बिजली चोरी पर बड़ा एक्शन! विजिलेंस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम का छापा*

रितेश मिश्रा
हरदोई/अनंगपुर उपकेंद्र के टाउन क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विजिलेंस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी कर दी। इस कार्रवाई के दौरान कई उपभोक्ताओं को मौके पर ही बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
प्रवर्तन दल के जेई  ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए सभी उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध कनेक्शन, कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल करने और मीटर से छेड़छाड़ जैसे कई मामलों का खुलासा किया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने आनन-फानन में अपने अवैध कनेक्शन हटाने शुरू कर दिए।
बिजली विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, जिससे चोरी करने वालों पर शिकंजा कसा जा सके।संदेश साफ है: अब बिजली चोरी करने वालों की खैर नहीं!
लखनऊ से नई दिल्ली के लिए समर स्पेशल ट्रेन का संचालन

आज से प्रत्येक सोमवार, बालामऊ जँ. स्टेशन पर ठहराव

रितेश मिश्रा

हरदोई: यात्रियों की बढ़ती भीड़ और गर्मी के मौसम को देखते हुए रेलवे ने लखनऊ-नई दिल्ली मार्ग पर स्पेशल ट्रेन के संचालन का फैसला लिया है। इससे यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और भीड़ का दबाव कम होगा।

रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन संख्या 04203/04204 (लखनऊ–नई दिल्ली–लखनऊ एक्सप्रेस) का संचालन 20 अप्रैल 2026 से 13 जुलाई 2026 तक प्रत्येक सोमवार किया जाएगा। वापसी में ट्रेन 04204 नई दिल्ली से लखनऊ के लिए इसी अवधि में सोमवार को ही चलेगी। इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे। समय सारिणी के अनुसार ट्रेन 04203 लखनऊ से सुबह 08:05 बजे रवाना होकर बालामऊ जंक्शन पर 09:03 बजे पहुंचेगी। इसके बाद शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ और गाजियाबाद होते हुए शाम 06:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन 04204 नई दिल्ली से शाम 06:35 बजे चलकर बालामऊ जंक्शन पर रात 03:58 बजे रुकते हुए लखनऊ पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव हरदोई रेलवे स्टेशन पर नहीं दिया गया है।

राजमहल कम्प्लीट फैमिली शोरूम" का भव्य शुभारंभ

रितेश मिश्रा

हरदोई माधौगंज नगर में व्यापारिक विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कौशल किशोर एवं राम किशोर द्वारा स्थापित "राजमहल कम्प्लीट फैमिली शोरूम" का भव्य शुभारंभ बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह आशु उपस्थित रहे। उन्होंने फीता काटकर शोरूम का विधिवत उद्घाटन किया और प्रतिष्ठान संचालकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि इस प्रकार के आधुनिक और सुविधाजनक शोरूम ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा देते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित करते हैं।

कार्यक्रम में रमेश वर्मा (ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, माधौगंज) ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि "राजमहल कम्प्लीट फैमिली शोरूम" जैसे प्रतिष्ठान क्षेत्र के लोगों को शहरों जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराएंगे, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने संचालकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इसके अलावा केशन पाल राठौर (जिला पंचायत सदस्य), रजत पटेल, सचिन पटेल (प्रधान), सुधीर पटेल एवं रोहित शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी शोरूम का अवलोकन किया और प्रतिष्ठान के प्रबंधन एवं सुविधाओं की सराहना की। सभी अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि इस प्रकार के प्रतिष्ठान क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में सहायक सिद्ध होंगे।

शोरूम में परिवार की सभी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार के परिधान, दैनिक उपयोग की वस्तुएं एवं आधुनिक फैशन से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। ग्राहकों को एक ही स्थान पर बेहतर गुणवत्ता और उचित मूल्य पर सामान उपलब्ध कराने का उद्देश्य इस प्रतिष्ठान की खासियत बताया गया।

उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय नागरिकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने शोरूम का भ्रमण किया और नए प्रतिष्ठान के प्रति अपनी खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

"राजमहल कम्प्लीट फैमिली शोरूम" के शुभारंभ से माधौगंज नगर में व्यापारिक गतिविधियों को नया आयाम मिलने की उम्मीद है, साथ ही यह प्रतिष्ठान क्षेत्र के लोगों के लिए सुविधाजनक खरीदारी का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

गुस्साए आसपास गांवों के सैकड़ो ग्रामीणों ने पुल को लेकर हुए लामबंद

दर्जनों गांव के ग्रामीण आगामी चुनाव में वोट का करेंगे बहिष्कार- पुल नहीं तो वोट नहीं*

पीयूष तिवारी
अहिरोरी - जनपद हरदोई में जनप्रतिनिधियों द्वारा बराबर कागज पर विकास की तो गंगा बहाई जा रही है लेकिन धरातल पर कुछ ओर ही नजर आ रहा है बता दे विकासखंड अहिरोरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत चठिया मजरा ढपरापुर गांव के बाहर निकली घरेरा नदी पर आजादी के बाद अभी तक ग्रामीणों को पुल नसीब नहीं हुआ है जिसका दंश आज भी वहां के इलाकाई ग्रामीण झेलने को मजबूर है। ढ़परापुर,शोभे पुरवा,पत्तीपुर,चठिया,बांनेकुइया,चाहलैहिया,रघुनाथपुर,सुनौवा, जलालपुर,पत्तीपुर डीह सहित दर्जनों गांव के गुस्साए सैकड़ो ग्रामीणों ने सोमवार को लामबंद होकर पुल निर्माण की मांग उठाई पुल नहीं तो वोट नहीं। प्रधान कृष्ण कुमार मौर्य,ब्रह्मशरण मिश्रा, मुकेश यादव,रजनीश,कृष्णपाल रविंद्र मिश्रा,राजकुमार,कुलदीप सहित सैकड़ो ग्रामीणों ने पुल निर्माण को लेकर अपना दर्द बयां किया है ग्रामीणों का कहना है बरसात के समय इस मार्ग से दर्जनों गांव के ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो जाता है क्योंकि यह मार्ग ढ़परापुर गांव से सीधे प्रताप नगर सीतापुर मार्ग को जोड़ता है जिसकी दूरी गांव से करीब 1 से 2 किलोमीटर बताई है ग्रामीणों का कहना है यहां के जिम्मेदार सांसद,विधायक जनप्रतिनिधियों से कई बार कहां गया लेकिन अनसुनी कर देते।
*गुस्साए ग्रामीण विधानसभा,लोकसभा चुनाव में वोट का करेंगे बहिष्कार*
गुस्साए ग्रामीणों ने इस बार मन बना लिया है इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र के सारे ग्रामीण लामबंद होकर आगामी विधानसभा,लोकसभा चुनाव में वोट का बहिष्कार करेंगे।
*शीघ्र ही समस्या का समाधान कराया जाएगा- क्षेत्रीय विधायक प्रभास कुमार*
क्षेत्रीय विधायक प्रभास कुमार ने कहा यह मामला मेरे संज्ञान में है शीघ्र ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।
*रोड निर्माण कार्य का प्रस्ताव भेजा गया है*
बालामऊ विधानसभा क्षेत्र से विधायक रामपाल वर्मा ने कहा प्रताप नगर सीतापुर मार्ग पुलिस चौकी से घरेरा नदी तक रोड निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है प्रस्ताव स्वीकृत होते ही रोड निर्माण कार्य कराया जाएगा। जिससे वहां के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बजट बोर्ड बैठक शांतिपूर्वक संपन्न, सभासदों ने उठाए जनहित के मुद्दे।
बबलू प्रजापति
पिहानी (हरदोई) नगर पालिका परिषद बोर्ड बैठक में साफ-सफाई, जल निकासी, अतिक्रमण हटाने व सड़कों की मरम्मत पर जोर, शीघ्र समाधान का आश्वासन lनगर पालिका परिषद की बजट बोर्ड बैठक सोमवार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में मनोनीत व निर्वाचित सभासदों ने नगर की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके त्वरित समाधान की मांग की।
मनोनीत सभासद विमलेश गुप्ता ने नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ही सरकारी जमीनों पर हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से बंदर पार्क, परजाऊ तालाब एवं रामलीला मैदान के आसपास हो रहे अस्थायी अतिक्रमण को हटवाने पर जोर दिया।
वहीं, मनोनीत सभासद आदर्श सिंह ने आगामी बरसात को देखते हुए कस्बे में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि समय रहते उचित प्रबंध नहीं किए गए तो पिहानी में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
सभासद पियूष शुक्ला ने नगर के प्याऊ को सुचारु रूप से संचालित करने तथा जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग उठाई। इसके अलावा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को तेज और सरल बनाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने सभी सभासदों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरपर्सन शाहीन बेगम ने की।
इस अवसर पर नगर पालिका के कई सभासद व अधिकारी उपस्थित रहे।
वैगनार कार चलते-चलते  अचानक आग का गोला बन गई।

