बलीपट्टी रानीगांव मे गरजा बुलडोजर सरकारी जमीन पर पक्का निर्माण ध्वस्त

अर्थदंड सहित निष्पादन व्यय वसूल करने की हुई कार्यवाही

अमृतपुर, फर्रुखाबाद 15 सितंबर। किसी भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर शासन सत्ता की निगाहें सीधी नहीं है। प्रशासन हमेशा से ही सरकारी भूमि पर अवैध कबजेदारों को सचेत करता रहा है और उन्हें नोटिस भी देता है कि वह समय रहते सरकारी भूमि से अपने कब्जे को हटा ले। इसी क्रम में अमृतपुर तहसीलदार ने बड़ी कार्यवाही करते हुए सरकारी भूमि से अवैध कब्जे को बुलडोजर की मदद से हटा दिया। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य ध्वस्त करने से पहले वैधानिक रूप से कानूनी कार्रवाई करते हुए निर्माण कर्ता को नोटिस दिया गया था। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। बलीपट्टी रानीगांव में सरकारी बंजर भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पक्के निर्माण का ध्वस्तीकरण करा दिया। तहसीलदार एवं सहायक कलेक्टर प्रथम श्रेणी शशांक सिंह की मौजूदगी में प्रशासन और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया।न्यायालय तहसीलदार अमृतपुर में धारा 67, उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 के तहत चले वाद में क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई। रिपोर्ट के अनुसार ग्राम बलीपट्टी रानीगांव स्थित बंजर भूमि के गाटा संख्या 2600/0.0200 हेक्टेयर में से करीब 0.0015 हेक्टेयर भूमि पर धर्मेन्द्र पुत्र लंकुश द्वारा पक्का निर्माण कर अनधिकृत कब्जा किया गया था।मामले में राजस्व विभाग की ओर से नियमानुसार नोटिस जारी किया गया। प्रतिवादी की ओर से 14 अगस्त को आपत्ति दाखिल करने के लिए समय मांगा गया था, लेकिन पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद आपत्ति दाखिल नहीं की गई। न्यायालय ने उपलब्ध अभिलेखों, क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट और नक्शा नजरी का परीक्षण करने के बाद सरकारी भूमि पर कब्जा पाए जाने पर बेदखली का आदेश पारित किया।
आदेश में कब्जेदार को भूमि से बेदखल करने के साथ 160 रुपये क्षतिपूर्ति/अर्थदंड तथा 1,000 रुपये निष्पादन व्यय वसूल किए जाने के निर्देश दिए गए। आदेश के अनुपालन में मौके पर पहुंची टीम ने अवैध कब्जे वाले पक्के निर्माण को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त करा दिया।ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान तहसीलदार शशांक सिंह, कानूनगो दिनेश चंद्र शर्मा, लाल बहादुर, उपनिरीक्षक खूबेलाल, चौकी इंचार्ज राहुल कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई से सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत कब्जा मिलने पर राजस्व कानून के तहत कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थी 17 सितम्बर तक ले प्रवेश प्रधानाचार्य राजकीय
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हरदोई आरके श्रीवास्तव ने बताया है, कि राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, अलीगंज, लखनऊ द्वारा प्रदेश में चल रहे राजकीय/निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आई०टी०आई०) में सत्र 2026 (छः माह), सत्र 2028-27 (एक वर्षीय) एवं सत्र 2026-28 (दो वर्षीय) के द्वितीय चरण व राजकीय /निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानो का प्रथम चरण के आवंटन के पश्चात् उच्चीकरण का चयन परिणाम घोषित किया गया है। अभ्यर्थी अपने चयन परिणाम की जानकारी के लिए वेबसाइट http://www.scvtup.in  अथवा देखें। द्वितीय चरण के प्रवेश की तिथि 12.09.2026 से 17.09.2026 तक (अवकाश सहित) निर्धारित है। अभ्यर्थी दिये गये लिंक पर क्लिक करे, एवं अपना पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि अंकित करें। यदि अभ्यर्थी का चयन हुआ है, तो उसका बुलावा पत्र प्रदर्शित होगा, जिसका प्रिन्ट वह प्राप्त कर सकता है। अभ्यर्थी द्वारा ऑनलाइन आवेदन में दिये गये मोबाइल नम्बर पर चयनित अभ्यर्थी को उसके चयन की सूचना एसएमएस द्वारा भी दी जा रही है। चयन न होने की दशा में उसकी रैंक सूचना सहित प्रदर्शित होगी तथा अभ्यर्थी को अगले प्रवेश चरण