संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी से अधेड़ की मौत, पुलिस जांच में जुटी

मीरजापुर। विन्ध्याचल थाना क्षेत्र के पश्चिम मोहाल में गुरुवार शाम 55 वर्षीय अधेड़ ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान सप्तमी प्रसाद के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सप्तमी प्रसाद शाम को अपने मकान की तीसरी मंजिल के एक कमरे में पहुंचे और गमछे के सहारे पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद परिवार के सदस्य पहुंचे तो उन्हें फंदे से उतारकर नीचे लाया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि शव को मोर्चरी भेजकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक को नशे की लत थी और परिवार में पहले भी दो बार आत्महत्या की घटनाएं हो चुकी हैं। बताया जाता है कि मृतक के पुत्र ने भी कुछ वर्ष पूर्व फांसी लगाकर जान दे दी थी। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्रधानमंत्री प्रेरणा कार्यक्रम में छात्रा का चयन, अहमदाबाद के लिए हुई रवाना

मड़िहान, मीरजापुर। आदर्श इण्टर कालेज सुगापाख की होनहार छात्रा ने प्रधानमंत्री प्रेरणा कार्यक्रम में अपना स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए चयनित छात्रा अहमदाबाद के लिए शिक्षिका इंदु देवी के साथ रवाना हो गई।

प्रधानाचार्य बेचन सिंह ने बताया कि परीक्षा में आदर्श इण्टर कालेज की छात्रा डिंपल यादव का चयन हुआ है। अहमदाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के भविष्य पर सवाल जवाब करने का गौरवशाली मौका मिला है।

छात्रा की इस उपलब्धि से परिजन बेहद गर्वित हैं। मलुआ गांव निवासी अरुण कुमार यादव को अपनी बेटी की सफलता पर पूरा विश्वास हुआ है, और आज उनकी बेटी ने उनके विश्वास को सही साबित कर दिया है। प्रधानमंत्री प्रेरणा कार्यक्रम का उद्देश्य देश की प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

इस कार्यक्रम में चयनित होने के बाद छात्रा को विभिन्न क्षेत्रों में अपने कौशल और प्रतिभा को दिखाने का अवसर मिलेगा। छात्रा के चयन से न केवल उसके भविष्य की संभावनाएं बढ़ी हैं, बल्कि क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए भी यह एक प्रेरणादायक बनने का मौका मिला।

खाद नही मिलने पर आक्रोशित किसानों ने सहकारी समिति पर किया प्रदर्शन

हलिया, मिर्ज़ापुर।हलिया क्षेत्र के भटवारी दिघिया साधन सहकारी समिति पर गुरुवार दोपहर खाद के लिए पहुंचे किसानों ने शाम तक समिति पर ताला लटका देख आक्रोशित होकर समिति सामने खड़े होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे किसान मोहम्मद रियाजुद्दीन, रमाकांत तिवारी, शिवलाल यादव,राम सुमेर, विजेन्द्र कोल,किन्नू शुक्ल,संजय सिंह अजय गिरी, राहुल सिंह आदि ने बताया कि गुरुवार सुबह समिति पर यूरिया खाद आने की सूचना मिलने पर खाद लेने के लिए आए थे लेकिन शाम पांच बजे तक समिति पर ताला लटका रहा।

समिति के सचिव रमाकांत मौर्य द्वारा किसानों को खाद देने में हीलाहवाली की जा रही है। आक्रोशित किसानों ने बताया कि धान की फसल में यूरिया खाद देने की जरूरत है लेकिन समिति के सचिव द्वारा खाद का वितरण नही किया जा रहा है। किसान सूर्य लाल यादव ने बताया कि जबसे धान की रोपाई की है एक भी बार यूरिया खाद नही डाला है खाद लेने के लिए आए थे लेकिन कर्मचारी ताला बंद कर चले गए।

किसान रमाकांत तिवारी ने बताया कि समिति के कर्मचारी किसानों को खाद देने में हीलाहवाली कर रहे हैं जिससे खेती प्रभावित हो रही है।प्रदर्शन कर रहे किसानों ने खाद वितरित कराए जाने की मांग की है।इस संबंध में साधन सहकारी समिति भटवारी दिघिया के सचिव रमाकांत मौर्य ने बताया कि गुरुवार सुबह एक ट्रक चार सौ बोरी यूरिया खाद आई है।चेक लगाने सहकारी बैंक पर आया था इसलिए खाद वितरित नही किया जा सका। शनिवार को किसानों को खाद वितरित किया जाएगा।

