*बिहार मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल : शिक्षा मंत्री समेत दो कैबिनेट मंत्रियों का बदला विभाग, अधिसूचना जारी*
डेस्क : बिहार की नीतीश सरकार ने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल किया है। शनिवार की देर रात दो कैबिनेट मंत्रियों के विभाग बदल दिये गये, जबकि एक मंत्री को अतिरिक्त विभाग का प्रभार दिया गया।
रामचरित मानस पर टिप्पणी और विभाग के अपर सचिव के.के पाठक के साथ तनातनी को लेकर विवादों में रहने वाले डॉ चंद्रशेखर की शिक्षा मंत्री पद से छुट्टी कर दी गई है। उनकी जगह नीतीश सरकार में अबतक भूमि एवं राजस्व विभाग संभाल रहे आलोक कुमार मेहता राज्य के नए शिक्षा मंत्री बनाए गए हैं। चंद्रशेखर को गन्ना उद्योग मंत्री बनाया गया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सलाह पर बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने इस पर सहमति दे दी। इसके बाद मंत्रिमंडल विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
कैबिनेट द्वारा शनिवार को देर रात जारी अधिसूचना के मुताबिक राज्य मंत्रिमंडल में कुल तीन फेरबदल किये गये हैं। ललित कुमार यादव को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अलावा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का प्रभार अगले आदेश तक सौंपा गया है।
बता दें डॉ. चन्द्रशेखर के कई विवादास्पद बयानों से सरकार में शामिल दलों में भी कई बार तनातनी की स्थिति उत्पन्न हुई। रामचरित मानस पर उनके बयानों पर जदयू ने खुलकर नाराजगी जाहिर की। खुद तेजस्वी यादव ने सार्वजनिक तौर पर चन्द्रशेखर को विभागीय कामकाज में ध्यान लगाने की नसीहत दी थी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि इसी दौरान राजद कोटे के तीनों मंत्रियों के विभागों में फेरबदल पर सहमति बनी।

						
 







 

 
 
 
Jan 21 2024, 09:25
- Whatsapp
 
								    - Facebook
 
							       
								  - Linkedin
 
								  - Google Plus
 
								 
							   
0- Whatsapp
 
								    - Facebook
 
							       
								  - Linkedin
 
								  - Google Plus
 
								 
							   
19.5k