पृथ्वी दिवस: श्री डाल सिंह मेमोरियल स्कूल में हुआ पौधारोपण और चित्रकला प्रतियोगिता

"

रितेश मिश्रा

हरदोई श्री डाल सिंह मेमोरियल स्कूल में पृथ्वी दिवस पर चित्रकला प्रतियोगिता और निबंध लेखन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। छात्रों ने पृथ्वी के संरक्षण के महत्व को समझा और अपने विचारों को रंगों और शब्दों में व्यक्त किया। उन्होंने सीखा कि कैसे छोटे-छोटे कदम उठाकर हम पृथ्वी को बचाने में मदद कर सकते हैं, जैसे कि पौधे लगाना, पानी बचाना, और कूड़ा-कचरा सही जगह पर डालना।

पृथ्वी दिवस पर विद्यालय के प्रबंधक मुकेश सिंह ने बताया कि पृथ्वी हमारा घर है और हमें इसका संरक्षण करना चाहिए। हमें पृथ्वी के संसाधनों का सही उपयोग करना चाहिए और इसे प्रदूषण से बचाना चाहिए।

विद्यालय की प्रधानाचार्या भूमिका सिंह ने बताया कि पृथ्वी दिवस हमें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य छात्रों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना है।

शिक्षकों ने बताया कि पृथ्वी दिवस हमें प्रकृति के महत्व को समझने और इसके संरक्षण के लिए काम करने का अवसर देता है।

पृथ्वी दिवस के अवसर पर बच्चों ने कहा, हम पृथ्वी को बचाने के लिए पौधे लगाएंगे, पानी बचाएंगे, और कूड़ा-कचरा सही जगह पर डालेंगे। हम प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने का प्रयास करेंगे और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देंगे।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या लक्ष्मी देवी शिक्षिकाएं - कविता गुप्ता, कोमल यादव ,विनीता त्रिवेदी,मीनाक्षी सिंह,सोनम शुक्ला, ऐश्वर्या सिंह, अपर्णा श्रीवास्तव, मंशा वाजपेई ,प्रज्ञा ,सोनी शुक्ला, पूजा चौहान, नीलम, दीपमाला, क्षमा सिंह, रिचा, शिवानी शिक्षक राम प्रकाश पांडे ,अशोक कुमार गुप्ता, अभिनव सिंह ,संजय कुमार, आयुष यादव आदि मौजूद रहे।

पुलिस का सख्त रुख कोतवाल छोटेलाल के नेतृत्व में चलाया गया सघन वाहन चेकिंग अभियान
बबलू प्रजापति
हरदोई पिहानी सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को पिहानी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। कोतवाल छोटेलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोपहर में कस्बे के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो पहिया और चार पहिया वाहनों की बारीकी से जांच की गई।
हेलमेट न पहनने वालों को दी सख्त चेतावनी
चेकिंग के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से उन बाइक सवारों को रोका जो बिना हेलमेट के यात्रा कर रहे थे। कोतवाल छोटेलाल ने नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा, "यदि भविष्य में बिना हेलमेट बाइक चलाते पाए गए, तो न केवल चालान होगा बल्कि गाड़ी भी सीज की जा सकती है।"
उन्होंने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि हेलमेट आपकी सुरक्षा के लिए है, क्योंकि घर पर आपका परिवार आपका इंतजार कर रहा है।
मॉडिफाई साइलेंसर और तीन सवारी पर नजर
अभियान के दौरान बाइक पर तीन सवारी बैठाने, तेज गति से वाहन चलाने और साइलेंसर को मॉडिफाई करवाकर शोर मचाने वाले युवकों को भी सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम की मौजूदगी
इस पूरे अभियान में कोतवाल के साथ कस्बा इंचार्ज राजेश सिंह, दीवान विनोद यादव, कांस्टेबल आशीष सिंह, गर्वित चौधरी, राजेंद्र यादव समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की इस सक्रियता से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
भीषण गर्मी के चलते हरदोई में स्कूलों का समय बदला, सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 तक होंगे संचालित
रितेश मिश्रा
हरदोई में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बदलाव का निर्णय लिया है। जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और निजी विद्यालयों के लिए नया समय निर्धारित करते हुए निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे।अप्रैल माह में ही तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को हो रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण कई बच्चे अस्वस्थ भी हो रहे हैं।अभिभावकों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने यह फैसला लिया है, ताकि बच्चों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सके।

