रघुनाथ गाथा से भावविभोर हुए श्रद्धालु,
आज बाबा कुशीनाथ मंदिर में सजेगा खाटू श्याम का भव्य दरबार व लगेगा छप्पन भोग*

ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* स्थानीय कस्बा स्थित बाबा कुशीनाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित भव्य श्री गणेश महोत्सव के दूसरे दिन आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। पूरा मंदिर परिसर भगवान श्री राम के जयकारों से गुंजायमान रहा। महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित धार्मिक व सांस्कृतिक संध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की पावन 'रघुनाथ गाथा' का बेहद भक्तिपूर्ण और संगीतमय गुणगान किया गया। रघुनाथ गाथा का रसपान कराने आए देश के प्रसिद्ध कवि पावन प्रगीत एवं उनकी सहयोगी टीम ने अपनी सुरीली आवाज और मधुर भजनों से समां बांध दिया। उन्होंने जैसे ही प्रभु श्री राम के जीवन प्रसंगों और उनकी महिमा का गान शुरू किया, पंडाल में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पावन प्रगीत के सुरों पर झूमते भक्तों से पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में क्षेत्र के भारी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालुओं ने उपस्थित रहकर इस अलौकिक आनंद का लाभ उठाया। महोत्सव की इस पावन श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए आज 16 सितंबर को मंदिर प्रांगण में एक और भव्य आयोजन होने जा रहा है। आज रात्रि 8:00 बजे से विशाल 'श्री खाटू श्याम भजन संध्या' का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नामचीन भजन गायकों द्वारा हारे के सहारे बाबा श्याम का गुणगान किया जाएगा। इस दौरान बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार कर भव्य दरबार सजाया जाएगा। इसके साथ ही, भगवान को छप्पन भोग का विशेष प्रसाद भी अर्पित किया जाएगा, जिसे बाद में भक्तों में वितरित किया जाएगा। बाबा कुशीनाथ मंदिर में चल रहे इस श्री गणेश महोत्सव और प्रतिदिन होने वाले इन धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हो रहा है। मंदिर समिति व आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे आज रात नियत समय पर अधिक से अधिक संख्या में बाबा कुशीनाथ मंदिर प्रांगण पहुंचकर खाटू श्याम भजन संध्या और छप्पन भोग प्रसाद का लाभ उठाएं और पुण्य के भागीदार बनें।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ किसान दिवस

किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिये निर्देश

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन स्वर्ण जयन्ती सभागार, विकास भवन, हरदोई में किया गया। मुख्य विकास अधिकारी महोदया द्वारा अवगत कराया गया कि जिला प्रशासन एवं सम्बन्धित समस्त अधिकारी विभिन्न प्रकार की समस्याओं के समाधान हेतु हर संभव प्रयासरत हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे कृषि से संबंधित समस्याएं ही किसान दिवस में उठाएं, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जा सके। अन्य विभागों से सम्बन्धित समस्याओं के निवारण हेतु मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में प्रातः 10.00 बजे से 12.00 बजे तक व्यक्तिगत रूप से मिलकर समाधान कराया जा सकता है।
किसान दिवस में किसानों द्वारा रात में विद्युत कटौती रोकने, गांवों के भीतर से गुजरने वाली 11000 वोल्टेज की विद्युत लाइनों को गांव से बाहर करने, जर्जर लोहे के तारों को बदलने तथा बार-बार विद्युत कटौती न किए जाने की मांग की गई। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सम्बन्धित अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के भीतर विद्युत सप्लाई का रोस्टर क्षेत्रवार तैयार कराकर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं तथा समाचार पत्रों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि त्यौहार नजदीक हैं, इसलिए विद्युत लाइनों के फाल्ट शीघ्र ठीक करा लिए जाएं।
किसानों द्वारा बाढ़ग्रस्त एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छरों तथा उनसे होने वाली मलेरिया, डेंगू आदि बीमारियों की रोकथाम हेतु दवा का छिड़काव कराने एवं सम्बन्धित ग्राम पंचायतों में चिकित्सा कैम्प/शिविर लगवाने की मांग की गई। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जलभराव एवं बाढ़ वाले क्षेत्रों में विशेष चिकित्सा कैम्प लगवाए जाएं तथा मच्छरों की रोकथाम हेतु दवा का छिड़काव कराया जाए। गांवों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा अतिक्रमण वाले चौराहों एवं स्थानों से अतिक्रमण शीघ्र हटवाने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं से संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी शिकायत प्राप्ति के 01 सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराते हुए अपनी निस्तारण आख्या उप कृषि निदेशक, हरदोई के माध्यम से उपलब्ध कराएंगे तथा आगामी किसान दिवस में निस्तारण आख्या के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि माह में किसी एक दिन किसान यूनियन के पदाधिकारियों के साथ एक घंटे का समय निर्धारित करते हुए बैठक करें तथा राजस्व विभाग से सम्बन्धित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी महोदया ने किसानों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास गन्दगी एवं गन्दे पानी को एकत्रित न होने दें तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
किसान दिवस में डा० राजेश कुमार, उप कृषि निदेशक, हरदोई, डा० सतीश चन्द्र पाठक, जिला कृषि अधिकारी हरदोई, इन्द्रजीत यादव, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक के०वी०के०, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला उद्यान अधिकारी हरदोई द्वारा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, नलकूप खण्ड, अग्रणी जिला प्रबन्धक, बैंक ऑफ इण्डिया, सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, लघु सिंचाई विभाग, विद्युत भण्डार केन्द्र, सिंचाई विभाग, जिला परियोजना समन्वयक यूपीडास्प, समन्वयक फसल बीमा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
किसान यूनियन के पदाधिकारीगण श्रीमती रेखा दीक्षित, राज बहादुर सिंह, अशोक राठौर, नायब सिंह, प्रगट सिंह, रावेन्द्र सिंह चौहान, राहुल मिश्रा, रूपलाल कोरी, इम्तियाज अली, प्रेम सागर, विकास चौहान, रामकृष्ण गुप्ता तथा प्रगतिशील कृषकगण आदि उपस्थित रहें।
ब्राह्मण भवन निर्माण को लेकर एकजुट हुए लोग .
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। सीतापुर रोड स्थित श्रीराम पैलेस, शुक्लापुर में उपनयन संस्कार सेवा समिति की ओर से ब्राह्मण समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संस्थापक शैलेश अवस्थी ने की। इसमें क्षेत्र के कई सम्मानित ब्राह्मण समाज के लोगों ने सहभागिता की और समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।बैठक में हरदोई में ब्राह्मण भवन के निर्माण को लेकर समाज के लोगों से सहयोग की अपील की गई। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति से एक दिन का श्रमदान करने तथा 21 ईंटों का सहयोग देने का आह्वान किया गया। समिति संस्थापक शैलेश अवस्थी ने कहा कि ब्राह्मण भवन के निर्माण के लिए वह गांव-गांव जाकर समाज के लोगों को जोड़ने का अभियान चलाएंगे। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि यदि किसी ब्राह्मण समाज के व्यक्ति के साथ प्रताड़ना या अन्याय की घटना होती है और उसके पुख्ता साक्ष्य उपलब्ध होते हैं, तो समिति नियमानुसार संबंधित मामले में कार्रवाई के लिए पहल करेगी।
इसके अलावा सामूहिक उपनयन संस्कार कार्यक्रम 18 फरवरी 2027 को आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की तैयारियों और समाज की सहभागिता को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान गुड्डू मिश्रा, सुशील तिवारी, सुधीर शुक्ला, राम ऋषि शुक्ला, दीपू अवस्थी, आनंद अवस्थी, बाला तिवारी, सत्यम तिवारी, दिनेश शुक्ला, संतोष मिश्रा, राजू तिवारी, सुनील बाजपेई, बृजेश मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
25 हजार के इनामी गैंगस्टर को पुलिस ने दबोचा

