आजमगढ़:-पूर्व प्रमुख की पुण्यतिथि पर नम आंखों से श्रद्धांजलि
वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। फूलपुर विकास खंड के पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय वीरेंद्र यादव की दसवीं पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद सभी महिला-पुरुषों ने अपने-अपने स्थान पर खड़े होकर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। कार्यक्रम की शुरुआत वर्तमान ब्लॉक प्रमुख अर्चना यादव द्वारा स्वर्गीय वीरेंद्र यादव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं चरण वंदन के साथ की गई। इसके पश्चात ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, स्थानीय नागरिकों व समर्थकों ने आंखों में आंसू लिए श्रद्धा सुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पूर्व प्रमुख के कृतित्व और व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने उनके साथ बिताए गए संस्मरण साझा किए, जिससे माहौल भावुक हो गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अमरेथु उमाशंकर यादव ने बताया कि स्वर्गीय वीरेंद्र यादव ने वर्ष 2000 में ग्राम पंचायत सराबा से क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी और उसी वर्ष फूलपुर ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख बने। उन्होंने कहा कि वीरेंद्र यादव पक्ष-विपक्ष से ऊपर उठकर सभी की सेवा करते थे और जरूरत पड़ने पर दिन-रात लोगों के साथ खड़े रहते थे। यही कारण है कि वे आज भी क्षेत्रवासियों के दिलों में बसे हुए हैं। श्रद्धांजलि सभा में जिला पंचायत सदस्य प्रमोद यादव, रिजवान अहमद, मंशा यादव, खंड विकास अधिकारी इशरत रोमेल, अरविंद अस्थाना, पूर्व लेखाकार राम आसरे यादव, पवन जायसवाल, हरपत यादव, शिव पूजन उर्फ रिंकू यादव, मंगला यादव सहित सैकड़ों समर्थक व शुभचिंतक उपस्थित रहे। ब्लॉक प्रमुख अर्चना यादव ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने दिवंगत मार्गदर्शक के दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी को एक सूत्र में जोड़कर चलने का प्रयास कर रही हैं और आगे भी जनसेवा का यह क्रम जारी रहेगा। पुण्यतिथि के अवसर पर ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा रक्तदान कर सच्ची श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही लगभग 200 गरीब व असहाय महिलाओं एवं मजदूरों को कंबल वितरित किए गए। कंबल वितरण का कार्य ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं स्वर्गीय वीरेंद्र यादव के पुत्र मृगांक यादव ‘टाइगर’ द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में मृगांक यादव टाइगर ने उपस्थित सभी सहयोगियों व शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी के आशीर्वाद से जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ते रहेंगे।
आजमगढ़:-पूर्व प्रमुख की पुण्यतिथि पर नम आंखों से श्रद्धांजलि, ब्लाक मुख्यालय पर हुआ कार्यक्रम


वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। फूलपुर विकास खंड के पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय वीरेंद्र यादव की दसवीं पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद सभी महिला-पुरुषों ने अपने-अपने स्थान पर खड़े होकर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। कार्यक्रम की शुरुआत वर्तमान ब्लॉक प्रमुख अर्चना यादव द्वारा स्वर्गीय वीरेंद्र यादव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं चरण वंदन के साथ की गई। इसके पश्चात ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, स्थानीय नागरिकों व समर्थकों ने आंखों में आंसू लिए श्रद्धा सुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पूर्व प्रमुख के कृतित्व और व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने उनके साथ बिताए गए संस्मरण साझा किए, जिससे माहौल भावुक हो गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अमरेथु उमाशंकर यादव ने बताया कि स्वर्गीय वीरेंद्र यादव ने वर्ष 2000 में ग्राम पंचायत सराबा से क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी और उसी वर्ष फूलपुर ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख बने। उन्होंने कहा कि वीरेंद्र यादव पक्ष-विपक्ष से ऊपर उठकर सभी की सेवा करते थे और जरूरत पड़ने पर दिन-रात लोगों के साथ खड़े रहते थे। यही