*डेहरी धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस का सासाराम तक हुआ विस्तार, स्थानीय लोगो में खुशी की लहर
रोहतास : पंडित दीनदयाल उपाध्याय गया रेलखंड पर डेहरी से धनबाद जाने वाली गाड़ी संख्या 13305/13306 इंटरसिटी एक्सप्रेस को सासाराम जंक्शन तक विस्तार करने की भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है।
इस संदर्भ में ईस्ट सेंट्रल रेलवे हाजीपुर ने गुरुवार को एक नोटिफिकेशन जारी कर डेहरी धनबाद एक्सप्रेस के सासाराम आगमन तथा यहां से प्रस्थान करने की जानकारी साझा की है।
उक्त गाड़ी सासाराम जंक्शन से अपराह्न 3:25 मिनट से धनबाद के लिए प्रस्थान करेगी जो लगभग 7 घंटे का सफर तय करते हुए रात्रि के 10:20 मिनट पर धनबाद जंक्शन पहुंचेगी।
वहीं धनबाद से यही गाड़ी सासाराम के लिए सुबह 5 बजकर 20 पर प्रस्थान करेगी तथा दोपहर के 12:45 पर सासाराम पहुंचेगी। इसके साथ हीं सासाराम डेहरी के बीच उक्त गाड़ी करवंदिया स्टेशन पर भी रूकेगी। जिससे जिले के यात्रियों में काफी खुशी है।
इससे पूर्व जिले के यात्रियों को उक्त गाड़ी से धनबाद जाने के लिए अन्य साधनों से डेहरी स्टेशन जाना पड़ता था। लेकिन गाड़ी के सासाराम तक विस्तार होने से अब यात्री सीधे सासाराम जंक्शन से हीं धनबाद के लिए प्रस्थान कर सकते हैं।
बता दें कि उक्त गाड़ी का नए समय सारणी के साथ परिचालन 15 सितंबर दिन शुक्रवार से ही प्रारंभ हो जाएगा। जिसे भाजपा के स्थानीय सांसद छेदी पासवान द्वारा हरी झंडी दिखाकर सासाराम जंक्शन से रवाना किया जाएगा।
रोहतास से दिवाकर तिवारी






Sep 15 2023, 15:53
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.3k