आदिशक्ति माँ पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल तुलसीपुर में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया

बलरामपुर- तुलसीपुर । विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान एवं तकनीक से संबंधित विविध विषयों पर आधारित आकर्षक एवं नवाचारपूर्ण मॉडल प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों द्वारा सराहा गया।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने हेतु देवीपाटन मंदिर महंत मिथिलेश नाथ योगी, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन तथा पुलिस अधीक्षक विकास कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया तथा उनकी जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की।

*विज्ञान एवं तकनीक पर आधारित आकर्षक मॉडल*

प्रदर्शनी में छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, स्मार्ट सिटी, जल संरक्षण, रोबोटिक्स, अंतरिक्ष विज्ञान, प्रदूषण नियंत्रण, डिजिटल सुरक्षा, कृषि नवाचार सहित विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली भी विस्तार से समझाई, जिससे उनकी विषय पर पकड़ और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

अतिथियों ने उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया तथा विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सराहना की। विद्यालय द्वारा बताया गया कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।
चंद्रशेखर आज़ाद के बलिदान दिवस पर आज़ाद पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
                                   
                                      
बलरामपुर।स्थानीय आज़ाद पार्क में क्रांतिकारी विचार धारा मोर्चा द्वारा प्रातः स्मरणीय अमर शहीद एवं महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद का बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आदर्श नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ तथा मोर्चा के संयोजक/अध्यक्ष डॉ. राकेश चंद्रा द्वारा क्रांतिकारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रनायक को नमन किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मोर्चा के संयोजक डॉ.राकेश चंद्रा ने कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1931 में देश के गद्दारों द्वारा अंग्रेजों से मुखबिरी किए जाने के कारण अल्फ्रेड पार्क (वर्तमान आज़ाद पार्क) में चंद्रशेखर आज़ाद को घेर लिया गया था। उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कई अंग्रेज सिपाहियों का मुकाबला किया और अंततः अपनी अंतिम गोली स्वयं को मारकर मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। डॉ.चंद्रा ने कहा कि जिस प्रकार उस समय राष्ट्रविरोधी शक्तियाँ सक्रिय थीं, उसी प्रकार आज भी देश विरोधी ताकतें समाज में सक्रिय हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे चंद्रशेखर आज़ाद के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

मुख्य अतिथि आदर्श नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ जी ने अपने वक्तव्य में कहा कि वर्तमान परिवेश में महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद के संपूर्ण जीवन संघर्ष और त्याग को पढ़ना और आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही राष्ट्रहित में सार्थक योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी डी.पी. सिंह बैस,मोर्चा के कमलेश त्रिपाठी,जितेंद्र कुमार,सतीश श्रीवास्तव, अर्जुन यादव,डॉ.अफजाल अहमद खान,शिवम्,जय प्रकाश हिन्दू, सजीव श्रीवास्तव,संजय कश्यप,लक्ष्मण जायसवाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
ग्राम सभा हरहटा की बदहाल नाली – आखिर जिम्मेदार कौन?
बलरामपुर । ग्राम सभा हरहटा, थाना गौरा चौराहा, तहसील तुलसीपुर, जनपद बलरामपुर में नाली की स्थिति अत्यंत दयनीय है। नाली पूरी तरह जाम है और गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। चारों तरफ कीचड़ और गंदगी फैली हुई है।सबसे गंभीर बात यह है कि इसी रास्ते से छोटे-छोटे बच्चे प्रतिदिन स्कूल जाने के लिए गुजरते हैं। गंदगी, जलभराव और बदबू के बीच बच्चों को निकलना पड़ रहा है। इससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
क्या यही स्वच्छता अभियान है?
क्या गांव की जनता और बच्चों की सुरक्षा किसी की जिम्मेदारी नहीं है?
हम प्रशासन से मांग करते हैं कि:
तत्काल नाली की सफाई कराई जाए
जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए
मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए
हरहटा की जनता अब चुप नहीं रहेगी।
बच्चों के भविष्य और गांव की स्वच्छता के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बलरामपुर में नवनिर्मित मछली मंडी का शुभारंभ,नगर को स्वच्छ व सुव्यवस्थित बनाने की पहल
               
