cgstreetbuzz

Aug 15 2024, 18:34

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने मुख्य समारोह में किया ध्वजारोहण

रायपुर-   आज दंतेवाड़ा जिले में स्वतंत्रता दिवस उत्साहपूर्वक गरिमामय वातावरण में मनाया गया। स्वतंत्रता समारोह जिला मुख्यालय के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित किया गया था। सांसद महेश कश्यप ने प्रातः 9 बजे दंतेवाड़ा जिले के शासकीय हाई स्कूल मैदान में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के धुन के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। ध्वजारोहण के पश्चात् मुख्य अतिथि द्वारा हर्ष एवं उल्लास के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गये और शांति के प्रतीक श्वेत कबूतर उड़ाये गये। इसके साथ ही श्री कश्यप ने स्वतंत्रता दिवस पर माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया तथा सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा नक्सली उन्मूलन अभियान में शहीद जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में मार्च पास्ट में शामिल टुकडियों में शामिल सी.आर.पी.एफ. छ.ग. सशस्त्र बल 9वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल,पुरुष बस्तर फाईटर्स, महिला बस्तर फाईटर्स, महिला पुलिस बल,नगर सैनिक, एन.सी.सी., स्काउट हायर.से. स्कूल दंतेवाड़ा, गाइड हायर.से. स्कूल दंतेवाड़ा, गाईड स्वामी आत्मानंद आंवराभाटा,गाइड सरस्वती शिशु मंदिर दंतेवाड़ा के नेतृत्व में दल ने भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित परेड में पुलिस जवानों के साथ कदम से कदम मिलाए। इसके अलावा गायत्री विद्यापीठ दंतेवाड़ा द्वारा ’’जयतो जयते भारत’’, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गीदम द्वारा ’’मेरे भारत’’, सक्षम विद्यालय जावंगा द्वारा ’’कितलो सुन्दर आसे आमचो बस्तर’’, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कटेकल्याण द्वारा ’’देष रंगाली’’, कन्या शिक्षा परिसर पातररास द्वारा ’’भारत माता की जय,’’ शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा द्वारा ’’वन्दे भारत’’, आदर्श बालक आवासीय विद्यालय दंतेवाड़ा द्वारा ’’गोविन्द बोलो हरी’’ और कस्तूरबा आवासीय विद्यालय दंतेवाड़ा द्वारा ’’अब के बरस तुझे धरती की रानी’’ जैसे धुनों एवं राष्ट्रीय एकता से ओत प्रोत नृत्य गान प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

घुड़सवारी स्वतंत्रता दिवस पर बना मुख्य आकर्षण का केन्द्र

इसके अलावा आस्था विद्या मंदिर और सक्षम आवासीय विद्यालय के बच्चों द्वारा घुड़सवारी के करतब का भी मनमोहक प्रदर्शन किया गया। इसी मार्च पास्ट परेड के लिए सीआरपीएफ बल को प्रथम पुरस्कार, महिला बस्तर फाईटर्स को द्वितीय पुरस्कार और तृतीय स्थान पुरुष बस्तर फाइटर्स को मिला। आस्था विद्या मंदिर बैंड की धुन के लिए विशेष पुरस्कार दिया गया। इसी प्रकार छात्र-छात्राओं के के सांस्कृतिक प्रदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गीदम को प्रथम तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कटेकल्याण को द्वितीय स्थान मिला। जबकि तृतीय स्थान में सक्षम विद्यालय के छात्र-छात्रा रहे। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया। इसके साथ ही नक्सली पुनर्वास योजना अंतर्गत 5 नक्सल पीड़ित परिवार के सदस्य को शासकीय सेवा में अनुकम्पा नियुक्ति भी दिए गए।

इस अवसर पर विधायक चौतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, नगरपालिका उपाध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण डीआईजी कमलोचन कश्यप, सीआरपीएफ के अधिकारी, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरजंन, डीएफओ सागर जाधव, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, एसडीएम जयंत नाहटा एवं अधिकारीगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारीगण, गणमान्य नागरिक एवं महिलाएं उपस्थित रहे।

cgstreetbuzz

Aug 15 2024, 18:21

बस्तर की पारम्परिक धुरवा तुवाल को धारण कर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी

