4 दिन घटने के बाद बढ़ने लगा घाघरा व सरयू नदी का जलस्तर,खतरे के निशान से 24 सेमी नीचे
*18 गावों के 14000 लोग बाढ़ से घिरे

गोंडा।चार दिन घटने के बाद घाघरा व सरयू नदियों का जलस्तर मंगलवार सुबह एक बार फिर बढ़ने लगा।पूर्वान्ह 11.30 बजे से नदियों के जलस्तर में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है।बैराजों से पानी छोड़े जाने के बाद नदी खतरे के निशान से महज 24 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।उधर जिले के तरबगंज व करनैलगंज तहसील क्षेत्र में बाढ़ का पानी हजारों बीघा फसल को अपनी चपेट में ले चुका है परिणामस्वरूप खेतों में खड़ी फसल बर्बादी के कगार पर है।मंगलवार सुबह गिरजा बैराज से 146169,शारदा बैराज से 131337,सरयू बैराज से 6911 और सहेली बैराज से 35147 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।पानी छोड़े जाने के बाद  नदी के जलस्तर में फिर से बढ़ोत्तरी शुरू हुई है।बाढ़ का सबसे ज्यादा असर तरबगंज तहसील क्षेत्र में है।जहाँ कई गांव नदी के किनारे बसे होने के कारण बाढ़ की चपेट में हैं।मंगलवार दोपहर 12 बजे तक जिले के 18 गावों की करीब 14 हजार की आबादी बाढ़ से घिरी हुई है।कई गावों में लोग आंशिक रूप से प्रभावित हैं।बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन की तरफ से लंच पैकेट बांटे जा रहे हैं।पशुओं के लिए भूसे की व्यवस्था की गई है।स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों की जांच कर दवाइयां दे रही है,जबकि पशु चिकित्सा विभाग की टीमें पशुओं का इलाज और टीकाकरण कर रही हैं।आवागमन के लिए बाढ़ वाले गांवो में 70 से ज्यादा नावें लगाई गई हैं।दत्तनगर, साखिपुर,वाणी माझा,ऐली परसौली, बहादुर पुर,ब्योन्दा माझा, जबर नगर समेत कई गावों में खेतों में पानी भरा है और इन गावों के किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।कई गांव अभी भी बाढ़ के पानी से घिरे हैं।खेतों में खड़ी हजारों बीघा फसल डूबने से किसानों के सामने बड़ा नुकसान खड़ा हो गया है।खेतों में लंबे समय तक पानी भरा रहने से फसल के पूरी तरह बर्बाद होने की आशंका है।मंगलवार दोपहर तक 18 गावों की लगभग 14 हजार आबादी बाढ़ से प्रभावित रही।कई गावों में लोगों के घरों और रास्तों के आसपास पानी भरा है।मुख्य रास्तों और गावों के सम्पर्क मार्गों पर पानी होने से लोगों को आने जाने में परेशानी हो रही है।बाढ़ पीड़ितों के लिए लगातार लंच पैकेट बांटे जा रहे हैं तथा पशुओं के लिए भूसा भी उपलब्ध कराया जा रहा है।बाढ़ प्रभावित गांवों में लोगों के आवागमन के लिए 70 से ज्यादा नावें लगाई गई हैं।स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों की जांच कर आवश्यकता के अनुरूप दवाइयां दे रही है,तो पशु चिकित्सा विभाग की टीमें पशुओं का इलाज करने के साथ टीकाकरण भी कर रही है।प्रशासन का फोकस प्रभावित परिवारों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाने पर है।जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में लंच पैकेट और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।नदी का जलस्तर मंगलवार को फिर थोड़ा बढ़ना शुरू हुआ है।किसानों की फसल को हुए नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
मऊ में रोजगार की बड़ी सौगात, 80 युवाओं को मिली नौकरी
मऊ। युवाओं के लिए रोजगार से जुड़ी अच्छी खबर सामने आई है। राजकीय आईटीआई सहादतपुरा परिसर में आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेले में 150 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें चयन प्रक्रिया के बाद 80 युवाओं को रोजगार के लिए चयनित किया गया।

रोजगार मेले में अडानी सोलर, कच्छ (गुजरात) की कंपनी ने प्रतिभाग किया और युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

