ठेकेदार की लापरवाही के कारण श्रमिक की मौत,मचा कोहराम

कार्रवाई एवं मुआवजा दिलाए जाने के लिए थाना ख़ुलदाबाद मे ठेकेदार के खिलाफ  F.I.R दर्ज

प्रयागराज|अजय कुमार विश्वकर्मा पुत्र राम दयाल विश्वकर्मा, निवासी भोपतपुर तारापुर करेहदा उपरहार, थाना एयरपोर्ट, जनपद प्रयागराज का निवासी है।
दिनांक 09.06.2026 को अजय का छोटा भाई विनय कुमार विश्वकर्मा पुत्र राम दयाल विश्वकर्मा, उम्र लगभग 35 वर्ष, जो शटरिंग मिस्त्री का कार्य करता था, प्रतिदिन की भांति अपने कार्य पर गया था। वह ठेकेदार असगर खान के साथ चकिया स्थित निर्माणाधीन साइट पर कार्य कर रहा था, जो थाना खुल्दाबाद क्षेत्र के अंतर्गत आती है।
दिनांक 09.06.2026 को लगभग शाम 4 बजे मृतक के साथ कार्य कर रहे अन्य श्रमिकों द्वारा परिवार को सूचना दी गई कि कार्यस्थल पर दुर्घटना हो गई है तथा विनय कुमार विश्वकर्मा को उपचार हेतु कॉल्विन अस्पताल ले जाया गया है। सूचना प्राप्त होते ही अजय एवं अन्य परिजन तत्काल अस्पताल पहुंचे,जहां ज्ञात हुआ कि विनय कुमार विश्वकर्मा की मृत्यु हो चुकी है।
अजय  का आरोप है कि उक्त दुर्घटना कार्यस्थल पर ठेकेदार एवं संबंधित व्यक्तियों की घोर लापरवाही के कारण हुई है। निर्माण स्थल पर बिजली के तारों एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर लापरवाही बरती गई थी, जिसके कारण यह दुखद घटना घटित हुई। यदि आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए होते तो अजय के भाई की जान बच सकती थी।
मृतक विनय कुमार विश्वकर्मा
अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे उसकी पत्नी एवं लगभग 2 वर्ष की एक पुत्री हैं, एवं माता पिता भी साथ रहते है, जिनका भरण-पोषण अब अत्यंत कठिन हो गया है। परिवार आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर है।परिवार ने प्रशासन से पत्र के ज़रिये  निवेदन किया है कि उक्त घटना की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराकर दोषी ठेकेदार एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को शासन एवं श्रम कानूनों के अंतर्गत देय उचित मुआवजा एवं अन्य आर्थिक सहायता दिलाने की कृपा की जाए।
पुरानी नियमावली से विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर तीसरे दिन भी जारी रहेगा आंदोलन

मुख्यमंत्री को भेजे जाएंगे सोमवार को रक्त-पत्र


प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त लगभग 23,775 पदों पर पुरानी नियमावली के आधार पर विज्ञापन जारी कराने की मांग को लेकर पत्थर गिरजाघर, सिविल लाइंस, प्रयागराज स्थित धरना स्थल पर युवा मंच के बैनर तले आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा।

युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने घोषणा करते हुए कहा कि यदि सरकार ने लाखों बेरोजगार युवाओं की भावनाओं को गंभीरता से नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी सोमवार को प्रदेश भर के अभ्यर्थियों की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को  रक्त-पत्र भेजे जाएंगे, जिनके माध्यम से पुरानी नियमावली के आधार पर तत्काल विज्ञापन जारी करने की मांग की जाएगी।

श्री सिंह ने कहा कि नई नियमावली के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया में अचानक किया गया बदलाव लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। वर्षों से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बिना किसी पूर्व सूचना के नई व्यवस्था में धकेलना पूरी तरह छात्र एवं युवा विरोधी कदम है। इससे लाखों अभ्यर्थियों के रोजगार के अवसर समाप्त हो जाएंगे और उनके सपने टूट जाएंगे।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने समय रहते युवाओं की आवाज नहीं सुनी तो प्रदेश भर में व्यापक जनआंदोलन खड़ा होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। युवा मंच किसी भी कीमत पर युवाओं के अधिकारों का हनन नहीं होने देगा तथा पुरानी नियमावली से विज्ञापन जारी होने तक संघर्ष जारी रहेगा रविवार को भी आन्दोलन जारी रखने व ज्यादा से ज्यादा संख्या में युवाओं को आन्दोलन का हिस्सा बनने की अपील की है।

