लंबित शिक्षक समस्याओं को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ मुखर, 22 सितंबर को धरने की चेतावनी
सुल्तानपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं देयकों के भुगतान को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा राम बचन राम को ज्ञापन सौंपकर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।

संघ के जनपदीय प्रवक्ता निजाम खान ने बताया कि शिक्षकों के अवशिष्ट वेतन, जीपीएफ अग्रिम, सामूहिक बीमा, जीपीएफ लेखा पर्ची, नोशनल पेंशन, ग्रेच्युटी, जीपीएफ से एनपीएस में स्थानांतरित धनराशि को वापस जीपीएफ खाते में भेजने, ऑनलाइन आवेदनों के निस्तारण तथा नवीन प्रान आवंटन समेत कई मामले लंबे समय से लंबित हैं। इससे शिक्षकों में व्यापक रोष व्याप्त है।

निजाम खान ने आरोप लगाया कि एक ही विद्यालय के शिक्षकों का एक ही आदेश से अवरुद्ध और बहाल वेतन का अवशिष्ट भुगतान भी अलग-अलग तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जीपीएफ अग्रिम, सामूहिक बीमा, ग्रेच्युटी एवं अन्य देयकों की पत्रावलियां अनावश्यक रूप से लंबित रहने से शिक्षक और सेवानिवृत्त कर्मचारी परेशान हैं।

उन्होंने कहा, “संघ लंबे समय से औपचारिक और अनौपचारिक संवाद के माध्यम से शिक्षकों की समस्याओं के समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण की मांग करता रहा है। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से शिक्षकों में आक्रोश बढ़ रहा है। अब संघ चुप बैठने वाला नहीं है।”

जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय ने कहा कि शिक्षकों के वैधानिक देयकों के भुगतान के लिए उन्हें वर्षों तक कार्यालयों के चक्कर लगाना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। संघ ने हमेशा संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान का प्रयास किया है, लेकिन अब लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण जरूरी है। उन्होंने कहा कि 21 सितंबर तक समस्याओं का ठोस समाधान नहीं हुआ तो 22 सितंबर को अपराह्न तीन बजे वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण मिश्र ने कहा कि जीपीएफ, ग्रेच्युटी, सामूहिक बीमा, अवशिष्ट वेतन और पेंशन से जुड़े प्रकरणों को लंबित रखना शिक्षकों के हितों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निस्तारण नियमों के अनुसार पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा में होना चाहिए। शिक्षकों को अपने ही वैधानिक देयकों के लिए परेशान होना पड़े, यह व्यवस्था की गंभीर खामी है।

जिला मंत्री डॉ. हृषिकेश भानु सिंह ने कहा कि शिक्षक संघ ने हमेशा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से शिक्षकों की समस्याओं की आवाज उठाई है। यदि 21 सितंबर तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 22 सितंबर का धरना मजबूरी में उठाया गया कदम होगा। उन्होंने कहा कि संघ शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और वैधानिक देयकों के लिए निर्णायक संघर्ष करेगा।

जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव  ने चेतावनी दी कि यदि 21 सितंबर तक सभी प्रमुख लंबित समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो 22 सितंबर को अपराह्न तीन बजे वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को आगे भी व्यापक रूप दिया जाएगा।

जय प्रकाश वर्मा कोषाध्यक्ष ने कहा शिक्षकों के नवीन प्रान आवंटन, आवंटित पीआरएएन नंबर एवं कार्ड उपलब्ध कराने तथा एनपीएस कटौती से संबंधित समस्याओं के तत्काल समाधान की भी मांग की गई। संघ पदाधिकारियों ने कार्यालय की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने और लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय में निस्तारण किए जाने पर जोर दिया।