रायपुर-     बस्तर जिले में 78 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम जगदलपुर के लालबाग परेड मैदान में आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम जारी संदेश का वाचन किया। उप मुख्यमंत्री ने बसतर की पहचान पारम्परिक धुरवा तुवाल का पगड़ी धारण कर ध्वजारोहण किया। साथ ही मुख्यमंत्री के संदेश वाचन के दौरान आम जनता को हल्बी एवं गोण्डी में संबोधित कर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने परम्परा के अनुसार शहीद परिवारों और भूतपूर्व सैनिकों से भेंट करने के उपरांत प्रोटोकॉल को तोड़कर मंच के दूसरे छोर पर स्थित दर्शक दीर्घा में बैठे आम नागरिकों से भी मुलाकात की, इस दौरान बच्चों से हाथ मिलाकर स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारे भी लगाएं। इस दौरान कमिश्नर डोमनसिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., कलेक्टर  विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा उपस्थित थे।

स्वतंत्रता पर्व की 78 वीं वर्षगांठ के अवसर पर परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक दीपमाला कुर्रे और परेड टू आईसी निरीक्षक डोमेन्द्र सिन्हा के नेतृत्व में 15 प्लाटूनों ने बैंड की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट किया। शस्त्र रहित मार्चपास्ट में एनसीसी शासकीय हॉयर सेकण्डरी स्कूल धरमपुरा की प्लाटून को प्रथम पुरस्कार, वन विद्यालय जगदलपुर को द्वितीय तथा एनसीसी शासकीय कन्या हॉयर सेकण्डरी स्कूल क्रमांक-02 जगदलपुर की प्लाटून को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं शस्त्र सहित मार्चपास्ट में सीआरपीएफ 80 वीं बटालियन जगदलपुर को प्रथम, सीआरपीएफ की सेड़वा स्थित 241 बस्तरिया बटालियन (महिला) की प्लाटून को द्वितीय स्थान और छतीसगढ़ सशस्त्र बल बटालियन जगदलपुर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों से भेंटकर मुख्य अतिथि द्वारा शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और व्यायाम प्रदर्शन किया गया। जिसमें माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल के बच्चों की प्रस्तुति को सराहते हुए प्रथम पुरस्कार, कस्तूरबा गांधी कन्या आवासीय विद्यालय बकावंड की प्रस्तुति को द्वितीय पुरस्कार और कस्तूरबा गांधी कन्या आवासीय विद्यालय लोहण्डीगुड़ा की प्रस्तुति को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर सफीरा साहू सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा कुलपति मनोज कुमार श्रीवास्तव, मुख्य वन संरक्षक आरसी दुग्गा, सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाश सर्वे, वनमंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी और अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे।

 

cgstreetbuzz

Aug 15 2024, 18:16

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश ने किया ध्वजारोहण

रायपुर-    छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर में आयोजित 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा संविधान के जनक डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान और भारत माता की जय के उद्घोष से माहौल गूंज उठा।

मुख्य न्यायाधीश द्वारा कार्यकम में उपस्थित आगुंतकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दी गई। स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस एवं एन.सी.सी. की परेड आकर्षण का केन्द्र रही। मुख्य न्यायाधीश द्वारा परेड की सलामी ली गई। इसके उपरांत परेड कमांडर्स को स्मृति चिन्ह प्रदान किये गये। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने परेड में शामिल द्वितीय बीएन सिक्यूरिटी कंपनी, उच्च न्यायालय परिसर, बिलासपुर और बारहवीं वाहिनी (आर्ड फोर्स), उच्च न्यायालय आवासीय परिसर, बिलासपुर, एन.सी.सी. सीनियर डिवीजन (बालिका एवं बालक) डी.पी. विप्र कॉलेज, बिलासपुर, एन.सी.सी. सीनियर डिवीजन (बालक) जे.पी. वर्मा कॉलेज, बिलासपुर, एन.एस.एस. (बालिका एवं बालक), अटल बिहारी बाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर तथा परेड समन्वयक डी. एस. बैस (उप पुलिस अधीक्षक), मुख्य सुरक्षा अधिकारी, उच्च न्यायालय, बिलासपुर को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य न्यायाधीश द्वारा अधिवक्ता बार तथा उच्च न्यायालय के पुराने भवन में स्थित राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर (सालसा) का भी भ्रमण किया गया। उक्त समारोह छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायमूर्तिगण, रजिस्ट्रार जनरल, महाधिवक्ता व अन्य पदाधिकारीगण, उच्च न्यायालय व जिला न्यायालय के बार एसोसियेशन के सदस्य, रजिस्ट्री के अधिकारी व कर्मचारीगण एवं बिलासपुर जिला न्यायालय के न्यायिक अधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उच्च न्यायालय परिसर के आस पास के ग्रामों के निवासी एवं स्कूली बच्चं भारी सख्या में उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए।

cgstreetbuzz

Aug 15 2024, 18:10

मुख्यमंत्री ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित 7 दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

