उपायुक्त ने PM-ABHIM एवं 15वें वित्त योजनाओं की समीक्षा की, कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में 25 मई को PM-ABHIM एवं 15वें वित्त आयोग अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में चल रहे स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने स्वास्थ्य उपकेंद्रों की जमीनी स्थिति की जांच के लिए उपसमाहर्ताओं को विभिन्न प्रखंडों में प्रतिनियुक्त करते हुए नियमित निरीक्षण का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एएनएम/सीएचओ की उपस्थिति, ओपीडी संचालन, दवा उपलब्धता, संस्थागत प्रसव, बिजली-पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की जाएगी।

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि PM-ABHIM एवं 15वें वित्त योजना अंतर्गत लंबित सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। कई स्वास्थ्य भवनों का उद्घाटन 15 अगस्त 2026 तक सुनिश्चित करने तथा शेष अपूर्ण योजनाओं को 15 नवंबर 2026 तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

साथ ही अनुपयोगी उपकरणों को चालू कराने, वन विभाग से लंबित एनओसी प्राप्त करने तथा स्वास्थ्य केंद्रों के संचालन को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण स्तर तक सुदृढ़ करने तथा सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह मौजूद थी।

उपायुक्त ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति बालक छात्रावास का किया औचक निरीक्षण, विद्यार्थियों की समस्याएं सुन दिए त्वरित समाधान के निर्देश

उपायुक्त हेमन्त सती ने आज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जाति बालक छात्रावास एवं अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास, तकिया मजार के समीप, नवाबगंज, हजारीबाग का आज 25 मई को औचक निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा वहां रह रहे विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के क्रम में छात्रावास के विद्यार्थियों ने उपायुक्त के समक्ष छात्रावास में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने विद्यार्थियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की तथा सभी आवश्यक कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में पुस्तकालय निर्माण, शौचालय एवं सेप्टिक टैंक निर्माण, 100 लीटर क्षमता के आर०ओ० का अधिष्ठापन, साइकिल स्टैंड निर्माण, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट, बिजली वायरिंग एवं सीसीटीवी अधिष्ठापन कराया जाएगा।

वहीं अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास में 100 बेड वाले नए छात्रावास भवन का निर्माण, बोरिंग कार्य तथा सोलर सिस्टम की मरम्मति कराई जाएगी।

उपायुक्त ने छात्रावास में रह रहे सभी विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने तथा अपने भविष्य के प्रति गंभीर रहने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र पूरा किया जाएगा, ताकि उन्हें बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी श्रीमती मां देव प्रिया सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे

बकरीद पर्व को लेकर हजारीबाग जिले में शांति समिति की बैठक आयोजित

हजारीबाग। आगामी बकरीद पर्व 2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार 24 मई 2026 को हजारीबाग पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में संबंधित पुलिस उपाधीक्षक/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, अंचलाधिकारी एवं थाना क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान बकरीद पर्व को भाईचारे, आपसी सद्भाव और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।

बकरीद पर्व 2026 को लेकर हजारीबाग पुलिस ने किया मॉक ड्रिल, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

हजारीबाग। आगामी बकरीद पर्व 2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर हजारीबाग पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशानुसार बरही थाना क्षेत्र के रांची-पटना मार्ग स्थित बरही चौक पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बरही एवं पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी बरही थाना मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक जानकारी भी दी।

हजारीबाग पुलिस ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि बकरीद पर्व को भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं यूट्यूब पर किसी भी प्रकार के भ्रामक या अफवाह फैलाने वाले संदेशों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सोशल मीडिया पर कोई संदिग्ध या भ्रामक सूचना प्राप्त होती है, तो उसकी जानकारी तुरंत अपने नजदीकी थाना को दें। सूचना का सत्यापन करते हुए पुलिस द्वारा अविलंब कार्रवाई की जाएगी।

हजारीबाग में नो पार्किंग के खिलाफ चला जागरूकता अभियान, दो दिन बाद कटेगा चालान

हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के आदेशानुसार रविवार 24 मई 2026 को शहर में नो पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान माइक से लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।