प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण मिश्र, जिला मंत्री डॉ. हृषिकेश भानु सिंह, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश वर्मा, संयुक्त मंत्री प्रशांत पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव, राम बहादुर मिश्रा धीरेन्द्र राव जिला अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ अर्चना सिंह, मुहम्मद मुजतबा, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र कविराज,ब्लॉक अध्यक्ष कादीपुर अनिल यादव, लम्भुआ केदारनाथ दूबे, बल्दीराय राज बख्श मौर्य, भदय्या अंजनी शर्मा, दोस्तपुर अध्यक्ष गोमती मिश्रा अखण्ड नगर अध्यक्ष विजय प्रताप यादव, अरुण शुक्ला, शिव नरायण वर्मा, राज कुमार यादव, बृजेश सिंह, बिमलेश कुमार, राज कुमार चौधरी, कृष्ण कुमार चौरसिया, पुरनेण्डु पाण्डेय,विपिन सिंह नरेंद्र पाण्डेय,विनय पाण्डेय, रमन तिवारी, शिव पूजन पाण्डेय, राजमणि यादव, रमेश तिवारी नफीस अहमद शफीक अहमद प्रतिमा सिंह सहित सैंकड़ो पदाधिकारी मौजूद रहे।
मऊ DM से मुलाकात का असर: एक सप्ताह में बनी सड़क, जिलाधिकारी ने मासूम बिटिया को दिया रास्ते का तोहफा
मऊ में जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद मासूम बिटिया की राह आसान हो गई। सड़क की समस्या को लेकर हुई मुलाकात के महज एक सप्ताह के भीतर रास्ते का निर्माण करा दिया गया।

सड़क बनने के बाद बिटिया के परिवार समेत स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिली। जिलाधिकारी की त्वरित पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

एक फरियाद, एक मुलाकात और एक सप्ताह में समाधान—मासूम बिटिया के लिए सड़क बनी खुशियों का रास्ता।
रैकवारडीह में चकबंदी के विरोध में किसानों ने उठाई आवाज, निरस्त करने की मांग
मऊ। रैकवारडीह गांव में चल रही चकबंदी प्रक्रिया को लेकर काश्तकारों और ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है।

किसानों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र सौंपकर चकबंदी प्रक्रिया को निरस्त कर भूमि को दोबारा धारा 6(अ) में शामिल किए जाने की मांग की है।
किसानों ने चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता, कथित भ्रष्टाचार और दलालबाजी के आरोप लगाए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जिन अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं, उन्हीं के स्तर से जांच कराए जाने पर निष्पक्षता को लेकर आशंका बनी हुई है। किसानों ने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्रार्थना-पत्र के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को मुख्य राजस्व अधिकारी की मौजूदगी में करीब 350 काश्तकार और ग्रामवासी मौजूद थे। किसानों का दावा है कि इनमें लगभग 98 प्रतिशत लोगों ने चकबंदी के विरोध में हाथ उठाकर अपनी असहमति जताई थी। इसके बावजूद प्रक्रिया पर प्रभावी रोक नहीं लगने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि चकबंदी आगे बढ़ने पर उन्हें जमीन और खेती से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। 5 सितंबर 2026 को भी बड़ी संख्या में किसान जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे थे, लेकिन तहसील दिवस में व्यस्तता के कारण मुलाकात नहीं हो सकी।

अब ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने और रैकवारडीह में चल रही चकबंदी प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग की है।
व्यापारी हत्याकांड के बाद हाइवे पर चेकिंग,नेताओं को रोकने के लिए बैरिकेडिंग
*पीड़ित परिवार से मिलने पर रोक

