स्टेट लेवल हॉकी खिलाड़ी ने की आत्महत्या, कुत्ते के पट्टे से लटका मिला शव
गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के बहराइच रोड पर मंगलवार शाम 19 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी विवेक कुमार गुप्ता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव कुत्ते के पट्टे से लटका मिला। घटना के समय उसके हाथ में मोबाइल था, जिस पर किसी लड़की की वॉट्सएप कॉल आ रही थी।
मृतक बहराइच रोड का निवासी था और कॉस्मेटिक की दुकान चलाता था। साथ ही वह स्टेट लेवल का हॉकी खिलाड़ी भी था। परिजनों के अनुसार, मंगलवार को वह दिनभर दुकान पर था। शाम को घर खाना खाने आया और फिर दुकान चला गया। दुकान से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। शाम करीब 6 बजे जब परिजन कमरे में पहुंचे तो वह फंदे से लटका था। सूचना पर नगर कोतवाली और मिश्रौलिया चौकी पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची।बड़े भाई विनय गुप्ता ने बताया कि व्यापार या परिवार में कोई परेशानी नहीं थी। विवेक किसी लड़की से बात करता था। शक है कि लड़की से झगड़े के बाद उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मोबाइल की जांच की जा रही है और लड़की का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।
विवेक ने 10 साल की उम्र में हॉकी खेलना शुरू किया था। 2018 से जिला, मंडल और स्टेट लेवल की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। 2024 में मेजर ध्यानचंद जयंती पर हुई प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में उसने अंतिम मैच खेला था, जहां वह एक अंक से टॉप-3 में आने से चूक गया था। जिला स्तर पर उसकी टीम ने कई जीत हासिल की थीं।
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर 50 करोड़ की मानहानि का केस
*पतंजलि ने लगाया घी को नकली बताने का आरोप

गोंडा। कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह एक नए कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने उनके खिलाफ 50 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर किया है।पतंजलि का आरोप है कि पूर्व सांसद ने सार्वजनिक रूप से कंपनी के घी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उसे नकली बताया था, जिससे कंपनी की ब्रांड इमेज को नुकसान पहुंचा है।मामले की जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में बृजभूषण शरण सिंह ने एक सार्वजनिक मंच से पतंजलि घी को नकली बताते हुए लोगों से घर में गाय-भैंस पालने की अपील की थी। उस समय भी इस बयान को लेकर विवाद हुआ था।पतंजलि फूड्स की वेबसाइट पर कंपनी का पता विजय नगर, इंदौर दर्ज है, इसलिए मानहानि का मुकदमा इंदौर में दायर किया गया है। पहले मामले की सुनवाई जिला अदालत में हुई और ट्रायल के बाद अब मामला मध्य प्रदेश हाई कोर्ट पहुंच गया है।हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान पतंजलि की ओर से वकील विक्रम मालवीय ने दलील दी कि पूर्व सांसद के बयान से कंपनी के शेयर मूल्य पर असर पड़ा और उसे आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा।कोर्ट ने इस मामले में बृजभूषण शरण सिंह को नोटिस जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 18 सितंबर को होगी।
ईको क्लब के तहत मनाया गया विश्व ओजोन दिवस, बच्चों ने बनाए जागरूकता पोस्टर*
गोण्डा।प्राथमिक विद्यालय देवरिया चूड़ामणि, शिक्षा क्षेत्र झंझरी, गोण्डा में बुधवार को ईको क्लब के तत्वावधान में विश्व ओजोन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा चार एवं पांच के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बच्चों ने ओजोन परत के संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति अपनी रचनात्मक समझ को पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में सक्षम मौर्य ने प्रथम, वैभव मिश्रा ने द्वितीय और सत्यम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक अरुण मिश्र ने बताया कि ओजोन परत पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों में पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा की बचत और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की भावना विकसित होती है।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा अपने आसपास स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मां की डांट से बेटी ने किया सुसाइड,घर से 500 मीटर दूर तालाब में मिला शव
*पोस्टमार्टम में डूबने से हुई मौत की पुष्टि

गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सागर तालाब में सोमवार अपरान्ह मिले रितिका दूबे (19) की डूबने से हुई मौत की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई है।बुधवार सुबह आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है।इसके साथ ही पुलिस की जांच में सामने आया कि घटना से पहले रितिका की मां ने उसको डांटा था।इसके बाद वह नाराज होकर विष्णुपुरी कालोनी स्थित घर से अकेले पैदल निकल गई थी और लगभग 500 मीटर दूर स्थित  सागर तालाब पहुंचने के बाद उसने तालाब में छलांग लगा दिया।नगर कोतवाली पुलिस के मुताबिक रविवार को किसी बात को लेकर रितिका की मां ने उसे डांटा था,जिसके बाद वह अत्यधिक नाराज थी।पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि डांट से आहत हो कर रितिका रविवार रात घर से निकल गई और वह अकेले लगभग 500 मीटर की दूरी तय कर सगरा तालाब पहुंची थी।रितिका के घर से निकलने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी नहीं थी।सोमवार 14 सितंबर को अपरान्ह लगभग 2 बजे सगरा तालाब में उसका शव उतराता मिला।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।बुधवार सुबह आई रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने तालाब और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला।फुटेज में रितिका अकेले और परेशान हालत में तेजी से तालाब की तरफ जाती दिखाई दे रही है।उसके साथ कोई दूसरा व्यक्ति नजर नहीं आया।इसके बाद पुलिस ने विष्णुपुरी कालोनी स्थित उसके घर पहुंच कर परिजनों से पूछताछ किया।मामले में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम में रितिका की मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई है।पुलिस की जांच में मां की डांट के बाद उसके घर से निकलने की बात सामने आई है।पूछताछ के दौरान रितिका की मां रो रही थीं और घटना को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थीं।पुलिस का कहना है कि इस मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और शुरुआती जांच में रितिका के अकेले तालाब तक जाने की बात सामने आई है।
पंचायत सहायकों को मुख्यमंत्री योगी की बड़ी सौगात, मानदेय में 50 फीसदी की बढ़ोतरी

- छह हजार की जगह अब हर माह मिलेंगे नौ हजार रुपये, 57 हजार से अधिक पंचायत सहायकों को लाभ

- डीबीटी से सीधे खाते में आएगा मानदेय, कैबिनेट से ली जाएगी स्वीकृति

- प्रधान और सचिव नहीं हटा सकेंगे, डीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी ही करेगी फैसला

- आंदोलन के मुकदमे होंगे वापस, हटाए गए पंचायत सहायकों की होगी बहाली

- महिलाओं को मातृत्व अवकाश, उपचार के लिए मिलेगी कैशलेस सुविधा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 57 हजार से अधिक पंचायत सहायकों को बड़ी सौगात दी है। उनके मानदेय में तीन हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अभी पंचायत सहायकों को छह हजार रुपये प्रतिमाह मिलते हैं, जिसे बढ़ाकर नौ हजार रुपये किया जाएगा। इस तरह मानदेय में 50 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही पंचायत सहायकों को सेवा सुरक्षा, कैशलेस उपचार और महिला पंचायत सहायकों को मातृत्व अवकाश की सुविधा भी मिलेगी।

 पंचायत सहायकों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता के बाद पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पंचायत सहायकों के प्रतिनिधियों से बातचीत की और उन्हें बुलाया। इसके बाद प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पंचायत सहायकों के हित में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। अभी पंचायत सहायकों का मानदेय राज्य वित्त आयोग की धनराशि से दिया जाता है। अब कैबिनेट से स्वीकृति लेकर डीबीटी की व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके बाद नौ हजार रुपये का मानदेय सीधे पंचायत सहायकों के बैंक खातों में भेजा जाएगा। इसका लाभ प्रदेश के 57 हजार से अधिक पंचायत सहायकों को मिलेगा।

 - प्रधान-सचिव नहीं हटा सकेंगे पंचायत सहायक

पंचायत सहायकों की सेवा सुरक्षा को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है। अब ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव अपने स्तर से पंचायत सहायक को नहीं हटा सकेंगे। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की जाएगी। किसी पंचायत सहायक को हटाने का फैसला यही कमेटी कर सकेगी।