यह अभियान इंद्रपुरी चौक से शुरू होकर मेन रोड, झंडा चौक, पानी टंकी, पैगोडा चौक, सुंदरी मार्केट, पंच मंदिर चौक, छोटी ग्वालटोली चौक, खाजा चौक, सांसद महोदय मोड़, कल्लू चौक और जिला मोड़ तक चलाया गया। इस दौरान टोटो और ऑटो चालकों को भी नो पार्किंग जोन में वाहन नहीं लगाने की सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस की ओर से प्रचारित किया गया कि अगले दो दिनों तक लोगों को जागरूक किया जाएगा, इसके बाद नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में किया गया। वहीं यातायात थाना प्रभारी सहित 3 पुलिस पदाधिकारी और 10 गृहरक्षकों की टीम गठित कर शहर के विभिन्न इलाकों में जागरूकता अभियान चलाया गया।

राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य हथियार के साथ गिरफ्तार, बड़ी वारदात की साजिश नाकाम

राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य हथियार के साथ गिरफ्तार, बड़ी वारदात की साजिश नाकाम

हजारीबाग जिला पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय सदस्य को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों की बड़ी वारदात की योजना विफल हो गई।

जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 की शाम करीब 4:00 बजे से 6:00 बजे के बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लोहसिंघना थाना क्षेत्र के रोतश ग्राम में राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बनाने के लिए जुटे हैं। सूचना के सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई के लिए बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अमित आनन्द (IPS) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

गठित SIT टीम ने लोहसिंघना थाना क्षेत्र के रोतश स्थित नगर निगम डंपिंग यार्ड के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 25 वर्षीय जियाउल रहमान उर्फ मोजम्मिल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी पेलावल के आजाद नगर (पगमील) का निवासी है तथा उसके पिता का नाम स्वर्गीय रिजवान आलम बताया गया है।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक पिस्टल (मैगजीन सहित), एक अतिरिक्त खाली मैगजीन, 02 जिंदा कारतूस, 05 खोखा तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बानादाग रेलवे साइडिंग में लेवी वसूली और दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग करने की योजना बना रहा था।

इस मामले में लोहसिंघना थाना कांड संख्या- 57/26 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 112(2)/61(2) BNS एवं 25(1-बी)ए/26/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पहले कटकमसांडी (पेलावल) थाना कांड संख्या- 242/25 (NDPS एक्ट) एवं सदर (बड़ा बाजार) थाना कांड संख्या- 368/24 के मामलों में जेल जा चुका है।

इस सफल अभियान में बड़कागांव SDPO अमित आनन्द (IPS), लोहसिंघना थाना प्रभारी पु०अ०नि० निशांत केरकेट्टा, पेलावल OP प्रभारी पु०अ०नि० वेद प्रकाश पाण्डेय, कोर्रा थाना प्रभारी पु०अ०नि० नेमधारी रजक, पु०अ०नि० सत्यम गुप्ता, तकनीकी शाखा की टीम एवं लोहसिंघना थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

जिला प्रशासन की पहल से दिव्यांगजनों को मिली नई गति, 24 दिव्यांग लाभुकों के बीच बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का वितरण

उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार शनिवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह द्वारा डीएमएफटी मद से उपलब्ध कराए बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का वितरण कुल 24 दिव्यांगजनों के बीच किया गया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती शिप्रा सिंह मौजूद थी। कार्यक्रम के दौरान लाभुकों के चेहरे पर खुशी एवं उत्साह साफ झलक रहा था। 

इस संबंध में उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है। बैटरी चालित ट्राईसाइकिल से दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियां आसान होंगी, उनकी शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक सहभागिता को नई दिशा मिलेगी तथा वे आत्मनिर्भर जीवन की ओर मजबूती से कदम बढ़ा सकेंगे।

उपायुक्त ने आगे कहा कि जिला प्रशासन केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन भविष्य में भी जनहित एवं समाज कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारता रहेगा।

इस अवसर पर उपविकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बैटरी चालित ट्राईसाइकिल दिव्यांगजनों के लिए केवल एक वाहन नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का माध्यम है। इससे विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी तथा वे नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