आईटीआई की ओर से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए ये मेले बेहतर अवसर साबित हो सकते हैं।
मऊ में एसपी कमलेश बहादुर ने सुनी फरियादियों की समस्याएं
जन शिकायतों के प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के क्रम में पुलिस अधीक्षक मऊ श्री कमलेश बहादुर ने पुलिस कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसुनवाई की।

इस दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मऊ विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत कुम्हार, मोची एवं राजमिस्त्री ट्रेड के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 15 सितंबर को
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में पारंपरिक कारीगरों को प्रशिक्षण प्रदान किए जाने हेतु गठित चयन समिति द्वारा कुम्हार, मोची एवं राजमिस्त्री ट्रेड में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार/चयन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, मऊ हरेन्द्र प्रताप ने बताया कि संबंधित अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर समस्त आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय-उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, मऊ में उपस्थित होकर साक्षात्कार/चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करें।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों का चयन गठित समिति के सदस्यों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।

अभ्यर्थियों से समय से उपस्थित होकर अपने सभी आवश्यक अभिलेख साथ लाने की अपील की गई है।
मऊ -: आजमगढ़ मंडल की टीम फाइनल में, स्वर्ण पदक पर नजर
राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल की टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। रविवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में आजमगढ़ ने वाराणसी मंडल को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

मुकाबले में आजमगढ़ के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही मजबूत पकड़ बनाए रखी और नियमित अंतराल पर गोल दागे। अब सोमवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में आजमगढ़ मंडल की टीम स्वर्ण पदक के लिए मैदान में उतरेगी।

क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि टीम मजबूत है और फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
तालाब में मिला 19 साल की युवती का शव,घर से थी लापता
*पीएम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की तस्वीर - पुलिस

गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सगरा तालाब में सोमवार अपरान्ह लगभग 2.30 बजे एक 19 वर्षीय युवती का शव मिला था।स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तालाब से शव को निकाल कर अपने  कब्जे में लेकर उसकी पहचान करने का प्रयास किया।पुलिस द्वारा शव मिलने के 24 घंटे के अंदर ही मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे शव की शिनाख्त करने में सफलता प्राप्त किया।मृतका की पहचान नगर कोतवाली क्षेत्र के विष्णुपुरी कालोनी निवासिनी रितिका दूबे (19) के रूप में हुई।बताया जा रहा है कि रितिका रविवार देर शाम से अपने घर से गायब थी।मृतका के घर में उसके माता पिता व एक छोटा भाई है।पुलिस का कहना है कि रितिका की मौत अचानक पैर फिसलने के कारण डूबने से नहीं हुई है,बल्कि उसने तालाब में कूदकर आत्महत्या किया है।नगर कोतवाली पुलिस घटना के संबंध में रितिका के घरवालों से पूछताछ कर रही है।हालांकि पुलिस के अनुसार परिजन उन्हें पूरी जानकारी देने से बच रहे हैं।मृतका की पहचान होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दिया है और आज मृतका का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पहचान होने के बाद ही किसी शव का पोस्टमार्टम कराया जाता है और यदि तीन दिन तक पहचान नहीं होती तो ऐसी दशा में पुलिस स्वत: पोस्टमार्टम करवाती है।उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।नगर कोतवाल ने बताया कि परिजनों से पूछताछ रही है कि किन हालात में यह घटना हुई।जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा,पुलिस मृतका के घर व घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है,ताकि यह पता चल सके कि रितिका कब तालाब के पास आई और कब उसकी मौत हुई।पुलिस मामले में कई बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर योगेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक जांच में किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ होने की वजह सामने नहीं आई है तथा परिवार के लोगों से ही पूछताछ की जा रही है।
अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (DLBC) की बैठक हुई आयोजित
सुलतानपुर,अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) राकेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (डीएलबीसी) की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, फसली केसीसी, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, डे-एनआरएलएम, पीएमएफएमई, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की बैंकवार प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागीय एवं बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को दिए गए।
       
बैठक में समीक्षा के दौरान बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र एवं पंजाब एंड सिंध बैंक के बैठक में प्रतिभाग न करने पर अपर जिलाधिकारी महोदय द्वारा असंतोष व्यक्त किया गया। उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों को बैठकों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता एवं सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।
       
बैठक में पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के 332, पंजाब नेशनल बैंक के 164, भारतीय स्टेट बैंक के 107 तथा उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के 54 आवेदन लंबित पाए गए। अपर जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक अधिकारियों को पात्र आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य बैंकों को भी पीएम स्वनिधि योजना में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने तथा लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश दिए गए।
      