रितेश मिश्रा
हरदोई बिलग्राम- मार्ग पर फर्दापुर के पास एक वैगनआर कार में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला, लेकिन उसने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार से कूदकर अपनी जान बचा ली।
आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर चल रहे वाहन जहां के तहां रुक गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, जांच की जा रही है।
विद्यालय जमीन घोटाला: हाईकोर्ट सख्त, सरकार से दो हफ्ते में मांगा जवाब*

वैदिक विद्या मंदिर विद्यालय की जमीन बिक्री और व्यावसायिक उपयोग के आरोप*

हाईकोर्ट सख्त, जमीन बिक्री और दुरुपयोग पर सरकार से जवाब तलब*

रितेश मिश्रा
हरदोई । वैदिक विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से जुड़े गंभीर आरोपों पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय, लखनऊ खंडपीठ ने कड़ा रुख अपनाते हुए राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। विद्यालय की भूमि के कथित अवैध विक्रय, संपत्ति के दुरुपयोग और परिसर में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने सरकार को दो सप्ताह के भीतर स्पष्ट स्थिति बताने का निर्देश दिया है।

यह आदेश जनहित याचिका संख्या 325/2026 पर सुनवाई के दौरान पारित किया गया, जिसे याची विजय कुमार पाण्डेय द्वारा दायर किया गया है। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे प्राथमिकता से सुनते हुए अगली सुनवाई की तिथि 28 अप्रैल निर्धारित की है।

आरोपों की प्रकृति: शिक्षा से व्यापार की ओर झुकाव
याचिका में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय की गाटा संख्या 66, 67 और 68 की भूमि का अवैध रूप से विक्रय किया गया है। इसके साथ ही विद्यालय की संपत्ति का शैक्षिक उद्देश्यों के बजाय व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। आरोप है कि विद्यालय परिसर में दुकानों का संचालन, निजी संस्थानों की गतिविधियां और अन्य व्यापारिक कार्य हो रहे हैं, जिससे शिक्षा का वातावरण प्रभावित हो रहा है।

याचिकाकर्ता ने यह भी कहा है कि इन गतिविधियों के चलते विद्यालय की मूल भावना और उद्देश्य पूरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। विद्यार्थियों के लिए बनाए गए शैक्षणिक माहौल में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है, जो न केवल शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन है बल्कि संस्थान के अस्तित्व पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

*न्यायालय की सख्त टिप्पणी*

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति आलोक माथुर और न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार राय की खंडपीठ द्वारा की गई। अदालत ने प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए राज्य सरकार से विस्तृत जवाब मांगा है। राज्य सरकार की ओर से उपस्थित स्थायी अधिवक्ता ने अदालत से अनुरोध किया कि उन्हें इस मामले में संबंधित विभागों से आवश्यक निर्देश प्राप्त करने के लिए समय दिया जाए। इस पर न्यायालय ने दो सप्ताह का समय देते हुए स्पष्ट किया कि अगली सुनवाई में सरकार को तथ्यों सहित अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी।

