विकास की बलि नहीं चढ़ेंगे ग्रामीण, पहले न्याय मिले फिर हो कार्य". -- विधायक रोशन लाल चौधरी
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोशन लाल चौधरी ने केरेडारी क्षेत्र में संचालित सीसीएल (CCL) की चन्द्रगुप्त कोयला परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से सदन के पटल पर रखा। विधायक ने सरकार को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि विकास के नाम पर ग्रामीणों के संवैधानिक अधिकारों का हनन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुआवजा और पुनर्वास पर गंभीर सवाल सदन को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि एक ओर सीसीएल परियोजना शुरू करने की प्रक्रिया को तेज कर रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रभावित और विस्थापित गांवों के रैयतों को अब तक उनकी भूमि का न्यायोचित मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विस्थापित परिवारों के लिए रोजगार और पुनर्वास की कोई ठोस कार्ययोजना अब तक धरातल पर नहीं उतरी है, जो कि सरासर अन्याय है।
आगे विधायक रोशन लाल चौधरी ने सदन के माध्यम से सरकार से अपनी मांगों को रखते हुए अविलंब पूरा करने का आग्रह किया। जिसमें रैयतों को उनकी भूमि का वर्तमान बाजार दर से चार गुना मुआवजा दिया जाए। R&R नीति के तहत प्रभावित परिवारों का सम्मानजनक पुनर्वास सुनिश्चित हो। प्रभावित क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को परियोजना में स्थायी नौकरी दी जाए। पुनर्वास स्थलों पर सड़क, शुद्ध पेयजल, बिजली, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य केंद्रों की तत्काल व्यवस्था हो। उपरोक्त सभी व्यवस्थाएं पूर्ण होने और रैयतों की संतुष्टि के बाद ही खनन कार्य शुरू किया जाए। आगे विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा, "हम विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास की कीमत किसी गरीब ग्रामीण के आशियाने और उसकी आजीविका को छीनकर नहीं चुकाई जानी चाहिए।" उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि वे उनके सम्मान, अधिकार और सुरक्षित भविष्य के लिए सदन से लेकर सड़क तक अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोशन लाल चौधरी ने केरेडारी क्षेत्र में संचालित सीसीएल (CCL) की चन्द्रगुप्त कोयला परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से सदन के पटल पर रखा। विधायक ने सरकार को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि विकास के नाम पर ग्रामीणों के संवैधानिक अधिकारों का हनन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
हजारीबाग - श्याम भक्त परिवार हजारीबाग के द्वारा मंगलवार को श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज यात्रा का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के अद्भुत संगम के साथ संपन्न हुआ मालवीय मार्ग स्थित नवनिर्मित श्याम मंदिर परिसर से आरंभ हुई यह दिव्य शोभायात्रा पूरे शहर में भक्ति की अलख जगाती हुई विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों से होकर पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से संपन्न पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यजमान के रूप में बजरंग खेतान एवं उनकी धर्मपत्नी तथा नरेश वैद्य एवं उनकी धर्मपत्नी ने बाबा श्याम की पूजा-अर्चना कर शहरवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। पूजा के उपरांत जैसे ही निशान ध्वज यात्रा प्रारंभ हुई, पूरा वातावरण हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा और जय श्री श्याम के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण सुसज्जित भव्य रथ रहा, जिस पर प्रभु श्री श्याम की मनोहारी झांकी विराजमान थी। रथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रथ के पीछे राधा रानी की आकर्षक प्रस्तुति ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। धार्मिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। इस भव्य आयोजन में लगभग 500 से अधिक महिलाएं एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाएं लाल और पीली साड़ियों में सुसज्जित होकर निशान ध्वज लिए भक्ति-भाव से चल रही थीं, जबकि पुरुष पारंपरिक कुर्ता-पायजामा में अनुशासित पंक्तियों में आगे बढ़ रहे थे। सभी श्रद्धालु एक स्वर में भजन-कीर्तन करते हुए कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे, जिससे पूरा शहर श्याम मय हो गया।