भारत माता के प्रति मां का भाव प्रत्येक नागरिको के दिल हमेशा बना रहना चाहिए : डीएम

मीरजापुर। भारत देश को आजादी प्राप्त होने के एक दिन पूर्व देश के विभाजन होने पर निर्दोष लोगो के साथ र्ददनाक व हृदय विदारक घटना व विभाजन की त्रासदी को स्मरण करने के दृष्टिगत स्थानीय सिटी क्लब में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देशन में स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्काउट व एनसीसी कैडेटो, उपस्थित अध्यापको, अधिकारियों व अन्य गणमान्य नागरिकों के द्वारा दो मिनट मौन रखकर विभाजन विभीषिका में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले लोगो को याद किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी बृज भूषण सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दर केसरी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजय कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों व स्कूल के बच्चों द्वारा विभाजन विभीषिका के बारे में जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में पहलगाम की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के इतने दिन बाद भी भारत को तोड़ने वाले इरादे लेकर कुछ लोग लगे हैं जो हम सभी के लिए सोचनीय हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को 14 अगस्त 1947 को विभाजन विभीषिका त्रासदी के पीड़ा को कम करने के लिए धर्म, जाति, वर्ग से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता व अखण्डता को बनाए रखने के प्रति एक जुट होकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि भारत देश को हम भारत माता कहकर पुकराते है, मां के भाव को व उनके सम्मान को हमेशा याद रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जो जिस क्षेत्र में कार्य कर रहा हैं उस दिशा में निष्ठा से कार्य करने की आवश्यकता है आज हमारा देश दुनिया अग्रणी देशो में गिना जाता है उसे विकसित भारत बनाने की दिशा में देश में युवा पीढ़ी के लिए असीमित अवसर है बस आवश्यकता है आगे बढ़कर उसे पकड़ने की। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा अनेक स्वारोजगार की योजनाएं संचालित भी की जा रही हैं अपनी श्रेष्ठता के अनुसार जिस दिशा में रूचि हो उस दिशा में ढालकर राष्ट्र को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि देश को एक सशक्त भारत बनाना युवा पीढ़ी के हाथ में है वे अपने को सही दिशा में आगे बढ़कर राष्ट्र को मजबूज व एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूूमिका निभांए। कहा हमारे वीर जवानों, क्रान्तिकारियों द्वारा अपनी जान को न्यौछावर कर देश की आजादी दिलाई गई परन्तु आजादी मिलने के एक दिन पूर्व अंग्रेजो द्वारा धर्म के आधार पर देश का विभाजन करना दुर्भाग्यपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि उससे अधिक दुर्भाग्य यह रहा है कि विभाजित देश से भारत की तरफ आने वाले लोगों को जिस क्रूरता व नंगा नाच किया गया तथा लाखों लोगों को हत्याएं कर उनके मृत शरीर को कई दिनों तक यहां भेजा जाता रहा है वह क्रूरतापूर्ण अन्याय हमारे लोगो पर किया गया था उन शरणार्थी को जीने को मजबूर किया गया परन्तु इसकी चर्चा कभी किसी के द्वारा नही किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हृदय विदारक घटना को याद करने तथा पुनः इसकी पुनरावृत्ति न होने पाए इसके लिए प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त 2025 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाएं जाने का निर्णय लिया गया। देश की आजादी व विभाजन विभीषिका में अपनी जान गवाने वालों को याद करने व आने वाली पीढ़ी को इतिहास की जानकारी देने का उद्देश्य इस स्मृति दिवस का मुख्य उद्देश्य हैं। उन्होंने कहा कि विभाजन के समय विशाल भारत का महत्वपूर्ण, ऐतिहासिक व पौराणिक स्थल व उपजाऊ भू भाग उस पाकिस्तान में चला गया जो हमारे देश की धरोहर रही हैं। उन्होंने कहा कि त्रासदी में मारे गए लोगो को अगर हम लोग भू जाते है तो पुनः मारे जाएंये यह पुनरावृत्ति पुनः न हो इतिहास को याद रखते हुए हम सब मिलकर ऐसे भारत का निर्माण करे जो विश्व का नेतृत्व करें।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारत देश दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में बढ़ रहा हैं तथा देश को विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूर्ण करने के लिए हम सभी को राष्ट्र के प्रति एकजुट रहने की आवश्यकता हैं।

अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दर केसरी ने कहा कि स्वइतिहास को भुलाए जाने के कारण ही हमारे देश को गुलामी का दंश झेलना पड़ा था, धर्म के आधार पर देश का बटवारा दुर्भाग्यपूर्ण रहा आज प्रधानमंत्री व प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाला भारत दुनिया का सबसे ताकतवर देश बनन रहा है।

आज भारत के तमाम वैज्ञानिक, डाक्टर, इकोनामी कई विकसित देशो में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। भारत देश विकसित देश बनने की दिशा में विश्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहा हैं। प्रत्येक व्यक्ति देश व राष्ट्र प्रेम की भावना से अपने आप को हमेशा जोड़कर रखें, ताकि देश की एकता व अखण्डता की मजबूती हमेशा बनी रहें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक मायाराम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा सहित अध्यापको व छात्रो द्वाार भी विभाजन विभीषिका के इतिहास के बारे में उदबोधित कर जानकारी दी। कार्यक्रम का सफल संचालन राजेन्द्र तिवारी उर्फ लल्लू तिवारी द्वारा किया गया।

चेहल्लुम का निकाला गया जुलूस

ड्रमंडगंज, मीरजापुर।क्षेत्र के महेशपुर गांव में गुरुवार को कर्बला के 72 शहीदों की याद में मनाए जाने वाले मोहर्रम के चालीसवें दिन चेहल्लुम का जुलूस पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में शांतिपूर्वक निकाला गया। जुलूस में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।

जुलूस के दौरान अंजुमनों ने नौहाख्वानी करते हुए कर्बला के शहीदों को याद किया। इस मौके पर महिलाएं बच्चे और बुजुर्ग जूलूस में शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाध्यक्ष ब्रह्मदीन पांडेय,एसआइ सुभाष यादव, टीपी सिंह,राम विशाल पुलिस बल के साथ तैनात रहे।

*स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर नपाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा*

मीरजापुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर हर घर तिरंगा अभियान को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुन्दर केशरी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा नगर के सिटी क्लब से निकाली गई।हर घर तिरंगा अभियान को जन जन तक पहुंचाने के लिए सिटी क्लब से निकली यात्रा विभिन्न मार्गो से होते हुए घंटाघर पहुंची जहा यात्रा का समापन किया गया।बता दे इस तिरंगा संदेश यात्रा में नपाध्यक्ष ने सिटी क्लब में तिरंगा फहराकर यात्रा का शुभारंभ किया तथा यात्रा की अगुवाई स्वयं करते हुए हाथो में झंडा लेकर नारा लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।यात्रा में कई लोगों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेकर पूरे उत्साह के साथ भारत माता जय के नारे भी लगाए।इस मौके पर नपाध्यक्ष ने कहा की हर घर तिरंगा को लेकर तिरंगा यात्रा निकाली गई जिसमे बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

इस यात्रा का उद्देश्य आम जनमानस में राष्ट्रीयता के भाव को ओतप्रोत करना है जिससे आगामी 79वे स्वतंत्रता दिवस के दिन नगर के प्रत्येक घर पर तिरंगा झंडा फहराया जा सके।तिरंगा हमारी जान है,शान है और पहचान है।हमें स्वतंत्रता दिवस पर भारत माता की शान में अपने अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर एक तिरंगा लगाना होगा। इस मौके पर वार्डो के सभासद,भाजपा पदाधिकारी,कार्यकर्ता,ईओ जी लाल,अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।

*हर्षोल्लास के साथ जिले में निकाली गई तिरंगा यात्रा*

मीरजापुर। हर घर तिरंगा अभियान अन्तर्गत भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह के नेतृत्व में जिले के सभी मंडलों में तीन दिवसीय तिरंगा यात्रा निकाला गया। अभियान के प्रारम्भ शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया गया। इस दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर देश की अस्मिता, सुरक्षा और एकजुटता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व, सेना के शौर्य और जन संकल्प से ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ पूर्णतः सफल रहा। इसी राष्ट्रभाव को आगे बढ़ाते हुए हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और तिरंगे के सम्मान को जन-जन तक पहुंचने का अभियान है।