की प्रतीक्षा करनी होगी। चयनित अभ्यर्थी अपने बुलावा पत्र की प्रति, समस्त मूल प्रमाण-पत्रों, अंक पत्रों की प्रति एवं उनकी एक-एक प्रमाणित प्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ सम्बन्धित चयनित संस्थान के प्रधानाचार्य से अन्तिम निर्धारित तिथि तक सम्पर्क करके संस्थान में उपलब्ध चयन लिस्ट से जाँच करवाने के उपरान्त अपना प्रवेश ले लें। अभ्यर्थी बुलावा पत्र में अंकित विवरण के अनुसार राजकीय एवंनिजी संस्थान में प्रवेश के समय अपग्रेडेशन प्रक्रिया में भाग लेने की स्थिति के अनुसार FREEZE (स्थिर) एवं FLOAT(विस्थापित) उपरोक्त दोनों विकल्पों में से किसी एक विकल्प का चयन करते हुए प्रवेश की कार्यवाही पूर्ण करानी होगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी औद्योगिक प्रशिक्षण सस्थान से सम्पर्क कर सकता है।
चार महीने में 747 गर्भवती महिलाओं को मिला एफसीएम
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई, गर्भावस्था के शुरुआती दिनों में पिहानी ब्लॉक के पंडरवा गांव की सुमन (बदला हुआ नाम) का हीमोग्लोबिन करीब 10 ग्राम प्रति डेसीलीटर था। सातवें माह तक पहुंचते-पहुंचते यह घटकर 7 ग्राम प्रति डेसीलीटर रह गया। आयरन-फॉलिक एसिड (आईएफए) की गोलियां लेने में दिक्कत के कारण वह उनका नियमित सेवन नहीं कर पा रही थीं। इस दौरान उन्हें कमजोरी भी महसूस होती थी।
आठवें माह में जांच के दौरान भी हीमोग्लोबिन कम पाया गया। चिकित्सकीय सलाह के बाद सुमन और उनके परिवार की सहमति से उन्हें फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज (एफसीएम) दिया गया। करीब एक माह बाद हुई जांच में उनका हीमोग्लोबिन बढ़कर 10 ग्राम प्रति डेसीलीटर हो गया। एफसीएम दिए जाने के बाद उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। इसके बाद उनका सामान्य प्रसव हुआ और उन्होंने 2.7 किलोग्राम वजन के स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।पिहानी की ही सविता का हीमोग्लोबिन 7 ग्राम प्रति डेसीलीटर था। चिकित्सकीय सलाह के बाद उन्हें एफसीएम दिया गया। करीब एक माह बाद हुई जांच में उनका हीमोग्लोबिन बढ़कर 11 ग्राम प्रति डेसीलीटर हो गया। लाभार्थियों के अनुसार, एफसीएम दिए जाने के बाद उन्हें किसी तरह की परेशानी महसूस नहीं हुई और आयरन की गोलियों के सेवन में होने वाली दिक्कत से भी राहत मिली।चार महीने में 747 महिलाओं को मिला एफसीएम
गर्भवती महिलाओं में एनीमिया के उपचार के लिए एफसीएम की पहुंच लगातार बढ़ रही है। मई से अगस्त 2026 के बीच कहर ब्लॉक बिलग्राम, हरपालपुर, पिहानी और संडीला ब्लॉक कुल 747 महिलाओं को एफसीएम दिया गया।
मई में 19 महिलाओं को,  जून में यह संख्या बढ़कर 140, जुलाई में 303 और अगस्त में 285 हो गई।
ब्लॉकवार आंकड़ों के अनुसार, चार महीनों में पिहानी में 271, संडीला में 213, हरपालपुर में 175 और बिलग्राम में 88 महिलाओं को एफसीएम दिया गया।
पिहानी में जून में 22, जुलाई में 150 और अगस्त में 99 महिलाओं को एफसीएम दिया गया। संडीला में यह संख्या क्रमशः 69, 47 और 79, हरपालपुर में 24, 89 और 61 तथा बिलग्राम में 25, 17 और 46 रही।
अब तक कोई प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया
जिला महिला स्वास्थ्य परामर्शदाता  माही ने बताया कि एफसीएम प्राप्त करने वाली महिलाओं की उपचार के बाद निगरानी की जा रही है। अब तक एफसीएम दिए जाने के बाद किसी भी महिला में कोई प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया है।
समय पर पहचान और उपचार जरूरी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पांडे ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान एनीमिया की नियमित जांच और समय पर उपचार मां और बच्चे, दोनों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। वर्तमान में पायलट परियोजना के तहत जिले के चार ब्लॉकों में एफसीएम की सुविधा शुरू की गई है। एनीमिया से ग्रसित गर्भवती महिलाओं की स्थिति का चिकित्सकीय आकलन कर आवश्यकता के अनुसार उपचार दिया जा रहा है। एफसीएम भी चिकित्सकीय सलाह और निर्धारित पात्रता के आधार पर दिया जाता है। उपचार के बाद हीमोग्लोबिन की दोबारा जांच कर महिला के स्वास्थ्य में सुधार की निगरानी की जाती है।