कारण है कि वे आज भी क्षेत्रवासियों के दिलों में बसे हुए हैं। श्रद्धांजलि सभा में जिला पंचायत सदस्य प्रमोद यादव, रिजवान अहमद, मंशा यादव, खंड विकास अधिकारी इशरत रोमेल, अरविंद अस्थाना, पूर्व लेखाकार राम आसरे यादव, पवन जायसवाल, हरपत यादव, शिव पूजन उर्फ रिंकू यादव, मंगला यादव सहित सैकड़ों समर्थक व शुभचिंतक उपस्थित रहे। ब्लॉक प्रमुख अर्चना यादव ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने दिवंगत मार्गदर्शक के दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी को एक सूत्र में जोड़कर चलने का प्रयास कर रही हैं और आगे भी जनसेवा का यह क्रम जारी रहेगा। पुण्यतिथि के अवसर पर ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा रक्तदान कर सच्ची श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही लगभग 200 गरीब व असहाय महिलाओं एवं मजदूरों को कंबल वितरित किए गए। कंबल वितरण का कार्य ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं स्वर्गीय वीरेंद्र यादव के पुत्र मृगांक यादव ‘टाइगर’ द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में मृगांक यादव टाइगर ने उपस्थित सभी सहयोगियों व शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी के आशीर्वाद से जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ते रहेंगे।
आजमगढ़:-पतंग लूटने के दौरान ट्रेन की चपेट में आया 13 वर्षीय छात्र, मौके पर मौत
वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मुंडेश्वर नाथ रोड क्रॉसिंग के पास गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में 13 वर्षीय छात्र की ट्रेन से टकराने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किशोर कटी हुई पतंग लूटने के प्रयास में रेलवे ट्रैक पर चला गया था। जानकारी के अनुसार, फूलपुर देहात के मुंडेश्वर नाथ रोड निवासी विमलेश सोनकर का पुत्र सृजन सोनकर गुरुवार दोपहर स्कूल से घर लौटकर भोजन करने के बाद खेलने बाहर निकला था। इसी दौरान एक कटी हुई पतंग को पकड़ने के लिए वह दौड़ते हुए रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। तभी आजमगढ़ से शाहगंज की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रेन के इंजन की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सृजन का पूरा ध्यान पतंग पर था, जिससे वह ट्रेन की आहट नहीं सुन सका। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सृजन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी
आजमगढ़:-अनवार पब्लिक स्कूल की टैलेंट सर्च परीक्षा में एक हजार विद्यार्थियों ने लिया भाग

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। फूलपुर तहसील के गोधना स्थित अनवार पब्लिक स्कूल परिसर में रविवार को अनवार पब्लिक स्कूल टैलेंट सर्च परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। इस प्रतियोगी परीक्षा में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के कुल एक हजार विद्यार्थियों ने सहभागिता की। टैलेंट सर्च परीक्षा में अनवार पब्लिक स्कूल के 400 तथा अन्य विद्यालयों के 600 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। परीक्षा को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. सोहराब सिद्दीकी ने बताया कि टैलेंट सर्च परीक्षा में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार के साथ-साथ उनकी पूरी पढ़ाई का खर्च अनवार पब्लिक स्कूल द्वारा वहन किया जाएगा। वहीं टॉप टेन में शामिल अन्य विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा का उद्देश्य प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित कर बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य संकेत माथुर सहित दिव्यांशु, मो. सलमान, मनोज सिंह, अरविंद मौर्य, सकीरा, वंदना सिंह, पवन कुमार अग्रहरि, शिवानी, रजनी, कमरान, विजय सिंह, इरतजा निशात, कृष्णा यादव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
आजमगढ़:-जहानागंज पुलिस मुठभेड़ में एक गोतस्कर घायल, दो गिरफ्तार,तमंचा, कारतूस, पिकअप व गोवंश बरामद
वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। जनपद के थाना जहानागंज क्षेत्र में पुलिस और गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि एक अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा एक गोवंश बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में 7/8 फरवरी की रात लगभग 12:30 बजे थाना जहानागंज पुलिस क्षेत्र में रात्रि गश्त एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम गंभीरवन (बड़ैला ताल) के पास एक पिकअप वाहन में गोवंश लादा जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद बदमाशों ने दोबारा फायरिंग का प्रयास किया। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा अभियुक्त मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अभियुक्त की पहचान मोहीम अहमद (32 वर्ष) पुत्र दिलशेर अहमद निवासी कोटिला (कंकाली टोला), थाना रानी की सराय के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार दूसरे अभियुक्त का नाम सुनील कुमार (30 वर्ष) पुत्र शोभनाथ निवासी जलाईपुर ऊँचेगांव, थाना रानी की सराय बताया गया है। घायल को उपचार हेतु सदर अस्पताल आजमगढ़ भेजा गया है।
पुलिस ने मौके से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पिकअप वाहन संख्या UP 50 FT 1107 तथा एक बछड़ा बरामद किया है। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे संगठित रूप से गोवध एवं गौ-तस्करी में संलिप्त थे। अभियुक्त रात के समय सुनसान क्षेत्रों से गोवंश पकड़कर अवैध वध अथवा अन्य प्रांतों में बिक्री करते थे तथा साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास करते थे।
पुलिस के अनुसार घायल अभियुक्त मोहीम अहमद के विरुद्ध पूर्व में गोवध, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट व पशु क्रूरता सहित कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना जहानागंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
आजमगढ़:-अहरौला पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर घायल, एक फरार, अवैध तमंचा व बिना नंबर की बाइक बरामद

वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। अहरौला क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात गोतस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु सदर अस्पताल भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन एवं क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना अहरौला पुलिस शुक्रवार सुबह लगभग 2:40 बजे क्षेत्र में चेकिंग व गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो गोतस्कर ग्राम तरकूलहा की ओर से गोवध की नीयत से जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। ग्राम तरकूलहा के पास मोटरसाइकिल सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा फरार हो गया।
घायल अभियुक्त की पहचान जाकिर उर्फ शैफ (38 वर्ष) पुत्र स्व. रफीक कुरैशी निवासी कुरैशी टोला माहुल थाना अहरौला के रूप में हुई है, जो थाने का हिस्ट्रीशीटर है। फरार अभियुक्त का नाम दिलशाद उर्फ लालू निवासी कस्बा माहुल बताया गया है।
मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त सुनियोजित तरीके से गोवध व गौ-तस्करी की घटनाओं को अंजाम देता था और उसके विरुद्ध हत्या, गैंगस्टर व गोवध सहित कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं।
घटना के संबंध में थाना अहरौला पर अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

आजमगढ़: केक काटकर मनाया गया मंत्री अनिल राजभर का 53वां जन्मदिन
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र के करूईं गांव स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर परिसर में गुरुवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर का 53वां जन्मदिन भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मंत्री अनिल राजभर द्वारा गरीबों, मजलूमों एवं अति पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। जन्मदिन के अवसर पर सामाजिक सरोकार निभाते हुए लगभग 300 स्कूली बच्चों को भाजपा जिला मंत्री रामस्वरथ राजभर के हाथों कॉपी, पेन एवं मिठाई वितरित की गई।
इस अवसर पर डॉ. अमित राजभर, सुनील राजभर, बीडीसी हीरा, सोनू राजभर, संदीप राजभर, नासिर, डॉ. सगीर, अनिल यादव, अर्जुन राजभर, रोहन, सर्वेश, बी.के. सिंह, राकेश प्रताप, अंकित राजभर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण बना रहा।
आजमगढ़:-धूमधाम से मनाया गया महर्षि अरविन्द पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव एवं अभिभावक सम्मेलन

वी कुमार यदुवंशी