                                                        
बलरामपुर। आदर्श नगर पालिका परिषद क्षेत्र को  स्वच्छ,सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बलरामपुर ब्लॉक के सामने नवनिर्मित मछली मंडी का शुभारंभ किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू ने फीता काटकर मंडी का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष ने कहा कि नगर क्षेत्र में मांस-मछली विक्रेताओं को अब तक अलग-अलग स्थानों पर दुकानें लगानी पड़ती थीं,जिससे गंदगी और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती थी। नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से सभी मछली विक्रेताओं के लिए एक ही स्थान पर व्यवस्थित रूप से जगह निर्धारित की गई है,ताकि व्यापार सुचारु रूप से संचालित हो और आम जनता को भी स्वच्छ वातावरण मिल सके।
उन्होंने सभी विक्रेताओं को निर्देशित किया कि वे निर्धारित स्थल पर ही अपने प्रतिष्ठान लगाएं और स्वच्छता के नियमों का पालन करें। नगर पालिका द्वारा मंडी परिसर में साफ-सफाई,जल निकासी और कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था की गई है,जिससे गंदगी न फैले और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने बताया कि नगर को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी बाजारों को सुव्यवस्थित करने और नागरिक सुविधाओं में वृद्धि के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता राज कुमार श्रीवास्तव,नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्या,कर निरीक्षक राजेश कुमार,सफाई निरीक्षक दिवाकर पांडेय,अधिवक्ता अनिल सिंह मामा,अध्यक्ष राम प्यारे कश्यप,सहायक निदेशक मत्स्य दीपांशु,वरिष्ठ निरीक्षक मत्स्य रमन चौधरी,सभासद सुभाष पाठक,राघवेंद्र कान्त सिंह मंटू,विनोद गिरी,अक्षय शुक्ल,सुशील साहू,आनंद किशोर,मनोज यादव,मनीष तिवारी,राजेश कुमार कश्यप,संदीप मिश्रा,मनोज साहू,शुभम चौधरी,सिद्धार्थ साहू,राजू कश्यप,राधे श्याम,बेकारू,संतोष कश्यप,पूरन कश्यप, फरीद,आफताब अहमद,चन्दन,धर्मेंद्र सहित अधिकारी,कर्मचारी,स्थानीय जनप्रतिनिधि,व्यापारी एवं नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मंडी के शुभारंभ से मछली व्यापारियों में उत्साह देखा गया और उन्होंने नगर पालिका की इस पहल की सराहना की।
रेलवे स्टेशन तुलसीपुर में पार्किंग के नाम पर मनमानी पर विरोध
     तुलसीपुर-बलरामपुर- 25फरवरी स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पार्किंग के नाम पर की जा रही मनमाने वसूली व यात्रियों के साथ हो रही बदसलूकी को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने मण्डल रेल प्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ को ई मेल द्वारा पत्र भेजकर जांच और कार्यवाही की मांग की है।
   पत्र में स्टेशन पर यात्रियों को उनके परिजनों द्वारा पिक अप और ड्राप करने पर भी पार्किंग ठेकेदार द्वारा जबरिया वसूली व अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है और बाइक से आरक्षण कराने वालों से भी विवाद किया जाता है।स्थानीय स्टेशन पर मनमाने तरीके को लेकर पूरे दिन विवाद होता रहता है जिसके कारण  यात्रियों में रोष है।व्यापार मंडल अध्यक्ष श्याम बिहारी अग्रहरि,महामन्त्री रूप चन्द्र गुप्ता,प्रदीप गुप्ता,राधेश्याम चौरसिया,सरदार बबलू सिंह,रिज़वान बबलू,मुजीब अल्वी,शिव कुमार,राम गोपाल,विक्की गुप्ता ने मनमानीपूर्ण कार्य से निजात दिलाने की मांग की है।
बलरामपुर में देर रात्रि डीजे शोर पर रोक की अपील
                       
                                  
भारतीय जनता पार्टी जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस ने नियमों के सख्ती से पालन पर दिया बल।         
                                 
बलरामपुर। जनपद में इन दिनों बोर्ड परीक्षाओं का दौर जारी है। हजारों विद्यार्थी अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। ऐसे महत्वपूर्ण समय में देर रात्रि तक तेज ध्वनि में डीजे बजाए जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस ने इस विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देर रात तक अत्यधिक शोर-शराबा न केवल छात्रों की पढ़ाई में बाधा उत्पन्न करता है,बल्कि आम जनजीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने प्रशासन से निर्धारित ध्वनि सीमा एवं समय सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि सुबह कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों के लिए पर्याप्त नींद अत्यंत आवश्यक है,ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन सही ढंग से कर सकें। वहीं अस्पतालों और घरों में रह रहे मरीज—विशेषकर हृदय रोगी एवं बुजुर्ग—तेज ध्वनि से गंभीर रूप से प्रभावित होते हैं। चिकित्सकीय दृष्टि से भी अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना गया है।

