अभिलेख के अनुसार गिरफ्तार आरोपित इस्तिखार पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान को लेकर सख्ती का संदेश गया है।
गजानन महोत्सव के तीसरे दिन तीन वर्गों में हुई गायन प्रतियोगिता, आरती में शामिल हुए सांसद
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। वंशी नगर में गजानन सेवा समिति के तत्वावधान में चल रहे 15वें गजानन महोत्सव के तीसरे दिन बुधवार को तीन वर्गों में गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्राइमरी वर्ग में इशिका शुक्ला, शुभी वर्मा, अपूर्वा मिश्रा, ऋचिक अवस्थी सहित नौ बच्चों ने प्रतिभाग किया। जूनियर वर्ग में शिवम मौर्य, अदित्री गुप्ता, सुदिति तिवारी, आर्यन कुमार, अनुष्का वर्मा, आरव मिश्रा सहित 16 प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। वहीं सीनियर वर्ग में सूरज मिश्रा, रूबी मिश्रा, आदर्श शुक्ला, हर्षाली अवस्थी , रोहिणी शर्मा, वर्षा शर्मा, पारस शुक्ला सहित 19 बच्चों ने प्रतिभाग किया।
गायन प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका लखनऊ से आए अलंकार सक्सेना, रवि तिवारी व परितोष अवस्थी ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन कुलदीप द्विवेदी व पंकज अवस्थी ने संयुक्त रूप से किया। शाम 8:30 बजे आयोजित आरती में हरदोई सदर सांसद जयप्रकाश रावत तथा भाजपा अनुसूचित मोर्चा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री पीके वर्मा शामिल हुए।
समिति अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी ने बताया कि गुरुवार को दोपहर एक बजे से वंशी नगर स्थित पंडाल में निशुल्क आरोग्य मेले का आयोजन होगा। इसमें रक्तचाप, शुगर, कैल्शियम व वजन की जांच, निशुल्क दवा वितरण, फिजियोथेरेपी व व्यायाम तथा चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध रहेगा। शिविर में डॉ. जेके वर्मा, डॉ. अजय अस्थाना, डॉ. नवीन सक्सेना, डॉ. सौरभ दयाल, डॉ. तिरुपति आनंद, डॉ. अनुराग गुप्ता, डॉ. रवि दत्त मिश्रा, डॉ. अमित मिश्रा, डॉ. शिवानी मिश्रा, डॉ. प्रतीक पोरवाल, डॉ. हर्षिता सिंह, डॉ. ध्रुव अग्रवाल, डॉ. नमन सक्सेना व डॉ. अभिषेक अवस्थी  चिकित्सा सेवाएं देंगे।
शाम को कृपालु साधक डॉ. राजेंद्र दत्त मिश्रा के श्रीमुख से अमृत वचन का आयोजन होगा, जिसके बाद ग्रुप डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रभाकर पाठक, जेके सेठ, पंकज चतुर्वेदी, अविनाश मिश्रा, राजमोहन पांडेय, अभिलाष गुप्ता, राजे गुप्ता, टिंकू द्विवेदी, राजू मिश्रा, नीरज शुक्ला, अनुराग किशोर चतुर्वेदी, कपीश चतुर्वेदी, शौर्य चतुर्वेदी, तनुष चतुर्वेदी, शौर्य नंदन श्रीवास्तव, विजय अवस्थी, आशीष सोलंकी, सौरभ सिंह गौर, नवल किशोर, आलोकिता श्रीवास्तव, बालाजी गुप्ता, अमित त्रिवेदी, रानू, अंबुज शुक्ला, अतुल त्रिपाठी, अशोक सिंह, लालू, विनीत मिश्रा, मोनू गुप्ता, आशुतोष श्रीवास्तव, विवेक शुक्ला, कमल शुक्ला, शैलेन्द्र अवस्थी, गरिमा चतुर्वेदी, ध्वनि, मनीषा पाठक, तान्या, सौम्या, नमन, दिव्यांशी व आकृति सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।