आर आई की खराब प्रगति पर एम ओ आई सी कायमगंज को कारण बताओ नोटिस, नौलखा के एम ओ आई सी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश

फर्रूखाबाद l
जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की मासिक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की ए0एन0सी0 जांच की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनपद की सभी गर्भवती महिलाओं की समयबद्ध ए0एन0सी0 जांच सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने जनपद में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एच0आर0पी0) के कम चिन्हीकरण पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि सभी एच0आर0पी0 महिलाओं की पहचान कर उन्हें समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी प्राप्त की कि कितनी एच0आर0पी0 महिलाओं को आयरन सुक्रोज दिया गया है तथा सभी एम0ओ0आई0सी0 को निर्देशित किया कि गंभीर एनीमिया से ग्रसित गर्भवती महिलाओं का समय से निदान कर उपचार सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सी0एम0 डैशबोर्ड पर डी रैंक प्राप्त होने तथा केवल 40 प्रतिशत भुगतान होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्था में त्वरित सुधार के निर्देश दिए।
हीटवेव की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने सभी पी0एच0सी0 एवं सी0एच0सी0 पर पंखे, कूलर, ए0सी0 एवं वाटर कूलर को क्रियाशील रखने, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ओ0आर0एस0 की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एम0ओ0आई0सी0 को निर्देशित किया कि तीन दिवस के भीतर सभी आशा कार्यकर्ताओं की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आई0डी0 बनवाना सुनिश्चित करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 18,639 बच्चों का चिन्हीकरण किया गया है। जिलाधिकारी ने 102 एम्बुलेंस सेवा की सी0एम0 डैशबोर्ड पर 55वीं रैंक आने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एम्बुलेंस सेवा का रिस्पॉन्स टाइम कम करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रस्तुत एच0आर0 निविदा एवं वाहन निविदा के समय विस्तार संबंधी प्रस्ताव को जिलाधिकारी द्वारा निरस्त कर दिया गया तथा निर्देश दिए गए कि नई निविदाएं पुनः आमंत्रित की जाएं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों के नवीनीकरण एवं वेतन वृद्धि संबंधी प्रस्ताव को स्थगित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कर्मचारियों के कार्य प्रदर्शन का मूल्यांकन कर उसी के आधार पर नवीनीकरण एवं वेतन वृद्धि की कार्यवाही की जाए। वहीं रीजेंट क्रय संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
आर0आई0 कार्यक्रम में खराब प्रगति पाए जाने पर एम0ओ0आई0सी0 कायमगंज को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा एम0ओ0आई0सी0 नौलखा का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यू-विन पोर्टल पर टीकाकरण संबंधी डाटा समय से अपलोड करने, सभी नवजात बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा 0 से 9 माह तक के बच्चों का डाटा अपलोड करने में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
लिंक एक्सप्रैस वे की भूमि क्रय करने में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने दो लेखपालों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया

फर्रूखाबाद l जनपद में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे हेतु भूमि क्रय/अर्जन कार्यों की प्रगति को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर द्वारा समीक्षा की गई। राजस्व कर्मियों द्वारा भूमि क्रय प्रक्रिया में लापरवाही बरतने पर जिला अधिकारी ने नीम करोरी और मदनपुर के लेखपालों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है l इस समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व,अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर उपस्थिति रहे।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न ग्रामों में भूमि खरीद एवं अभिलेखीय कार्यों की प्रगति का बिंदुवार परीक्षण किया गया। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ राजस्व कर्मियों द्वारा कार्यों में अपेक्षित गति एवं गंभीरता नहीं बरती जा रही है, जिससे भूमि क्रय प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्राथमिकता वाली परियोजना है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान कार्य के प्रति लापरवाही एवं शिथिलता बरतने  पर जिलाधिकारी द्वारा लेखपाल नीवकरौरी प्रवीन दुबे तथा लेखपाल मदनपुर महेश्वर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भूमि क्रय से जुड़े सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना से जुड़े समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों से समन्वय बनाते हुए भूमि संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
