मऊ -: आजमगढ़ मंडल की टीम फाइनल में, स्वर्ण पदक पर नजर
राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल की टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। रविवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में आजमगढ़ ने वाराणसी मंडल को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

मुकाबले में आजमगढ़ के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही मजबूत पकड़ बनाए रखी और नियमित अंतराल पर गोल दागे। अब सोमवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में आजमगढ़ मंडल की टीम स्वर्ण पदक के लिए मैदान में उतरेगी।

क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी सिराजुद्दीन ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि टीम मजबूत है और फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
तालाब में मिला 19 साल की युवती का शव,घर से थी लापता
*पीएम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की तस्वीर - पुलिस

गोंडा।जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सगरा तालाब में सोमवार अपरान्ह लगभग 2.30 बजे एक 19 वर्षीय युवती का शव मिला था।स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तालाब से शव को निकाल कर अपने  कब्जे में लेकर उसकी पहचान करने का प्रयास किया।पुलिस द्वारा शव मिलने के 24 घंटे के अंदर ही मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे शव की शिनाख्त करने में सफलता प्राप्त किया।मृतका की पहचान नगर कोतवाली क्षेत्र के विष्णुपुरी कालोनी निवासिनी रितिका दूबे (19) के रूप में हुई।बताया जा रहा है कि रितिका रविवार देर शाम से अपने घर से गायब थी।मृतका के घर में उसके माता पिता व एक छोटा भाई है।पुलिस का कहना है कि रितिका की मौत अचानक पैर फिसलने के कारण डूबने से नहीं हुई है,बल्कि उसने तालाब में कूदकर आत्महत्या किया है।नगर कोतवाली पुलिस घटना के संबंध में रितिका के घरवालों से पूछताछ कर रही है।हालांकि पुलिस के अनुसार परिजन उन्हें पूरी जानकारी देने से बच रहे हैं।मृतका की पहचान होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दिया है और आज मृतका का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पहचान होने के बाद ही किसी शव का पोस्टमार्टम कराया जाता है और यदि तीन दिन तक पहचान नहीं होती तो ऐसी दशा में पुलिस स्वत: पोस्टमार्टम करवाती है।उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।नगर कोतवाल ने बताया कि परिजनों से पूछताछ रही है कि किन हालात में यह घटना हुई।जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा,पुलिस मृतका के घर व घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है,ताकि यह पता चल सके कि रितिका कब तालाब के पास आई और कब उसकी मौत हुई।पुलिस मामले में कई बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर योगेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक जांच में किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ होने की वजह सामने नहीं आई है तथा परिवार के लोगों से ही पूछताछ की जा रही है।
अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (DLBC) की बैठक हुई आयोजित
सुलतानपुर,अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) राकेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (डीएलबीसी) की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, फसली केसीसी, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, डे-एनआरएलएम, पीएमएफएमई, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की बैंकवार प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागीय एवं बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को दिए गए।
       
बैठक में समीक्षा के दौरान बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र एवं पंजाब एंड सिंध बैंक के बैठक में प्रतिभाग न करने पर अपर जिलाधिकारी महोदय द्वारा असंतोष व्यक्त किया गया। उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों को बैठकों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता एवं सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।
       
बैठक में पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के 332, पंजाब नेशनल बैंक के 164, भारतीय स्टेट बैंक के 107 तथा उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के 54 आवेदन लंबित पाए गए। अपर जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक अधिकारियों को पात्र आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य बैंकों को भी पीएम स्वनिधि योजना में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने तथा लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश दिए गए।
      
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की विभिन्न स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को समय से आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
      
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग, परियोजना अधिकारी डूडा, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, जिला उद्यान अधिकारी, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, इंडियन बैंक के जिला समन्वयक, पंजाब नेशनल बैंक के जिला समन्वयक सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
लाल आनंद प्रकाश तिवारी छत्तीसगढ़ के रायपुर के संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने शहीद हो गया
लखनऊ । सुल्तानपुर का रहने वाला लाल आनंद प्रकाश तिवारी छत्तीसगढ़ के रायपुर के संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने शहीद हो गया। एसएसबी में सूबेदार के पद पर तैनात आनंद के परिजनों को जब इन बात की जानकारी लगी तो पूरा परिवार सन्न रह गया। वहीं छत्तीसगढ़ से आज जब पैतृक गांव आनंद का शव पहुंचा तो कोहराम मच गया। आस पास कई गांव सहित कई जनप्रतिनिधि अंतिम दर्शन के लिए गांव पहुंचे हुए हैं और नाम आंखों से आनंद को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

