लंबित शिक्षक समस्याओं को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ मुखर, 22 सितंबर को धरने की चेतावनी
सुल्तानपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं देयकों के भुगतान को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा राम बचन राम को ज्ञापन सौंपकर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
संघ के जनपदीय प्रवक्ता निजाम खान ने बताया कि शिक्षकों के अवशिष्ट वेतन, जीपीएफ अग्रिम, सामूहिक बीमा, जीपीएफ लेखा पर्ची, नोशनल पेंशन, ग्रेच्युटी, जीपीएफ से एनपीएस में स्थानांतरित धनराशि को वापस जीपीएफ खाते में भेजने, ऑनलाइन आवेदनों के निस्तारण तथा नवीन प्रान आवंटन समेत कई मामले लंबे समय से लंबित हैं। इससे शिक्षकों में व्यापक रोष व्याप्त है।
निजाम खान ने आरोप लगाया कि एक ही विद्यालय के शिक्षकों का एक ही आदेश से अवरुद्ध और बहाल वेतन का अवशिष्ट भुगतान भी अलग-अलग तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जीपीएफ अग्रिम, सामूहिक बीमा, ग्रेच्युटी एवं अन्य देयकों की पत्रावलियां अनावश्यक रूप से लंबित रहने से शिक्षक और सेवानिवृत्त कर्मचारी परेशान हैं।
उन्होंने कहा, “संघ लंबे समय से औपचारिक और अनौपचारिक संवाद के माध्यम से शिक्षकों की समस्याओं के समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण की मांग करता रहा है। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से शिक्षकों में आक्रोश बढ़ रहा है। अब संघ चुप बैठने वाला नहीं है।”
जिलाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय ने कहा कि शिक्षकों के वैधानिक देयकों के भुगतान के लिए उन्हें वर्षों तक कार्यालयों के चक्कर लगाना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। संघ ने हमेशा संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान का प्रयास किया है, लेकिन अब लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण जरूरी है। उन्होंने कहा कि 21 सितंबर तक समस्याओं का ठोस समाधान नहीं हुआ तो 22 सितंबर को अपराह्न तीन बजे वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण मिश्र ने कहा कि जीपीएफ, ग्रेच्युटी, सामूहिक बीमा, अवशिष्ट वेतन और पेंशन से जुड़े प्रकरणों को लंबित रखना शिक्षकों के हितों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निस्तारण नियमों के अनुसार पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा में होना चाहिए। शिक्षकों को अपने ही वैधानिक देयकों के लिए परेशान होना पड़े, यह व्यवस्था की गंभीर खामी है।
जिला मंत्री डॉ. हृषिकेश भानु सिंह ने कहा कि शिक्षक संघ ने हमेशा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से शिक्षकों की समस्याओं की आवाज उठाई है। यदि 21 सितंबर तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 22 सितंबर का धरना मजबूरी में उठाया गया कदम होगा। उन्होंने कहा कि संघ शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और वैधानिक देयकों के लिए निर्णायक संघर्ष करेगा।
जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव ने चेतावनी दी कि यदि 21 सितंबर तक सभी प्रमुख लंबित समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो 22 सितंबर को अपराह्न तीन बजे वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को आगे भी व्यापक रूप दिया जाएगा।
जय प्रकाश वर्मा कोषाध्यक्ष ने कहा शिक्षकों के नवीन प्रान आवंटन, आवंटित पीआरएएन नंबर एवं कार्ड उपलब्ध कराने तथा एनपीएस कटौती से संबंधित समस्याओं के तत्काल समाधान की भी मांग की गई। संघ पदाधिकारियों ने कार्यालय की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने और लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय में निस्तारण किए जाने पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण मिश्र, जिला मंत्री डॉ. हृषिकेश भानु सिंह, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश वर्मा, संयुक्त मंत्री प्रशांत पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव, राम बहादुर मिश्रा धीरेन्द्र राव जिला अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ अर्चना सिंह, मुहम्मद मुजतबा, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र कविराज,ब्लॉक अध्यक्ष कादीपुर अनिल यादव, लम्भुआ केदारनाथ दूबे, बल्दीराय राज बख्श मौर्य, भदय्या अंजनी शर्मा, दोस्तपुर अध्यक्ष गोमती मिश्रा अखण्ड नगर अध्यक्ष विजय प्रताप यादव, अरुण शुक्ला, शिव नरायण वर्मा, राज कुमार यादव, बृजेश सिंह, बिमलेश कुमार, राज कुमार चौधरी, कृष्ण कुमार चौरसिया, संजय यादव मंत्री करौदी कलां,नरेंद्र पाण्डेय,विनय पाण्डेय, रमन तिवारी, शिव पूजन पाण्डेय, राजमणि यादव, रमेश तिवारी नफीस अहमद शफीक अहमद प्रतिमा सिंह लालचंद सरफराज अहमद नवीन कुमार पाण्डेय,अरविन्द कुमार पाण्डेय
अनिल उपाध्याय पंकज श्रीवास्तव दुर्गेश मिश्रा,विपिन कुमार सिंह तहसील प्रभारी बल्दीराय , अशीष शुक्ला, संजीव यादव , नरेश चंद्र, संजय ओझा, मंत्री हरिओम द्विवेदी, अशोक विश्वकर्मा, राम मगन, चंदा देवी, रोहित कुमार, विनय कुमार यादव, अरविन्द कुमार, डॉ रोहित दूबे, मनीष पाण्डेय,
पूर्णेन्दु कुमार पाण्डेय चंद्रशेखर पांडे तहसील प्रभारी लंभुआ मनोज कुमार द्विवेदी उपाध्यक्ष लंभुआ सहित सैंकड़ो पदाधिकारी मौजूद रहे।
11 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.2k