रायपुर-  देश के 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के कचहरी चौक स्थित टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित 7 दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों एवं देश के स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले छत्तीसगढ़ के महान क्रांतिकारियों की स्मृतियों को बड़े ही आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मौके पर कहा कि आने वाली पीढ़ियों को यह जानना बेहद जरूरी है कि छत्तीसगढ़ के महान क्रांतिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री श्री साय ने जनसंपर्क विभाग के प्रयास की सराहना की साथ ही कहा कि यह छायाचित्र प्रदर्शनी युवाओं को प्रेरित करेगी और उन्हें देश-समाज के लिए सकारात्मक दिशा में कार्य करने में महती भूमिका निभाएगी।

छायाचित्र प्रदर्शनी में आजादी की लड़ाई में छत्तीसगढ़ के क्रांतिकारियों का योगदान और उनके महत्वपूर्ण दस्तावेज, स्वतंत्रता आन्दोलन के दौरान उनकी जीवन यात्रा, जंगल सत्याग्रह, भारत छोड़ो आन्दोलन एवं स्वतन्त्रता आंदोलन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में उनके योगदानों को प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा संचालित की गई है। मुख्य योजनाओं महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, रामलला दर्शन योजना, कृषक उन्नति योजना, महिला सशक्तीकरण, पीएम जनमन योजना, मुख्यमंत्री जनदर्शन आदि प्रमुख रूप से शामिल है। प्रदर्शनी में अयोध्या के भव्य राम मंदिर में विराजित रामलला की प्रतिमूर्ति रखी गई है। प्रदर्शनी स्थल पर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित डाक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया जा रहा हैं।

गौरतलब है कि छायाचित्र प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त तक कचहरी चौक स्थित टाउन हॉल में यह प्रदर्शनी आयोजित की गई है, जिसका अवलोकन सुबह 11.00 बजे से रात 8 बजे तक किया जा सकता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव पी.दयानंद, डॉ. बसवराजू एस., जनसंपर्क आयुक्त मयंक श्रीवास्तव, अपर संचालक उमेश मिश्रा, संजीव तिवारी, आलोक देव एवं जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी विशेष रूप से मौजूद रहे।

cgstreetbuzz

Aug 15 2024, 18:02

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने निवास में किया ध्वजारोहण
रायपुर-   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज सवेरे यहां राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास परिसर में ध्वजारोहण किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, योजना नीति, कृषि एवं ग्रामीण विकास सलाहकार डॉ. धीरेन्द्र तिवारी, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, बसव राजू एस., राहुल भगत, सहित मुख्यमंत्री सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री निवास में स्वतंत्रता दिवस मनाने पहुंचे अधिकारियों-कर्मचारियों के नन्हें बच्चों से मुख्यमंत्री श्री साय ने बड़ी ही आत्मीयता के साथ मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के नाम पूछे और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

cgstreetbuzz

Aug 15 2024, 17:55

स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस परेड ग्राउण्ड में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम

रायपुर-   स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह में आज आठ सौ से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष इन बच्चों में पहली प्रस्तुति कृष्णा पब्लिक स्कूल तुलसी के 190 बच्चों द्वारा देश भक्ति गीत पर प्रस्तुत किया गया। नृत्य करने वालें छात्र/छात्रायें सफेद, नारंगी एवं हरे रंग के गणवेश धारण किए हुए थे, जो भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रंगों का प्रतिनिधित्व करते है। गीत के शब्दों और रंगों के माध्यम से नृत्य करने वाले और दर्शक देशभक्ति की भावना को महसूस कर सकते है और भारत के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को व्यक्त कर सकते है। यह नृत्य देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है और देश के प्रति बलिदान और सेवा की भावना को जगाता है।

