विद्युत उपकेंद्र कछौना, टीजी-2 रमेश कुमार की सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई*
रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* विद्युत उपकेंद्र कछौना में तैनात टीजी-2 रमेश कुमार के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस दौरान समारोह को संबोधित करते हुए अवर अभियंता राजकुमार ने रमेश कुमार, जिन्हें क्षेत्र में 'फौजी' के नाम से भी जाना जाता है, के कार्यकाल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि रमेश कुमार ने कछौना क्षेत्र को हमेशा एक परिवार की तरह समझा। उनके व्यवहार और लोगों से सीधे जुड़ाव के कारण बड़ी से बड़ी बाधाएं भी आसानी से दूर हो जाती थीं। उनकी कार्यकुशलता ऐसी थी कि उनकी उपस्थिति मात्र से ही कई समस्याओं का समाधान हो जाता था। क्षेत्र के लोग उनके कार्यकाल और उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में उन्हें शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अपनी विदाई पर सभी का स्नेह और प्यार पाकर सेवानिवृत्त कर्मी रमेश कुमार भावुक नजर आए। इस अवसर पर मुख्य रूप से अवर अभियंता राजकुमार, बी.एल. भारती, अनिल कुमार, आशीष कुमार सहित अन्य सभी कर्मी मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिल्पी हत्याकांड पर परिवार को बंधाया ढांढस*
रितेश मिश्रा
हरदोई। जिले के चर्चित शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड को लेकर रविवार को राजनीतिक सरगर्मी उस वक्त तेज हो गई, जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गढ़ी रसूलपुर पहुंचे। उन्होंने शिल्पी कुशवाहा के आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरा दुख व्यक्त किया।सपा मुखिया ने शिल्पी के पिता राम रईस कुशवाहा सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खाट पर बैठकर काफी देर तक बातचीत की। उन्होंने घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि बेटी के साथ हुई यह दर्दनाक घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है और पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।इस दौरान अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग के रूप में 5 लाख रुपये की सहायता प्रदान की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय की लड़ाई में पूरा सहयोग करेगी।
गौरतलब है कि शिल्पी हत्याकांड के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाप-बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में लापरवाही के आरोपों के चलते तत्कालीन मल्लावां थाना प्रभारी शिवाकांत पांडे उप निरीक्षक प्रदीप पांडे को भी निलंबित किया जा चुका है। इस घटनाक्रम के बाद से मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
अपने संबोधन में सपा प्रमुख ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि बेटियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इस मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अखिलेश यादव के गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में समर्थकों और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गांव और आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इसके बाद सपा मुखिया ने क्षेत्र के प्रसिद्ध छोटी काशी मल्लम्मा सुनासीर नाथ बाबा मंदिर में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-शांति की कामना की। दर्शन के उपरांत वे लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गए।
महिला जन आक्रोश पदयात्रा का किया गया आयोजन।
रितेश मिश्रा