डीपी सिंह बैस ने स्पष्ट किया कि विवाह एवं अन्य सामाजिक समारोह निस्संदेह हर्ष और उल्लास के अवसर होते हैं। प्रत्येक नागरिक को अपनी खुशियां मनाने का अधिकार है,किंतु यह अधिकार दूसरों की शांति,सुविधा और स्वास्थ्य को प्रभावित किए बिना होना चाहिए। देर रात्रि तक ऊँची आवाज में डीजे बजाना सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता के विपरीत है।

अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से विनम्र अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ही अपने कार्यक्रमों का समापन करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें,जिससे विद्यार्थियों,मरीजों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कोशिश द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा संपन्न

जौनपुर। कोशिश साहित्यिक संस्था के 24वें वार्षिकोत्सव तिलकधारी महिला कालेज परिसर में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का श्री गणेश दीप प्रज्ज्वलन एवं डॉ. नरेंद्र पाठक के सरस्वती वंदना से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शायर अहमद निसार ने किया तथा डॉ. अरुण सिंह पूर्व प्राचार्य टी.डी. कॉलेज मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में कोशिश संस्था द्वारा प्रकाशित मंजरी नामक काव्य संग्रह का विमोचन हुआ जो उपस्थित श्रोताओं के लिए कौतूहल का विषय रहा। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ कवि जनार्दन प्रसाद अस्थाना के कहानी संग्रह प्रायश्चित एवं आनन्द राय द्वारा रचित रूठ गया स्नेहल संचित मन नामक काव्य संग्रह का भी विमोचन हुआ। आमंत्रित कवियों एवं उपस्थित श्रोताओं का स्वागत प्रो. आर.एन. सिंह ने किया। संस्था के उद्देश्यों पर संस्थाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद अस्थाना ने प्रकाश डाला एवं अतिथियों के सम्मान में अशोक मिश्रा ने अपने उद्गार व्यक्त किया।विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठजन डा. एम.पी. सिंह, डॉ. एस.बी. सिंह, डा. अंबिकेश्वर सिंह, डॉ. राममोहन सिंह, डॉ, ओम प्रकाश सिंह, डॉ, अजय दुबे, रामकृष्ण त्रिपाठी, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह आदि को सम्मानित भी किया गया। प्रारंभिक सत्र के पश्चात गीत, गजल एवं कविताओं का जो प्रवाह प्रारंभ हुआ, वह सायंकाल तक चलता रहा। मिर्जापुर से पधारे लल्लू तिवारी का शेर 'प्यार कच्चा घड़ा नहीं होता, कोई छोटा बड़ा नहीं होता, पर खूब तालियां बजीं। मऊ से पधारे कवि डॉ. ईश्वर चंद्र त्रिपाठी की रचना 'जीत जाता हूं हार जाता हूं, रोज करने शिकार जाता हूं, सुनकर पूरा हाल वाह-वाह करता रहा। मुक्तेश्वर पाराशर की पंक्तियां 'अकेली यात्राओं में भी मन के गीत पाएंगे', लोगों को खूब पसंद आई। सांप्रदायिक सौहार्द पर पुष्पेंद्र अस्थाना की रचना 'यूं तो जन्नत नहीं जहन्नुम मिलेगा तुमको, नाम मजहब के खून बहाने वालों', बहुत सराही गई। लोक गीतों के महाकवि जगदीश पंथी ने जब कहां की 'बड़ा निक लागे ननद तोरा गंवुआं तो पूरा सभागार मस्ती में झूम उठा और तालियां की गड़गड़ाहट से पूरा हाल गूंजता रहा।काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष प्रो. अनूप वशिष्ठ का शेर 'बड़े दिख रहे हैं वे कंधों पर चढ़कर, जो सचमुच बड़े हैं वो झुक कर खड़े हैं', लोगों के मन को छू गया और और बड़े ही सहज भाव में बड़प्पन को रेखांकित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ अरुण सिंह पूर्व प्राचार्य ने साहित्य एवं कविता की प्रासंगिकता को रेखांकित किया और इसके योगदान में कोशिश मंच के प्रयासों को खूब सराहा। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे मशहूर शायर अहमद निसार का शेर, ''बहुत संभाल के धरती पर पांव रखिएगा, हमारे शहर के जर्रे में भी दिल धड़कता है', तहे दिल से साराहा गया और खूब वाहवाही बटोरी।कवि सम्मेलन के बीच-बीच में कोशिश संस्था से जुड़े तमाम कवियों एवं शायरों में जनार्दन प्रसाद अस्थाना, प्रखर जौनपुरी, अशोक मिश्रा, गिरीश श्रीवास्तव, फूलचन्द भारती, एस.बी. उपाध्याय, डा. संजय सिंह सागर, रमेश चंद्र सेठ, अंसार जौनपुरी, अनिल उपाध्याय, नन्द लाल समीर, राजेश पांडेय, सुमति श्रीवास्तव, ओ.पी. खरे, ओंकार यादव, रामजीत मिश्रा, पहलवान, बृजेश राय, मंजू पांडेय, रूपेश साथी ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन जीतने में सफल रहे और सृजन के क्षेत्र में जौनपुर के योगदान का सार्थक परिचय दिया। इसके अतिरिक्त काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कई शोध छात्रों ने गीत और गजलों के सृजन में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया जो श्रोताओं द्वारा बहुत पसंद किया गया।डॉ विमला सिंह, डॉ राम अवतार सिंह, संजय सेठ, संजय उपाध्याय, डॉ सुभाष सिंह प्रधानाचार्य, डॉ शुभ्रा सिंह, डॉ संतोष सरोज, प्रेम गुप्ता, डॉ सुधा सिंह, अनिल विश्वकर्मा, आर.पी. सिंह एडवोकेट, अश्वनी तिवारी सहित अन्य अनेक संभ्रांत नागरिकों ने कार्यक्रम की गरिमा में चार चांद लगाया। कवि सम्मेलन का संचालन सभाजीत द्विवेदी प्रखर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डा. अंबिकेश्वर सिंह ने किया।
बिशनपुर कला में हुई गौ हत्या के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
बलरामपुर ।विश्व हिन्दू महासंघ बलरामपुर की पूरी टीम गैसड़ी थाना पहुँची।
जहाँ थाना अध्यक्ष दिर्विजय  से  जिलाध्यक्ष  चौधरी विजय सिंह जी एवं जिला उपाध्यक्ष मिथिलेश गिरी जी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि —
गौ हत्या करने वाले अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
उन पर ऐसी कड़ी कार्रवाई हो कि भविष्य में कोई भी इस जघन्य अपराध को करने की सोच भी न सके।
गौ माता हमारी आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा की प्रतीक हैं। उनके साथ किसी भी प्रकार का अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलेगी, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
हिन्दू समाज अब अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगा।
प्रशासन से अपील है कि शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
रमजान माह को दृष्टिगत समुचित व्यवस्था हेतु कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त।    
                         
