*17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’*
*प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा काल की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़ेगा हर नागरिक*

*गोण्डा, 15 सितंबर 2026*  - प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक *‘सेवा संकल्प अभियान’* आयोजित किया जाएगा। अभियान जनपद, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित होगा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अभियान के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तैयारियां एवं प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि *‘सेवा संकल्प अभियान’* से जनपद में नई ऊर्जा एवं जनभागीदारी का संचार होगा। अभियान के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ उन्हें सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के भाव से जोड़ा जाएगा।

*12 प्रमुख कार्यक्रमों के माध्यम से होगा आयोजन*

अभियान के तहत ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी-डिजिटल एवं रील अभियान’, ‘सेवा की कहानी-इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज’ एवं ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

*17 सितंबर से शुरू होगा सेवा दिवस*

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। ग्राम पंचायत, वार्ड एवं मोहल्ला स्तर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार की जाएगी। चिकित्सालयों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती पर टूलकिट वितरण तथा दिव्यांगजन कल्याण कार्यक्रम होंगे। शाम सात बजे लाभार्थी परिवारों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं सरकारी भवनों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत विद्यालयों में चित्रकला, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में युवा संवाद तथा ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी होंगी।

*विकास कार्यों का बनेगा डिजिटल डाटा बैंक*

‘सेवा की कहानी-डिजिटल एवं रील अभियान’ के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार के विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का विधानसभा, विकासखंड एवं ग्राम पंचायतवार विवरण तैयार किया जाएगा। लाभार्थियों की अद्यतन सूची के साथ विकास कार्यों के ‘पहले और बाद’ के फोटो, वीडियो एवं ड्रोन फुटेज का स्थायी डिजिटल डाटा बैंक तैयार होगा। डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स, पॉडकास्टर्स एवं ब्लॉगर्स को विकास परियोजनाओं का भ्रमण कराकर सक्सेस स्टोरी एवं वास्तविक बदलाव पर आधारित कंटेंट तैयार कराया जाएगा।

*सेवा ज्योति कलश यात्रा और जनभागीदारी*

7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित होगी। विभिन्न क्षेत्रों से पैदल, साइकिल एवं बाइक रैलियां प्रमुख स्थल तक पहुंचेंगी। एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण तथा विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, योग, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, अंगदान संकल्प, नशामुक्ति, फिट इंडिया, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल, गौशाला सेवा, सैनिक सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग, डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा सहित 25 सेवा गतिविधियों में जनभागीदारी कराई जाएगी। नागरिकों को कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर फोटो अथवा वीडियो My Bharat Portal पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

*‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों में मिलेंगी योजनाओं की सुविधाएं*

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत प्रत्येक विकासखंड में सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नौ तथा 2 से 8 अक्टूबर तक सात विकासखंडों में शिविर आयोजित होंगे। शिविरों में स्वास्थ्य मेलों के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन एवं सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाकर 100 प्रतिशत सैचुरेशन का लक्ष्य रखा गया है।

*मानव रंगोली और इनोवेशन चैलेंज से जुड़ेगा युवा वर्ग*

‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में प्रमुख स्थलों पर 108 मीटर व्यास का ‘भारत मंडल’ एवं ह्यूमन रंगोली तैयार की जाएगी। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत-2047 की थीम प्रदर्शित होगी। मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक संस्थानों में ‘सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज’ के तहत प्रदर्शनी, लाइव डेमो, युवा संवाद एवं विशेषज्ञ सत्र होंगे।

*17 अक्टूबर को होगा सुशासन सेवा संवाद*

अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा। इसमें अभिनंदन प्रस्ताव, सामूहिक वंदे मातरम् गान एवं विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा। अभियान के दौरान ग्राम चौपालों के माध्यम से योजनाओं की पहुंच, जनता से फीडबैक, प्रमुख स्थलों पर लेजर शो तथा तीर्थ स्थलों पर महायज्ञ एवं प्रार्थना सभाएं भी आयोजित होंगी। 25 सितंबर को डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण प्रस्तावित है।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी, व्यापक जनभागीदारी, प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं निरंतर मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आज भारतीय जनता पार्टी मण्डल कोरांव में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मण्डल कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन हुआ संपन्न


विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज। कार्यशाला में मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आदरणीय  राजेश्वरी प्रसाद तिवारी जी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने उपस्थित सभी सम्मानित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ता बंधुओं को संबोधित करते हुए संगठन के आगामी कार्यक्रमों के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने और सेवा भाव के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया गया।कार्यशाला में उपस्थित सभी सम्मानित पदाधिकारी गण, शक्ति केंद्र संयोजक गण एवं कार्यकर्ता बंधुओं का हृदय से आभार एवं धन्यवाद।
प्रभारी मंत्री सतीश शर्मा ने कंपोजिट विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र घुसाह का किया निरीक्षण   
                            
                                                              
बच्चों से पूछे सवाल,किताबें पढ़ाकर परखी शैक्षिक गुणवत्ता; आंगनबाड़ी केंद्र में कराया अन्नप्राशन,फल-बिस्कुट किए वितरित
                                              
बलरामपुर। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश शासन के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने विकासखंड क्षेत्र के घुसाह स्थित कंपोजिट विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई एवं शैक्षिक स्तर की जानकारी ली।
प्रभारी मंत्री ने कक्षा में पहुंचकर बच्चों से विभिन्न विषयों से संबंधित सवाल पूछे तथा उनकी पुस्तकों को देखकर पढ़ाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं बच्चों को किताबें पढ़ाकर उनकी समझ एवं अध्ययन क्षमता को परखा। बच्चों से सहजता से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी समस्याओं,रुचियों तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
इसके पश्चात प्रभारी मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया तथा बच्चों को फल एवं बिस्कुट वितरित किए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से पोषण,बच्चों की उपस्थिति तथा केंद्र की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर पोषण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए शासन स्तर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा,जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस,मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चन्द्र श्रीवास्तव,खंड शिक्षा अधिकारी घनश्याम वर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जौनपुर पहुँची Gen Z Connect Yatra, युवाओं ने की रोजगार और शिक्षा की बात
जौनपुर। जस्टिस मोर्चा की Gen Z Connect Yatra अपने 27वें दिन जौनपुर पहुँची। त्रिलोचन से आगे बढ़ते हुए यात्रा सिरकोनी होते हुए जौनपुर शहर में प्रवेश की। रास्ते में छात्रों, युवाओं और स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था, सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति और युवाओं के घटते अवसरों जैसे सवालों पर चर्चा हुई। यात्रा के दौरान रास्ते में पड़े विभिन्न सरकारी स्कूलों की हालत को भी टीम ने देखा। जौनपुर शहर पहुँचने पर यात्रा का गांधी पार्क में सैकड़ों लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने यात्रियों का स्वागत करते हुए युवाओं की यात्रा का समर्थन किया। गांधी पार्क से यात्रा आगे बढ़ते हुए अंबेडकर पार्क पहुँची। यहाँ युवाओं ने “जय भीम” के नारों के साथ पेपर लीक, चंदा चोरी और सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति जैसे सवाल प्रमुखता से उठाए गए। युवाओं ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं का सबसे बड़ा खामियाजा मेहनत करने वाले छात्रों को भुगतना पड़ता है। इसके बाद Gen Z Connect Yatra कचहरी, सद्भावना पुल, छरछू चौराहा शाही पुल और तिलकधारी सिंह कॉलेज होते हुए आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में युवाओं ने पर्चे बाँटकर और जनसभा करके संवाद किया। जस्टिस मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कहा कि Gen Z Connect Yatra का उद्देश्य युवाओं के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं और आकांक्षाओं को सुनना और उन्हें एक साझा मंच देना है। युवा नौकरी, बेहतर शिक्षा, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक पर आवाज़ उठा रहे हैं लेकिन केंद्र और राज्य दोनों सरकार सोई हुई है, युवाओं की आवाज दबाने में व्यस्त हैं। जौनपुर में यात्रा के दौरान विकेश उपाध्याय (INC), हिमांशु तिवारी (BRS), अनुराग राय, संदीप सोनकर (IYC), अमरजीत (प्रगतिशील मानव समाज पार्टी), शिराज, सहित अन्य लोग शामिल रहे। Gen Z Connect Yatra अब जौनपुर से आगे प्रयागराज, प्रतापगढ़ और रायबरेली होते हुए 2 अक्टूबर को लखनऊ पहुँचेगी, जहाँ यात्रा का समापन होगा। आज की यात्रा में प्रियेश, रजत, शान्तनु, अवनीश, नीरज, राजू, विवेक सहित बड़ी संख्या में युवा यात्री मौजूद रहे।
कांग्रेस भवन गोंडा में भावभीनी श्रद्धांजलि सभा*
गोण्डा। आज कांग्रेस भवन गोंडा में पूर्व सांसद अयोध्या निर्मल खत्री  की धर्मपत्नी * बीना खत्री * एवं अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश सचिव *जनाब हकीम असगर साहब* के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