*गर्मी से बचाव के उपाय अपनाए जाएं*

बीएसए ने अपने आदेश में सभी स्कूलों को समय परिवर्तन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि स्कूल परिसर में बच्चों के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, न्याय की मांग तेज
रितेश मिश्रा
हरदोई मल्लावां क्षेत्र के ग्राम गढ़ी रसूलपुर में युवती शिल्पी कुशवाहा की हत्या के मामले में आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
*प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य सुभाष पाल , व  कांग्रेस जिला अध्यक्ष विक्रम पांडे ने संयुक्त रूप से किया द्वारा किया गया।
*प्रतिनिधिमंडल ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
*इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष  अजय राय  से वीडियो कॉल के माध्यम से प्रशासन की मौजूदगी में पीड़ित परिवार सबबात कराई गई, जिसका समन्वय जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे द्वारा किया गया।
वीडियो कॉल पर वार्ता के दौरान श्री अजय राय ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस दुखद घटना के संदर्भ में वे मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर न्यायिक जांच की मांग करेंगे, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों को सख्त सजा मिले।
प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष (विचार विभाग) सुरेंद्र यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष उन्नाव सुरेंद्र कुशवाहा, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्य, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन सिंह, NSUI जिला अध्यक्ष हसन अहमद, जिला महासचिव आलोक त्रिवेदी, पंकज पाल, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मल्लावां अखिलेश पांडे, शरीफ अहमद, राज किशोर अर्कवंशी सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विशेष रूप से मौजूद रहे।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके।
विवाहिता लापता अज्ञात पर रिपोर्ट
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कोतवाली के एक मोहल्ले से विवाहिता के लापता होने पर पीड़ित पति ने अज्ञात के विरुद्ध पत्नी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने लापता की तलाश शुरू की है।
    पीड़ित पति के अनुसार उसने बरेली जनपद से अभी 9 फ़रवरी को ही विवाह किया था उसकी पत्नी मोबाइल से किसी अज्ञात से बात किया करती थी। मंगलवार की सुबह करीब 6.30 पर उसकी पत्नी घर से बिना बताये कहीं चली गई। उसे शक है मोबाइल पर बात करने वाला अज्ञात युवक ही उसकी पत्नी को बहला फुसलाकर भगा ले गया है।
    पीड़ित पति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर विवाहिता की तलाश शुरू कर दी है।
सड़क पार करते समय रोडवेज बस की चपेट में आया 16 वर्षीय विजय, दर्दनाक मौत से कस्बे में शोक*
रितेश मिश्रा
हरदोई सवायजपुर कस्बे में एक हृदयविदारक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की जान चली गई। मृतक की पहचान विजय पुत्र सोनपाल सक्सेना निवासी कस्बा सवायजपुर के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय सड़क पार कर पास की एक परचून की दुकान पर सामान लेने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।बताया गया कि विजय बेहद मेहनती था और बसों में चढ़कर मूंगफली व चना बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने में सहयोग करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत,

रितेश मिश्रा
, हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर सेढामऊ अंडरपास के निकट दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद तीन माह की मासूम बच्ची अपने माता-पिता के शवों के पास रोती-बिलखती मिली, जिसे देखकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।बताया गया कि मंगलवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे क्षतिग्रस्त बाइक, दंपति के शव और पास में रो रही मासूम बच्ची पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सियाराम (22) पुत्र सुभाष और उनकी पत्नी नीलम (20) निवासी ग्राम गहवरा थाना पाली की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि दंपति की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी तीन माह की एक मासूम बच्ची है। सियाराम ग्राम गहवरा में अपनी ननिहाल में रहता था, जबकि वह मूल रूप से नथीनगला थाना कलान जनपद शाहजहांपुर का निवासी था। परिजन बताते हैं कि दंपति पारिवारिक बहन की शादी में शामिल होकर नथीनगला गांव से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। सियाराम तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।हादसे के बाद मासूम बच्ची सुरक्षित मिली, जिसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजने की तैयारी कर रही है। पुलिस ने अज्ञात वाहन तलाश एवं मामले की जांच शुरू कर दी है।
तेज हवा से भड़की आग, 70 बीघा पराली राख।
मैरिज हाल कर्मचारियों ने दिखाया साहस, नाले का पानी बना "जीवन  रक्षक ,"