इस अवसर पर युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, एल०के० चौधरी, पी०एन० वर्मा, अखिलेश वर्मा, बृजेश सिंह, रिंकी चौहान, रीता जायसवाल, आरती सिंह, अनीता यादव, सुमन यादव, अर्चना कुशवाहा, नेहा सिंह, ममता पटेल, प्रियंका मिश्रा, पीयूषिका यादव, दिलीप कुमार श्रीवास्तव, अश्विनी कुमार, सूरज कुमार सोनी, ईश्वर कुमार, धर्मेंद्र त्रिपाठी, दिलीप वर्मा, दिनेश कुमार यादव, बृजेश पांडेय, गंगा प्रसाद सिंह सहित अनेक अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के 23123 रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली से भर्ती की मांग, आंदोलन रहेगा जारी -युवा मंच

प्रयागराज । अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के 23123 रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली से भर्ती की मांग को लेकर युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में पत्थर गिरजाघर सिविल लाइंस धरना स्थल पर आन्दोलन शुरू कर दिया है श्री सिंह का कहना है अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (TGT) एवं प्रवक्ता (PGT) के लगभग 23123 रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ कराने की मांग को लेकर संघर्ष तेज कर दिया गया है।

युवा मंच द्वारा माननीय मुख्यमंत्री, माध्यमिक शिक्षा मंत्री एवं प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा  प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित कर मांग की गई है कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में नई नियमावली लागू न की जाए तथा रिक्त पदों पर पूर्व प्रचलित नियमावली के अनुसार शीघ्र विज्ञापन जारी किया जाए। युवा मंच की संगीत पाल का कहना है कि अचानक नियमावली में बदलाव से लाखों युवाओं के रोजगार पर संकट उत्पन्न होगा तथा प्राविधिक कला, हिन्दी, अंग्रेजी सहित विभिन्न विषयों के नान-बीएड अभ्यर्थियों के साथ अन्याय होगा।
उन्होंने  यह भी मांग की है कि प्रदेश के विद्यालयों में बढ़ती तकनीकी एवं डिजिटल शिक्षा की आवश्यकता को देखते हुए कम्प्यूटर शिक्षकों के रिक्त पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ की जाए।
प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि यदि अभ्यर्थियों के हितों की अनदेखी करते हुए नई व्यवस्था लागू करने का प्रयास किया गया तो युवा मंच लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से व्यापक आंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर अखिलेश वर्मा, बृजेश सिंह, शहजेव आलम, सुशोभित चौरसिया, सरजू कुमार सोनी, राजेंद्र वर्मा, कपिल देव वर्मा, अनिल कुमार सिंह, बृजेश पाण्डेय, गंगा प्रसाद सिंह, आरती सिंह, अनीता यादव, रिंकी चौहान, सुमन यादव, अर्चना कुशवाहा, नेहा सिंह, ममता पटेल, प्रियंका पांडे, जितेंद्र चतुर्वेदी, वीरेंद्र यादव, विपिन पाल, संदीप पाल सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
12 वर्षों में शिक्षा, नवाचार, डिजिटल एवं कौशल विकास में अभूतपूर्व उपलब्धि - प्रोफेसर सत्यकाम
प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुविवि में व्याख्यानमाला


प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के सरस्वती परिसर स्थित तिलक शास्त्रार्थ सभागार में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  के जनसेवा, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  के के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार  व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया।विश्वविद्यालय में दिनांक 11 जून से 21 जून, 2026 तक विभिन्न शैक्षिक, बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन एक विशेष पर्व के रूप में किया जा रहा है।