दरअसल कुड़वार थानाक्षेत्र के नेवरा गांव के रहने वाले बलिराम तिवारी के तीन बेटे थे। सबसे छोटा बेटा आनंद प्रकाश तिवारी एसएसबी में सूबेदार था, और वर्तमान में इसकी तैनाती छत्तीसगढ़ के रायपुर में थी। इतनी पत्नी और इकलौता बेटा चंडीगढ़ में रहते थे। सोमवार की सुबह बलिराम के बाद रायपुर से फोन आया कि आनंद को गोली लग गई है और उनकी मृत्यु हो गई है। मृत्यु की खबर लगते ही बलिराम के होश उड़ गया। वहीं पूरे परिवार को जब इसका पता लगा तो कोहराम मच गया। आज दोपहर जब आनंद का शव पैतृक गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। आस पास के गांव सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इनके घर पहुंचे और शहीद को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
श्रमजीवी पत्रकारों को समान सुविधाएं देने की मांग
- महोबा में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन का तीन दिवसीय सम्मेलन, पत्रकार सुरक्षा कानून और देशव्यापी पेंशन व्यवस्था की भी उठी मांग

लखनऊ/महोबा। यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन ने नई श्रम संहिता के तहत परिभाषित सभी श्रमजीवी पत्रकारों को मान्यता प्राप्त पत्रकारों की तरह सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। महोबा में आयोजित यूनियन के तीन दिवसीय प्रादेशिक प्रतिनिधि सम्मेलन में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सम्मेलन में प्रदेश के अधिकांश जिलों से 300 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद और श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी ने यूनियन के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
- मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों में भेदभाव खत्म करने की मांग
सम्मेलन में पत्रकारों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर चिंता जताई गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में राज्य कर्मचारियों के समान चिकित्सा सुविधा का लाभ वर्तमान में केवल मान्यता प्राप्त पत्रकारों तक सीमित है। डेस्क कर्मियों की मान्यता का मुद्दा भी लंबे समय से लंबित बताया गया।
प्रतिनिधियों ने पत्रकार बंधु व्यवस्था को प्रभावी बनाने, कोविड काल में बंद की गई रेल यात्रा में पत्रकारों को मिलने वाली 50 प्रतिशत रियायत बहाल करने और मान्यता प्राप्त तथा गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों के बीच सुविधाओं को लेकर भेदभाव समाप्त करने की मांग की।
- पत्रकार सुरक्षा कानून और पेंशन का मुद्दा उठा
यूनियन के प्रादेशिक अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी की ओर से प्रस्तुत ज्ञापन में पत्रकारों के लिए देशव्यापी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। पीएफ के तहत मिलने वाली न्यूनतम पेंशन को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये करने का भी प्रस्ताव रखा गया।
पत्रकारों पर बढ़ते हमलों पर चिंता जताते हुए सुरक्षा कानून बनाने और पत्रकार की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उसके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग की गई। पीजीआई में राज्य मुख्यालय के पत्रकारों को मिल रही चिकित्सा सुविधा को सरल बनाने और इसका लाभ अन्य पत्रकारों तक भी पहुंचाने की मांग रखी गई।
- छोटे अखबारों और वेब मीडिया के लिए नीति की मांग
सम्मेलन में पत्रकारों को रियायती दरों पर भूखंड आवंटित करने, छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों को सरकारी विज्ञापनों में निश्चित हिस्सेदारी देने तथा वेब मीडिया के लिए स्पष्ट नीति बनाने की मांग भी उठी। प्रदेश स्तर पर प्रेस काउंसिल के गठन का सुझाव भी प्रतिनिधियों ने दिया। यूनियन ने पत्रकारों को आयुष्मान योजना में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए योजना में मौजूद कमियों को दूर कर इसका दायरा और व्यापक करने का सुझाव दिया।
- पत्रकारों की आचार संहिता पर भी होगी चर्चा
सम्मेलन में पत्रकारिता जगत की आंतरिक कमियों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को अपनी कार्यप्रणाली और पेशेवर जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों पर भी आत्ममंथन करना चाहिए। इसके लिए प्रतिनिधियों से लिखित सुझाव मांगे गए हैं। सुझाव प्राप्त होने के बाद पत्रकारों की आचार संहिता के संबंध में सरकार से बातचीत की जाएगी। सम्मेलन के दौरान आईएफडब्ल्यूजे के उपाध्यक्ष प्रेम कांत तिवारी, मुख्यालय सचिव के. विश्वदेव राव ने भी विचार रखे। यूनियन के महामंत्री देवराज सिंह ने एक वर्ष की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। स्वागत समिति के अध्यक्ष शिवशरण सिंह ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
महोबा जिला अध्यक्ष और आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने सभी प्रतिनिधियों एवं अतिथियों के प्रति आभार जताया। उन्हें चित्रकूट मंडल का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया। सम्मेलन के दौरान दो दिन बुंदेली सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। अंतिम दिन प्रतिनिधियों ने विश्व प्रसिद्ध खजुराहो धरोहर का भ्रमण किया।
कन्नौज में 45 लाख की एमडीएमए बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार*
पंकज कुमार श्रीवास्तव