कार्यक्रम में ट्राईसाइकिल प्राप्त करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों एवं अन्य लाभुकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। एक दिव्यांग शिक्षक ने कहा कि बैटरी चालित ट्राईसाइकिल मिलने से अब वे समय पर विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर सकेंगे, जिससे उनके कार्य में काफी सहूलियत होगी।

लाभुकों ने कहा कि जिला प्रशासन की यह पहल उनके लिए बेहद उपयोगी साबित होगी और इससे उनके दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। जिला प्रशासन की इस संवेदनशील एवं जनहितकारी पहल की सभी ने सराहना की।

बिरहोर समुदाय के उत्थान हेतु जिला प्रशासन की विशेष पहल, बिरहोर टोला में लगा मेडिकल कैंप एवं आधार-पेंशन से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू

इचाक प्रखंड अंतर्गत तिलरा भुसवा स्थित बिरहोर टोला में जिला प्रशासन द्वारा बिरहोर समुदाय के लोगों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आधार कार्ड निर्माण, पेंशन योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेडिकल कैंप आयोजित किया गया।

शिविर के दौरान संबंधित विभागों की टीम द्वारा बिरहोर परिवारों के सदस्यों का आधार पंजीकरण एवं अद्यतन कार्य किया गया। साथ ही योग्य लाभुकों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई, ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर मिल सके।

मेडिकल कैंप में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बिरहोर समुदाय के लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया।

जिला प्रशासन द्वारा बिरहोर जनजाति के लोगों तक सरकारी योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं को उनके घरों तक पहुंचाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन बिरहोर समुदाय के समग्र विकास एवं मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है तथा आगे भी इस प्रकार के विशेष शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा।

ईद उल अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर विधि व्यवस्था एवं शांति समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित

ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पर्व 2026 के अवसर पर जिले में विधि व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर नगर भवन, हजारीबाग में उपायुक्त श्री हेमन्त सती की अध्यक्षता में शांति समिति एवं विधि व्यवस्था की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में पुलिस अधीक्षक,उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त,अपर समाहर्ता, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, दंडाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।

उपायुक्त ने जिले के सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक सुनिश्चित करें तथा स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर कार्य करें। दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों को संदिग्ध एवं अराजक तत्वों के विरुद्ध धारा 126 के तहत नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने पर्व-त्योहार के दौरान किसी भी आकस्मिक दुर्घटना से निबटने के लिए अस्पतालों एवं अग्निशमन वाहनों को 24x7 क्रियाशील रखने का निर्देश दिया, साथ ही गर्मी के मद्देनजर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बकरीद पर्व के दौरान होने वाली कुर्बानी को देखते हुए पशुओं के अवशेषों का व्यवस्थित तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने आमजनों से किसी भी सूचना अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की तथा जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने का निर्देश दिया। जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06546-265233, 8002529349 एवं पुलिस सहायता हेतु 112 जारी किया गया।

बैठक में त्योहारों के दौरान सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने हेतु आम सूचना जारी करने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने विशेष रूप से विष्णुगढ़, ईचाक, बरही, बड़कागांव एवं टाटीझरिया क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार ने कहा कि विधि व्यवस्था संधारण के लिए सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अलर्ट मोड में कार्य करें। उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया तथा आमलोगों से सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट से बचें तथा प्रशासन को सहयोग करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखें।

बैठक के अंत में जिलेवासियों से आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ ईद उल जुहा (बकरीद) पर्व मनाने की अपील की गई।

मौके पर शांति समिति के सदस्यों से सुझाव भी लिए गए।

हज़ारीबाग में पुलिस का बड़ा अभियान, एक रात में 77 अपराधी गिरफ्तार

हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर 20 मई 2026 की रात जिलेभर में विशेष समकालीन छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न मामलों में फरार चल रहे अपराधियों एवं वारंटियों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 77 अपराधियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। अभियान के लिए कुल 30 टीमों का गठन किया गया था, जिसमें लगभग 150 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल थे।

गठित टीमों ने जिलेभर में वांछित अपराधियों के लगभग 100 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया।

हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके इलाके में कोई आपराधिक तत्व गिरफ्तारी के डर से छिपा हुआ है या फरार चल रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाना को दें। सूचना मिलने पर पुलिस सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।