प्रथम चरण से पहले संचालित स्व गणना अभियान में मीडिया कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सूचीवद्ध कराया

फर्रुखाबाद l जनगणना-2027 के प्रथम चरण से पूर्व संचालित स्व-गणना अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त मीडिया कर्मियों हेतु एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर के निर्देश पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला सूचना अधिकारी के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समस्त मीडिया प्रतिनिधियों को जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। अवगत कराया गया कि भारत सरकार द्वारा जनगणना-2027 के प्रथम चरण से पूर्व स्व-गणना अभियान 07 से 21 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
इस मौके पर उपस्थित मीडिया कर्मियों को स्व-गणना पोर्टल
https://se.census.gov.in/⁠�
पर ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए स्व-गणना कराई गई। अधिकारियों द्वारा पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यक दस्तावेजों तथा स्व-गणना की चरणबद्ध प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की गई।
जिला सूचना एवं सम्पर्क अधिकारी द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि वे जनसामान्य को स्व-गणना के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने में सहयोग प्रदान करें, ताकि जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थित मीडिया कर्मियों ने स्व-गणना अभियान की सराहना करते हुए इसे जनसहभागिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
महिला आरोग्य समिति की सदस्य डायरिया नियंत्रण में निभाएंगी भूमिका, शून्य से पांच साल तक के बच्चों को डायरिया से बचाव का दिया संदेश,दस्त के बाद बच
फर्रुखाबाद l 16 जून से शुरू होने वाले डायरिया रोको अभियान को सफल बनाने के लिए अभी से विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है l इसी क्रम में शुक्रवार को डायरिया से डर नहीं कार्यक्रम के तहत शहर के मोहल्ला कूंचा भवानी दास में नगरीय स्वास्थ्य केंद्र रकाबगंज की चिकित्साधिकारी डॉ. शोभा सक्सेना की अध्यक्षता में महिला आरोग्य समिति की बैठक हुई l बैठक में उन्होंने समिति की सदस्यों से डायरिया नियंत्रण अभियान को सफल बनाने की अपील के साथ ही बच्चों को डायरिया से सुरक्षित बनाने के जरूरी टिप्स भी दिए l
बैठक के दौरान डायरिया ग्रसित दो बच्चों को देखा गया और उनको ओआरएस और जिंक निर्धारित मात्रा में देते हुए उसके प्रयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी भी दी गयी। इसके साथ ही बैठक में उपस्थित लोगों को टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, परिवार नियोजन के साधनों के उपयोग व अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया l
डॉ. शोभा ने कहा कि बच्चों की सही देखभाल के साथ स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जाए ताकि बच्चे डायरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित बने रहेंl डायरिया से बचने के लिए हमें अपनी नजदीक की आशा कार्यकर्ता से संपर्क करना चाहिए l उन्होंने कहा कि दिन भर में अगर बच्चे को दो या तीन से अधिक बार पानी जैसी पतली दस्त आए तो बच्चे को आशा कार्यकर्ता द्वारा दी जाने वाली जिंक की गोली और ओआरएस का सेवन बताई गयी मात्रा के अनुसार ही कराएं जिससे बच्चे के शरीर में पानी की कमी न होने पाए l
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने बताया कि आगामी 16 जून से चलने वाले डायरिया रोको अभियान को सफल बनाने के लिए और बच्चों को डायरिया जैसे जानलेवा रोग से बचाने के लिए जनसामान्य का भी सहयोग लिया जाएगा l बैठक के दौरान पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) से अनुपम मिश्र, एएनएम योगेंद्रवती, महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष कोमल, आशा पारुल सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
विधिक सेवा  दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित
फर्रुखाबाद l
जनपद  में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में विधिक जागरूकता शिविर का मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक  मेडिकल कॉलेज बैकुंठ धाम बेवर रोड में विधिक सेवा दिवस एवं विधिक जागरूकता दिवस के पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद की सचिव/ न्यायाधीश बिंदिया भटनागर द्वारा मां सरस्वती  के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया ।कार्यक्रम में सचिव/ न्यायाधीश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जनपद  बिंदिया भटनागर ने महिला सशक्तिकरण के संबंध में महिलाओं को जागरूकता  सुरक्षा, शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी। महिलाओं से कहा गया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत संबंधित विभाग एवं हेल्पलाइन की सहायता लें। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने जागरूक रहकर समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सुरेन्द्र कुमार राणा  डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल द्वारा साइबर अपराध के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई तथा साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट के बारे में बचाव व सहायता की विधिक जानकारी प्रदान कर
