कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा: जनगणना फॉर्म में ओबीसी कॉलम जोड़ने और जातियों की ड्राफ्ट सूची मांगी
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने धरना प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस प्रदर्शन की अगुवाई जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी और पिछड़ा वर्ग जिला अध्यक्ष राकेश पाल ने की।ज्ञापन के माध्यम से जनगणना 2027 के फॉर्म में ओबीसी वर्ग का कॉलम जोड़ने की मांग की गई। साथ ही, पहले से मौजूद जातियों की ड्राफ्ट सूची प्रगणक के जरिए नागरिकों को उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि राहुल गांधी के दबाव में बीजेपी सरकार ने लोकसभा 2024 चुनाव के समय 2027 में ओबीसी वर्ग की जनगणना कराने का वादा किया था। हालांकि, अगस्त 2026 की जनगणना नोटिफिकेशन में ओबीसी का कॉलम नहीं जोड़ा गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने पहले से मौजूद जातियों की ड्राफ्ट सूची देने के बजाय जनगणना में जाति की जानकारी दर्ज करने के लिए 'ओपन इंडियन प्रश्न' का तरीका चुना है। वसीम अंसारी के अनुसार, इस तरीके से जाति की गिनती करने का मतलब है कि जातियों को सैकड़ों-हजारों हिस्सों में बांट देना। इसका सीधा नुकसान पिछड़े और अन्य वंचित वर्गों को होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार और तेलंगाना राज्यों में बेहतर जनगणना मॉडल होने के बावजूद, आरएसएस और बीजेपी ने जनगणना 2027 में ओबीसी वर्ग का कॉलम नहीं जोड़ा और ड्राफ्ट सूची भी नहीं दी। इससे साफ हो गया है कि सरकार ओबीसी वर्ग के सही आंकड़े नहीं देना चाहती है। इसका मकसद ओबीसी को आबादी के अनुपात में आरक्षण, संस्थानों में नौकरी और संसाधनों में हिस्सेदारी देने वाली जरूरी नीतियों से वंचित रखना है।
इस अवसर पर राजेश्वर दूबे, त्रिलोकी नाथ बिंद, सुरेश गौतम, रमाशंकर बिंद,करन मौर्य , विमलेश पाल, राजेश पाल, धीरज पाल, धीरज बिंद,गोविंद पाल, आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
Sep 14 2026, 15:24
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k