*प्रबंधन पर मनमानी के आरोप*


याचिका में विद्यालय के प्रबंधन तंत्र पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कहा गया है कि प्रबंधन द्वारा मनमाने तरीके से निर्णय लिए जा रहे हैं, जिससे संस्था की संपत्ति और संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है। यह भी आरोप है कि प्रबंधन ने नियमों की अनदेखी करते हुए विद्यालय की जमीन और परिसंपत्तियों का निजी लाभ के लिए उपयोग किया है। स्थानीय स्तर पर भी इस मुद्दे को लेकर लंबे समय से असंतोष बताया जा रहा है। अभिभावकों और क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि विद्यालय की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

*सरकारी तंत्र की भूमिका पर सवाल*

इस पूरे प्रकरण में सरकारी तंत्र की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए गए हैं। याचिका में कहा गया है कि संबंधित अधिकारियों को इन गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे यह संकेत मिलता है कि या तो लापरवाही बरती गई या फिर जानबूझकर मामले को नजरअंदाज किया गया। सूत्रों  का मानना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह मामला अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी गलत उदाहरण बन सकता है। शिक्षा संस्थानों की संपत्ति का इस तरह से उपयोग शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को प्रभावित करता है।

*शिक्षा पर पड़ता असर*

विद्यालय परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन से छात्रों के अध्ययन वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात भी सामने आई है। कक्षाओं के आसपास दुकानों और अन्य गतिविधियों के चलते शोर-शराबा और अव्यवस्था की स्थिति बनती है, जिससे विद्यार्थियों का ध्यान भंग होता है। इसके अलावा, संस्थान के संसाधनों का सही उपयोग न होने से शैक्षिक सुविधाओं में भी कमी आ सकती है। ऐसे में छात्रों के भविष्य पर नकारात्मक असर पड़ना स्वाभाविक है।

*न्यायिक प्रक्रिया में अगला कदम*


अदालत ने स्पष्ट किया है कि यह मामला गंभीर प्रकृति का है और इससे शिक्षा व्यवस्था जुड़ी हुई है। इसलिए इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। दो सप्ताह के भीतर राज्य सरकार को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। अगली सुनवाई 28 अप्रैल को निर्धारित की गई है, जिसमें यह देखा जाएगा कि सरकार ने क्या कदम उठाए हैं और क्या आरोपों में कोई सच्चाई पाई गई है।

*स्थानीय स्तर पर बढ़ी चिंता*

इस पूरे घटनाक्रम के बाद हरदोई क्षेत्र में चिंता का माहौल है। अभिभावक और स्थानीय नागरिक विद्यालय के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो यह संस्थान पूरी तरह से खत्म होने की कगार पर पहुंच सकता है।
स्कूल चलो अभियान की भयावह विफलता: नौनिहालों का भविष्य धूंध में, बाल मजदूरी का दलदल गहराता जा रहा
बबलू प्रजापति पिहानी