बताया और कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय, महिला, वृद्ध, दिव्यांग एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम में जवाहर सिंह गंगवार पूर्व अध्यक्ष जिला बार एसोसियेशन ने
लोगों को घरेलू हिंसा, बाल संरक्षण, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा उपभोक्ता अधिकारों के संबंध में भी जागरूक किया गया। इस दौरान शिव नरेश सिंह,  चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल,ने उपस्थित नागरिकों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर निःशुल्क सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में लोगों को न्याय तक सरल पहुंच सुनिश्चित करने तथा कानून के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। प्रिंसीपल द्वारा सभी का आभार व्यक्त कर, राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।  उपस्थित लोगों ने समाज में विधिक जागरूकता फैलाने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में श्रीमती बिंदिया भटनागर - सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,
जवाहर सिंह गंगवार पूर्व अध्यक्ष जिला बार एसोसियेशन फर्रुखाबाद
शिव नरेश सिंह,  चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल,
सुरेन्द्र कुमार राणा  डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल,सीता सिंह असिस्टेन्ट लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल, प्रशान्त गुप्ता - असिस्टेन्ट लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल,
राम सिंह मौर्या  प्रशासनिक अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद, अधिकार मित्र/ परा विधिक स्वयं सेवक देवराज सिंह, देवेन्द्र सिंह यादव - संयुक्त सचिव बार एसोसियेशन
अधिवक्ता छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मंडी में आलू सड़ांध से महामारी फैलने की संभावना, मंडी सचिव नही करा रहे सफ़ाई
फर्रुखाबाद l
भीषण गर्मी से जहां जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है और ऐसे में डंप दागी आलू सड़ने की वजह से गंदी बदबू  मंडी परिसर में फैल रही, जिससे मंडी व्यापारी के साथ ही साथ मंडी में आने जाने वाले किसानो की हालत खराब हो रही है l मंडी  के कारोबारियो ने कई बार मंडी सचिव को इस संबंध में लिखित और मौखिक रूप से जानकारी दी लेकिन मंडी सचिव ने सड़े आलू की तरफ ध्यान नहीं दिया और ना ही मंडी की सफाई करवाई है l मंडी के व्यापारियों ने सफाई कराए जाने की गुहार लगाई है । मंडी के आलू कारोबारियो का कहना है कि शुक्रवार को मंडी सातनपुर में आलू बिका , 101 से 251रुपए बिक्री हुई लेकिन डंप लगे और दागी आलू व सामान्य हाईब्रिड 251 से 351 सिल्चर क्वालिटी वाले सुपर 471 रुपए तक प्रति क्विंटल में बिक्री हुई l उन्होंने कहा कि आमद  लगभग 50 मोटर रही । मंडी में चारों ओर दागी आलू के ढेर दिखाई दे रहे हैं जिससे बदबू आती है लेकिन सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जाता है ।
6 जुआरी गिरफ्तार, नकदी सहित तीन बाइके बरामद

अमृतपुर फर्रुखाबाद 15 मई। जनपद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को रंगे हाथ जुआ खेलते गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, ताश के पत्ते, मोटरसाइकिलें और अन्य सामान बरामद कर मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
थाना अध्यक्ष अमृतपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से 52 अदद ताश के पत्ते, 6750 रुपये मालफड़, 1640 रुपये जामा तलाशी तथा एक गमछा बरामद किया। इसके अलावा तीन मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में खुशीराम पुत्र कामता प्रसाद निवासी उदयपुर भोडा थाना मिर्जापुर जनपद शाहजहाँपुर, रामखिलावन पुत्र सेवकराम निवासी राजेपुर थाना मिर्जापुर शाहजहाँपुर, जावेद पुत्र असद अली निवासी ग्राम पापर थाना मिर्जापुर शाहजहाँपुर, गोपाल पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी राजेपुर थाना मिर्जापुर शाहजहाँपुर, रुकसार पुत्र बच्चन खाँ निवासी मंजाहरा बंडाऊ थाना मिर्जापुर शाहजहाँपुर तथा राजीव पुत्र महेश निवासी उदयपुर भोडा थाना मिर्जापुर शाहजहाँपुर शामिल हैं।बरामद मोटरसाइकिलों में यूपी 27 बीआर 6452 होंडा एसपी 125, यूपी 27 बीई 8312 हीरो एचएफ डीलक्स तथा यूपी 27 बीई 9968 नंबर की व एक लावारिस बाइक शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 67/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जुआ, सट्टा और अन्य अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
191.13 करोड़ की लागत से बन रहे से तु का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