उन्होंने कहा कि सुमन और सविता जैसे मामलों में समय पर जांच और उचित उपचार से हीमोग्लोबिन में सुधार देखने को मिला है। चार महीनों में 747 महिलाओं को एफसीएम दिया जाना इस दिशा में बढ़ती पहुंच को दर्शाता है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की समय पर पहचान हो और जरूरत के अनुसार उन्हें प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यालय में समीक्षा बैठक
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय हरदोई में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में अवध क्षेत्रीय महामंत्री राजीव रंजन मिश्रा जी ने अभियान की तैयारियों का जायजा लेते हुए कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं संगठनात्मक सहभागिता की समीक्षा की तथा अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के 25 वर्षों के सेवाभाव, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नितिन मित्तल, क्षेत्रीय मंत्री अंकित सिंह चंदेल, जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन सहित जिला पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जयपुर फ़िल्म महोत्सव के बाद अब कोलकाता में भी हरदोई का नाम रोशन करेगा म्यूजिक एल्बम
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई की माटी के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी क्रांतिकारी जयदेव कपूर के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति पर आधारित म्यूजिक एल्बम “जयदेव कपूर – वीर योद्धा” ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जयपुर फ़िल्म महोत्सव के बाद अब इस एल्बम का टैगोर अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार 2026, कोलकाता के लिए भी आधिकारिक चयन हुआ है।वीडियो एल्बम के निर्माता जी म्यूजिक हरदोई के निदेशक गौरव अग्रवाल ने बताया कि आयोजकों की ओर से भेजे गए आधिकारिक संदेश में बताया गया है कि स्क्रीनिंग समिति द्वारा सावधानीपूर्वक मूल्यांकन के बाद “जयदेव कपूर – वीर योद्धा” को वर्ष 2026 के आधिकारिक चयन में स्थान दिया गया है। यह समारोह कोलकाता में आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि हरदोई के लिए विशेष गौरव का विषय है, क्योंकि स्थानीय इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के एक वीर सेनानी की गाथा पर तैयार की गई इस संगीत प्रस्तुति को लगातार प्रतिष्ठित फ़िल्म समारोहों में पहचान मिल रही है।एल्बम में संगीत दे रहे संकेत तिवारी ने बताया कि “जयदेव कपूर – वीर योद्धा” के माध्यम से हरदोई के वीर स्वतंत्रता सेनानी जयदेव कपूर के साहस, संघर्ष, देशप्रेम और राष्ट्र के लिए उनके समर्पण को गीत एवं दृश्य प्रस्तुति के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
जी म्यूजिक हरदोई के गायक अमन सिंह ने बताया कि जी म्यूजिक और रेडियो जागो की तरफ़ से “जयदेव कपूर एक योद्धा” के नाम से एक ऑनलाइन गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है जिसमे कोई भी गायक निशुल्क प्रतिभाग कर सकता है अधिक जानकारी के लिए 9236972408 पर संपर्क किया जा सकता है
युवा छात्र प्रियंश अग्रवाल के निर्देशन में बनी यह फ़िल्म जयपुर फ़िल्म महोत्सव के बाद अब कोलकाता के प्रतिष्ठित टैगोर अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार 2026 में आधिकारिक चयन मिलना इस परियोजना की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे हरदोई के स्थानीय इतिहास, संस्कृति और वीर गाथाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ-साथ व्यापक मंच तक पहुंचने का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है।
शासन प्रशासन की बेरुखी, बजट के अभाव और अवैध कब्जों के कारण कछौना की ड्रेनें बनीं मुसीबत

ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* एक सप्ताह पूर्व में लगातार बारिश होने से कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्र की जल निकासी की व्यवस्था उचित समय पर नाला, ड्रेनों की सफाई न होना, नालों व ड्रेनों पर अतिक्रमण के चलते आबादी क्षेत्र सहित किसानों के खेतों में जलभराव से हजारों बीघा किसानों की फसल अधिक जलभराव से सूख गई हैं। वही जनजीवन प्रभावित हो गया। कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्र में जल निकासी हेतु ड्रेनों की अहम भूमिका होती है, परंतु कई वर्षों से सरकार की गलत नीतियों के चलते ड्रेनों की सफाई हेतु बजट स्वीकृत न होने व प्रभावशील लोगों व कंपनी द्वारा अतिक्रमण के कारण आम जनमानस के सामने जलभराव की ज्वलंत समस्या खड़ी हो गई है। यह ड्रेने सिंचाई विभाग के अंतर्गत आती हैं। बघौली ड्रेन, समसपुर ड्रेन, बालामऊ ड्रेन, ककरहिया ड्रेन, महरी ड्रेन, कछौना ड्रेन, कटियामऊ ड्रेन, गढ़ी कमालपुर ड्रेन, अलावलपुर ड्रेन, सैदूपुर ड्रेन, रैसों ड्रेन, सेमरी ड्रेन आदि की सफाई न होने के कारण घास, जलकुंभी के कारण पानी का बहाव सही तरीके से न होने के कारण जलभराव की समस्या खड़ी हो गई है। सबसे ज्वलंत समस्या रैंसों ड्रेन में है। औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पेप्सी प्लांट कंपनी ने रैंसों ड्रेन के बहाव पर अतिक्रमण कर सामने से एक पतली नाली निकाल दी। जिससे पानी सही तरीके से न निकलने के कारण रैसों ड्रेन के अंतर्गत ग्राम, गौहानी, गढ़ीकमालपुर, शमशेर नगर, बराही, ककरहिया, गढ़ी, सुजानपुर, पूरा, मल्हपुर, नैरा, धौतेरा, कुडरी, कटियामऊ, समधा, खेरवा, रैसों, बघुआमऊ, अलावलपुर, फार्म खेड़ा आदि ग्राम ज्यादा प्रभावित हुए हैं। जिसके कारण सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई। किसानों की गाड़ी कमाई खराब हो गई। किसानों में काफी आक्रोश है। कहीं कस्बा से निकली कछौना ड्रेन पर अतिक्रमण व सफाई न होने के कारण कस्बा का मुख्य मार्ग सहित मोहल्लों में जलभराव हो गया था, यहां तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में पानी भरने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई थी। समसपुर ड्रेन की कई वर्षों से सफाई न होने के कारण मतुआ से पुरवा संपर्क मार्ग पर पानी पूरी तरह से भर गया। दर्जनों गांव का आवागमन बंद हो गया। मतुआ गांव में कच्चे मकान गिरने लगे। आक्रोशित ग्रामीणों ने समय रहते ड्रेन की सफाई न होने व तालाब आवंटन संचालक द्वारा ड्रेन में लोहे का जाल लगाने के कारण कोतवाली कछौना में विरोध प्रदर्शन किया था। वही मोहाई, देवनपुर, त्यौरी, तकिया ग्रामों का पानी गौड़ेला तालाब से पवना तालाब होते हुए समसपुर ड्रेन से संई नदी में जाने का प्रावधान था। परंतु हाईवे निर्माण के दौरान पीएमसी कंपनी ने बीएसएनएल टॉवर के पास जल निकासी हेतु पुलिया को बंद कर दिया हैं। जिसके कारण मोहाई, त्यौरी, तकिया, देवनपुर आदि गांव के किसानों की सैकड़ो बीघा फसल जल भराव से खराब हो गई। उनके सामने भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया। वही तेरवा साइफन पर ग्रामीणों ने पानी के बहाव के रास्ते को बंद कर दिया। वहीं मुख्य मार्ग हाईवे एनएच 731 में जगह-जगह भवन स्वामियों ने निर्माण के दौरान अपने प्रतिष्ठान, घर के सामने जल निकासी हेतु नाला, ड्रेन पर अतिक्रमण करने से जलभराव की समस्या हो गई। लोगों की सैकड़ो बीघा फसल खराब होने से काफी नुकसान हुआ है। जिसका खामियाजा लोगों को उठाना पड़ रहा है। इस ज्वलंत मुद्दे को लेकर क्षेत्रीय विकास जन आंदोलन के संयोजक रामखेलावन कनौजिया ने बताया शीघ्र शासन प्रशासन को ज्ञापन देकर अवगत कराया जाएगा। शासन प्रशासन द्वारा ठोस कदम न उठाए जाने पर न्यायालय की शरण में जाकर भविष्य में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी।
जिलाअधिकारी ने सुनी जन समस्याएं
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 83 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मयंक कुंडू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
बप्पा का नगर भ्रमण, भव्य स्थापना और सुंदरकांड के बाद आज खाटू श्याम का भव्य दरबार,
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई:* कछौना नगर में गणेश महोत्सव को लेकर भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है गोल बिल्डिंग के निकट श्री सोमेश्वर महादेव सेवादार समिति की ओर से आयोजित गणेश महोत्सव की शुरुआत श्रद्धा और उल्लास के साथ हुई भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापना से पहले भक्तों ने बप्पा की प्रतिमा के साथ नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली इस दौरान श्रद्धालु ढोल नगाड़ों और भक्ति गीतों पर जमकर झूमे और नृत्य करते हुए गणपति बप्पा का नगर भ्रमण कराया।
