*17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’*
*प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा काल की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़ेगा हर नागरिक*
*गोण्डा, 15 सितंबर 2026* - प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक *‘सेवा संकल्प अभियान’* आयोजित किया जाएगा। अभियान जनपद, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित होगा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अभियान के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तैयारियां एवं प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि *‘सेवा संकल्प अभियान’* से जनपद में नई ऊर्जा एवं जनभागीदारी का संचार होगा। अभियान के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ उन्हें सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के भाव से जोड़ा जाएगा।
*12 प्रमुख कार्यक्रमों के माध्यम से होगा आयोजन*
अभियान के तहत ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी-डिजिटल एवं रील अभियान’, ‘सेवा की कहानी-इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज’ एवं ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
*17 सितंबर से शुरू होगा सेवा दिवस*
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। ग्राम पंचायत, वार्ड एवं मोहल्ला स्तर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार की जाएगी। चिकित्सालयों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती पर टूलकिट वितरण तथा दिव्यांगजन कल्याण कार्यक्रम होंगे। शाम सात बजे लाभार्थी परिवारों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं सरकारी भवनों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत विद्यालयों में चित्रकला, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में युवा संवाद तथा ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी होंगी।
*विकास कार्यों का बनेगा डिजिटल डाटा बैंक*
‘सेवा की कहानी-डिजिटल एवं रील अभियान’ के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार के विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का विधानसभा, विकासखंड एवं ग्राम पंचायतवार विवरण तैयार किया जाएगा। लाभार्थियों की अद्यतन सूची के साथ विकास कार्यों के ‘पहले और बाद’ के फोटो, वीडियो एवं ड्रोन फुटेज का स्थायी डिजिटल डाटा बैंक तैयार होगा। डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स, पॉडकास्टर्स एवं ब्लॉगर्स को विकास परियोजनाओं का भ्रमण कराकर सक्सेस स्टोरी एवं वास्तविक बदलाव पर आधारित कंटेंट तैयार कराया जाएगा।
*सेवा ज्योति कलश यात्रा और जनभागीदारी*
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित होगी। विभिन्न क्षेत्रों से पैदल, साइकिल एवं बाइक रैलियां प्रमुख स्थल तक पहुंचेंगी। एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण तथा विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, योग, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, अंगदान संकल्प, नशामुक्ति, फिट इंडिया, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल, गौशाला सेवा, सैनिक सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग, डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा सहित 25 सेवा गतिविधियों में जनभागीदारी कराई जाएगी। नागरिकों को कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर फोटो अथवा वीडियो My Bharat Portal पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
*‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों में मिलेंगी योजनाओं की सुविधाएं*
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत प्रत्येक विकासखंड में सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नौ तथा 2 से 8 अक्टूबर तक सात विकासखंडों में शिविर आयोजित होंगे। शिविरों में स्वास्थ्य मेलों के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन एवं सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाकर 100 प्रतिशत सैचुरेशन का लक्ष्य रखा गया है।
*मानव रंगोली और इनोवेशन चैलेंज से जुड़ेगा युवा वर्ग*
‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में प्रमुख स्थलों पर 108 मीटर व्यास का ‘भारत मंडल’ एवं ह्यूमन रंगोली तैयार की जाएगी। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत-2047 की थीम प्रदर्शित होगी। मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक संस्थानों में ‘सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज’ के तहत प्रदर्शनी, लाइव डेमो, युवा संवाद एवं विशेषज्ञ सत्र होंगे।
*17 अक्टूबर को होगा सुशासन सेवा संवाद*
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा। इसमें अभिनंदन प्रस्ताव, सामूहिक वंदे मातरम् गान एवं विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा। अभियान के दौरान ग्राम चौपालों के माध्यम से योजनाओं की पहुंच, जनता से फीडबैक, प्रमुख स्थलों पर लेजर शो तथा तीर्थ स्थलों पर महायज्ञ एवं प्रार्थना सभाएं भी आयोजित होंगी। 25 सितंबर को डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी, व्यापक जनभागीदारी, प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं निरंतर मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
9 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1