इंस्टाग्राम पर ‘सौरभ सिंह’ बनकर फंसाया, फिर अश्लील वीडियो वायरल कर धर्म परिवर्तन का दबाव; लखनऊ में मुकदमा दर्ज
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सैरपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए युवती को झांसे में फंसाकर उसका शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपना नाम और धर्म छिपाकर इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती की, फिर नजदीकियां बढ़ाकर अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाते हुए आपत्तिजनक सामग्री वायरल कर दी।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस, आईटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को पीड़िता ने थाना सैरपुर पहुंचकर तहरीर दी कि छठामील मार्केट स्थित रैथा रोड पर नाई (बारबर) की दुकान चलाने वाला युवक शोएब अख्तर पुत्र सुबराती, निवासी सहभागी शिक्षण संस्थान के पास छठामील, थाना सैरपुर, मूल निवासी ग्राम कर्दा थाना वजीरगंज जनपद गोण्डा, ने खुद को “सौरभ सिंह” बताकर इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे संपर्क किया था।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने धीरे-धीरे युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और विश्वास में लेकर उसके अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बना रहा था और विरोध करने पर गाली-गलौज व धमकी देता था।

इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित रूप से युवती के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिए, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से परेशान हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया।

सैरपुर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 47/2026 के तहत धारा 74, 351(3), 352 बीएनएस, आईटी एक्ट की धारा 67, पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3/5(1) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को जुटाने की कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल डेटा और वायरल सामग्री की जांच कराई जा रही है। आरोपी की भूमिका और अन्य संभावित पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।
प्रदेश में फिर बढ़ेगी गर्मी, 12 मई से तराई इलाकों में हल्की बारिश के आसार
* लखनऊ समेत कई जिलों में चढ़ेगा पारा, मौसम विभाग ने दी तापमान बढ़ने की चेतावनी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। बीते एक सप्ताह से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं और हल्की बारिश का दौर जारी रहने के बाद अब मौसम शुष्क होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 11 मई, सोमवार को प्रदेश में मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रहेगा, जबकि 12 से 15 मई के बीच पश्चिमी और पूर्वी यूपी के तराई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले तीन-चार दिनों तक तराई इलाकों में बादलों की सक्रियता बनी रहेगी। हालांकि हल्की बारिश के बावजूद तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप निकलने से गर्मी में इजाफा हुआ, हालांकि लू जैसी स्थिति फिलहाल नहीं बनी है। प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बांदा में 39.2 डिग्री, जबकि वाराणसी और आगरा में 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं हमीरपुर में रात का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

* राजधानी में अब तेज होगी गर्मी

लखनऊ में बीते एक सप्ताह से मौसम लगातार करवट बदल रहा था। कभी तेज हवाएं चलीं तो कभी बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से राहत मिली। अब मौसम विभाग ने राजधानी में मौसम शुष्क रहने और तापमान में लगातार बढ़ोतरी की संभावना जताई है।
रविवार को सुबह से ही तेज धूप निकलने से गर्माहट बढ़ गई। बीते गुरुवार से रविवार तक अधिकतम तापमान में 5.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को फिर से तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अमराई गांव मेला जा रहे परिवार पर दबंगों का हमला, महिलाओं से छेड़छाड़; युवक गंभीर

* इंदिरानगर क्षेत्र में स्कॉर्पियो सवारों की गुंडागर्दी, पास न देने पर की मारपीट

लखनऊ। इंदिरा नगर क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। अमराई गांव स्थित नौबस्ता पुलिया के पास मेले में जा रहे एक परिवार पर स्कॉर्पियो सवार दबंगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि गाड़ी को पास न देने की बात पर दबंगों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और फिर कार में बैठी महिलाओं के साथ अभद्रता व छेड़छाड़ की।

हमले में घायल युवक राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार इंदिरा नगर थाना पहुंचा, जहां पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए घायलों का मेडिकल कराया।

परिजनों का आरोप है कि दबंगों ने खुलेआम परिवार को निशाना बनाया और महिलाओं के साथ बदसलूकी की। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर सीएम योगी का संदेश

“यूपी को बनाएंगे देश का ‘डीप टेक कैपिटल’, युवा सीखें नई तकनीक”

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम एक विशेष पाती लिखते हुए युवाओं से नवीनतम तकनीकों को अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 मई भारत के वैज्ञानिक सामर्थ्य और आत्मगौरव का प्रतीक दिवस है। इसी दिन पोखरण में ‘ऑपरेशन शक्ति’ के माध्यम से भारत ने पूरी दुनिया को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और सामरिक क्षमता का एहसास कराया था। उन्होंने यह भी स्मरण कराया कि 11 मई को ही ‘हंस-3’ विमान की सफल उड़ान तथा स्वदेशी ‘त्रिशूल’ मिसाइल का सफल परीक्षण भी हुआ था।