 - आंदोलन के मुकदमे होंगे वापस

आंदोलन के दौरान जिन पंचायत सहायकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उन्हें वापस लिया जाएगा। इस दौरान कार्रवाई कर जिन पंचायत सहायकों को हटाया गया है, उन्हें दोबारा बहाल किया जाएगा।

 - महिलाओं को मातृत्व अवकाश, कैशलेस इलाज

महिला पंचायत सहायकों को मातृत्व अवकाश की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही पंचायत सहायकों को उपचार के लिए कैशलेस सुविधा का लाभ भी दिया जाएगा।

 - मंत्री से वार्ता के बाद धरना समाप्त

अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे पंचायत सहायकों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रतिनिधियों से पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बातचीत की। प्रतिनिधियों को बुलाकर उनके साथ वार्ता की गई। इसके बाद पंचायत सहायकों के प्रतिनिधि मंत्री के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्तर पर लिए गए फैसलों की जानकारी मिलने के बाद पंचायत सहायकों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

‘कितनी भी ताकत लगा लो, UCC आकर रहेगा’- UCC पर ओवैसी-अखिलेश को संगीत सोम की दो टूक

- 'ये लोग देश के गद्दार, समानता नहीं चाहते'- ओवैसी ने किया UCC का विरोध तो भड़के संगीत सोम
- UCC को लेकर सियासी घमासान तेज, ओवैसी-अखिलेश के विरोध पर बरसे पूर्व BJP विधायक संगीत सोम

लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के NDA शासित राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने के ऐलान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने UCC को भारत की विविधता खत्म करने की साजिश बताया है। जिसपर भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने तीखा पलटवार करते हुए कहा है कि देश में रहना है तो देश के कानून को मानना पड़ेगा। उन्होंने UCC को महिलाओं को न्याय और समानता देने वाला कानून बताया।
- ओवैसी पर संगीत सोम का तीखा हमला
संगीत सोम ने कहा कि ओवैसी जैसे लोग देश में कट्टरपंथी राजनीति करते हैं। उन्हें समझना होगा कि देश में रहना है तो देश के कानून को मानना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि UCC ऐसा कानून है, जो भारत में महिलाओं को न्याय देता है और समानता की बात करता है।
संगीत सोम ने आरोप लगाया कि ओवैसी जैसे लोगों को समानता पसंद नहीं है। उन्होंने कहा, ''ये लोग देश के गद्दार हैं। ये देश में समानता नहीं चाहते।''
उन्होंने दावा किया कि भारत के लोग UCC चाहते हैं। संगीत सोम ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने अगर कहा है कि UCC लागू होगा तो विरोध करने वाले लोग कितनी भी ताकत लगा लें, UCC लागू होकर रहेगा।
- अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
UCC को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भी संगीत सोम ने हमला बोला। दरअसल अखिलेश यादव ने UCC का मतलब ''अंडरग्राउंड कम्युनल कांस्पिरेसी'' बताया है। इसपर संगीत सोम ने कहा कि अखिलेश यादव के पास कोई काम नहीं है। वह ट्विटर-ट्विटर खेलते हैं।
संगीत सोम ने कहा कि अखिलेश यादव के पास टीवी पर गेम खेलने और ट्विटर पर खेलने के अलावा कोई काम नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मुलायम सिंह यादव की कृपा से अखिलेश यादव एक बार मुख्यमंत्री बन गए, लेकिन अब वह मुख्यमंत्री नहीं बन सकते। सोम ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की राजनीति में कभी नहीं आ सकते।
- 40 साल से UCC की मांग का दावा
संगीत सोम ने कहा कि UCC की मांग पिछले 40 साल से होती रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहब के संविधान के रास्ते पर चलकर उनके बताए कार्यों को पूरा करने का काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
UCC को मुस्लिमों के खिलाफ बताए जाने पर सोम ने कहा कि अगर पूरे देश में UCC नहीं आई तो असमानता होगी। उनके मुताबिक समानता के लिए यह कानून जरूरी है। उन्होंने कहा कि UCC नहीं आने से देश में हिंदू-मुस्लिम का बैलेंस खराब होगा और राहुल गांधी तथा अखिलेश यादव यही चाहते हैं।
- अमित शाह ने कहा है तो UCC आकर रहेगा: सोम
पूर्व भाजपा विधायक ने कहा कि विरोध की राजनीति के चलते ओवैसी जैसे लोग पहले अपमानित होंगे और फिर UCC की वकालत करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग संविधान लेकर घूमते हैं, लेकिन संविधान का एक पन्ना भी नहीं खोलते।
संगीत सोम ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह साफ कर चुके हैं कि जिन राज्यों में NDA की सरकार है, वहां UCC लाया जाएगा। उन्होंने कहा, ''अब अगर कोई नहीं लाना चाहता है तो ना लाएं। हम 29 से पहले लाएंगे। अखिलेश, ओवैसी, राहुल कितनी भी ताकत लगा लें, UCC आकर रहेगा।'' उन्होंने यह भी कहा कि ये लोग बेनकाब हो चुके हैं और देश की भलाई के लिए कोई काम नहीं करते।
गौरतलब है कि गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले देश के सभी NDA शासित 21 राज्यों में UCC लागू कर दिया जाएगा। उनके इस बयान के बाद UCC को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
हेल्थ हब के रूप में विकसित हो रहा गोरखपुर: डॉ. आरपी शुक्ला
- आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर के लोकार्पण समारोह में वक्ताओं ने गिनाए स्वास्थ्य सेवाओं में आए बदलाव
- एम्स आने के बाद पूर्वांचल के साथ बिहार और नेपाल से भी इलाज के लिए पहुंच रहे लोग