बेनीगंज (हरदोई)।भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार गुरुवार को महिला मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में महिला जन आक्रोश पदयात्रा निकालकर आम जनमानस को जागरूक किया गया। इसी कड़ी में महिलाओं एवं पुरुषों द्वारा महिलाओं के आरक्षण के लिए नारेबाजी भी की गई। इस दौरान कोतवाली बेनीगंज के महिला कांस्टेबल एवं पुरुष कांस्टेबल सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक महिला मंडल अध्यक्ष मोर्चा लक्ष्मी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार किया जा रहा है तथा महिलाओं के आरक्षण को लेकर जन-जन को जागरूक करने के उद्देश्य से रास्तों एवं गलियों में रैली निकाली जा रही है।इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से बेनीगंज मंडल अध्यक्ष रोहित वैश्य ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि ऐसी सपा,कांग्रेस जिन्होंने विरोध कर महिलाओं का आरक्षण लागू नहीं होने दिया है, जिसके क्रम में महिलाओं को आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। आगामी आने वाले चुनाव में दिखा देंगे, जो महिलाओं से छेड़छाड़ करता है ऐसे दलों को ऐसे नेताओं को संसद में आने के करके लायक नहीं छोड़ेंगे।
यह पद यात्रा बेनीगंज के सिकिलिन टोला मोहल्ला से छोटे चौराहे एवं नगर के कई गलियों में अपनी जन आक्रोश पद यात्रा को विराम दिया गया।
इस यात्रा में भाजपा मंडल अध्यक्ष बेनीगंज रोहित वैश्य, भाजपा महिला मंडल अध्यक्ष बेनीगंज लक्ष्मी सिंह, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बेनीगंज ऋषिकेश अस्थान, भाजपा मंडल महामंत्री कृष्ण कुमार शुक्ला उर्फ बड़क्के, पूर्व चेयर मैन प्रतिनिधि राकेश वैश्य, मुन्नी देवी, सुनीता देवी, अनीता देवी, शारदा मौर्य,रूपरानी,निधिसिंह, रामकली, रामदेवी, रिंकी मौर्य, साधना सिंह, जय देवी,महिमा, रामकली सहित तमाम महिलाओं एवं भाजपा के पदाधिकारी तथा स्थानीय पुलिस इस रैली में शामिल रहे।
सी.बी.जी. इंटर कॉलेज में सम्मान समारोह कार्यक्रम संपन्न
पीयूष तिवारी
हरदोई बेनीगंज - नगर के सीबीजी इंटर कॉलेज ऑफ साइंस, कुर्सी रोड में आयोजित सम्मान समारोह में श्री चौरासी कोशीय परिक्रमा सेवा समिति, नैमिषारण्य के तत्वाधान में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष पहला आश्रम के महंत नारायण दास, नन्हकू दास (डंका वाले बाबा) एवं महासचिव बनगढ़ आश्रम के महंत संतोष दास खाकी ने पौराणिक महत्व के नैमिषारण्य तीर्थ की चौरासी कोशीय परिक्रमा के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पत्रकारों तथा पड़ाव स्थलों पर सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान नगर पालिका संडीला के ईओ, नगर पंचायत बेनीगंज व कछौना के ईओ तथा स्वास्थ्य विभाग से सहयोग देने वाले सीएचसी कोथावां के अधीक्षक डॉ. विपुल वर्मा को अनुपस्थिति में प्रशस्ति पत्र प्रेषित किए गए। समारोह में उपस्थित पत्रकारों में विमल त्रिपाठी, सुदेश शुक्ला, नरेंद्र शुक्ला, पीयूष तिवारी, हिमांशु तिवारी, रोहित मिश्रा, संतोष मिश्रा, अरुणेश बाजपेई व बुद्धसेन,पुनीत मिश्रा,राजीव त्रिपाठी,पंकज सिंह चौहान , नगर पंचायत बेनीगंज से मिलन त्रिपाठी आदि को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरजेश तिवारी ने आगंतुक महंतों एवं पत्रकारों का स्वागत किया। कार्यक्रम में पड़ाव प्रभारी दुर्गा शरण एवं आचार्य राम शब्द शास्त्री भी मौजूद रहे। समिति के महासचिव महंत संतोष दास खाकी ने बताया कि पौराणिक तीर्थ नैमिषारण्य की अति प्राचीन परिक्रमा के पड़ाव स्थलों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए प्रशासन, संत-महात्माओं, तीर्थ पुरोहितों और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इसे और व्यापक व सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में काम करें।
मनोकामना माता मंदिर में राधा कृष्ण की मूर्ति स्थापित, कलश यात्रा निकाली
रितेश मिश्रा