जयकारों से गूंज नगर शोभायात्रा में उमडा उत्साह
गणेश प्रतिमा को लेकर निकली शोभा यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बप्पा के दर्शन किए भक्तों ने गणपत बप्पा मोरया के जयकारे लगाए भक्ति संगीत और ढोल की थाप पर युवाओं समेत श्रद्धालु जमकर थिरकते नजर आए नगर भ्रमण के बाद प्रतिमा को आयोजन स्थल पर लाया गया जहां विद विधान के साथ स्थापना की गई
वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हुई प्रतिमा स्थापना
प्रतिमा स्थापना से पहले आचार्य अमन मिश्रा एवं अजीत मिश्रा शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया इसके बाद समिति के संस्थापक नेता राव मराठा ने मुख्य पूजन किया और भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की स्थापना कराई।
प्रतिमा स्थापना के साथ ही पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन का सुख शांति समृद्धि और मंगल की कामना की।
गोल बिल्डिंग के निकट सजाया गया आकर्षक पंडाल भी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है
14 सितंबर को सुंदरकांड आज शाम संकीर्तन
गणेश महोत्सव के कार्यक्रमों की कड़ी में 14 सितंबर सोमवार को सुंदरकांड का आयोजन किया गया वहीं 15 सितंबर मंगलवार को श्री श्याम संकीर्तन का कार्यक्रम रखा गया है आज होने वाले कार्यक्रम में श्याम बाबा का भव्य दरबार और विशेष श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहेगा। गणेश महोत्सव को लेकर नगर में लगातार भक्ति में माहौल बना हुआ है पंडाल में भगवान गणेश के दर्शन और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
जिलाअधिकारी ने सुनी जन समस्याएं
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 83 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मयंक कुंडू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
Sambhal प्लाट की जमीन पर रास्ता डलवाने का लगाया आरोप
संभल। मंगलवार को प्लाट और रास्ते के चल रहे पुराने विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आकर खड़े हो गए जिसमें शिकायत के आधार पर तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया और शांति व्यवस्था बनाए रखना को कहा आपको बता दें कि सरायतरीन निवासी खुर्शीद खां पुत्र दूल्हा खां ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जमीन पर दोबारा कब्जा दिलाने और विपक्षी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार मौहल्ला जलाल खां सराय अन्दर स्थित गाटा संख्या 127/2 की भूमि को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मामले में उपजिलाधिकारी संभल ने 9 जून 2026 को प्रार्थी के पक्ष में भूमि पर कब्जा दिलाने का आदेश पारित किया था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि आदेश के बाद गठित टीम में लेखपाल पंकज गुप्ता, चम्पत सिंह, मुकेश कुमार यादव, स्पर्श गुप्ता तथा नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल शामिल रहे और टीम ने मौके पर कब्जा दिलाया था। भूमि पर चहारदीवारी और फाटक भी लगवाया गया था।
आरोप है कि इसके बाद हनीफ, जुगनू, बब्बू फिरोज, शाहिद, शारिक, मोवीन, वसीम उर्फ मुन्ना, दानिश, आजम और सलमान समेत कई लोगों ने दबंगई के बल पर चहारदीवारी गिराकर फाटक तोड़ दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मौके पर रखी 10 कुंतल सरिया, करीब 60 कट्टे सीमेंट, अन्य निर्माण सामग्री और लगभग 20 हजार ईंटें ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर ले जाई गईं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मामले की शिकायत के बाद मौके का निरीक्षण करने पहुंचे लेखपाल चम्पत लाल के साथ भी अभद्रता और गाली-गलौज की गई। आरोप है कि अब उक्त आराजी के बीच से रास्ता बनाकर सड़क कायम कर दी गई है।शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराकर जमीन पर पुनः कब्जा दिलाने तथा नामजद विपक्षी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।