जिला अध्यक्ष *राम प्रताप सिंह * एवं शहर अध्यक्ष *शाहिद अली कुरैशी  की उपस्थिति में दोनों दिवंगत आत्माओं को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी शिवकुमार दुबे, जिला संयोजक डॉ. सैयद अब्दुल मुजीब, सुकई भारती, जलील खान पीसीसी सदस्य ,अनीश नान शुक्ला, प्रसाद शुक्ला, शिव शंकर कश्यप, विकास मनोहर श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, अरविंद शुक्ला, अनिल गिरी, तैयब, राजेश सिंह, डॉ. जफर अशफाक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रयागराज के सिपाही की बलिया सड़क हादसे में मौत, घर लाया गया शव तो नम हो उठीं घरवालों की आंखें

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज ,गंगापार में होलागढ़ के दुबेपुर सुल्तानपुर अकबर गांव के रहने वाले सिपाही परितोष मिश्रा की बलिया में मौत हो गई। वह वहीं तैनात थे। 13 सितंबर की रात ड्यूटी से बांसडीह थाने आते समय हादसा हुआ। 14 सितंबर की देर रात शव बलिया से घर लाया गया। आज सुबह शृंगवेरपुर घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ।

होलागढ़ थाना क्षेत्र के दुबेपुर सुल्तानपुर अकबर गांव निवासी 26 वर्षीय परितोष मिश्रा पुत्र रमाकांत मिश्रा पुलिस विभाग में सिपाही थे। 2025 बैच के सिपाही परितोष की बलिया में ट्रेनिंग हुई और पहली पोस्टिंग भी वहीं मिलीं। बांसडीह थाने में वह तैनात थे। रविवार रात वह ड्यूटी पर तेनात थे। देर रात तक वापस थाने नहीं लौटने पर साथी पुलिसकर्मियों ने 14 सितंबर की सुबह करीब छह बजे उन्हें फोन किया लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ था।

इसके बाद खोजबीन शुरू हुई तो थाने आने वाली सड़क के किनारे तालाब में परितोष का शव पानी में उतराता मिला। पुलिसकर्मियों ने शव को बाहर निकलवाया। तालाब में परितोष की बाइक को तलाशा गया तो वह मिल गई। पुलिस अधिकारियों ने परितोष के घरवालों को घटना की जानकारी दी।

परिवार के लोग बलिया पहुंचे तो बताया गया कि देर रात ड्यूटी से थाने लौटते समय किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया, जिस कारण घटना हुई। हालांकि, जांच की जा रही है। सोमवार देर रात परितोष का शव घर लाया गया।
लंबित शिक्षक समस्याओं को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ मुखर, 22 सितंबर को धरने की चेतावनी

सुल्तानपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं देयकों के भुगतान को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा राम बचन राम को ज्ञापन सौंपकर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।

संघ के जनपदीय प्रवक्ता निजाम खान ने बताया कि शिक्षकों के अवशिष्ट वेतन, जीपीएफ अग्रिम, सामूहिक बीमा, जीपीएफ लेखा पर्ची, नोशनल पेंशन, ग्रेच्युटी, जीपीएफ से एनपीएस में स्थानांतरित धनराशि को वापस जीपीएफ खाते में भेजने, ऑनलाइन आवेदनों के निस्तारण तथा नवीन प्रान आवंटन समेत कई मामले लंबे समय से लंबित हैं। इससे शिक्षकों में व्यापक रोष व्याप्त है।

निजाम खान ने आरोप लगाया कि एक ही विद्यालय के शिक्षकों का एक ही आदेश से अवरुद्ध और बहाल वेतन का अवशिष्ट भुगतान भी अलग-अलग तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जीपीएफ अग्रिम, सामूहिक बीमा, ग्रेच्युटी एवं अन्य देयकों की पत्रावलियां अनावश्यक रूप से लंबित रहने से शिक्षक और सेवानिवृत्त कर्मचारी परेशान हैं।