बबलू प्रजापति पिहानी

पिहानी क्षेत्र के करीमनगर स्थित झौनी पुरवा के निकट मंगलवार को अज्ञात कारणों से खेतों की पराली में भीषण आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 60 से 70 बीघा क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों से आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि पास स्थित बाबा मैरिज हाल के कर्मचारियों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आग बुझाने की कमान संभाली। मैरिज हाल के पास बने 3-4 नंबर नाले में भरा पानी इस दौरान वरदान साबित हुआ। कर्मचारियों ने नाले के पानी का उपयोग कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बड़ी तबाही टल गई।
बताया जाता है कि इस नाले का निर्माण समाजसेवी जोगराज सिंह द्वारा कराया गया था, जिसमें गर्मियों के दौरान मवेशियों के लिए पानी संरक्षित रहता है। रविवार को यही पानी आग बुझाने में बेहद कारगर साबित हुआ।
आग बुझाने के दौरान मैरिज हाल के कर्मचारी सलमान शाह झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं मैनेजर वेद प्रकाश पाल, व्यवस्थापक राजकुमार, दिलेर, जसविंदर सिंह बिहारी, जस्सा सिंह, सुभाष पाल, लक्खा सिंह सहित दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों ने जान की परवाह किए बिना आग पर काबू पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रामीणों ने कर्मचारियों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान और भी भयावह हो सकता था। प्रशासन की ओर से फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
शाहाबाद सहित तीन एसडीएम के कार्यक्षेत्र में फेरबदल
.
रितेश मिश्रा
हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिले के तीन उपजिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत सदर एसडीएम सुशील कुमार मिश्र को शाहाबाद का उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

वहीं शाहाबाद एसडीएम अंकित तिवारी को सवायजपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दूसरी ओर सवायजपुर के एसडीएम मयंक कुंडू अब सदर तहसील का कार्यभार संभालेंगे।

जिलाधिकारी द्वारा अचानक किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि प्रशासनिक कार्यों में तेजी और बेहतर समन्वय के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
बीईओ पर अवैध वसूली का आरोप
आखिर कब तक भ्रष्टाचार पर मौन रहेंगे बेसिक शिक्षा अधिकारी

रितेश मिश्रा
हरदोई ग्राम लखनौर निवासी कुलदीप मिश्रा ने भरखनी बी ई ओ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को एक लिखित शिकायत पत्र देकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

आरोप है कि भरखनी के खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह द्वारा ब्लॉक के करीब 70 शिक्षकों से प्रति माह लगभग 5000 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है।
यह वसूली शिक्षकों की कथित अनुपस्थिति के बदले “सेटिंग” के नाम पर की जाती है। बताया गया है कि कुछ शिक्षक महीने में कई दिन विद्यालय नहीं जाते, जबकि कुछ पूरे वर्ष ही अनुपस्थित रहते हैं और उनके लिए अलग दर निर्धारित है।

प्रतिवेदन में  उल्लेख किया गया है कि इस अवैध वसूली में एक अनुदेशक नितीश, जूनियर हाई स्कूल सवायजपुर, मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और पूरी व्यवस्था उसी के माध्यम से संचालित हो रही है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कम्पोजिट ग्रांट की राशि में से भी लगभग 20 प्रतिशत तक की अवैध कटौती की जा रही है। इससे न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि विद्यालयों की शैक्षिक व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

प्रार्थी ने अपने गांव समेत पूरे क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था के चौपट होने की बात कही है। उनका कहना है कि जहां एक ओर सरकार “स्कूल चलो अभियान” जैसे कार्यक्रम चला रही है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की कथित अनियमितताएं सरकार की मंशा पर सवाल खड़े कर रही हैं।

शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका जताई है कि संबंधित अधिकारी के पास सांडी विकास खण्ड का भी अतिरिक्त प्रभार है, जिससे वहां भी इसी प्रकार की अनियमितताओं की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

प्रार्थी ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं गोपनीय जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय एवं आपराधिक कार्रवाई की मांग की है, ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार हो सके और सरकारी योजनाओं का सही लाभ विद्यार्थियों तक पहुंच सके।
लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है इसका पता जांच के बाद ही लग पाएगा