कार्यक्रम में दूसरी प्रस्तुति जे.आर.दानी शास.क.उ.हि.मा. विद्यालय रायपुर के 210 बच्चों द्वारा हरेली तिहार और कर्मा गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी गई। यह नृत्य छत्तीसगढ़ का सबसे पहला त्यौहार हरेली त्यौहार को प्रदर्शित करता है। हरेली त्यौहार छत्तीसगढ़ के किसानों के द्वारा खेतों में अच्छी फसल एवं छत्तीसगढ़ की समृद्धि की कामना हेतु मनाया जाता है। इस त्यौहार में किसानों के द्वारा खेतों में उपयोग किये जाने वाले औजार जैसे हल, बख्खर, कुदारी एवं अन्य औजारों में छत्तीसगढ़ी व्यंजन चीला रोटी का भोग लगाते हुए पूजा-अर्चना करते है साथ ही सभी किसान भाई मिलजुल कर खुशियां मनाते है।

तीसरी प्रस्तुति स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल फाफाडीह के 220 बच्चों द्वारा देश भक्ति गीत पर हुई। यह नृत्य राष्ट्रीय गौरव की अभिव्यक्ति है, जो देश की स्वतंत्रता और आजादी का जश्न मनाते है। विद्यार्थियों का यह प्रदर्शन लोगों में एकता और देशभक्ति की भावना को प्रबल करता है, जो स्वतंत्रता संग्राम और देश के प्रति साझा पहचान को मजबूत करता है। ये लोगों को राष्ट्रीय कर्तव्यों की याद दिलाता है।

शासकीय उच्च माध्य. विद्यालय मठपुरैना के 210 बच्चों द्वारा छत्तीसगढ़ी गीत पर चौथी प्रस्तुति दी। सम्पन्न और सुसंस्कृत छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं आध्यात्मिक धरोहर का बखान इस गीत नृत्य के द्वारा प्रस्तुत किया गया। सोनाखान की धरती, वीर सपूतों का बलिदान, कौशिल्या माता की जन्मभूमि, भगवान राम जी का ननिहाल, धान का कटोरा की से, जीवन्त किया। इस नृत्य के माध्यम से बच्चों ने बस्तर की सांस्कृतिक छटा भी बिखेरी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के बाद उत्कृष्ट कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं के दलों को पुरस्कृत किया और उनकी हौसला अफजाई की। पहला पुरस्कार शासकीय उच्च माध्य. विद्यालय मठपुरैना के विद्यार्थियों को मिला। दूसरा पुरस्कार कृष्णा पब्लिक स्कूल तुलसी और तीसरा पुरस्कार जे.आर.दानी शास.क.उ.हि.मा. विद्यालय के विद्यार्थियों को दिया गया। स्वामी आत्मानंद इंगलिश मीडियम स्कूल फाफाडीह के विद्यार्थियों को उनकी मोहक प्रस्तुति के लिए सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

बैगपाइपर बैंड की प्रस्तुति रही आकर्षण का केन्द्र-

राजधानी रायपुर में आयोजित हो रहे हैं स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ बैगपाइपर बैंड का प्रदर्शन किया गया। बैगपाइपर बैंड ने बैगपाइपर, साइड ड्रम, टेनर, बेस ड्रम जैसे वाद्ययंत्रों के साथ अपनी मनमोहक धुनी से भरी प्रस्तुति दी। बैगपाइपर बैंड की प्रस्तुति में शांति सेना, क्विक मार्च, कुमाऊँनी, रोज़ा कश्मीरी, थर्सवे, वैली ऑफ ग्रीन एवं सारे जहाँ से अच्छा३ की धुन शामिल रही। मरून और सफेद वेशभूषा ने बैंड का और भी आकर्षक बनाया। इस वेशभूषा का हिस्सा कैप हैक्क, टाई, शार्ट कोट, कमर पट्टी, शर्ट पैंट, स्कर्ट और लाइन यार्ड रहे। बैगपाइपर बैंड के मनोरम धुनों ने सभी को अपनी ओर आकर्षित किया। ग़ौरतलब है कि छत्तीसगढ़ पुलिस बैगपाइपर बैंड का गठन दिसंबर 2022 में किया गया है। यह बैगपाइपर बैंड छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की प्रथम बटालियन भिलाई में संचालित है। बैगपाइपर बैंड का नेतृत्व कमांडर महिला आरक्षक सोनबती ठाकुर एवं आरक्षक हितेश कुमार साहू ने किया। प्रदर्शन में 20 महिला और 20 पुरुष शामिल रहे।