इस श्रृंखला में कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने "राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 : शिक्षा जगत का एक क्रांतिकारी उद्घोष" विषय पर   प्रथम व्याख्यान देते हुए कहा कि विगत 12 वर्षों में भारत ने शिक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार, डिजिटल सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भारत की शिक्षा व्यवस्था को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने का एक दूरदर्शी दस्तावेज है, जो विद्यार्थियों में ज्ञान, कौशल, नवाचार, अनुसंधान एवं नैतिक मूल्यों का समन्वित विकास सुनिश्चित करती है। कुलपति ने डिजिटल इंडिया अभियान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता,  मशीन लर्निंग, डिजिटल शिक्षण, ई-कंटेंट निर्माण, ऑनलाइन शिक्षा तथा तकनीक आधारित अधिगम के बढ़ते महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज भारत ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से अग्रसर है तथा शिक्षा संस्थानों की भूमिका इस परिवर्तन में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा के प्रसार तथा सकल नामांकन अनुपात में वृद्धि के लिए मुक्त विश्वविद्यालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रभावी है। उन्होंने कहा कि "विकसित भारत-2047" के संकल्प को साकार करने में शिक्षा जगत की केंद्रीय भूमिका है। प्रत्येक शिक्षक, विद्यार्थी, कर्मचारी एवं नागरिक राष्ट्र निर्माण की इस महान यात्रा का सहभागी है। उन्होंने "मैं नहीं, हम" की भावना को विकसित भारत के निर्माण का मूल आधार बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास, सहयोग, सहभागिता एवं सकारात्मक सोच से ही एक सशक्त राष्ट्र, सुदृढ़ समाज एवं उत्कृष्ट संस्थाओं का निर्माण संभव है। कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने उपस्थित जनसमुदाय का आह्वान किया कि वे शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक सशक्त बनाएं तथा "दिव्य भारत, भव्य भारत" एवं "विकसित भारत-2047" के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान दें।
नोडल अधिकारी प्रोफेसर संजय सिंह ने प्रारंभ में कुलपति, कुलसचिव एवं वित्त अधिकारी का स्वागत करते हुए विगत 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के विराट कृत्यों को रेखांकित करते हुए दिव्य भारत भव्य भारत की रूपरेखा  प्रस्तुत की। संचालन डॉ सुनील कुमार एवं धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने किया। जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र निर्माण, शिक्षा के उन्नयन तथा सामाजिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए आगामी 21 जून, 2026 तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। सम्पूर्ण वातावरण राष्ट्रभक्ति, प्रेरणा, सकारात्मक ऊर्जा एवं विकासोन्मुख चिंतन से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समस्त विद्याशाखाओं के निदेशकगण, अधिकारीगण, शिक्षकगण, कर्मचारीगण, शोधार्थी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय जुलाई से शुरू करेगा एआई एवं मशीन लर्निंग कौशल पाठ्यक्रम

मुक्त विश्वविद्यालय, आईबीएम एवं रूट टू रूट्स के मध्य त्रिपक्षीय सहयोग पर विस्तृत चर्चा


प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज में मंगलवार को कृत्रिम मेधा, मशीन लर्निंग कौशल विकास तथा उद्योग-आधारित तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय, ट्रांसन्यूरो आईबीएम तथा रूट टू रूट्स के प्रतिनिधियों के मध्य प्रस्तावित त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एम ओ यू) के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में शिक्षा, कौशल विकास,उद्योग- अकादमिक सहयोग, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, डिजिटल प्रौद्योगिकी तथा नवाचार आधारित पाठ्यक्रमों के विकास से संबंधित विषयों पर गहन चर्चा हुई। तीनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को वर्तमान एवं भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित करने तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों के लिए तैयार करने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि वर्तमान समय में कृत्रिम मेधा एवं मशीन लर्निंग विश्व स्तर पर शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, कृषि, वित्त,प्रशासन तथा अनुसंधान के क्षेत्रों में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को इन उभरती हुई तकनीकों से जोड़ना समय की आवश्यकता है । उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं भविष्य उन्मुख कौशलों से सशक्त बनाना भी है ।
प्रोफेसर सत्यकाम ने बताया कि प्रस्तावित समझौते के अंतर्गत कृत्रिम मेधा (ए आई), मशीन लर्निंग (एम एल), डेटा एनालिटिक्स, डिजिटल स्किल्स तथा उद्योगोन्मुख तकनीकी दक्षताओं से संबंधित अल्पकालिक एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा जिससे उनकी रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी ।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के सक्षम निकायों से अनुमोदन प्राप्त होने के उपरांत आगामी शैक्षिक सत्र जुलाई 2026 से इन कौशल आधारित पाठ्यक्रमों का संचालन प्रारंभ करने की योजना है । इन पाठ्यक्रमों में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण, स्नातक स्तर के विद्यार्थी तथा तकनीकी कौशल प्राप्त करने के इच्छुक अन्य शिक्षार्थी भी प्रवेश ले सकेंगे । विश्वविद्यालय की दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को भी इन पाठ्यक्रमों का लाभ प्राप्त होगा ।
कुलपति ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय रोजगारपरक कौशल आधारित एवं उद्योग समर्थित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है । यह पहल प्रदेश के हजारों युवाओं को उभरती तकनीकों में दक्ष बनाकर उन्हें राष्ट्रीय एवं वैश्विक रोजगार बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी । बैठक में ट्रांसन्यूरो आईबीएम एवं रूट टू रूट्स के प्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकी ज्ञान उद्योग अनुभव तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने हेतु विश्वविद्यालय के साथ दीर्घकालिक सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की ।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि यह त्रिपक्षीय सहयोग उच्च शिक्षा कौशल विकास एवं उद्योग जगत के मध्य एक सशक्त सेतु स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे प्रदेश के युवाओं को भविष्य की तकनीकों में दक्षता प्राप्त करने के साथ-साथ बेहतर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। बैठक में विश्वविद्यालय के विभिन्न अधिकारियों, शिक्षकों एवं दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की तथा प्रस्तावित सहयोग के विभिन्न आयामों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए ।
विश्व पर्यावरण दिवस पर अथर्वन फाउंडेशन द्वारा पर्यावरण-अनुकूल शर्बत वितरण