गोंडा।जिले के परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत 9 सितंबर को हुए बर्तन व्यापारी विनोद साहनी हत्याकांड के बाद स्थिति तनावपूर्ण है।इसी बीच आज मंगलवार दोपहर 12 बजे से गोंडा लखनऊ हाइवे पर भंभुआ पुलिस चौकी और करनैलगंज तिराहे के पास पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू किया है।कई पार्टियों के नेता पीड़ित परिवार से मिलने आ रहे हैं,जिन्हें जगह जगह रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।लखनऊ की तरफ से गोंडा की तरफ आने वाले प्रत्येक वाहन पर नजर रखी जा रही है।नेताओं के शक होने पर वाहनों को रोककर लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके पहचान पत्र देखे जा रहे हैं और इसके बाद ही गोंडा की तरफ आने दिया जा रहा है।इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।पुलिस उन वाहनों पर खास नजर रख रही है जिनमें नेताओं के होने की आशंका है।दरअसल, आज पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य का एक प्रतिनिधि मंडल विनोद साहनी के घर पहुंचने वाला था।इसके आलावा निषाद समाज के कुछ नेता भी इस घटना को लेकर विनोद साहनी के घर जाना चाहते थे।इन नेताओं को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है और इसी वजह से यह चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।जिला प्रशासन किसी भी नेता को विनोद साहनी के परिवार से मिलने नहीं दे रहा है।पुलिस का कहना है कि जिले में धारा 163 लागू है और नेताओं के वहां पहुंचने से माहौल बिगड़ सकता है।नेताओं के विनोद साहनी के घर पहुंचने की आशंका को देखते हुए करनैलगंज से लेकर विनोद साहनी के घर रेक्सड़िया तक भी जगह जगह बैरिकेडिंग लगाई गई है।वहाँ भी पुलिस तैनात है और वाहनों की जांच की जा रही है।करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि जिले में धारा 163 लागू होने के कारण किसी को भी आगे जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
मऊ -: जनप्रतिनिधियों ने नहीं दिया ध्यान तो ग्रामीणों ने खुद संभाली जिम्मेदारी, श्रमदान से दुरुस्त की सड़क
मऊ: जनपद मऊ के रानीपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा मारी में बारिश के दौरान सड़क का एक हिस्सा धंस गया था। सड़क क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की समस्या की ओर जनप्रतिनिधियों का अपेक्षित ध्यान नहीं गया। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद आगे बढ़कर श्रमदान करते हुए सड़क के धंसे हिस्से को दुरुस्त करासेया।

ग्रामीणों की इस पहल से अब सड़क पर आवागमन सुचारु हो गया है और राहगीरों व स्थानीय लोगों को राहत मिली है।

ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
अभियंता दिवस पर रक्तदान कर इंजीनियरों ने दिया सेवा का संदेश

*विश्वेश्वरैया और स्व.आर.के दत्ता को किया नमन,जिला अस्पताल में लगाया रक्तदान शिविर*

सुल्तानपुर। भारत रत्न इं. एम. विश्वेश्वरैया की जयंती,अभियंता दिवस और श्रद्धेय स्व. इं.आर.के दत्ता के निर्वाण दिवस पर उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की ओर से सेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया गया। लोक निर्माण विभाग के सुल्तानपुर गेस्ट हाउस में जिला अध्यक्ष इं. मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दोनों अभियंताओं के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।इसके बाद जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर लगाया गया।शिविर में महासंघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इं. अमरदीप, इं. राजकिशोर वर्मा, इं. प्रवीण कुमार, इं. पवन वर्मा, इं. पवन पाल, इं. अतुल वर्मा, इं. मनोज गुप्ता, इं. शिवकुमार, इं. रजनीश कुमार और इं. मनीष कुमार समेत कई लोगों ने रक्तदान किया।कार्यक्रम का संचालन सिंचाई विभाग के इं. रजनीश त्रिपाठी ने किया। मनीष कुमार ने कहा कि अभियंताओं की भूमिका सिर्फ निर्माण और विकास कार्यों तक सीमित नहीं है। सामाजिक सेवा और जरूरतमंदों की मदद में भी उनकी जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के जरिए महासंघ ने मानवता की सेवा का संदेश दिया।
महुली पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए एक अदद अवैध तमंचा .315 बोर के साथ 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार
रमेश दूबे

                    
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर  संदीप कुमार मीना* द्वारा चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर  सुशील कुमार सिंह* के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र* के निकट पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय* के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा अभियुक्त नाम पता 01. भोला प्रसाद पुत्र स्व0 राम सकल निवासी पाकड़घाट डेबरी थाना सिकरीगंज जनपद गोरखपुर को हरिहरपुर मार्ग पर टिकुईकोल मोड़ से एक अदद अवैध तमंचा .315 बोर के साथ दिनाँक 15.09.2026 को गिरफ्तार कर मा0 न्यायालय रवाना किया गया तथा गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना महुली पर मु0अ0सं0 387/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम पंजीकृत किया गया ।


*गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:-*
1. भोला प्रसाद पुत्र स्व0 राम सकल निवासी पाकड़घाट डेबरी थाना सिकरीगंज जनपद गोरखपुर ।

