Jul 30 2024, 13:18
अंबेडकर नगर: सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा कर भवन निर्माण, डीएम ने लिया एक्शन
अंबेडकर नगर
ग्राम पंचायत की भूमि पर कब्जा करके भवन निर्माण करने की आरोपित ग्राम प्रधान पुष्पा के अधिकारों को जिला मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह ने सीज कर दिया है। ग्राम पंचायत के विकास कार्य के निर्बाध संचालन के लिए ग्राम पंचायत सदस्य कमलेश, अवधेश व फूलचंद की तीन सदस्यीय कमेटी का गठन करते हुए वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार दिए हैं। वहीं जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक अनिल कुमार सिंह को प्रकरण की जांच सौंपी गई है। पूर्व में हुई जांच के बाद एडीएम डा. सदानंद गुप्त की संस्तुति पर उक्त कार्रवाई हुई है।
विकासखंड अकबरपुर की ग्राम पंचायत सिसानी अखई में ग्राम पंचायत की सार्वजनिक सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर ग्राम प्रधान ने घर बनाया है। अपर जिलाधिकारी द्वारा जांच कराने पर आरोप सत्य मिले। आरोपित ग्राम प्रधान ने सरकारी भूमि पर घर बनवाना स्वीकार किया है। प्रधान ने बताया कि यह निर्माण उनके स्वर्गीय ससुर बृज किशोर ने उनके विवाह पूर्व बनवाया था। ऐसे में उक्त. निर्माण में वर्तमान में जवाबदेही न्यायोचित नहीं है। हालांकि जांच के दौरान उक्त निर्माण दिवंगत ससुर द्वारा कराए जाने के संबंध में आरोपित प्रधान द्वारा ठोस साक्ष्य नहीं दिए गए।जांचोपरांत कार्रवाई के क्रम में एडीएम द्वारा प्रकरण में ग्राम प्रधान को अधिकारों के दुरुपयोग और सरकारी तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में अनुशासनात्मक कार्यवाही की संस्तुति की गई।
रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज करते हुए कार्रवाई की है।
Jul 31 2024, 11:47