प्रयागराज। विश्व पर्यावरण दिवस के क्रम में 6 जून को अथर्वन फाउंडेशन ने इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन (एएमए) के सहयोग से भीषण गर्मी एवं उमस से राहत प्रदान करने हेतु शर्बत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया।इस अवसर पर पूर्णतया स्वच्छता एवं स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए पर्यावरण-अनुकूल स्टील के गिलासों में शर्बत वितरण किया गया।यह पहल अथर्वन फाउंडेशन की सतत विकास की अवधारणा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित की गई। वर्तमान समय में अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठन गर्मी से राहत देने के लिए सड़कों पर शर्बत एवं शीतल पेय पदार्थ वितरित करते हैं, जो निस्संदेह एक अत्यंत सराहनीय एवं मानवीय सेवा है। किंतु प्रायः इस सेवा में एकल-उपयोग प्लास्टिक के गिलासों का प्रयोग किया जाता है, जो पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती उत्पन्न करते हैं।अथर्वन फाउंडेशन का यह प्रयास इस सेवा भाव को पर्यावरण से जोड़ने और स्टील के गिलासों को उपलब्ध कराने की अनूठी पहल प्रारम्भ की है, ताकि शर्बत सेवा जैसे पुण्य कार्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज सेवा का भी आदर्श उदाहरण बन सकें।इस अवसर पर संस्था का उत्साहवर्धन हेतु राजापुर और सिविल लाइंस पार्षद भोला तिवारी और बबलू रघुवंशी की गरिमामयी उपस्थिति सहित इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन की ओर से सचिव डॉ. आशुतोष गुप्ता उपस्थित रहे। अथर्वन फाउंडेशन की ओर से अध्यक्ष ब्रजेश मिश्रा, सचिव डॉ. कंचन मिश्रा, उपाध्यक्ष डॉ. रश्मि भार्गव, शैलेन्द्र सिंह सहित फाउंडेशन के अन्य सदस्य तथा एमएमए के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
चार लाशें, बंद मकान और रहस्यमयी संदेश! प्रयागराज हत्याकांड में 'बंटी-बबली' की एंट्री से उलझी जांच
प्रयागराज। शहर के साउथ मलाका इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले ने नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। बंद मकान के भीतर कारोबारी, उनकी पत्नी, बेटे और बेटी के खून से लथपथ शव मिलने के बाद अब घटनास्थल से मिला एक रहस्यमयी संदेश पुलिस जांच का केंद्र बन गया है। एक गत्ते पर लिखे शब्द— "बंटी बबली बहू ने मारा है"—ने पूरे मामले को और पेचीदा बना दिया है।

पुलिस को आशंका है कि यह संदेश असली सुराग भी हो सकता है और जांच को भटकाने की साजिश भी। यही वजह है कि फोरेंसिक विशेषज्ञ गत्ते पर लिखी लिखावट, फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

बंद मकान में मिला था मौत का मंजर

साउथ मलाका के व्यस्त इलाके में स्थित मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। जब पुलिस ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो पूरा दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला था। घर के अलग-अलग कमरों में 70 वर्षीय कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य, उनकी पत्नी अनीता, बेटी मीनाक्षी और बेटे अभिषेक के शव पड़े मिले। चारों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ था कि हत्यारों ने बेहद बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया।

पुराना पारिवारिक विवाद जांच के घेरे में

जांच के दौरान पुलिस का ध्यान परिवार के छोटे बेटे अश्विनी और उसकी पत्नी रितु की ओर भी गया है। जानकारी के अनुसार, अश्विनी ने वर्षों पहले प्रेम विवाह किया था और बाद में पारिवारिक रिश्तों में तनाव बढ़ गया। बताया जा रहा है कि संपत्ति को लेकर मतभेद के चलते उसे परिवार से अलग कर दिया गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अश्विनी और उसकी पत्नी पहले भी कथित धोखाधड़ी के मामलों में कानूनी कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी को इस हत्याकांड में आरोपी नहीं ठहराया है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

360 डिग्री कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात स्थल के आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरे जांच एजेंसियों के लिए अहम साबित हो सकते हैं। पुलिस और एसओजी की टीमें घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात के समय कौन लोग इलाके में आए या गए थे।