cgstreetbuzz

Aug 15 2024, 17:40

छत्तीसगढ़ महतारी की समर्पण भाव से सेवा करें: विधायक भैयालाल राजवाड़े

रायपुर-    स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिले में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के स्टेडियम ग्राउंड में मुख्य अतिथि विधायक भैया लाल राजवाड़े ने ध्वजारोहण किया। परेड की सलामी लेकर मुख्य अतिथि ने जिले वासियों के लिए मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम स्थल पर शॉल व श्रीफल भेंटकर शहीद के परिवारों का सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने आकाश में शांति के प्रतीक के रूप में सफेद कपोत भी छोडे़।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भैया लाल राजवाड़े ने शासन द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं जिक्र करते हुए सभी को मिलकर छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करने का आह्वान किया। इस समारोह में राष्ट्रगान की धुन पर जिला पुलिस बल द्वारा तीन राउंड में हर्ष फायर किया गया। समारोह में परेड की टुकड़ियों द्वारा सधे हुए और कदम-ताल मिलाते हुए शानदार मार्च पास्ट किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्य अतिथि ने सभी प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और उनके साथ फोटो सेशन कराया। परेड में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल पुरुष, जिला पुलिस बल पुरूष, जिला पुलिस बल महिला, नगर सैनिक बल पुरूष, नगर सैनिक बल महिला, एनसीसी बालक, स्काउड गाईड बालक एवं बालिका शामिल थे। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों कि छात्रों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की रंगारंग प्रस्तुति भी की गई।

इसके साथ साथ विभिन्न विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित भी किया गया। स्वतंत्रता दिवस की इस पावन समारोह में कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक एमआर अहिरे, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर, जिला पंचायत सीईओ कमलेश नंदिनी साहू, संयुक्त कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा व अन्य जनप्रतिनिधि और जिला व पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र छात्राएं, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में सूरजपुर जिले के निवासी उपस्थित थे।

cgstreetbuzz

Aug 15 2024, 17:24

मुख्यमंत्री से विद्यार्थियों ने उनके निवास में की सौजन्य मुलाकात

रायपुर- राजधानी रायपुर के अध्ययन भ्रमण पर पहली बार हवाई यात्रा कर रायपुर आए बीजापुर के मेधावी छात्र-छात्राओं में अपने सपनों को पूरा करने के लिए आसमान छूने का हौसला है। ये बच्चे आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर बीजापुर के नवमी, दसवीं एवं ग्यारहवीं कक्षा के सौ छात्र-छात्राएं फ्लाईट से यात्रा कर पहली बार रायपुर आए हैं। इन छात्रों ने जगदलपुर से रायपुर तक हवाई जहाज में यात्रा की। आज स्वतंत्रता दिवस पर छू लो आसमां एजुकेशन सिटी बीजापुर में पढ़ाई कर रहे इन छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से उनके निवास पर मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।