उन्होंने कहा, “संघ लंबे समय से औपचारिक और अनौपचारिक संवाद के माध्यम से शिक्षकों की समस्याओं के समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण की मांग करता रहा है। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से शिक्षकों में आक्रोश बढ़ रहा है। अब संघ चुप बैठने वाला नहीं है।”

जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय ने कहा कि शिक्षकों के वैधानिक देयकों के भुगतान के लिए उन्हें वर्षों तक कार्यालयों के चक्कर लगाना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। संघ ने हमेशा संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान का प्रयास किया है, लेकिन अब लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण जरूरी है। उन्होंने कहा कि 21 सितंबर तक समस्याओं का ठोस समाधान नहीं हुआ तो 22 सितंबर को अपराह्न तीन बजे वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण मिश्र ने कहा कि जीपीएफ, ग्रेच्युटी, सामूहिक बीमा, अवशिष्ट वेतन और पेंशन से जुड़े प्रकरणों को लंबित रखना शिक्षकों के हितों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निस्तारण नियमों के अनुसार पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा में होना चाहिए। शिक्षकों को अपने ही वैधानिक देयकों के लिए परेशान होना पड़े, यह व्यवस्था की गंभीर खामी है।

जिला मंत्री डॉ. हृषिकेश भानु सिंह ने कहा कि शिक्षक संघ ने हमेशा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से शिक्षकों की समस्याओं की आवाज उठाई है। यदि 21 सितंबर तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 22 सितंबर का धरना मजबूरी में उठाया गया कदम होगा। उन्होंने कहा कि संघ शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और वैधानिक देयकों के लिए निर्णायक संघर्ष करेगा।

जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव  ने चेतावनी दी कि यदि 21 सितंबर तक सभी प्रमुख लंबित समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो 22 सितंबर को अपराह्न तीन बजे वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को आगे भी व्यापक रूप दिया जाएगा।

जय प्रकाश वर्मा कोषाध्यक्ष ने कहा शिक्षकों के नवीन प्रान आवंटन, आवंटित पीआरएएन नंबर एवं कार्ड उपलब्ध कराने तथा एनपीएस कटौती से संबंधित समस्याओं के तत्काल समाधान की भी मांग की गई। संघ पदाधिकारियों ने कार्यालय की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने और लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय में निस्तारण किए जाने पर जोर दिया।