                                           
बलरामपुर। पवित्र माह रमजान को ध्यान में रखते हुए आदर्श नगर पालिका परिषद द्वारा विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू के निर्देश पर अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य ने कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त करने का आदेश जारी किया है,ताकि नगर में साफ-सफाई,प्रकाश व्यवस्था एवं जलापूर्ति सुचारु रूप से संचालित हो सके।

अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने बताया कि रमजान माह के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए विशेष कार्ययोजना लागू की गई है। नगर में जलापूर्ति का समय निर्धारित करते हुए बताया गया कि प्रातः 3 बजे से 10 बजे तक ओवरहेड टैंक के माध्यम से जलापूर्ति की जाएगी। इसके अतिरिक्त दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक डायरेक्ट सप्लाई चालू रहेगी। वहीं सायं 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक पुनः ओवरहेड टैंक के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन ने सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें,जिससे रमजान माह में नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
टीटू वर्ल्ड स्कूल का वार्षिक उत्सव संपन्न ‌। बच्चे ही राष्ट्र के भविष्य,:- सलिल सिंह टीटू
     
  बलरामपुर -तुलसीपुर- अंग्रेजी माध्यम का नगर के प्रतिष्ठित विद्यालय टीटू वर्ल्ड स्कूल में सत्र 2025–26 का वार्षिकोत्सव “संस्कृति संगम – संस्कारों एवं मूल्यों का” अत्यंत भव्य, आकर्षक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।।          

कार्यक्रम की शुरुआत संस्थापक सलिल सिंह टीटू के द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया।सांस्कृतिक कार्यक्रम में 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी अभिनय प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।नर्सरी व केजी के बच्चों द्वारा जुबी जुबी व इत्ती सी हँसी पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गब्बर एक्ट,भगत सिंह,शिव तांडव व देश के विभिन्न राज्यों के लोक कलाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।संस्थापक सलिल सिंह टीटू ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से बच्चों मे बहुमुखी प्रतिभा का विकास होता है जो उनकी रुचियों के अनुसार अभिनय क्षमता के विकास में सहायक होता है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी सर्वेश सिंह, आनंद कुमार सिंह, डॉ. शरद प्रताप सिंह,प्रशांत सिंह,डा. मो.शरीफ खान,रूप चन्द्र गुप्ता एवं अरशद कमाल समेत सैकड़ों अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या ऋचा दीक्षित ने सभी बच्चों,अतिथियों व अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।