34 पीएचसी पर स्वास्थ्य मेले में 1651 मरीजों को मिला उपचार,
स्वास्थ्य केंद्रों के साथ बाढ़ चौकियों का भी किया निरीक्षण; सीएमओ ने खिमसेपुर व धीरपुर पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं
फर्रुखाबाद। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आनंद कुमार ने कहा कि लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही बेहतर चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिले की 34 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेले आयोजित किए गए, जिसमें कुल 1651 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया। स्वास्थ्य मेलों में पहुंचे लोगों को आवश्यक जांच, चिकित्सकीय सलाह एवं दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
स्वास्थ्य मेले में रोगवार परीक्षण के दौरान 358 मरीज बुखार, 206 मरीज गैस्ट्रो, 194 मरीज डायबिटीज, 62 मरीज हाइपरटेंशन, 411 मरीज त्वचा संबंधी रोगों तथा 658 मरीज अन्य बीमारियों से संबंधित पाए गए। मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श, जांच एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में स्वास्थ्य मेलों की व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सकीय सेवाओं, जांच एवं दवा वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कटारिया एवं एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. रणधीर सिंह द्वारा पीएचसी सबलपुर का निरीक्षण किया गया। वहीं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरवर इकबाल द्वारा पीएचसी कुइनयाँखेरा एवं पीएचसी फैजबाग (शमसाबाद) का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही उन्होंने बाढ़ चौकी मंडी समिति, शमसाबाद की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परीक्षित सफीर द्वारा पीएचसी नियमातपुर ठाकुरान (कमलगंज) एवं पीएचसी जहाँगंज का निरीक्षण किया गया। उन्होंने जहाँगंज बाढ़ चौकी का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वहीं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुनय कुटार द्वारा भी डॉ. परीक्षित सफीर के साथ जहाँगंज का निरीक्षण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने स्वयं पीएचसी खिमसेपुर एवं धीरपुर (मोहम्मदाबाद) का निरीक्षण कर वहां स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति परखी। उन्होंने मरीजों को दी जा रही सेवाओं, चिकित्सकीय परामर्श, जांच एवं दवा वितरण सहित व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि स्वास्थ्य मेलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय से चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों की सक्रिय भागीदारी और अधिकारियों की नियमित निगरानी से 34 पीएचसी पर आयोजित स्वास्थ्य मेलों में 1651 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। वहीं रोगवार आंकड़ों में बुखार, गैस्ट्रो, डायबिटीज, हाइपरटेंशन, त्वचा रोग एवं अन्य बीमारियों से संबंधित मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थित स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों द्वारा आवश्यक तैयारियों को भी परखा गया।
Sep 14 2026, 13:22
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1