घरों एवं प्रतिष्ठानों पर ध्वजारोहण सुनिश्चित हो, और शहीदों के परिजनों का सम्मान सम्मानपूर्वक किया जायेगा। तिरंगा यात्रा में प्रत्येक मण्डलों से संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सैकड़ो की संख्या में आम जनमानस भी हर्षोल्लास के साथ शामिल हुए। अभियान के जिला संयोजक जिला उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह एवं सहसंयोजक निवर्तमान मंडल अध्यक्ष पंकज सिंह,जिला मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश दूबे व जिलाध्यक्ष भाजयुमो सिद्धार्थ मिश्र मोंटी रहे हैं। प्रत्येक मंडल में जिला संगठन द्वारा लगाये गये अतिथि मंडल छानबे में जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कन्नौजिया, मंडल लालगंज, गड़बड़ाधाम एवं हलिया में उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग उप्र सरकार सोहन श्रीमाली, मंडल दुबार में उपसभापति जिला सहकारी बैंक विपुल सिंह, मंडल नगर पूर्वी में विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, मंडल नगर पश्चिमी एवं कोन में जिलाध्यक्ष भाजपा बृजभूषण सिंह, मंडल गैपुरा में प्रमुख छानबे श्रीमती सुमन सिंह, मंडल मझवां में मंडल प्रभारी शिव कुमार राय, मंडल कछवां में एमएलसी श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, मंडल पहाड़ी में प्रमुख पहाड़ी इन्द्र बहादुर पाण्डेय, मंडल सीटी उत्तरी एवं चुनार में नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, मंडल सीटी दक्षिणी में विधायक श्रीमती शुचिस्मिता मौर्या, मंडल सीखड़ में सभापति जिला सहकारी बैंक जगदीश सिंह पटेल, मंडल कैलहट में जिला उपाध्यक्ष भाजपा रविन्द्र नारायण सिंह पटेल, मंडल नरायनपुर एवं जमालपुर में जिला महामंत्री हरिशंकर सिंह पटेल, मंडल मड़िहान में विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, मंडल राजगढ़ में प्रमुख राजगढ़ गजेन्द्र प्रताप सिंह, मंडल अदहाट एवं अहरौरा में नगर पालिका अध्यक्ष अहरौरा ओम प्रकाश केशरी उपस्थित रहे। सभी मण्डलों में अभियान की अध्यक्षता प्रत्येक मंडल अध्यक्ष अपने – अपने मंडलों में किया।

नदी में डूबने से किसान की हुई मौत

दूसरे दिन सेवटी नदी के झाड़ी में फंसा मिला किसान का शव परिजनों में कोहराम

ड्रमंडगंज, मिर्जापुर।ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनीपुर गांव में मंगलवार दोपहर भैंस चराने गए किसान की सेवटी नदी में डूबने से मौत हो गई। दूसरे दिन नदी में शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र आशीष कुमार सिंह की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्जनीपुर गांव निवासी 65 वर्षीय किसान विधि नारायण मंगलवार को अपनी भैंसों को चराने के लिए गांव स्थित सेवटी नदी के किनारे गये थे। भैंस चराने के दौरान किसान का पैर सेवटी नदी में फिसल गया। जिससे पानी के तेज बहाव में डूबने से किसान की मौत हो गई।परिजन व ग्रामीण नदी में काफी खोजबीन किए लेकिन किसान का पता नही चला। खोजबीन के दौरान बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे के करीब किसान का शव सेवटी नदी के झाड़ियों में फंसा मिलने पर परिजन रोने बिलखने लगे। मृतक के पुत्र की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक खेती बाड़ी कर परिवार का जीविकोपार्जन करता था। मृतक को एक पुत्र है पत्नी निर्मला का रो रोकर बुरा हाल है।मृत किसान के घर पहुंचे भाजपा नेता मनीष त्रिपाठी ने स्वजनों को ढांढस बंधाते हुए शासन से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष ब्रह्मदीन पांडेय ने बताया कि भैंस चराने के दौरान किसान की नदी में डूबने से मौत हो गई है। मृतक के पुत्र की सूचना पर घटना की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Mirzapur: विंध्य इंडियन प्रेस सोशल क्लब ने की नवागत जिलाधिकारी एवं एसएसपी से शिष्टाचार भेंट