पिहानी (हरदोई):सरकार ने ‘स्कूल चलो अभियान’ और जन जागरूकता योजनाओं को बड़ी उम्मीदों के साथ शुरू किया था, लेकिन पिहानी में आज यह अभियान पूरी तरह धराशायी हो चुका है। नौनिहाल जिनके हाथों में कलम होनी चाहिए, वे फावड़ा, ईंटें और चाय के जूठे गिलास उठाने पर मजबूर हैं। निर्माण स्थलों, ढाबों और होटल जैसे जगहों पर ये मासूम बच्चे काम कर रहे हैं, जबकि शिक्षा का अधिकार सिर्फ एक नाम बनकर रह गया है।
श्रम व शिक्षा विभाग की लापरवाही इस त्रासदी का मुख्य कारण है। अधिकारियों ने सिर्फ दिखावे के कार्यक्रम आयोजित किए, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बाल मजदूरी की घटनाएं रोज सामने आ रही हैं, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही। स्थानीय लोग आक्रोशित हैं और पूछ रहे हैं कि आखिर कब प्रशासन इस जघन्य अपराध पर लगाम लगाएगा। बच्चों का भविष्य दांव पर है, और अगर अभी जाग नहीं हुई, तो ये मासूम पीढ़ी कभी शिक्षा का उजाला नहीं देख पाएगी।बाल मजदूरी के दलदल में धकेले जा रहे हैं। सरकार के आदेशों के बावजूद, शिक्षा व श्रम विभाग केवल दिखावा कर रहे हैं, बच्चों का उज्ज्वल भविष्य अधर में लटका हुआ।क्षेत्र में सैकड़ों मासूम बच्चे आज भी बाल मजदूरी के दलदल में फंसे हुए हैं। ये बच्चे स्कूल की दहलीज तक नहीं पहुंच पा रहे, बल्कि होटल, ढाबों और निर्माण स्थलों पर काम करते नजर आ रहे हैं। सवाल यह उठता है कि जब सरकार शिक्षा को लेकर इतने बड़े अभियान चला रही है, तो आखिर ये बच्चे शिक्षा से वंचित क्यों हैं?
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जेपी त्रिवेदी का हुआ भव्य स्वागत*
रितेश मिश्रा

हरदोई। नगर के सिनेमा चौराहे पर गरुड़ मार्केट स्थित विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता के कार्यालय पर हरदोई बार एसोसिएशन के ऊर्जावान अध्यक्ष जेपी त्रिवेदी का जोरदार भव्य स्वागत किया गया इस मौके पर उन्होंने अधिवक्ताओं की हितों के लिए हर संभव कार्य का भरोसा दिलाया सम्मान समारोह के दौरान बिजली विभाग की कार्य शैली की जमकर निंदा हुई तथा अध्यक्ष से हस्तक्षेप की अपील भी की गई।

अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जेपी त्रिवेदी ने कहा कि वह हर तरह से कंधे से कंधा मिलाकर अपनों के साथ खड़े हैं उन्होंने कहा कि उनके किसी भी अपने का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा इस दौरान संयुक्त अधिवक्ता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवसेवक गुप्ता जय शिव ने ऊर्जावान अध्यक्ष श्री जेपी त्रिवेदी जी की मुक्त कंठ से प्रशंसा की संचालन डॉक्टर सुरनाथ अवस्थी खुनखुन ने किया इस मौके पर बड़ी संख्या अधिवक्ता और प्रबुद्ध व्यक्ति मौजूद रहे।
पति सहित चार पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज
रितेश मिश्रा
हरदोई।शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के हसनापुर की रहने वाली एक विवाहिता ने दहेज में ₹50000 की नगदी और बाइक मिलने की मांग पूरी न होने के कारण पति सहित चार ससुराली जनों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। कोतवाली क्षेत्र के हसनापुर गांव की रहने वाली नीलम पुत्री अवधेश के अनुसार उसका विवाह पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम अनंगपुर में सुनील कुमार पुत्र बृजेश कुमार के साथ हुआ था जिसमें उसके पिता ने हैसियत के हिसाब से दहेज दिया। लेकिन ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज के रूप में ₹50000 की नकदी और एक बाइक की मांग करने लगे। नीलम के अनुसार जब उसने मायके वालों की हैसियत न होने की बात कही गई तो उसे मारा पीटा गया। 8 अप्रैल को पति सुनील, ससुर बृजेश, सास माधुरी, देवर अंकित ने उसे मारा पीटा और कहा कि जब तक वह दहेज नहीं लायेगी तब तक उसे घर में नहीं रखा जाएगा। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर जांच पड़ताल जा रही है।