प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण मिश्र, जिला मंत्री डॉ. हृषिकेश भानु सिंह, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश वर्मा, संयुक्त मंत्री प्रशांत पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव, राम बहादुर मिश्रा धीरेन्द्र राव जिला अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ अर्चना सिंह, मुहम्मद मुजतबा, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र कविराज,ब्लॉक अध्यक्ष कादीपुर अनिल यादव, लम्भुआ केदारनाथ दूबे, बल्दीराय राज बख्श मौर्य, भदय्या अंजनी शर्मा, दोस्तपुर अध्यक्ष गोमती मिश्रा अखण्ड नगर अध्यक्ष विजय प्रताप यादव, अरुण शुक्ला, शिव नरायण वर्मा, राज कुमार यादव, बृजेश सिंह, बिमलेश कुमार, राज कुमार चौधरी, कृष्ण कुमार चौरसिया, संजय यादव मंत्री करौदी कलां,नरेंद्र पाण्डेय,विनय पाण्डेय, रमन तिवारी, शिव पूजन पाण्डेय, राजमणि यादव, रमेश तिवारी नफीस अहमद शफीक अहमद प्रतिमा सिंह   लालचंद सरफराज अहमद नवीन कुमार पाण्डेय,अरविन्द कुमार पाण्डेय
अनिल उपाध्याय पंकज श्रीवास्तव दुर्गेश मिश्रा,विपिन कुमार सिंह तहसील प्रभारी बल्दीराय , अशीष शुक्ला, संजीव यादव , नरेश चंद्र, संजय ओझा, मंत्री हरिओम द्विवेदी, अशोक विश्वकर्मा, राम मगन, चंदा देवी, रोहित कुमार, विनय कुमार यादव, अरविन्द कुमार, डॉ रोहित दूबे, मनीष पाण्डेय,
पूर्णेन्दु कुमार पाण्डेय चंद्रशेखर पांडे तहसील प्रभारी लंभुआ मनोज कुमार द्विवेदी उपाध्यक्ष लंभुआ सहित सैंकड़ो पदाधिकारी मौजूद रहे।
जौनपुर महोत्सव कराने वाले जितेंद्र सिंह ने पत्रकारों व प्रतिभाओं को किया सम्मानित
जौनपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के कोल्हुआ बाजार में शाहपुर नेवादा गांव निवासी जितेन्द्र सिंह  संयोजक - जौनपुर महोत्सव अहमदाबाद , उपाध्यक्ष बेकरी संघ गुजरात,समाजसेवी ने क्षेत्र के पत्रकारों सहित लंबी मूंछ, कबड्डी एवं अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा से क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जितेंद्र सिंह ने पत्रकारों व प्रतिभाओं को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न (शील्ड) प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के चौथे स्तंभ हैं। वे निर्भीक और निडर होकर समाज की समस्याओं को सामने लाने का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों का उत्साहवर्धन करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि खेल, कला और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
जितेंद्र सिंह पिछले कई वर्षों से अहमदाबाद में रहकर व्यवसाय के साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। 14 जून को अहमदाबाद में जौनपुर महोत्सव के आयोजन को लेकर भी उन्हें विशेष पहचान मिली है। इस वर्ष आयोजित जौनपुर महोत्सव में जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह, बृजेश सिंह प्रिंसू एमएलसी तथा ब्लॉक प्रमुख विनय कुमार सिंह सहित क्षेत्र के कई विशिष्ट लोगों ने सहभागिता की और जौनपुर की संस्कृति एवं पहचान को आगे बढ़ाया। अहमदाबाद पहुंचे अशोक सिंह, अरुण सिंह पूर्व  प्रधान एवं शिव प्रताप सिंह अपराध निरोधक समिति अध्यक्ष ने भी आयोजन की सराहना की।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंधक नन्हकऊ गुप्ता ने की, जबकि संचालन अवकाश प्राप्त अध्यापक एवं पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने किया।इस अवसर पर पत्रकार बंधुओं में संपादक अमित पाण्डेय, शशि गुप्ता, हुबलाल यादव, अखिलेश यादव, राजकमल मिश्र, रविंद्र प्रताप सिंह उर्फ बबलू तथा लंबी मूछ में चंद्रमणि यादव तथा कबड्डी खेल में अपना विशेष स्थान बनाने वाले चंद्रभान सिंह व नरेंद्र सिंह गांधी सेवा निवृत शिक्षक सहित क्षेत्रीय जनों में जितेंद्र सिंह के बड़े भाई राज नारायण सिंह, कृष्णकांत पांडे, रमेश मिश्रा, राजेंद्र शर्मा, पप्पू यादव,हर्षित सिंह आदि मौजूद रहे जहां सभी को जितेंद्र सिंह द्वारा सम्मानित किया गया अंत में। शिव प्रताप सिंह ने अपनी समिति के लोगों को भी पहचान पत्र कार्ड वितरण कर आए हुए आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मंत्री एके शर्मा की सख्ती के बाद जल निगम के अधिशासी अभियंता निलंबित


- पूरे प्रदेश में जल निकासी व्यवस्था को लेकर अधिकारी अलर्ट मोड में रहें: ए.के. शर्मा

- जलभराव की समस्या में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, संवेदनशील क्षेत्रों की पहले से पहचान कर तैयारियां पूरी रखें: नगर विकास मंत्री

लखनऊ/ वाराणसी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा की सख्ती के बाद वाराणसी में जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता पवन कुमार गुप्ता को निलंबित किए जाने के बाद मंत्री ने प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को लेकर अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता आमजन के लिए परेशानी का कारण बन सकती है, इसलिए अधिकारी पहले से तैयार रहें और संवेदनशील क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वाराणसी सहित प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में जल निकासी व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। प्रत्येक संवेदनशील क्षेत्र को चिन्हित कर वहां नालों, सीवर लाइनों और पम्पिंग स्टेशनों की स्थिति की पहले से समीक्षा की जाए। जहां कहीं भी जल निकासी की व्यवस्था में कमी दिखाई दे, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी समस्या उत्पन्न होने का इंतजार न करें, बल्कि संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में पहले से आवश्यक तैयारियां पूरी रखें।
श्री शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं है। शासन द्वारा अधिकारियों को पर्याप्त संसाधन और आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऐसे में कार्यों के क्रियान्वयन में लापरवाही अथवा उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर, सुगम और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक शहर में जल निकासी, सीवर व्यवस्था और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। नगरीय क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के तत्काल समाधान के साथ-साथ इसके स्थायी निराकरण के लिए भी प्रभावी कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। ए.के. शर्मा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन को राहत देना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वाराणसी में हुई कार्रवाई इसी जवाबदेही का स्पष्ट संदेश है कि जनहित के कार्यों में जिम्मेदारी से समझौता करने वालों के विरुद्ध शासन कठोर कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।
4 दिन घटने के बाद बढ़ने लगा घाघरा व सरयू नदी का जलस्तर,खतरे के निशान से 24 सेमी नीचे
*18 गावों के 14000 लोग बाढ़ से घिरे