मिर्जापुर। विंध्य इंडियन प्रेस सोशल क्लब के राष्ट्रीय संरक्षक पूर्व सांसद रामसकल एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश भाई पटेल के नेतृत्व में क्लब के सात सदस्यीय संस्थापक सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने नवागत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा के उनके कार्यालय पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट करते हुए उनका स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध व्यवसायी, समाजसेवी राजेश भाई पटेल, जिलाध्यक्ष रोहित गुरु त्रिपाठी, संगठन सदस्य आशीष यादव, प्रबंधक दीपक त्रिपाठी द्वारा बाकायदा चुनरी ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत अभिनन्दन किया।

इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा जिलाधिकारी के समक्ष जिले के दिवंगत पत्रकार स्वर्गीय दिनेश उपाध्याय के परिवार को यथासंभव आर्थिक मदद एवं सरकारी योजनाओं में उन्हें सम्मिलित कर उनके पारिवारिक स्थिति को मजबूत करने के लिए मदद प्रदान करने की मांग की। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा भरोसा दिया गया कि श्री उपाध्याय के परिवार को हर संभव मदद प्रदान करने की कोशिश की जाएगी।

इस अवसर पर पूर्व सांसद राम सकल, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश भाई पटेल, जिलाध्यक्ष रोहित गुरु त्रिपाठी, लेखक-पत्रकार संतोष देव गिरी, सीए रवि कटारे, कमला मेमोरियल स्कूल के निदेशक आशीष यादव, जनपद के प्रथम समाचार पत्र के प्रधान संपादक मंगलापति द्विवेदी, गुफरान अहमद आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

तत्पश्चात संगठन सदस्यों ने पूर्व सांसद एवं संगठन के संरक्षक रामसकल जी का उनके आवास पर जाकर उनका स्वागत अभिनन्दन करते हुए संगठन को पूर्वांचल के जनपदों सहित पूरे उत्तर प्रदेश में मजबूत संगठन खड़ा करने तथा हर उस पत्रकार और उसके परिवार के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प लिया जो सच्ची पत्रकारिता के प्रति समर्पित होने के साथ ही निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जीते-मरते हुए आएं हैं।

मिर्ज़ापुर: जिला ओलम्पिक महासंघ ने जिलाधिकारी से मिलकर की खेल के विभिन्न आयामों पर चर्चा

मिर्ज़ापुर। जिला ओलम्पिक संघ के विभिन्न पदाधिकारी ने जिलाधिकारी से शिष्टाचार मुलाकात कर खेल के विभिन्न आयामों पर चर्चा की।

इस अवसर पर जिला ओलम्पिक संघ के महासचिव एवं उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के सहसंयुक्त सचिव एसपी त्रिपाठी के नेतृत्व में एवम् ओलम्पिक संघ के चेयरमैन डॉ जगदीश सिंह पटेल अध्यक्ष जिला को ऑपरेटिव बैंक के मार्गदर्शन में विभिन्न खेल संघों के सचिव ने डीएम से शिष्टाचार भेंट कर खेल के विभिन्न आयामों पर विस्तृत चर्चा की।

इस अवसर पर डॉ जगदीश सिंह पटेल , महासचिव एसपी त्रिपाठी, आरिफ नजमी सचिव फुटबॉल संघ, रामू सोनकर सचिव ताइक्वांडो, योगी ज्वाला प्रसाद सचिव योगासन खेल संघ, अश्वनी कुमार पांडेय सचिव जूडो, योगेश दत्त संयुक्त सचिव तैराकी, अनवर सचिव कुश्ती एवं हॉकी संघ, विनोद बिंद संयुक्त सचिव एथलेटिक्स, मनीष निषाद कोच तैराकी संघ, रविंद्र सिंह सदस्य वॉलीबॉल के साथ-साथ खिलाड़ी भी मौजूद है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी खेल संघ के सचिवों से आत्मिक रूप से मिलते हुए समस्त खेलों के प्रति हर संभव मदद का आश्वासन दिया।