बबलू प्रजापति
हरदोई पिहानी। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पिहानी पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित लंबे समय से कई आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पंडरवा किला मार्ग के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी तथा क्षेत्राधिकारी हरियावां के पर्यवेक्षण में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पिहानी कोतवाली में दर्ज मु0अ0सं0 440/26, धारा 3(1) गैंगस्टर अधिनियम तथा मु0अ0सं0 369/26 में धारा 115(2), 352, 351(3) बीएनएस समेत अन्य मामलों में वांछित चल रहे इस्तिखार पुत्र मोह शेर निवासी ग्राम पंडरवा किला, थाना पिहानी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके विरुद्ध पिहानी कोतवाली में वर्ष 2019 से 2026 तक हत्या के प्रयास, मारपीट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार संबंधित मामलों में अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
इन मामलों में रहा वांछित
पुलिस अभिलेख के अनुसार आरोपित के विरुद्ध पिहानी कोतवाली में 70/19, 464/19, 613/19, 614/19, 485/19, 109/20, 122/21, 552/21, 515/24, 827/24, 828/24, 831/24, 97/25, 373/25, 369/26 और 440/26 समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह पुलिस टीम रही शामिल
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायण सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक श्याम बाबू, हेड कांस्टेबल आशीष सिंह, कांस्टेबल गर्वित सिंह और कांस्टेबल जयपाल सिंह शामिल रहे।
25 हजार का था इनाम
पुलिस अभिलेख के अनुसार गिरफ्तार आरोपित इस्तिखार पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान को लेकर सख्ती का संदेश गया है।
गजानन महोत्सव के तीसरे दिन तीन वर्गों में हुई गायन प्रतियोगिता, आरती में शामिल हुए सांसद
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। वंशी नगर में गजानन सेवा समिति के तत्वावधान में चल रहे 15वें गजानन महोत्सव के तीसरे दिन बुधवार को तीन वर्गों में गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्राइमरी वर्ग में इशिका शुक्ला, शुभी वर्मा, अपूर्वा मिश्रा, ऋचिक अवस्थी सहित नौ बच्चों ने प्रतिभाग किया। जूनियर वर्ग में शिवम मौर्य, अदित्री गुप्ता, सुदिति तिवारी, आर्यन कुमार, अनुष्का वर्मा, आरव मिश्रा सहित 16 प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। वहीं सीनियर वर्ग में सूरज मिश्रा, रूबी मिश्रा, आदर्श शुक्ला, हर्षाली अवस्थी , रोहिणी शर्मा, वर्षा शर्मा, पारस शुक्ला सहित 19 बच्चों ने प्रतिभाग किया।
गायन प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका लखनऊ से आए अलंकार सक्सेना, रवि तिवारी व परितोष अवस्थी ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन कुलदीप द्विवेदी व पंकज अवस्थी ने संयुक्त रूप से किया। शाम 8:30 बजे आयोजित आरती में हरदोई सदर सांसद जयप्रकाश रावत तथा भाजपा अनुसूचित मोर्चा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री पीके वर्मा शामिल हुए।
समिति अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी ने बताया कि गुरुवार को दोपहर एक बजे से वंशी नगर स्थित पंडाल में निशुल्क आरोग्य मेले का आयोजन होगा। इसमें रक्तचाप, शुगर, कैल्शियम व वजन की जांच, निशुल्क दवा वितरण, फिजियोथेरेपी व व्यायाम तथा चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध रहेगा। शिविर में डॉ. जेके वर्मा, डॉ. अजय अस्थाना, डॉ. नवीन सक्सेना, डॉ. सौरभ दयाल, डॉ. तिरुपति आनंद, डॉ. अनुराग गुप्ता, डॉ. रवि दत्त मिश्रा, डॉ. अमित मिश्रा, डॉ. शिवानी मिश्रा, डॉ. प्रतीक पोरवाल, डॉ. हर्षिता सिंह, डॉ. ध्रुव अग्रवाल, डॉ. नमन सक्सेना व डॉ. अभिषेक अवस्थी  चिकित्सा सेवाएं देंगे।
शाम को कृपालु साधक डॉ. राजेंद्र दत्त मिश्रा के श्रीमुख से अमृत वचन का आयोजन होगा, जिसके बाद ग्रुप डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रभाकर पाठक, जेके सेठ, पंकज चतुर्वेदी, अविनाश मिश्रा, राजमोहन पांडेय, अभिलाष गुप्ता, राजे गुप्ता, टिंकू द्विवेदी, राजू मिश्रा, नीरज शुक्ला, अनुराग किशोर चतुर्वेदी, कपीश चतुर्वेदी, शौर्य चतुर्वेदी, तनुष चतुर्वेदी, शौर्य नंदन श्रीवास्तव, विजय अवस्थी, आशीष सोलंकी, सौरभ सिंह गौर, नवल किशोर, आलोकिता श्रीवास्तव, बालाजी गुप्ता, अमित त्रिवेदी, रानू, अंबुज शुक्ला, अतुल त्रिपाठी, अशोक सिंह, लालू, विनीत मिश्रा, मोनू गुप्ता, आशुतोष श्रीवास्तव, विवेक शुक्ला, कमल शुक्ला, शैलेन्द्र अवस्थी, गरिमा चतुर्वेदी, ध्वनि, मनीषा पाठक, तान्या, सौम्या, नमन, दिव्यांशी व आकृति सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।
मऊ में AAP का केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, जनहित के मुद्दों पर जवाबदेही की मांग


मऊ। आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार की नीतियों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर महंगाई, रोजगार, GST, UPI, किसानों, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा गया।

ज्ञापन में UPI से जुड़े शुल्क और नियमों की स्थिति स्पष्ट करने के साथ ही रोजगार एवं महंगाई से संबंधित आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की गई। पार्टी ने किसानों, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार की नीतियों एवं उपलब्धियों पर भी स्पष्ट जानकारी मांगी।