*बरामदगी का विवरण:-*
• 01 अदद अवैध तमंचा .315 बोर ।

*पुलिस टीम का विवरण:-* उ0नि0 श्री दशरथ कुमार, का0 अरविन्द यादव, का0 विकास गोंड, का0 अमन मिश्रा, का0 रितेश यादव ।
मऊ में तालाब से मछली निकालने को लेकर विवाद, बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी का आरोप ,परिवार में बना डर का भय

मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के रैकवारडीह निवासी राजू पुत्र स्व. जीउत बंधन ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर दो लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़ित के अनुसार 17 अगस्त 2025 की सुबह करीब 8 बजे वह पट्टा तालाब संख्या 422 में मछली निकलवा रहा था। इसी दौरान गांव के दिनेश बहादुर सिंह पुत्र स्व. शिवशंकर सिंह और इजहार उर्फ राजू वहां पहुंचे और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए तालाब से मछली निकालने से मना किया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि दिनेश बहादुर सिंह लाइसेंसी दो नाली बंदूक लेकर पहुंचे और उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक मौके पर पहुंचे सुदामा यादव समेत कुछ ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। आरोप है

कि उसी दिन दोपहर करीब 1:30 बजे पिपरीडीह जाते समय भी दोनों लोगों ने बंदूक लेकर करीब दो किलोमीटर तक उसका पीछा किया, जिससे उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

राजू ने अपने प्रार्थना-पत्र में परिवार को भी जान का खतरा बताते हुए आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। उसने यह भी कहा है कि 26 अगस्त 2025 को जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत देने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है |
1 करोड़ 7 लाख 26 हजार से संवरेगा गोपीगंज का बड़े शिव मंदिर, श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, सांसद बिनोद बिन्द विधायक विपुल दुबे ने किया भू


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर विधानसभा के गोपीगंज स्थित प्रसिद्ध बड़े शिव मंदिर के विकास को लेकर बड़ी पहल की गई है। मंदिर परिसर में अब करीब 1 करोड़ 7 लाख 26 हजार रुपये की लागत से पर्यटन विकास कार्य कराया जाएगा। विकास कार्यों का भूमि पूजन मंगलवार को भदोही के सांसद डॉ बिनोद बिन्द ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने किया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। गोपीगंज के बड़े शिव मंदिर परिसर में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद विनोद बिन्द विशिष्ट अतिथि ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे शामिल हुए। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, सोनभद्र इकाई की ओर से करीब 1 करोड़ 7 लाख 26 हजार रुपये की लागत से मंदिर का पर्यटन विकास कराया जाएगा। परियोजना के तहत मंदिर परिसर में डबल स्टोरी यात्री हाल, भव्य स्वागत द्वार, हाईमास्ट लाइट, बैठने के लिए बेंच, डस्टबिन, वाटर कूलर और पुलिस बूथ समेत कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मंदिर परिसर की तस्वीर भी बदलेगी। भूमि पूजन के दौरान विधायक विपुल दुबे ने कहा कि धार्मिक आस्था, संस्कृति और विकास को साथ लेकर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी है। बड़े शिव मंदिर का विकास होने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और धार्मिक पर्यटन के नए अवसर भी पैदा होंगे।
वहीं, ग्रामीणों ने मंदिर के विकास कार्य का स्वागत करते हुए विधायक के प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है, कि धार्मिक स्थलों के विकास के साथ क्षेत्र में सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी लगातार ज्ञानपुर विधानसभा में काम हो रहा है। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक मिश्रा, बृजेश गुप्ता, श्रीकांत जायसवाल, चेयरमैन जितेंद्र गुप्ता, शरद पाण्डेय, दीपक मोदनवाल, पवन त्रिपाठी, बाबू सिंह, आकाश, अवनीश दुबे, सच्चिदानंद अग्रहरि, रमेश पाण्डेय, अखिलेन्द्र प्रताप सिंह अश्वनी अग्रवाल, रामकृष्ण खट्टू, समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
योगी सरकार बुनकरों को उपलब्ध कराएगी सरकारी खरीद का बड़ा बाजार
- सरकारी अस्पतालों में हथकरघा निर्मित बेडशीट व गॉज बैंडेज की आपूर्ति को लेकर मंत्री राकेश सचान ने की समीक्षा
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश
- गुणवत्ता, निर्धारित मानक और समयबद्ध आपूर्ति पर विशेष जोर