सीएम योगी ने कहा कि तकनीक केवल विकास का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का सबसे सशक्त आधार है। आज तकनीक प्रयोगशालाओं से निकलकर खेत-खलिहानों तक पहुंच चुकी है और आम जनजीवन को बदल रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को तकनीक और नवाचार का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में रोबोटिक्स और एआई मिशन की शुरुआत की गई है, जबकि डेटा सेंटर क्लस्टर विकसित करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘टेक युवा समर्थ युवा योजना’ के जरिए युवाओं को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का मूल मंत्र “इनोवेट इन यूपी, स्केल फॉर द वर्ल्ड” है।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ड्रोन, क्वांटम टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन और मेड-टेक जैसे भविष्य के क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का ‘डीप टेक कैपिटल’ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि आज उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी हो रहा है, जो प्रदेश की बढ़ती तकनीकी और औद्योगिक क्षमता का प्रमाण है। अपने संदेश में उन्होंने कहा, “तकनीक समय की तरह है। तकनीक के साथ नहीं चलना, समय से पिछड़ जाना है।” सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर आत्मनिर्भर प्रदेश और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

बैंकाक से लखनऊ आए यात्रियों से 14 किलो गांजा बरामद, अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह की जांच तेज

लखनऊ। एयर इंटेलीजेंस यूनिट (AIU) को लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। बैंकाक से लखनऊ पहुंचे तीन यात्रियों के पास से 14 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 14 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एयर इंटेलीजेंस यूनिट ने संदेह के आधार पर यात्रियों की जांच की, जिसमें उनके सामान से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। कस्टम विभाग और संबंधित एजेंसियां अब इस मामले को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह संगठित तस्करी गिरोह का हिस्सा हो सकता है और मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना है।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित, 53 वादों का निस्तारण
* पक्षकारों को तीन करोड़ 49 लाख रुपये से अधिक का मुआवजा दिलाया गया

लखनऊ। इलाहाबाद उच्च न्यायालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन वरिष्ठ न्यायमूर्ति राजन रॉय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
उच्च न्यायालय विधिक सेवा उपसमिति के सचिव एवं निबंधक (जे.) (स्टेशनरी) भगीरथ वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 53 वादों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया।
उन्होंने बताया कि विभिन्न मामलों में पक्षकारों के बीच आपसी सहमति बनने पर कुल 3 करोड़ 49 लाख 3 हजार 251 रुपये 60 पैसे की धनराशि मुआवजे के रूप में दिलाई गई।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान होने पर पक्षकारों ने संतोष व्यक्त किया। अदालत परिसर में आयोजित इस लोक अदालत में बड़ी संख्या में वादकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोक अदालत का बड़ा रिकॉर्ड, 1.18 करोड़ से अधिक वादों का निस्तारण
* प्री-लिटिगेशन और लंबित मामलों के समाधान से लाखों लोगों को मिली राहत

लखनऊ। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को उत्तर प्रदेश भर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय न्यायमूर्ति सूर्यकान्त, मुख्य संरक्षक, NALSA तथा माननीय न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, कार्यपालक अध्यक्ष, NALSA के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
प्रदेश में राष्ट्रीय लोक अदालत का संचालन इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एवं मुख्य संरक्षक, अरूण भंसाली के मार्गदर्शन तथा महेश चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में किया गया।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष कुमार द्वितीय ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों से प्राप्त सूचनाओं के अनुसार शनिवार शाम 6 बजे तक प्रदेश में कुल 1 करोड़ 18 लाख 23 हजार 566 वादों का निस्तारण किया गया।
इनमें 1 करोड़ 10 लाख 32 हजार 353 प्री-लिटिगेशन वाद तथा 7 लाख 91 हजार 213 लंबित वाद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों से अंतिम आंकड़े अभी प्राप्त होने शेष हैं, जिसके बाद निस्तारित मामलों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बड़ी संख्या में मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान होने से लाखों लोगों को राहत मिली। प्रदेशभर की अदालतों में आयोजित इस विशेष अभियान में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों की सक्रिय भागीदारी रही।
10 मई को हो सकता है योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का विस्तार, 6 नए चेहरों की चर्चा तेज

