अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (DLBC) की बैठक हुई आयोजित
सुलतानपुर,अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) राकेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (डीएलबीसी) की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, फसली केसीसी, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, डे-एनआरएलएम, पीएमएफएमई, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की बैंकवार प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागीय एवं बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को दिए गए।
बैठक में समीक्षा के दौरान बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र एवं पंजाब एंड सिंध बैंक के बैठक में प्रतिभाग न करने पर अपर जिलाधिकारी महोदय द्वारा असंतोष व्यक्त किया गया। उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों को बैठकों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता एवं सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के 332, पंजाब नेशनल बैंक के 164, भारतीय स्टेट बैंक के 107 तथा उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के 54 आवेदन लंबित पाए गए। अपर जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक अधिकारियों को पात्र आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य बैंकों को भी पीएम स्वनिधि योजना में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने तथा लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की विभिन्न स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को समय से आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग, परियोजना अधिकारी डूडा, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, जिला उद्यान अधिकारी, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, इंडियन बैंक के जिला समन्वयक, पंजाब नेशनल बैंक के जिला समन्वयक सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Sep 15 2026, 15:33
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.3k