कन्नौज में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली कन्नौज पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले चार सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 442 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है, बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से दो आईफोन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2,010 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई 14 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल यादव पुत्र सत्यपाल निवासी बेहटा बुजुर्ग थाना बिलग्राम, हरदोई, उम्र करीब 24 वर्ष, सोनू यादव पुत्र रनवीर यादव निवासी बेहटा बुजुर्ग थाना बिलग्राम, हरदोई, उम्र करीब 19 वर्ष, सौरभ यादव पुत्र कुशमेन्द्र सिंह निवासी बेहटा बुजुर्ग थाना बिलग्राम, हरदोई, उम्र करीब 24 वर्ष और गौरव पटेल पुत्र स्वर्गीय प्रमोद कुमार निवासी सैलापुर थाना माधौगंज, हरदोई, उम्र करीब 19 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी पार्टनर हैं और मिलकर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करते हैं। आरोपियों के अनुसार, वे यह मादक पदार्थ उन्नाव निवासी ललित नाम के व्यक्ति से लेकर आए थे और हरदोई में एक स्थान पर इसकी डिलीवरी देने जा रहे थे।

पुलिस ने बरामदगी के संबंध में कोतवाली कन्नौज में मुकदमा अपराध संख्या 543/2026, धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस टीम अब फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालते हुए इस नेटवर्क में शामिल अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि एएनटीएफ लखनऊ सहित कोतवाली कन्नौज पुलिस टीम ने कल चेकिंग के दौरान चार संदिग्ध लोगों को पकड़ा था एक इसमें विशाल है, दूसरा सोनू यादव है, तीसरा सौरभ है और चैथा गौरव है, यह चारों हरदोई जनपद के रहने वाले है, इनके कब्जे से 440 ग्राम एमडीएमए जो सिंथेटिक ड्रग्स है, वह बरामद हुआ है, इसकी कीमत करीब 45 लाख रूपए है और जब इनसे पूछताछ की गयी तो इन लोगों ने बताया कि यह ललित नामक व्यक्ति जो उन्नाव का रहने वाला है, वहां से लाए थे और यह हरदोई के किसी स्थान पर इनको डिलीवरी देना था, इसके सम्बन्ध में इनसे पूछताछ की जा रही है, इनके विरूद्ध सुसंगत धाराओं में एनडीपीएस एक मुकदमा पंजीकृत किया गया है, जेल भेजा जा रहा है।
मऊ मिशन सेफ फ्यूचर-3.0 के तहत स्कूल वाहनों की होगी सघन जांच, चलाया जाएगा चेकिंग अभियान
बालिकाओं की सुरक्षा के लिए स्कूल बसों में महिला परिचारक की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