गोरखपुर। आईएमए गोरखपुर के अध्यक्ष डॉ. आरपी शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य सेवाओं को जिस ऊंचाई पर पहुंचाया है, वह अभूतपूर्व है। गोरखपुर में जापानी इंसेफेलाइटिस सहित विभिन्न बीमारियों का इलाज अब आसानी से मिल रहा है। एम्स आने के बाद गोरखपुर हेल्थ हब के रूप में विकसित हो रहा है।
आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर के लोकार्पण समारोह में डॉ. शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने ब्लड बैंक के निदेशक डॉ. अवधेश अग्रवाल और अन्य चिकित्सकों का भी स्वागत करते हुए कहा कि आईएमए के माध्यम से रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि मेडिकल छात्रों को दोगुना स्टाइपेंड मिल रहा है। मानसिक दिव्यांगों के लिए संस्थान संचालित हो रहा है। प्रदेश टीबी और कैंसर के इलाज में लगातार प्रगति कर रहा है। सरकारी चिकित्सालयों में रोबोटिक सर्जरी, आधुनिक जांच और अंग प्रत्यारोपण जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
- पहले डॉक्टरों का होता था अपहरण: विपिन सिंह
विधायक विपिन सिंह ने कहा कि पहले गोरखपुर में आए दिन डॉक्टरों के अपहरण की घटनाएं होती थीं। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुरक्षा के लिए खड़े हैं। पूर्वांचल के साथ नेपाल और बिहार से भी लोग इलाज के लिए गोरखपुर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर को सजाया और संवारा है। उनके नेतृत्व में हुए विकास के कारण शहर में जमीन की कीमत भी बढ़ी है।
- बहुत दिनों की प्रतीक्षा को लगा विराम: महापौर
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करते हुए कहा कि आईएमए के ब्लड सेंटर के शुरू होने से बहुत दिनों की प्रतीक्षा को विराम लगा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को सभी का अभिभावक बताते हुए आभार जताया। कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की स्थिति से निकलकर आगे बढ़ा है।
मऊ में ‘जुबान फिसलने’ पर घिरे विजय प्रताप सिंह, मांगी माफी; बोले- कल्पनाथ राय के प्रति दिल में बेहद सम्मान
मऊ में सवर्ण एकता मंच के UGC रोलबैक, समान आरक्षण समेत अन्य मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान मंच से दिए गए एक कथित बयान को लेकर संयोजक विजय प्रताप सिंह विवादों में घिर गए। बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।