हरदोई। शाहाबाद नगर क्षेत्र के मनोकामना माता मंदिर दिलेरगंज में विशाल कलश शोभा यात्रा निकालकर राधा कृष्ण की मूर्ति की विधि विधान से स्थापना की गई। बुधवार को दोपहर 12:00 बड़ी संख्या में पीले वस्त्र धारण करके महिलाएं नर्मदा स्थल पहुंची। यहां पर पूजन अर्चन के बाद महिलाओं ने कलश में जल एकत्रित किया और ढोल नगाड़े और गाजे बाजे के साथ कलश यात्रा में शामिल होकर स्थापना स्थल तक पहुंचीं।  कलश यात्रा में महिलाएं भक्ति पूर्ण गीतों पर थिरक रही थी। यह कलश यात्रा नर्मदा स्थल से स्टेट बैंक, बड़ी बाजार, सदर बाजार होते हुए स्थापना स्थल दिलेरगंज मनोकामना माता मंदिर पहुंची। जहां पर पुरोहित द्वारा विधि विधान से राधा कृष्ण की मूर्ति को स्थापित किया गया।
कार अनियंत्रित होकर पलटी, महिला गंभीर रूप से घायल
रितेश मिश्रा
हरदोई। शाहाबाद कोतवाली के हाईवे पर हरियाली बाजार के पास तेज रफ्तार कार चालक की आंख लग जाने की वजह से अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे कार में सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अनिल कुमार निवासी मुंडा धामू लखीमपुर खीरी का रहने वाला है। जयपुर में काम करता है और परिवार के साथ रहता है। अपनी पत्नी आरती को लेकर जयपुर से कार द्वारा अपने घर जा रहा था। बुधवार की सुबह 6:00 बजे अचानक उसकी आंख लग गई और कार नियंत्रित होकर पलट गई जिससे उसकी पत्नी आरती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को तत्काल सीएचसी शाहबाद लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
दस बीघा गेहूं की फसल जलकर हुई राख
रितेश मिश्रा
हरदोई। शाहाबाद नगर क्षेत्र के मोहल्ला महमंद में मंगलवार की रात्रि 9:00 बजे आतिशबाजी की चिंगारी से काटकर एकत्रित की गई गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। अनीस के अनुसार उसने अपनी 10 बीघा गेहूं की फसल काटकर एकत्रित कर दी थी। थ्रेसर का इंतजाम कर रहा था। अचानक आतिशबाजी की चिंगारी उसकी एकत्रित गेहूं की फसल पर गिर गई जिससे उसका गेहूं पूरी तरह से जलकर राख हो गया। गेहूं जलने की सूचना तहसील प्रशासन को दी गई लेकिन समाचार प्रकाशन तक तहसील से कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर मौका मुआयना करने के लिए नहीं पहुंचा। अनीश दाने-दाने को मोहताज हो गया है।
दबंगों का आतंक: शिकायतों के बाद भी नहीं जागी पुलिस, महिला को घर में घुसकर पीटा .
रितेश मिश्रा
हरदोई: के बेनीगंज क्षेत्र में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब महिलाएं भी उनके निशाने पर हैं। हैरानी की बात यह है कि पीड़िता लगातार पुलिस चौकी और कोतवाली के चक्कर काटती रही, लेकिन पुलिस की सुस्ती और लापरवाही ने आखिरकार दबंगों को खुली गुंडागर्दी करने का मौका दे दिया। नतीजा यह हुआ कि महिला और उसके परिवार को लाठी-डंडों से पीट दिया गया। कोतवाली क्षेत्र के रायपुर मजरा कल्यानमल निवासी पूनम पत्नी नरेश पासी ने 28 अप्रैल 2026 को कोतवाली में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव के ही नीरज, नीतू, माया और मोनू पासी उसके दरवाजे पर आ धमके और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दबंगों ने पूनम, उसकी सास सुंदरी और ननद उषा पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। पीड़िता के मुताबिक मारपीट इतनी बर्बर थी कि उसके कपड़े तक फट गए और परिवार को गांव छोड़ने की धमकी दी गई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पुलिस तब क्यों नहीं जागी जब पीड़िता पहले भी लिखित शिकायत कर चुकी थी? दरअसल, यह विवाद नया नहीं था। पीड़िता ने 23 अप्रैल 2026 को ही कल्याणमन पुलिस चौकी में तहरीर देकर बताया था कि गांव के कुछ लोग उसके हिस्से के यूकेलिप्टस के पेड़ जबरन कटवा रहे हैं। उसने आरोप लगाया था कि चंद्रपाल, विक्रम, छोटू और नीरज ने अवैध रूप से पेड़ कटवाकर उसका हिस्सा हड़प लिया और विरोध करने पर फौजदारी पर आमादा हो गए। लेकिन आरोप है कि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय ठंडे बस्ते में डाल दिया। अगर समय रहते कार्रवाई होती तो शायद महिला को मारपीट का शिकार न होना पड़ता। अब सवाल उठ रहा है कि क्या बेनीगंज पुलिस दबंगों के दबाव में काम कर रही है या फिर गरीब और कमजोर लोगों की फरियाद सुनने वाला कोई नहीं?