मऊ। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा तथा स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश में ‘मिशन सेफ फ्यूचर-3.0’ अभियान चलाया जाएगा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर जनपद मऊ में 14 से 19 सितंबर 2026 तक छह दिवसीय विशेष अभियान के तहत स्कूल वाहनों की सघन जांच की जाएगी।

एआरटीओ मऊ सुहैल अहमद ने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालयों के स्वामित्व अथवा अनुबंध पर संचालित स्कूल वाहनों की जांच करते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

विशेष रूप से बालिकाओं की सुरक्षित यात्रा पर ध्यान दिया जाएगा। जिन स्कूल वाहनों में छात्राएं यात्रा करती हैं, उनमें महिला परिचारक (अटेंडेंट) की मौजूदगी सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा।

जांच के दौरान इस व्यवस्था की विशेष रूप से जांच की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जनपद मऊ में कुल 1181 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें से 30 वाहनों का फिटनेस फेल पाया गया है और उनका पंजीयन निलंबित किया जा चुका है। अभियान के दौरान निलंबित वाहनों के साथ-साथ एनओसी वाले वाहनों के संचालन की भी जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एआरटीओ ने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अभियान के दौरान स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था, फिटनेस एवं अन्य निर्धारित मानकों की जांच की जाएगी।

उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मऊ में कांग्रेस ने उठाई जातिगत जनगणना की मांग, CHC-PHC में सर्पदंश की दवा उपलब्ध कराने को लेकर डीएम को ज्ञापन

जिला कांग्रेस कमेटी मऊ की ओर से सोमवार को जनहित से जुड़े दो अलग-अलग मुद्दों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं घोसी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी राजमंगल यादव ने जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) पर सर्पदंश की दवा उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में बड़रांव ब्लॉक के उसरी खुर्द गांव निवासी नंदनी पुत्री राजू की 8 सितंबर को सर्पदंश से हुई मौत का उल्लेख करते हुए मामले की जांच की मांग की गई। कांग्रेस ने कहा कि समय पर सर्पदंश की दवा उपलब्ध होती तो बच्ची की जान बचाई जा सकती थी। पार्टी ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जहरीले जीव-जंतुओं के काटने की आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

वहीं, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रामकेश सिंह पटेल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर जनगणना-2027 के फॉर्म में ओबीसी वर्ग का अलग कॉलम जोड़ने और केंद्र व राज्य की सूची में शामिल जातियों की ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि ओबीसी की सही आबादी का आंकड़ा सामने आने से शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और संसाधनों में हिस्सेदारी से जुड़ी नीतियां बेहतर तरीके से बनाई जा सकेंगी।

कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति से दोनों मामलों में उचित कार्रवाई की मांग की।
मऊ में युवक की गोली मारकर हत्या, सरसेना के पास बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली
मऊ। चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सरसेना में सोमवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गंभीर हालत में पुलिस घायल युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे सरसेना पेट्रोल पंप के पास अवनीश पुत्र सुरेश (लगभग 25 वर्ष), निवासी लखनुआ डीह काझा, थाना रानीपुर, अपने दोस्त गोल्डी के साथ बाइक से सरसेना की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुनसान रास्ते पर बदमाशों ने अवनीश को गोली मार दी।

गोली लगने से अवनीश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पेड़ के नीचे खड़े चार युवकों पर गिरी आकाशीय बिजली, दो की मौत
कसेसर-कसौंडर नहर मार्ग पर हादसा, दो युवक झुलसे; निजी अस्पताल में चल रहा इलाज संजीव सिंह बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक झुलसकर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को कसेसर में साप्ताहिक बाजार लगा था। इसी दौरान कसेसर-कसौंडर नहर मार्ग के पास अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कुछ लोग एक दुकान के पास स्थित पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच तेज आवाज के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में वहां खड़े चार युवक आ गए।
हादसे में कसौंडर निवासी रंजीत कुमार (32) और सिकंदरापुर निवासी अनुराग कुमार उर्फ गोलू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छोटू कुमार (30) समेत एक अन्य युवक झुलसकर घायल हो गया। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय रिपोर्ट में भी इस घटना में दो युवकों की मौत और एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि की गई है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की जानकारी मृतकों और घायलों के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। दोनों युवकों की मौत की खबर सुनकर परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर भीमपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।