गोंडा।चार दिन घटने के बाद घाघरा व सरयू नदियों का जलस्तर मंगलवार सुबह एक बार फिर बढ़ने लगा।पूर्वान्ह 11.30 बजे से नदियों के जलस्तर में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है।बैराजों से पानी छोड़े जाने के बाद नदी खतरे के निशान से महज 24 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।उधर जिले के तरबगंज व करनैलगंज तहसील क्षेत्र में बाढ़ का पानी हजारों बीघा फसल को अपनी चपेट में ले चुका है परिणामस्वरूप खेतों में खड़ी फसल बर्बादी के कगार पर है।मंगलवार सुबह गिरजा बैराज से 146169,शारदा बैराज से 131337,सरयू बैराज से 6911 और सहेली बैराज से 35147 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।पानी छोड़े जाने के बाद  नदी के जलस्तर में फिर से बढ़ोत्तरी शुरू हुई है।बाढ़ का सबसे ज्यादा असर तरबगंज तहसील क्षेत्र में है।जहाँ कई गांव नदी के किनारे बसे होने के कारण बाढ़ की चपेट में हैं।मंगलवार दोपहर 12 बजे तक जिले के 18 गावों की करीब 14 हजार की आबादी बाढ़ से घिरी हुई है।कई गावों में लोग आंशिक रूप से प्रभावित हैं।बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन की तरफ से लंच पैकेट बांटे जा रहे हैं।पशुओं के लिए भूसे की व्यवस्था की गई है।स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों की जांच कर दवाइयां दे रही है,जबकि पशु चिकित्सा विभाग की टीमें पशुओं का इलाज और टीकाकरण कर रही हैं।आवागमन के लिए बाढ़ वाले गांवो में 70 से ज्यादा नावें लगाई गई हैं।दत्तनगर, साखिपुर,वाणी माझा,ऐली परसौली, बहादुर पुर,ब्योन्दा माझा, जबर नगर समेत कई गावों में खेतों में पानी भरा है और इन गावों के किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।कई गांव अभी भी बाढ़ के पानी से घिरे हैं।खेतों में खड़ी हजारों बीघा फसल डूबने से किसानों के सामने बड़ा नुकसान खड़ा हो गया है।खेतों में लंबे समय तक पानी भरा रहने से फसल के पूरी तरह बर्बाद होने की आशंका है।मंगलवार दोपहर तक 18 गावों की लगभग 14 हजार आबादी बाढ़ से प्रभावित रही।कई गावों में लोगों के घरों और रास्तों के आसपास पानी भरा है।मुख्य रास्तों और गावों के सम्पर्क मार्गों पर पानी होने से लोगों को आने जाने में परेशानी हो रही है।बाढ़ पीड़ितों के लिए लगातार लंच पैकेट बांटे जा रहे हैं तथा पशुओं के लिए भूसा भी उपलब्ध कराया जा रहा है।बाढ़ प्रभावित गांवों में लोगों के आवागमन के लिए 70 से ज्यादा नावें लगाई गई हैं।स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों की जांच कर आवश्यकता के अनुरूप दवाइयां दे रही है,तो पशु चिकित्सा विभाग की टीमें पशुओं का इलाज करने के साथ टीकाकरण भी कर रही है।प्रशासन का फोकस प्रभावित परिवारों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाने पर है।जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में लंच पैकेट और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।नदी का जलस्तर मंगलवार को फिर थोड़ा बढ़ना शुरू हुआ है।किसानों की फसल को हुए नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।