छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
फर्रुखाबाद।
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के पर पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मेंटल वेल-बीइंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मानसिक स्वास्थ्य काउंसलर डॉ. दीप्ति यादव उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, मानसिक तनाव से बचाव तथा समस्याओं को साझा करने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी भी साझा की, जिससे छात्राएं आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए एक विशेष गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें उन्हें एक पत्र पर अपने मन की बातें और भावनाएं लिखने के लिए प्रेरित किया गया। इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को अपनी भावनाओं को समझने और उन्हें सहज रूप से व्यक्त करने का अवसर मिला।
विद्यालय की प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में आने वाली किसी भी समस्या को अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा अन्य विश्वसनीय बड़ों के साथ अवश्य साझा करना चाहिए। बड़ों के जीवन-अनुभव और मार्गदर्शन से समस्याओं का समाधान खोजने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि अधिक अंक प्राप्त करने की प्रतिस्पर्धा में छात्राओं को मानसिक तनाव नहीं लेना चाहिए। परीक्षा में कम अंक आने का अर्थ जीवन में असफल होना नहीं है। अनेक विद्यार्थी कम अंक प्राप्त करने के बावजूद आगे चलकर सफलता हासिल करते हैं। इसलिए छात्राओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। छात्राओं ने पोस्टरों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की नोडल शिक्षिका दीप्ति सिंह ने छात्राओं की सहभागिता एवं उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, अपनी भावनाओं को व्यक्त करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित मार्गदर्शन लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को यह संदेश देना था कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य भी जीवन में सफलता, आत्मविश्वास और खुशहाली के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
9 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1