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की विभिन्न स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को समय से आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
      
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग, परियोजना अधिकारी डूडा, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, जिला उद्यान अधिकारी, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, इंडियन बैंक के जिला समन्वयक, पंजाब नेशनल बैंक के जिला समन्वयक सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
लाल आनंद प्रकाश तिवारी छत्तीसगढ़ के रायपुर के संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने शहीद हो गया
लखनऊ । सुल्तानपुर का रहने वाला लाल आनंद प्रकाश तिवारी छत्तीसगढ़ के रायपुर के संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने शहीद हो गया। एसएसबी में सूबेदार के पद पर तैनात आनंद के परिजनों को जब इन बात की जानकारी लगी तो पूरा परिवार सन्न रह गया। वहीं छत्तीसगढ़ से आज जब पैतृक गांव आनंद का शव पहुंचा तो कोहराम मच गया। आस पास कई गांव सहित कई जनप्रतिनिधि अंतिम दर्शन के लिए गांव पहुंचे हुए हैं और नाम आंखों से आनंद को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

दरअसल कुड़वार थानाक्षेत्र के नेवरा गांव के रहने वाले बलिराम तिवारी के तीन बेटे थे। सबसे छोटा बेटा आनंद प्रकाश तिवारी एसएसबी में सूबेदार था, और वर्तमान में इसकी तैनाती छत्तीसगढ़ के रायपुर में थी। इतनी पत्नी और इकलौता बेटा चंडीगढ़ में रहते थे। सोमवार की सुबह बलिराम के बाद रायपुर से फोन आया कि आनंद को गोली लग गई है और उनकी मृत्यु हो गई है। मृत्यु की खबर लगते ही बलिराम के होश उड़ गया। वहीं पूरे परिवार को जब इसका पता लगा तो कोहराम मच गया। आज दोपहर जब आनंद का शव पैतृक गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। आस पास के गांव सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इनके घर पहुंचे और शहीद को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
श्रमजीवी पत्रकारों को समान सुविधाएं देने की मांग
- महोबा में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन का तीन दिवसीय सम्मेलन, पत्रकार सुरक्षा कानून और देशव्यापी पेंशन व्यवस्था की भी उठी मांग

लखनऊ/महोबा। यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन ने नई श्रम संहिता के तहत परिभाषित सभी श्रमजीवी पत्रकारों को मान्यता प्राप्त पत्रकारों की तरह सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। महोबा में आयोजित यूनियन के तीन दिवसीय प्रादेशिक प्रतिनिधि सम्मेलन में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सम्मेलन में प्रदेश के अधिकांश जिलों से 300 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद और श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी ने यूनियन के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
- मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों में भेदभाव खत्म करने की मांग
सम्मेलन में पत्रकारों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर चिंता जताई गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में राज्य कर्मचारियों के समान चिकित्सा सुविधा का लाभ वर्तमान में केवल मान्यता प्राप्त पत्रकारों तक सीमित है। डेस्क कर्मियों की मान्यता का मुद्दा भी लंबे समय से लंबित बताया गया।
प्रतिनिधियों ने पत्रकार बंधु व्यवस्था को प्रभावी बनाने, कोविड काल में बंद की गई रेल यात्रा में पत्रकारों को मिलने वाली 50 प्रतिशत रियायत बहाल करने और मान्यता प्राप्त तथा गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों के बीच सुविधाओं को लेकर भेदभाव समाप्त करने की मांग की।
- पत्रकार सुरक्षा कानून और पेंशन का मुद्दा उठा
यूनियन के प्रादेशिक अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी की ओर से प्रस्तुत ज्ञापन में पत्रकारों के लिए देशव्यापी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। पीएफ के तहत मिलने वाली न्यूनतम पेंशन को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये करने का भी प्रस्ताव रखा गया।
पत्रकारों पर बढ़ते हमलों पर चिंता जताते हुए सुरक्षा कानून बनाने और पत्रकार की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उसके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग की गई। पीजीआई में राज्य मुख्यालय के पत्रकारों को मिल रही चिकित्सा सुविधा को सरल बनाने और इसका लाभ अन्य पत्रकारों तक भी पहुंचाने की मांग रखी गई।
- छोटे अखबारों और वेब मीडिया के लिए नीति की मांग
सम्मेलन में पत्रकारों को रियायती दरों पर भूखंड आवंटित करने, छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों को सरकारी विज्ञापनों में निश्चित हिस्सेदारी देने तथा वेब मीडिया के लिए स्पष्ट नीति बनाने की मांग भी उठी। प्रदेश स्तर पर प्रेस काउंसिल के गठन का सुझाव भी प्रतिनिधियों ने दिया। यूनियन ने पत्रकारों को आयुष्मान योजना में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए योजना में मौजूद कमियों को दूर कर इसका दायरा और व्यापक करने का सुझाव दिया।
- पत्रकारों की आचार संहिता पर भी होगी चर्चा
सम्मेलन में पत्रकारिता जगत की आंतरिक कमियों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को अपनी कार्यप्रणाली और पेशेवर जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों पर भी आत्ममंथन करना चाहिए। इसके लिए प्रतिनिधियों से लिखित सुझाव मांगे गए हैं। सुझाव प्राप्त होने के बाद पत्रकारों की आचार संहिता के संबंध में सरकार से बातचीत की जाएगी। सम्मेलन के दौरान आईएफडब्ल्यूजे के उपाध्यक्ष प्रेम कांत तिवारी, मुख्यालय सचिव के. विश्वदेव राव ने भी विचार रखे। यूनियन के महामंत्री देवराज सिंह ने एक वर्ष की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। स्वागत समिति के अध्यक्ष शिवशरण सिंह ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
महोबा जिला अध्यक्ष और आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने सभी प्रतिनिधियों एवं अतिथियों के प्रति आभार जताया। उन्हें चित्रकूट मंडल का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया। सम्मेलन के दौरान दो दिन बुंदेली सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। अंतिम दिन प्रतिनिधियों ने विश्व प्रसिद्ध खजुराहो धरोहर का भ्रमण किया।
कन्नौज में 45 लाख की एमडीएमए बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार*
पंकज कुमार श्रीवास्तव