लखनऊ। प्रदेश की योगी सरकार हथकरघा क्षेत्र को मजबूत करने और बुनकरों को उनके उत्पादों के लिए स्थायी एवं सुनिश्चित बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, तिलक मार्ग, डालीबाग, लखनऊ स्थित सभाकक्ष में खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री  राकेश सचान की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग में प्रयुक्त होने वाले हथकरघा उत्पादों की खरीद एवं आपूर्ति व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों एवं अन्य चिकित्सा संस्थानों में हथकरघा निर्मित बेडशीट एवं गॉज बैंडेज की खरीद और आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मंत्री राकेश सचान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस व्यवस्था को शीघ्र प्रभावी रूप दिया जाए, जिससे एक ओर सरकारी संस्थानों को गुणवत्तापूर्ण वस्त्र उपलब्ध हों और दूसरी ओर प्रदेश के बुनकरों को बड़ा एवं स्थायी बाजार मिल सके।
उल्लेखनीय है कि 07 अगस्त 2026 को लोकभवन, लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय हथकरघा दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य सरकारी विभागों एवं शासकीय उपक्रमों में उपयोग होने वाले प्रमुख वस्त्रों, विशेष रूप से बेडशीट एवं गॉज बैंडेज की खरीद सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में 01 सितम्बर को भी मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर कार्ययोजना पर विचार किया गया था। इसी क्रम में मंगलवार को हुई बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ आपूर्ति व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रस्तावित व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम लिमिटेड के माध्यम से सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों एवं अन्य संबंधित चिकित्सा संस्थानों में आवश्यकतानुसार बेडशीट, तकिया कवर एवं गॉज बैंडेज क्लॉथ की आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने पर चर्चा हुई। इसके लिए प्रदेश के बुनकरों एवं बुनकर सहकारी समितियों से गुणवत्तापूर्ण उत्पादन कराया जाएगा, ताकि सरकारी संस्थानों की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ स्थानीय हथकरघा उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध हो सके।
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि योगी सरकार का उद्देश्य हथकरघा उत्पादों की सरकारी खरीद को केवल खरीद प्रक्रिया तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से प्रदेश के बुनकर परिवारों को निरंतर रोजगार, स्थायी बाजार और आर्थिक मजबूती प्रदान करना है। सरकारी संस्थानों में स्थानीय बुनकरों द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीद बढ़ने से बुनकरी क्षेत्र को नई गति मिलेगी तथा युवा पीढ़ी को भी परंपरागत बुनकरी व्यवसाय से जोड़ने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों को आपूर्ति किए जाने वाले उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले होने चाहिए। इसके लिए उत्पादों के मानक, गुणवत्ता परीक्षण, दर निर्धारण, मांग प्राप्त करने, क्रय आदेश जारी करने, भुगतान तथा समयबद्ध आपूर्ति की प्रक्रिया को स्पष्ट एवं प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में चिकित्सा संस्थानों से उनकी वास्तविक आवश्यकता एवं निर्धारित विशिष्टियों के अनुसार मांग प्राप्त करने तथा उसके आधार पर समयबद्ध क्रय एवं आपूर्ति व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई। आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किए जाने का भी प्रस्ताव है। नोडल अधिकारी विभिन्न चिकित्सालयों एवं मेडिकल कॉलेजों से समन्वय स्थापित कर उनकी आवश्यकता एवं आपूर्ति से संबंधित सूचनाएं प्राप्त करेंगे, जिससे मांग के अनुरूप समय से उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकें।
मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप पूरी कार्ययोजना को प्राथमिकता के आधार पर अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश शीघ्र जारी करने तथा आपूर्ति व्यवस्था को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग अनिल सागर, विशेष सचिव शेषमणि पांडेय संयुक्त आयुक्त पी.सी. ठाकुर सहित चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा  विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।