यात्रा के दौरान धार्मिक झांकियों ने विशेष आकर्षण बटोरा। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से एक सज्जन के द्वारा लंगूर के स्वरूप में बच्चों और बड़ों का मनोरंजन करते दिखाई दिए, वहीं अग्रिम पंक्ति में हनुमान स्वरूप धारण किए एक भक्त पूरी श्रद्धा और ऊर्जा के साथ यात्रा का मार्ग प्रशस्त करते नजर आए ढोल-नगाड़ों और भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। कई स्थानों पर कई समाज एवं सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। समाजसेवी मुन्ना सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और आयोजन की सराहना की। मंदिर परिसर पहुंचने के उपरांत बाबा श्याम की सामूहिक आरती की गई। आरती के समय उपस्थित श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक स्वर में जयकारे लगाए, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा। इसके पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। आयोजक मंडली ने बताया कि बाबा श्याम की असीम कृपा और आशीर्वाद से यह आयोजन लगातार 13 वें वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। उन्होंने प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, स्वागतकर्ताओं तथा पर्दे के पीछे रहकर व्यवस्था संभालने वाले कार्यकर्ताओं के साथ महिला सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी भव्यता के साथ आयोजन जारी रखने का संकल्प दोहराया।
हज़ारीबाग सदर विधानसभा के विधायक प्रदीप प्रसाद ने झारखंड विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट को पूरी तरह निराधार, दिशाहीन और जनविरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य की महिलाओं, युवाओं, किसानों एवं आम नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में असफल रहा है।
हजारीबाग- वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पेश किए गए अबुआ दिशोम बजट को लेकर पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने सरकार की सराहना करते हुए इसे राज्य की जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं का दस्तावेज बताया है। मुन्ना सिंह ने कहा कि यह बजट वास्तव में अबुआ यानी हमारे लोगों के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों, महिलाओं और युवाओं को केंद्र में रखकर जो प्रावधान किए हैं, वे झारखंड के समग्र विकास की स्पष्ट रूपरेखा पेश करते हैं। उनके अनुसार, यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य को मजबूत करने की ठोस कार्ययोजना है। उन्होंने विशेष रूप से कृषि, रोजगार सृजन और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की सराहना की। उनका कहना था कि इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने से न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि युवाओं को नए अवसर भी प्राप्त होंगे। मुन्ना सिंह जी ने केंद्र सरकार के बजट की तुलना करते हुए कहा कि जहां राष्ट्रीय स्तर पर कई मुद्दों की अनदेखी की गई है, वहीं राज्य सरकार ने स्थानीय जरूरतों और जनता की राय को प्राथमिकता दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वित्तीय वर्ष में यह बजट जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने आगे कहा कि बजट सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु बनेगा तथा राज्य के विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगा।
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के बीजेपी सांसद मनीष जायसवाल ने झारखंड नगर निकाय चुनाव-2026 के दौरान लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की और सुबह सवा नौ बजे अपने बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। सांसद मनीष जायसवाल ने हजारीबाग नगर निगम के वार्ड संख्या 27 स्थित मुनका बगीचा धर्मशाला ( दक्षिणी भाग) में बालिका मध्य विद्यालय, कुम्हारटोली अवस्थित अपने बूथ संख्या 04 पर पहुंचे जहां मतदान से पूर्व की सारी प्रक्रिया पूरी कर लोकतंत्र के महापर्व में अपने मत का उपयोग किया। सांसद मनीष जायसवाल स्काई ब्लू रंग के कुर्ते में बूथ पर पहुंचे। यहां उन्होंने मतदान करने पहुंचे कई लोगों से मिलकर उनका आभार जताया।