कन्नौज में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली कन्नौज पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले चार सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 442 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है, बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से दो आईफोन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2,010 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई 14 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल यादव पुत्र सत्यपाल निवासी बेहटा बुजुर्ग थाना बिलग्राम, हरदोई, उम्र करीब 24 वर्ष, सोनू यादव पुत्र रनवीर यादव निवासी बेहटा बुजुर्ग थाना बिलग्राम, हरदोई, उम्र करीब 19 वर्ष, सौरभ यादव पुत्र कुशमेन्द्र सिंह निवासी बेहटा बुजुर्ग थाना बिलग्राम, हरदोई, उम्र करीब 24 वर्ष और गौरव पटेल पुत्र स्वर्गीय प्रमोद कुमार निवासी सैलापुर थाना माधौगंज, हरदोई, उम्र करीब 19 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी पार्टनर हैं और मिलकर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करते हैं। आरोपियों के अनुसार, वे यह मादक पदार्थ उन्नाव निवासी ललित नाम के व्यक्ति से लेकर आए थे और हरदोई में एक स्थान पर इसकी डिलीवरी देने जा रहे थे।

पुलिस ने बरामदगी के संबंध में कोतवाली कन्नौज में मुकदमा अपराध संख्या 543/2026, धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस टीम अब फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालते हुए इस नेटवर्क में शामिल अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि एएनटीएफ लखनऊ सहित कोतवाली कन्नौज पुलिस टीम ने कल चेकिंग के दौरान चार संदिग्ध लोगों को पकड़ा था एक इसमें विशाल है, दूसरा सोनू यादव है, तीसरा सौरभ है और चैथा गौरव है, यह चारों हरदोई जनपद के रहने वाले है, इनके कब्जे से 440 ग्राम एमडीएमए जो सिंथेटिक ड्रग्स है, वह बरामद हुआ है, इसकी कीमत करीब 45 लाख रूपए है और जब इनसे पूछताछ की गयी तो इन लोगों ने बताया कि यह ललित नामक व्यक्ति जो उन्नाव का रहने वाला है, वहां से लाए थे और यह हरदोई के किसी स्थान पर इनको डिलीवरी देना था, इसके सम्बन्ध में इनसे पूछताछ की जा रही है, इनके विरूद्ध सुसंगत धाराओं में एनडीपीएस एक मुकदमा पंजीकृत किया गया है, जेल भेजा जा रहा है।