इसके अलावा सरकार के प्रमुख वादों, उपलब्धियों और विदेश यात्राओं पर होने वाले खर्च को लेकर भी सवाल उठाए गए।

AAP नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान AAP नेता विक्रम जीत सिंह ने प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग से जुड़ा बयान भी दिया।

पार्टी ने कहा कि यदि उठाए गए मुद्दों पर अपेक्षित जवाब और सुधार नहीं होते हैं तो इन विषयों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से आगे भी उठाया जाएगा।
कैंसर पीड़ित व्यापारी की मौत पर शहर के व्यापारियों में शोक की लहर


फर्रुखाबाद।
आलू मंडी सातनपुर के प्रतिष्ठितआढ़ती,व्यापारी,व श्रीतिरुपति बालाजी कोल्डस्टोरेज मालिक अमित गुप्ता के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही आलू व्यापार जगत में शोक की लहर छा गई, शहर के सातनपुर कोठा निवासी अमित गुप्ता पुत्र राजेन्द्र गुप्ता पिछले दो साल से कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे, दिल्ली में इलाज के दौरान रात में निधन हो गया था,उनके निधन की खबर सुनते ही आलू कारोबार से जुड़े आढ़तियों व्यापारियों,व कोल्डस्टोरेज मालिकों सहित अन्य लोगों की भीड़ सुबह से ही आवास पर लगी रही,शाम को सवा चार बजे जैसे ही शव आवास पर पहुंचा तो रोते बिलखते परिजनों से कोहराम छा गया मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं ।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा*



फर्रुखाबाद । जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल क्रियान्वयन एवं पूर्व तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आवश्यक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में एक से 31 दिसम्बर 2026 तक प्रस्तावित जनगणना-2027 के द्वितीय चरण से संबंधित तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य भारत सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण पारदर्शिता, शुद्धता एवं गंभीरता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों को भली-भांति समझते हुए समय से आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें।उन्होंने जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले कार्मिकों के प्रशिक्षण, आवश्यक प्रपत्रों एवं सामग्री की उपलब्धता, क्षेत्रवार कार्ययोजना, डाटा संकलन तथा अन्य व्यवस्थाओं की समय से तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं का पूर्व में ही चिन्हांकन कर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्य की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने स्तर से सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराते हुए प्रगति से अवगत कराएं।
बैठक में जनगणना प्रभारी पारखी भार्गव ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) को समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद फर्रुखाबाद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

*द्वितीय चरण के लिए निर्धारित प्रमुख समय-सारणी*

1. गणना ब्लॉकों का गठन एवं अंतिम रूप देना 20 सितंबर 2026 तक
2. जनपद/चार्ज स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण 15 एवं 16 सितंबर 2026
3. फील्ड ट्रेनर्स की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण 10 अक्टूबर 2026 तक
4. गणना ब्लॉकों का आवंटन 31 अक्टूबर 2026 तक
5. प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण 7 नवंबर 2026 तक
6. प्रचार-प्रसार – निरंतर
7. विद्यालयों एवं संस्थानों की सहभागिता – 7 नवंबर 2026 तक
8. स्व-गणना (Self Enumeration) 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक
9. जनसंख्या गणना (Population Enumeration) 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक
10. जनगणना हेतु संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027, समय 00:00 बजे
11. पुनरीक्षण कार्य – 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सारणी के प्रत्येक बिंदु का अनुपालन समय से सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों द्वारा केवल कार्य की प्रगति ही नहीं, बल्कि गणना की शुद्धता, गुणवत्ता एवं वास्तविक कवरेज की भी नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को औपचारिकता न मानते हुए सभी अधिकारी प्रत्येक प्रक्रिया को अच्छी तरह समझें तथा अपने अधीनस्थ प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। फील्ड में आने वाली किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाकर उसका समाधान कराया जाए। जिलाधिकारी ने आमजन की सहभागिता को भी जनगणना की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए लोगों को जनगणना के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए।उन्होंने जनगणना कार्य में लगे सभी कार्मिकों को आमजन के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा निर्धारित नियमों के अनुसार सूचना की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू, उपजिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी वीरेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश के आलू आंदोलन को देश के कई राज्यों के किसानों का समर्थन
फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद से शुरू हुआ प्रदेशव्यापी आलू आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर लेगा विस्तार
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल के नेतृत्व में शुरू किए गए प्रदेशव्यापी आलू आंदोलन को अब देश के कई राज्यों के किसानों का समर्थन मिलने लगा है। हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के किसान नेताओं ने आलू किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों को लेकर चलाए जा रहे इस आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है।
इस संबंध में किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल ने दिल्ली में विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ किसान नेताओं से मुलाकात कर आलू किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान वरिष्ठ किसान नेता गुणवंत पाटिल, गुरु प्रताप सिंह मान, गुणी प्रसाद, सुब्रत मणि त्रिपाठी सहित कई किसान नेताओं से बातचीत हुई।
अजय अनमोल ने कहा कि आलू किसान आज गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। लागत बढ़ने, उचित मूल्य नहीं मिलने और भंडारण तथा बाजार की समस्याओं के कारण किसानों को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश में शुरू किया गया आलू आंदोलन केवल उत्तर प्रदेश के किसानों का आंदोलन नहीं रहेगा, बल्कि देश के आलू उत्पादक किसानों की आवाज बनेगा।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आलू नीति बनाना आवश्यक है। किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिले, लागत की भरपाई हो तथा आलू के भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में देश के विभिन्न राज्यों के किसान नेताओं से समन्वय कर आलू किसानों की मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।
अजय अनमोल ने कहा—
“आलू की आवाज उठेगी, तभी आलू नीति बनेगी और तभी आलू किसान बचेगा।”
फर्रुखाबाद के बाद अब 18 सितम्बर को कन्नौज कलक्ट्रेट पर आलू किसानों का प्रदर्शन होगा।
स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा से सतत विकास लक्ष्यों को मिलेगी गति
-  सशक्त भविष्य के लिए स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को प्रभावी बनाने पर मंथन