क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस पहले ही सख्ती दिखाती तो दबंग इस तरह महिलाओं पर हमला करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। फिलहाल पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है और जांच कर कार्रवाई की जाएगी, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि कार्रवाई कब होगी — किसी और बड़ी घटना के बाद?
“गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन,पीएम मोदी का हरदोई में बड़ा संदेश
रितेश मिश्रा
हरदोई। जनपद के मल्लावां में पीएम नरेंद्र मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए इसे उत्तर प्रदेश के विकास की “नई लाइफलाइन” बताया। उन्होंने कहा कि “गंगा एक्सप्रेसवे यूपी को मां गंगा का आशीर्वाद है, जो प्रदेश को तेज गति से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाएगा।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब मेरठ से संगम तक की यात्रा कुछ ही घंटों में संभव होगी और श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर उसी दिन वापस लौट सकेंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के इस दौर में गंगा के किनारे बना यह एक्सप्रेसवे विकास और आस्था का अद्भुत संगम है।
पीएम मोदी ने यूपी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे का नाम मां गंगा के नाम पर रखना हमारी सांस्कृतिक विरासत और विकास के विजन दोनों को दर्शाता है। उन्होंने प्रदेशवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि आने वाले समय में यह एक्सप्रेसवे मेरठ से आगे हरिद्वार तक भी विस्तारित होगा।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि “डबल इंजन सरकार” तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर रही है, जो विकसित भारत की नई पहचान बन रहा है। उन्होंने एक्सप्रेसवे को देश की नई संभावनाओं का प्रतीक बताया।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए बधाई दी, वहीं गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत को जनसमर्थन का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत विकास की दिशा में नई ऊर्जा लेकर आएगी।
प्रधानमंत्री ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह विकास और नारी सशक्तिकरण के खिलाफ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को आरक्षण देने वाले विधेयक का विरोध कर सपा ने अपनी सोच स्पष्ट कर दी है।
पीएम मोदी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश पिछड़ा राज्य नहीं, बल्कि तेजी से विकसित होता प्रदेश बन चुका है। उन्होंने बताया कि निवेश, डिफेंस कॉरिडोर और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण यूपी देश और दुनिया में नई पहचान बना रहा है।
अंत में उन्होंने किसानों के हितों की बात करते हुए कहा कि अब उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है और गंगा एक्सप्रेसवे बनने से उनकी समस्याओं का समाधान और तेजी से होगा।
छेड़खानी केस में सुलह से इनकार पर वृद्धा पर जानलेवा हमला, दबंग ने घर में घुसकर बरसाया कहर
बहू से छेड़खानी का मुकदमा वापस लेने का बना रहा था दबाव, विरोध पर लाठी से हमला; वृद्धा गंभीर, बहू घायल।

बबलू प्रजापति पिहानी

पिहानी (हरदोई):कोतवाली क्षेत्र के हल्का नंबर एक अहेमी के मजरा गाजीपुर में छेड़खानी के मुकदमे में सुलह न करने पर दबंग द्वारा घर में घुसकर वृद्धा और उसकी बहू पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता रामवती (पत्नी राम सहाय) की बहू रुचि पाल के साथ सिमोर ग्राम पंचायत के मजरा गदनापुर निवासी  युवक महमूद द्वारा छेड़खानी की घटना पूर्व में हुई थी, जिस पर पिहानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि मुकदमे के बाद से ही आरोपी लगातार पीड़ित परिवार पर सुलह का दबाव बना रहा था और इंकार करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था।
ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार को आरोपी महमूद ने घर में घुसकर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में वृद्धा रामवती के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ हो गईं, जबकि बहू रुचि पाल को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। इस संबंध में कोतवाल छोटेलाल व हल्का इंचार्ज आशीष त्यागी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।