आजमगढ़। मार्टीनगंज तहसील क्षेत्र के खरसहन कला, दीदारगंज स्थित महर्षि अरविन्द पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव एवं अभिभावक सम्मेलन समारोह हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर एसडीएम मार्टीनगंज दिव्या सिकरवार, खंड शिक्षाधिकारी राजीव कुमार यादव, कांग्रेस नेता अवधेश सिंह, टीडी पीजी कॉलेज जौनपुर के प्राचार्य राम आसरे सिंह एवं विद्यालय प्रबंधक अखिलेश सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दर्शकों ने खूब सराहना की। इस अवसर पर सौरभ सिंह वीनू, जितेंद्र सिंह, अनिल नारायण सिंह, दिलीप यादव, सुरेंद्र सिंह, राम आसरे सिंह, दिग्विजय सिंह, राजेंद्र प्रसाद यादव, राकेश कुमार यादव, चंद्रभान सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम अचल यादव ने की, जबकि संचालन जितेंद्र मिश्रा ने किया। अंत में प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आजमगढ़:-राइज इंटर कॉलेज एवं राइज कॉन्वेंट स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़।  फूलपुर तहसील के डीहकैथौली स्थित राइज इंटर कॉलेज एवं राइज कॉन्वेंट स्कूल का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर विधायक कमलाकांत राजभर, खंड विकास अधिकारी फूलपुर इशरत रोमिल, महाप्रधान संतोष यादव एवं विद्यालय प्रबंधक रमेश यादव द्वारा दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ,सरस्वती बन्दना , नृत्य, गीत , कान्हा गीत ,नाटक ,और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को दर्शकों ने खूब सराहा। मुख्य अतिथि विधायक कमलाकांत यादव और बी डी ओ इशरत रोमिल ने कहा कि शिक्षा से ही हमारा समाज आगे बढ़ सकता है । शिक्षा की ही देन है कि आज इस सुदूर पिछड़े क्षेत्र में राइज इंटर कालेज शिशु से लेकर इंटर तक के बच्चों में शिक्षा की ज्योति जलाए हुए है । इस अवसर पर चंद्रजीत यादव, संतोष कुमार मिश्रा, गौरव यादव, राजकुमार यादव, मो. शाहिद, राजेश रंजन, राम मिलन यादव, रामजतन यादव, बांकेलाल यादव, अलाउद्दीन ,पंकज यादव ,सूरज सिंह ,बिवेक यादव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान जयप्रकाश यादव रुडल ने की, जबकि संचालन नेवाज अहमद एवं मनीष कुमार यादव ने संयुक्त रूप से किया। अंत में प्रधानाचार्य रमेश यादव ने आए हुए सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आजमगढ़:-स्मार्ट मीटर को लेकर विशेष जागरूकता अभियान शुरू
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़। विद्युत विभाग द्वारा 2 फरवरी से स्मार्ट मीटर के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विद्युत उपभोक्ताओं को यूपीपीसीएल स्मार्ट मीटर एप डाउनलोड कर स्मार्ट मीटर से जुड़ी सभी जानकारियां प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जागरूकता अभियान के अंतर्गत तहसील मुख्यालय स्थित विद्युत उपकेंद्र सुदनीपुर के अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने लाइनमैन एवं एसएसओ के साथ नगर पंचायत के मुंशी दौलत लाल वार्ड, चंद्रशेखर आज़ाद नगर वार्ड सहित विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को यूपीपीसीएल स्मार्ट एप डाउनलोड करने की जानकारी दी। वहीं एसएसओ सुदनीपुर पंकज कुमार ने लाइनमैनों के साथ उदपुर, माहुल मोड़ सहित अन्य क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर एप के लाभ बताए। इस संबंध में अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यूपीपीसीएल स्मार्ट मीटर एप के माध्यम से उपभोक्ता अपने बिजली बिल, मीटर रीडिंग, खपत एवं लोड की जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही लोड घटाने-बढ़ाने, अन्य विद्युत सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन, प्रीपेड रिचार्ज तथा दैनिक रीडिंग की निगरानी भी की जा सकती है। यदि किसी उपभोक्ता के बिल में माइनस राशि दिखाई दे रही है तो वह एप के माध्यम से अपनी समस्या का समाधान कर सकता है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपने स्मार्टफोन के गूगल प्ले स्टोर में जाकर यूपीपीसीएल स्मार्ट मीटर एप इंस्टॉल करें, साइन-अप करें। कनेक्शन से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी आने के बाद एप सक्रिय हो जाएगा और उपभोक्ता विद्युत से संबंधित सभी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस जागरूकता अभियान में राजकुमार, सिकंदर, इंद्रेश, आशीष पाल, रमोध, पंकज, आबिद, शहीत सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।