फर्रूखाबाद l  हरदोई-कमालगंज मार्ग पर गंगा नदी पर लगभग ₹191.13 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन सेतु, पहुँच मार्ग एवं कराए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों का जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने पहुँच मार्ग पर संभावित कटान वाले स्थलों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से अब तक किए गए सुरक्षात्मक कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नदी किनारे कराए जा रहे पिचिंग कार्यों का भौतिक सत्यापन भी किया तथा कार्यों की गुणवत्ता को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सेतु निगम एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को पूरी गुणवत्ता एवं मानक के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि परियोजना जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने तथा कटान प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की क्षति की संभावना न रहे।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी, सेतु निगम के अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं संबंधित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिक्षक नेताओं ने बीएसए से समायोजन केडर के अनुसार करने की मांग की
फर्रुखाबाद l शिक्षक संगठन ने गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को मांग पत्र दिया जिसमे जनपद के शिक्षकों की समस्याओं को निस्तारण करने की मांग की गई है l संगठन के पदाधिकारी ने बीएसए से कहा कि समायोजन सूची में कमपोजिट विधालय में प्राथमिक का प्रधान अध्यापक उच्च प्राथमिक में सहायक प्रदर्शित किया गया है जबकि प्राथमिक का समायोजन प्राथमिक संवर्ग में एवं जूनियर हाईस्कूल का समायोजन जूनियर संवर्ग में ही किया जाना चाहिए।
विषय आवंटन में कामर्स को समाजिक विषय में भाषा में भाषा को भी भाषा और साहित्यिक भाषा को भी भाषा,कही पर भाषा और समाज शास्त्र को सामाजिक विषय में और कहीं भाषा में जोड़ा है।
उन्होंने कहा कि खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से समस्त शिक्षकों का निर्देश अथवा ड्यूटी की सूचना वाट्स अप पर दें दी जाती है पर विधालय की सूचनाएं भौतिक रूप से कार्यालय आ कर जमा करने के निर्देश दिए जाते हैं, इसलिए इन्हें भी वाट्स अप पर ही स्वीकार करने के आदेश करने की मांग की है l
बेसिक शिक्षा अधिकारी से वार्ता की गई तो उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों को समायोजन श्रेणी से बाहर रखा जाएगा l प्राइमरी के प्रधानाध्यापक को जूनियर के सहायक के पद पर समायोजित नहीं किया जाएगा,,
44 छात्राओं को सम्मानित किया गया, मोबाइल लैपटॉप के साथ-साथ किताबों पर ध्यान दें विद्यार्थी  डीआईंओएस

फर्रुखाबाद l
पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फ़तेहगढ़ में मेधावी छात्रा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 12 में अनामिका शर्मा ने 87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हाईस्कूल में दिव्या ने 86 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय टॉपर का स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त हाईस्कूल में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली तथा इंटरमीडिएट में 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली कुल 11 छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 6 से 11 तक की गृह परीक्षाओं एवं वार्षिक परीक्षा 2026 में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी सम्मान प्रदान किया गया। बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं की माताओं को शॉल ओढ़ाकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कुल मिलाकर 44 छात्राओं एवं उनकी माताओं को सम्मानित किया गया।
बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। शिक्षा के साथ संस्कार अपनाने से छात्राओं का भविष्य निश्चित रूप से उज्ज्वल होगा। अभिभावक को शिक्षकों के साथ अपने बच्चों का ध्यान रखना होगा।लंबे समय तक मोबाइल या लैपटॉप पर बैठे बच्चे का ध्यान रखना चाहिए कि वह क्या अध्ययन कर रहे हैं पुस्तक पढ़ने के लिए भी प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने बताया कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य छात्राओं को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे भविष्य में और अधिक परिश्रम कर अपने लक्ष्य प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका ऋचा तिवारी के मार्गदर्शन में शैलजा मौर्य ने किया। व्यवस्थाओं में आरती यादव, ज्योति, निर्मला सिंह, गरिमा पांडेय,अल्पना द्विवेदी एवं मोनी चौहान का योगदान रहा। गुलशन जहाँ, एनसीसी प्रभारी के नेतृत्व में एनसीसी छात्राओं द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया, जो अत्यंत सराहनीय रहा। सभी मेधावी छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।