* मनोज पांडे से लेकर पूजा पाल तक कई नामों पर सियासी हलकों में अटकलें, सभी संभावित नेताओं को लखनऊ में रहने के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार में रविवार, 10 मई 2026 को संभावित मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने मंत्रिमंडल में छह नए चेहरों को शामिल कर सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार जिन नामों की सबसे अधिक चर्चा है, उनमें मनोज पांडे, रोमी साहनी, पूजा पाल, भूपेंद्र चौधरी, अशोक कटारिया और कृष्णा पासवान शामिल हैं। बताया जा रहा है कि संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर इन सभी नेताओं को लखनऊ में रहने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि सरकार या भाजपा संगठन की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक आगामी चुनावी समीकरणों, क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी की जा रही है। माना जा रहा है कि नए चेहरों के जरिए भाजपा विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों को साधने की रणनीति पर काम कर रही है। फिलहाल पूरे प्रदेश की नजरें संभावित मंत्रिमंडल विस्तार पर टिकी हैं और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है।

यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन-2026 लागू करने की मांग पर सड़क पर उतरीं पल्लवी पटेल
* रेलवे ट्रैक किया जाम, वंदे भारत ट्रेन एक घंटे प्रभावित
* अपना दल कमेरावादी और छात्र-युवा संगठनों का लखनऊ में प्रदर्शन, भारी संख्या में कार्यकर्ता हिरासत में
लखनऊ। यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन-2026 को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को राजधानी लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। अपना दल कमेरावादी तथा विभिन्न सामाजिक, छात्र और युवा संगठनों के बैनर तले हजारों कार्यकर्ताओं ने चारबाग रेलवे स्टेशन से विशाल मार्च निकाला।
प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब पुलिस द्वारा आरक्षण केंद्र के पास बैरिकेडिंग लगाकर जुलूस को रोकने का प्रयास किया गया। इससे आक्रोशित कार्यकर्ता रेलवे ट्रैक पर उतर गए और चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों के ट्रैक पर कब्जा करने के चलते दिल्ली से अयोध्या जा रही वंदे भारत ट्रेन को आउटर पर रोकना पड़ा, जिससे ट्रेन लगभग एक घंटे तक प्रभावित रही।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। रेलवे एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। बताया गया कि सिराथू विधायक डॉ पल्लवी पटेल ट्रेन के इंजन पर चढ़ गई थीं, जिन्हें अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद नीचे उतारा गया। बाद में डॉ. पटेल समेत बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने “यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन-2026 लागू करो”, “सबको शिक्षा, सबको सम्मान” और “शिक्षण संस्थानों में वंचितों का उत्पीड़न बंद करो” जैसे नारे लगाए। हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
इस मौके पर डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में जाति, लिंग, धर्म और सामाजिक आधार पर होने वाले भेदभाव एवं उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन-2026 लाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विनियम को जानबूझकर न्यायिक प्रक्रिया में उलझाकर लागू होने से रोका जा रहा है।उन्होंने कहा कि रोहित वेमुला, दर्शन सोलंकी, पायल तड़वी और अनिल कुमार जैसे मामलों ने देश की शिक्षा व्यवस्था में मौजूद असमानता को उजागर किया है। यूजीसी रेगुलेशन-2026 किसी विशेष वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि हर प्रकार के शोषण और भेदभाव के विरुद्ध है।
डॉ. पटेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के सवाल पर सरकार की नीयत साफ नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रेगुलेशन लागू नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।उन्होंने कहा, “सामाजिक न्याय और शिक्षा में समान अवसर के लिए हमारी लड़ाई अंतिम दम तक जारी रहेगी।”
महाराणा प्रताप की राष्ट्रभक्ति आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत : प्रदीप सिंह बब्बू
* लखनऊ में धूमधाम से मनाई गई वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज स्थित महाराणा प्रताप चौक पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षत्रिय संगठनों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके शौर्य, त्याग और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश क्षत्रिय समन्वय समिति के प्रदेश संयोजक प्रदीप सिंह बब्बू द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रदीप सिंह बब्बू ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और संघर्ष का प्रतीक है। उनका त्याग और वीरता आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा सिंह बिष्ट, नोएडा विधायक पंकज सिंह, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, गौरीगंज विधायक राकेश सिंह, गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, भाजपा नेता नीरज सिंह, पूर्व विधायक शैलेश सिंह शैलू, महिला आयोग सदस्य एकता सिंह, वरिष्ठ पत्रकार शिवशरण सिंह गहरवार तथा पूर्व डीजीपी यशपाल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, शौर्य फाउंडेशन, करणी सेना, भारतीय क्षत्रिय समाज, राजपूताना महासभा, राष्ट्रीय क्षत्रिय महासभा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।