इसके अलावा पुलिस स्थानीय दुकानदारों, किरायेदारों, पड़ोसियों, दूध सप्लाई करने वालों और अखबार वितरकों से भी पूछताछ कर रही है। जांचकर्ता यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि वारदात से पहले किसी संदिग्ध गतिविधि को किसी ने देखा था या नहीं।

संपत्ति, रंजिश या लूट? कई एंगल पर जांच

करीब 200 वर्ग गज में बने इस मकान के भूतल पर कई दुकानें हैं, जिनसे हर महीने अच्छी-खासी किराये की आय होती थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हाल के दिनों में कुछ दुकानों की बिक्री और संपत्ति से जुड़े लेन-देन का इस हत्याकांड से कोई संबंध तो नहीं है।

फिलहाल पुलिस किसी एक निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही हत्याकांड की असली वजह सामने आ सकेगी।

चार हत्याओं और रहस्यमयी संदेश ने प्रयागराज को झकझोर दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर इस सामूहिक हत्याकांड के पीछे कौन है और "बंटी-बबली" वाला संदेश सच है या महज एक भटकाने वाली चाल।
प्रयागराज से TMC के पूर्व विधायक खोकन दास गिरफ्तार, जबरन वसूली समेत कई मामलों में थे वांछित

* हंडिया टोल प्लाजा से बंगाल पुलिस ने यूपी पुलिस की मदद से दबोचा, ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल ले जाया जाएगा

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश। पश्चिम बंगाल की वर्धमान दक्षिण विधानसभा सीट से टीएमसी के पूर्व विधायक खोकन दास को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया गया। पश्चिम बंगाल पुलिस ने प्रयागराज की हंडिया थाना पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की।

जानकारी के मुताबिक, पूर्व विधायक को हंडिया टोल प्लाजा क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। खोकन दास के खिलाफ पश्चिम बंगाल में जबरन वसूली समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस को उनकी लंबे समय से तलाश थी।
बंगाल पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से ऑपरेशन को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी पूर्व विधायक को ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल ले जाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, खोकन दास से जुड़े मामलों में आगे की पूछताछ और जांच पश्चिम बंगाल में की जाएगी।
अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कम्प्यूटर शिक्षकों की भर्ती शीघ्र किए जाने की मांग तेज

4जून 2026के बाद आन्दोलन की बनेगी रणनीति

प्रयागराज ।उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में वर्ष 1982 से लेकर आज तक एक बार भी कम्प्यूटर शिक्षकों की नियमित भर्ती नहीं की गई है, जबकि दूसरी ओर राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में समय-समय पर कम्प्यूटर शिक्षकों की भर्ती की जाती रही है। यह स्थिति अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं बेरोजगार अभ्यर्थियों के साथ गंभीर अन्याय को दर्शाती है।
ज्ञात हो कि राजकीय माध्यमिक विद्यालयों एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का पाठ्यक्रम (सिलेबस) समान है। दोनों प्रकार के विद्यालयों में विद्यार्थियों को समान विषय पढ़ाए जाते हैं, फिर भी कम्प्यूटर शिक्षा के क्षेत्र में अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। वर्तमान समय में कम्प्यूटर शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण हो चुकी है और डिजिटल युग में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कम्प्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
युवा मंच ने मांग की है कि प्रदेश सरकार एवं शिक्षा विभाग अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त कम्प्यूटर शिक्षक पदों का आंकलन कर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ करे, ताकि वर्षों से भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को अवसर मिल सके तथा विद्यार्थियों को भी बेहतर कम्प्यूटर शिक्षा प्राप्त हो सके।
युवा मंच का कहना है कि यदि राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कम्प्यूटर शिक्षकों की भर्ती संभव है तो अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों को इससे वंचित रखना उचित नहीं है। सरकार को समान शिक्षा व्यवस्था एवं समान अवसर की भावना के तहत शीघ्र निर्णय लेना चाहिए
4जून 2026 तक यदि कम्प्यूटर शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ नहीं हुआ तो आन्दोलन के लिए लाखों नौजवानों को बाध्य होना पड़ेगा जो सरकार व शिक्षा विभाग की नाकामियों को उजागर करने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा।
नकल माफिया पर प्रयागराज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 लाख की संपत्ति कुर्क

प्रयागराज। नकल माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रयागराज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नकल माफिया सोनू सिंह यादव और उसकी पत्नी शारदा यादव की करीब 60 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, सोरांव क्षेत्र स्थित यह संपत्ति अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थी। मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संपत्ति को अपने कब्जे में लिया।

यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई। अधिकारियों का कहना है कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।