हजारीबाग - श्याम भक्त परिवार हजारीबाग के द्वारा आयोजित होने वाली श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज शोभायात्रा को लेकर समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। पूरे शहर में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। मंगलवार को यह भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा शहर की सड़कों पर श्याम नाम की गूंज के साथ निकलेगी। कार्यक्रम से एक दिन पूर्व सोमवार को आयोजन स्थल पर अत्यंत भक्तिमय दृश्य देखने को मिला। महिलाओं ने सामूहिक रूप से प्रभु श्री श्याम के पावन निशान की विधिवत रूप से उसकी सज्जा का कार्य किया। प्रभु श्री श्याम के मधुर भजनों को गुनगुनाते हुए महिलाएं पूरी श्रद्धा और समर्पण भाव से निशान को सजा रही थीं। हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा और जय श्री श्याम के जयकारों से पूरा परिसर गूंजायमान हो उठा। मोर पंख, गेंदा फूल, रंगीन वस्त्र एवं आकर्षक सजावटी सामग्री से निशान को भव्य और मनोहारी स्वरूप प्रदान किया गया। भक्ति में लीन महिलाओं के चेहरों पर उत्साह और आस्था की चमक स्पष्ट झलक रही थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा वातावरण श्याममय हो उठा हो। वहीं दूसरी ओर आयोजक मंडली के सदस्य भी कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु अंतिम तैयारियों में जुटे रहे। शोभायात्रा की सुसज्जित रथ की तैयारी, झांकियों की व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। आयोजक मंडली के सदस्यों ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज शोभायात्रा को ऐतिहासिक और यादगार बनाने का हमारा संकल्प है। विशेष प्रसन्नता की बात है कि इस बार यात्रा नवनिर्मित श्री श्याम मंदिर से निकाली जा रही है, जो सभी श्याम भक्तों के लिए गर्व और आस्था का विषय है। हम सभी शहरवासियों से आग्रह करते हैं कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक महोत्सव को सफल बनाएं और प्रभु श्री श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें। आयोजकों के अनुसार प्रातः 9:00 बजे नवनिर्मित श्री श्याम मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत शोभायात्रा प्रारंभ होगी। सुसज्जित रथ पर विराजमान प्रभु श्री श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में पहुंचकर संपन्न होगी। श्याम भक्त परिवार हजारीबाग ने समस्त श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इस भव्य आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
नगर निगम चुनाव 2026 के तहत आज सभी वार्डों में चल रही मतदान प्रक्रिया का उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन द्वारा निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
23 फरवरी को प्रस्तावित नगर निगम चुनाव के मद्देनजर संत कोलंबस कॉलेज, हजारीबाग परिसर में संचालित डिस्पैच सेंटर का जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने निरीक्षण किया।
हजारीबाग - श्याम भक्त परिवार हजारीबाग के द्वारा 24 फरवरी को आयोजित होने वाली श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज यात्रा को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने हेतु तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में शनिवार देर शाम आयोजन समिति की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत प्रभु श्री श्याम के जयकारों के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बैठक में शोभायात्रा की शुरुआत से लेकर समापन तक की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। निर्णय लिया गया कि प्रभु श्री श्याम भव्य एवं आकर्षक रूप से सुसज्जित रथ पर विराजमान रहेंगे। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण, हनुमान एवं लंगूर का स्वरूप धारण किए कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे। ढोल-नगाड़ों एवं भक्ति संगीत के साथ महिलाएं एवं पुरुष श्रद्धालु हाथों में बाबा का पावन निशान लेकर श्रद्धा और उल्लास के साथ यात्रा में सम्मिलित होंगे। यह भव्य शोभायात्रा प्रातः 9:00 बजे प्रभु श्री श्याम के नवनिर्मित मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत प्रारंभ होगी। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः नवनिर्मित श्री श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। आयोजन मंडली ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से संपन्न होगा। विशेष हर्ष का विषय यह है कि इस बार यात्रा प्रभु श्री श्याम के नवनिर्मित मंदिर से निकाली जा रही है, जिससे श्याम भक्तों में विशेष उत्साह और उमंग का वातावरण बना हुआ है।
1 hour and 47 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k