लखनऊ। सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की प्राप्ति के लिए स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के प्रयासों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को होटल क्लार्क्स अवध में ‘सशक्त भविष्य: शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के माध्यम से सतत विकास लक्ष्यों को गति’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, डिजिटल स्वास्थ्य, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, कौशल विकास और सार्वजनिक नीति के विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
- SDGs की प्रगति में डेटा और नवाचार पर जोर
प्रमुख सचिव, नियोजन आलोक कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा SDGs की प्राप्ति के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। सफल प्रयासों और नवाचारों को साझा कर प्रभावी रणनीतियां तैयार की जा सकती हैं। डेटा, प्रौद्योगिकी और नवाचार के बेहतर उपयोग से योजनाओं के परिणामों को प्रभावी बनाया जा सकता है।
- स्वास्थ्य और पोषण की चुनौतियों पर चर्चा
पहले सत्र में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े SDGs  की चुनौतियों और समाधान पर चर्चा हुई। अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने बेहतर परिणामों के लिए डेटा, तकनीक और नवाचार के प्रभावी उपयोग को जरूरी बताया। अपर मुख्य सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार श्रीमती लीना जौहरी ने बच्चों और माताओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। नीति आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. वी.के. पॉल ने स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा में निवेश को मानव विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
- कुपोषण और तकनीक पर मंथन
पैनल चर्चा में डॉ. श्वेता खंडेलवाल, रबी परही, डॉ. विनोद कुमार अग्रवाल, अनुपमा शांडिल्य और आशुतोष कुमार सिंह ने रोकथाम योग्य मौतों, बच्चों में कम वजन और अविकसित शारीरिक विकास की चुनौतियों पर विचार रखे। स्वास्थ्य ढांचे और डेटा व्यवस्था को AI से मजबूत करने पर हिमांशु बुराड, पीयूष एंटनी ,डॉ. कनिका अग्रवाल और डॉ आलोक सक्सेना ने विचार साझा किए।
- शिक्षा और कौशल विकास पर जोर
दूसरे सत्र में अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा SDGs की आधारशिला है और बेहतर शैक्षिक अवसर व आवश्यक कौशल से मानव विकास को मजबूती मिलती है। प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास डॉ. हरि ओम ने कहा कि शिक्षा के साथ कौशल विकास युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसरों से जोड़ता है। SDGs के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण जरूरी है। वहीं शंकर नारायणन, विनोद कराटे, सुनील कुमार, प्रेम रंजन सिंह और विष्णु कांत पांडेय ने नामांकन, बच्चों को विद्यालयों में बनाए रखने, डिजिटल कौशल और सीखने के बेहतर परिणामों पर चर्चा की। चौथी औद्योगिक क्रांति के अनुरूप कौशल, रोजगार और करियर में बदलाव पर प्रो. बलवंत सिंह मेहता, डॉ. कृष्ण कुमार सिंह, डॉ. अनन्या समाजदार ,प्रणव बंसोडे और दीपक कुमार सिंह ने विचार रखे। व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े SDGs को गति देने पर भी मंथन हुआ।