इसके बाद मड़ैया घाट स्थित शिव मंदिर पर हुई बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में विजय प्रताप सिंह ने अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि मंच से संबोधन के दौरान भावनाओं और परिस्थितियों के दबाव में ‘शब्दों का लोप’ हो गया था।

विजय प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि उनके मन में विकास पुरुष कल्पनाथ राय के प्रति किसी तरह का अनादर नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने युवा काल में कल्पनाथ राय के साथ काम किया और उनके चुनाव का संचालन भी किया था।

उन्होंने कल्पनाथ राय को अपने जिले का ‘शिल्पकार’ बताते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। साथ ही कहा कि यदि उनके शब्दों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए क्षमा मांगते हैं।
Mirzapur: बाज़ार से अंडा खाकर घर जा रहे चाचा-भतीजे को ट्रक ने रौंदा, हुई मौत

मिर्ज़ापुर। यूपी के मिर्ज़ापुर के चील्ह थाना क्षेत्र में ट्रक के धक्के से पैदल जा रहे  चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से आनन-फानन में दोनों को भदोही जनपद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान देर रात मौत हो गई। चाचा-भतीजे की मौत की ख़बर होते ही गांव और परिवार में कोहराम मच गया है।
चील्ह थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव निवासी 30 वर्षीय सुनील यादव पुत्र मिश्रीलाल अपने भतीजे 05 वर्षीय अंकित पुत्र श्याम नारायण के साथ मंगलवार की रात तकरीबन 7:30 बजे सागरपुर स्थित एक दुकान से अंडा खाकर वापस अपने घर जा रहे थे कि मिर्जापुर-औराई मार्ग पर मिर्जापुर की तरफ से औराई की तरफ जा रहा तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों लोगों को टक्कर मार दिया जिससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को देख मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी टेढ़वा अरविंद गुप्ता ने दोनों घायलों को भदोही जनपद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा था। उधर दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने ट्रक को हिरासत में लेकर विधिक कार्यवाही में लगी थी। चौकी प्रभारी अरविंद गुप्ता ने बताया कि ट्रक के टक्कर से दो लोग घायल हो गए हैं जिन्हें उपचार हेतु भदोही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है ट्रक को हिरासत में लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही है। वहीं देर रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चाचा भतीजा की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनो शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विदुर प्रसंग ने श्रद्धालुओं को दिया सत्य और धर्म का संदेश*

सुलतानपुर-स्थानीय सिविल लाइन गोलाघाट स्थित डॉ. विनोद कुमार सिंह के आवास पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। काशी से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य डॉ. प्रभाकर पाण्डेय ने व्यासपीठ से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया।
द्वितीय दिवस कथा में विदुर जी के प्रसंग का वर्णन करते हुए कथावाचक डॅा.पाण्डेय जी ने कहा कि विदुर जी सत्य,धर्म,नीति और विवेक के प्रतीक थे।उन्होंने सदैव अन्याय का विरोध करते हुए धर्म का साथ दिया।विदुर प्रसंग हमें सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी मनुष्य को सत्य और धर्म का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए।भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा और निष्काम भाव से किया गया कर्म ही जीवन को सार्थक बनाता है।कथा में मुख्य रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता डा.डी.एस.मिश्र,अरुण द्विवेदी,पूर्व प्राचार्य डॅा.के.पी.द्विवेदी,प्रो.विनायक कुमार तिवारी,अखण्ड प्रताप सिंह,कुमार अमन,कुमार नमन,वैभव रघुवंशी,डॅा.कुंवर दिनकरप्रतापसिंह,यश,एस.के.खरे,श्रीमती ज्योति सिंह,श्रीमती साधना सिंह,श्रीमती ऊषा सिंह सहित सैकडों महिला - पुरूष उपस्थित रहे।
कथा का आयोजन प्रतिदिन सायंकाल 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक हो रहा है।दूसरे दिन की कथा का विश्राम आरती के साथ हुआ।कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।