कक्षा 11वीं की छात्रा डिम्पल ठाकुर ने मुख्यमंत्री को बताया कि पहली बार हवाई जहाज में चढ़ने का अनुभव बहुत रोमांचक रहा। पहले रायपुर आने का सोचा था, लेकिन पढ़ाई-लिखाई में मेहनत कर हवाई जहाज में इस तरह आउंगी नहीं सोचा था। डिम्पल ने कहा कि हम अपने सपनों को आसमान की ऊंचाईयों पर ले जाएंगे और मेहनत कर उनको पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप जीवन में खूब ऊंचाईयों को प्राप्त करें और लक्ष्य प्राप्त करने में सफल हो। रायपुर भ्रमण के दौरान इन बच्चों ने मुक्तांगन, जंगल सफारी, राम मंदिर का भ्रमण किया और रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आप सभी को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करना है। मुख्यमंत्री के पूछे जाने पर बच्चों ने बताया कि वे आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर और बिजनेसमैन बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को नई शिक्षा नीति 2020 के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस नीति में शिक्षा के साथ रोजगार को भी जोड़ा है। आप लोगों को व्यवसाय के साथ खेती-बाड़ी, पशुपालन जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ना चाहिए। मेरी जानकारी में ऐसे कुछ पढ़े लिखे आईएएस हैं, जो आज खेती-बाड़ी भी कर रहे हैं। होर्टिकल्चर, फ्लोरीकल्चर में अच्छी आमदनी के साथ सम्मान भी है। कुछ बच्चों ने कहा कि वे शिक्षक बनना चाहते हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक सबसे बड़े राष्ट्र निर्माता होते हैं, जो आईएएस, आईपीएस बनाते हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों से कहा कि आप सभी सपने देखें, खूब मेहनत करिये और सफलता की ओर आगे बढ़ते हुए माता-पिता के अरमानों को पूरा कीजिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों से गोंड़ी भाषा के शब्द ‘‘नियद नेल्लानार‘‘ शब्द का अर्थ पूछा जिसपर एक छात्रा ने बताया ‘‘तुम्हारा प्यारा गांव‘‘। मुख्यमंत्री ने बताया कि बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों को विकास के मुख्य धारा से जोड़ने के लिए हमने नियद नेल्लानार योजना शुरू की है। जिसके अंतर्गत 17 विभागों के अंतर्गत 58 व्यक्तिमूलक और 28 सार्वजनिक योजनाओं को शामिल किया गया है, जिसमें सुरक्षा कैम्पों की परिधि के पांच किलोमीटर के गांवों में लोगों को सड़क, बिजली, पानी, राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों को मुहैया कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि माओवाद आतंक से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कैम्प स्थापित कर रहे हैं। अब तक 32 कैम्प की स्थापना की गई है। जिसके अंतर्गत 91 गांव शामिल हैं और 29 नये कैम्पों की स्थापना की जा रही है। बस्तर अंचल पर्यटकों के लिए स्वर्ग के समान है। यहां सुन्दर वन हैं, चित्रकोट, तीरथगढ़, कुटुम्बसर गुफा और बारसूर गणेश जैसे मनोरम पर्यटन स्थल हैं। यहां पर्यटन के क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं हैं। आप सभी की जिम्मेदारी है कि आप अच्छे से पढ़ाई करें और छत्तीसगढ़ का नाम रौशन करें। मुख्यमंत्री श्री साय ने इन छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां अब सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। शैक्षणिक क्षेत्र में टॉप 10 में ज्यादातर लड़कियां ही दिखाई पड़ती है।

मुख्यमंत्री ने छात्रावास में रहने वाले बच्चों से छात्रावास के भवन, भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई की जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं अच्छी हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन की जानकारी देते हुए अपने आसपास स्वच्छ वातावरण रखने की समझाईश दी। सेजेस के कक्षा 11वीं के छात्र अखिलेश मिश्रा ने मुख्यमंत्री को उनके स्कूल आने का आमंत्रण दिया। कक्षा 10वीं की छात्रा निशा यादव ने बच्चों के लिए हवाई यात्रा का वायदा पूरा करने पर मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार प्रकट किया।

cgstreetbuzz

Aug 15 2024, 17:15

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने सारंगढ़ में किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ियों और समाजसेवियों का हुआ सम्मान

रायपुर-   राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के खेलभांठा मैदान में आयोजित 78वें स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह कार्यक्रम में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि ने कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू और एसपी पुष्कर शर्मा क़े साथ परेड का निरीक्षण किया तथा समारोह में सम्मिलित सभी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। समारोह में परेड द्वारा हर्ष फायर किया गया और राष्ट्रपति की जय-जयकार की गई। मुख्य अतिथि क़े द्वारा उत्साह व उमंग के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गयेे।

राजस्व मंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम दिये संदेश का वाचन किया तथा परेड में शामिल प्लाटून कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया। परेड में पुलिस बल, एन.सी.सी. सीनियर एवं जूनियर, स्काउट क़े (बालक व बालिका) शामिल थे। राजस्व मंत्री ने समारोह में उपस्थित शहीद जवानों के परिजनों को शॉल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान जिले के विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की अत्यंत मनमोहक और आकर्षक प्रस्तुति दी गई। मुख्य अतिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालय के प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरण किया। उन्होंने सराहनीय कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, समाजसेवियों को भी प्रशस्ति-पत्र वितरित कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधायक सारंगढ़ उत्तरी जांगड़े, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, कामदा जोल्हे, जिला पंचायत सदस्य अनिका भारद्वाज एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक- शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

cgstreetbuzz

Aug 15 2024, 17:06

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रद्धेय स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती के अवसर पर उन्हें नमन किया

रायपुर-  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज यहां अपने निवास में श्रद्धेय स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती के अवसर पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय श्री ठाकरे का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन हमारे लिए प्रेरणादयी है। अनुशासित जीवन और राष्ट्र प्रथम की भावना को उन्होंने आत्मसात किया था। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उनके विचार आज भी प्रासंगिक है और समाज के लिए उनका योगदान अतुलनीय है।